नई दिल्ली। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के दिवाली को ‘खुशियों की ईद’ कहने वाले बयान पर सियासी विवाद खड़ा हो गया है। विश्व हिंदू परिषद (VHP) ने इस टिप्पणी पर कड़ी आपत्ति जताते हुए कांग्रेस से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की है। वहीं, भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने भी कांग्रेस पर तुष्टीकरण की राजनीति करने और हिंदू धार्मिक परंपराओं का अपमान करने का आरोप लगाया है।
VHP ने खरगे के बयान को बताया हिंदू भावनाओं का अपमान-VHP के राष्ट्रीय प्रवक्ता विनोद बंसल ने मल्लिकार्जुन खरगे की टिप्पणी पर नाराजगी जताते हुए इसे हिंदू समाज की भावनाओं को आहत करने वाला बताया। उन्होंने कहा कि दिवाली जैसे भारतीय संस्कृति के प्रमुख त्योहार को ईद से जोड़ना बेहद शर्मनाक है। बंसल ने आरोप लगाया कि कांग्रेस लगातार हिंदू आस्था, विश्वास और परंपराओं पर चोट कर रही है। उनके मुताबिक, ऐसा लगता है कि पार्टी ने हिंदू त्योहारों और धार्मिक मान्यताओं को निशाना बनाने का अभियान चला रखा है।
‘ईद आते ही टोपी लगाकर दौड़ने लग जाते हैं-विनोद बंसल ने कांग्रेस पर तुष्टीकरण की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि पार्टी के नेता ईद के मौके पर टोपी पहनकर इफ्तार पार्टियों में शामिल होते हैं, लेकिन हिंदू त्योहारों के प्रति उनका रवैया अलग नजर आता है। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति के महापर्व दिवाली में भी कांग्रेस नेताओं को ईद दिखाई देती है, जबकि हिंदू त्योहारों और परंपराओं को उचित सम्मान नहीं दिया जाता। बंसल ने सवाल उठाया कि आखिर कांग्रेस को भारतीय संस्कृति और हिंदू परंपराओं से इतनी परेशानी क्यों है।
राम मंदिर और सनातन को लेकर भी कांग्रेस पर साधा निशाना-VHP प्रवक्ता ने अपने बयान में कांग्रेस और विपक्षी गठबंधन पर सनातन धर्म का विरोध करने का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि पहले रामभक्तों, भगवान राम और राम मंदिर को लेकर विवादित रुख अपनाया गया और अब हिंदू त्योहारों को लेकर इस तरह की टिप्पणियां की जा रही हैं। बंसल ने कांग्रेस से इस पूरे मामले पर स्पष्टीकरण देने और हिंदू समाज से माफी मांगने की मांग की। उन्होंने कहा कि देश के बहुसंख्यक समाज की धार्मिक भावनाओं का सम्मान किया जाना चाहिए।






















