त्रिपुरा में ग्रामीणों के हमले में बीएसएफ के 3 सुरक्षाकर्मी घायल, मुख्यमंत्री ने की निंदा

0
3
त्रिपुरा में ग्रामीणों के हमले में बीएसएफ के 3 सुरक्षाकर्मी घायल, मुख्यमंत्री ने की निंदा

त्रिपुरा के सिपाहीजाला जिले में एक व्यक्ति को हिरासत में लिए जाने के बाद ग्रामीणों के एक समूह ने सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के जवानों पर हमला कर दिया, जिसमें एक सहायक कमांडेंट सहित कम से कम तीन सुरक्षाकर्मी घायल हो गए। मुख्यमंत्री माणिक साहा ने घटना की निंदा करते हुए पुलिस को त्वरित कार्रवाई करने का निर्देश दिया है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि सोमवार को कलमचौरा थाना क्षेत्र में आशाबाड़ी सीमा चौकी के पास हुई इस घटना के सिलसिले में तीन महिलाओं सहित नौ लोगों को गिरफ्तार किया गया है। 

सिपाहीजाला के पुलिस अधीक्षक विजय देबबर्मा ने मंगलवार को बताया, ”सोमवार को आशाबाड़ी में तस्करी की संदिग्ध गतिविधियों के आरोप में एक व्यक्ति को हिरासत में लिए जाने के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने हमला कर दिया। इसमें सहायक कमांडेंट सहित बीएसएफ के कम से कम तीन सुरक्षाकर्मी घायल हो गए। भीड़ ने बीएसएफ के एक वाहन में तोड़फोड़ की और सीमा प्रहरियों से हथियार छीनने की कोशिश की।” उन्होंने एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, ”घटना में सीधे तौर पर शामिल तीन महिलाओं सहित नौ ग्रामीणों को गिरफ्तार किया गया है।”

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि बीएसएफ कर्मियों पर हमले में शामिल दस अन्य लोगों की भी पहचान की गई है, लेकिन उन्हें अभी गिरफ्तार नहीं किया जा सका है। देबबर्मा ने कहा कि पुलिस ने गिरफ्तार किए गए सभी आरोपियों को रिमांड पर लेने के अनुरोध के साथ स्थानीय अदालत में पेश किया। पुलिस अधीक्षक के अनुसार, बीएसएफ के त्रिपुरा फ्रंटियर की महानिरीक्षक प्रिंसी रानी ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ गांव का दौरा किया और सीमा प्रहरियों पर हुए हमले के बाद स्थिति का जायजा लिया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here