CM रेखा गुप्ता बोलीं- विपक्ष चाहे कितनी रैली कर ले, PM मोदी कहीं नहीं जाने वाले

0
3
CM रेखा गुप्ता बोलीं- विपक्ष चाहे कितनी रैली कर ले, PM मोदी कहीं नहीं जाने वाले

नई दिल्ली : दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने यहां रामलीला मैदान में हुई विपक्षी दलों के गठबंधन ‘इंडिया’ की रैली पर निशाना साधते हुए सोमवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी लोगों के दिलों में हैं और कितनी ही रैलियां और प्रदर्शन क्यों न कर लिए जाएं, वह कहीं नहीं जाने वाले।

रेखा गुप्ता ने कहा कि 2047 तक विकसित भारत और विकसित दिल्ली के सपने को साकार किया जाएगा। दिल्ली के रामलीला मैदान में रविवार को ‘इंडिया’ गठबंधन की ‘वोट बचाओ, देश बचाओ महारैली’ हुई जिसमें कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने केंद्र सरकार तथा मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर तीखा हमला बोला और कहा कि ”देशद्रोह” के लिए कुमार अपने पद से हटेंगे और जेल जाएंगे तथा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को कानूनी कार्रवाई का सामना करना होगा।

मुख्यमंत्री गुप्ता ने यहां पत्रकारों के साथ ‘दिवाली मंगल मिलन’ कार्यक्रम में कहा, ”आप (विपक्ष) रैली करें या विरोध प्रदर्शन, लेकिन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने जनता के दिलों में जो जगह बनाई है, उससे यह तय है कि मोदी कहीं नहीं जाने वाले हैं। मोदी यहीं रहेंगे और सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम करेगी। हम सभी मिलकर 2047 तक विकसित दिल्ली और विकसित भारत का सपना साकार होते देखेंगे।” मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि उनके नेतृत्व वाली सरकार राष्ट्रीय राजधानी का सौंदर्यकरण करने, इसे हरा बनाने, शहर के अवसंरचना को मजबूत करने के साथ-साथ प्रदूषण मुक्त करने व यमुना को साफ करने के लिए दिन रात काम कर रही है। 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here