राधे-राधे’ का मतलब विदाई, यूपी की जनता BJP को घर भेजने की तैयारी में : अखिलेश

0
9

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों के बीच बयानबाजी तेज हो गई है। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शनिवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान भाजपा के ‘राधे-राधे, कमल खिला दे’ नारे पर तंज कसते हुए कहा कि इस बार प्रदेश की जनता भाजपा को सत्ता से विदाई देने जा रही है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा का कमल अब मुरझा रहा है और पार्टी को चुनाव में हार का सामना करना पड़ेगा।

अखिलेश ने कहा कि भाजपा ने नया नारा जरूर तैयार किया है, लेकिन ‘राधे-राधे’ का मतलब विदाई भी होता है। उनके मुताबिक, भाजपा को भी इस बात का एहसास है कि आगामी चुनाव में जनता उसे सत्ता से बाहर करने वाली है। उन्होंने सीतापुर में भाजपा के शून्य पर पहुंचने का दावा करते हुए कहा कि चुनाव की तारीख आते ही पार्टी की हार तय हो जाएगी।

अग्निवीर योजना खत्म करने का किया वादा

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अखिलेश यादव ने अग्निवीर योजना पर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर अग्निवीर जैसी व्यवस्था को हमेशा के लिए समाप्त किया जाएगा। भाजपा के चिंतन शिविर में लगाए गए नारों पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि पार्टी का कमल अब खिलने के बजाय मुरझा रहा है।

अधिकारियों के खिलाफ चुनाव आयोग में शिकायत करेंगे

अखिलेश यादव ने नौकरशाही पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि कुछ अधिकारी भाजपा के पदाधिकारियों की तरह काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे अधिकारियों के खिलाफ चुनाव आयोग से शिकायत की जाएगी। इस संबंध में पत्र भेजने की तैयारी है, जिस पर विधायक, विधान परिषद सदस्य और सांसद भी हस्ताक्षर करेंगे।

उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग भाजपा के दबाव में काम कर रहा है और कई जगहों पर सरकारी मशीनरी का इस्तेमाल राजनीतिक फायदे के लिए किया जा रहा है। नवगांव उपचुनाव का जिक्र करते हुए अखिलेश ने एक अधिकारी पर फर्जी वोट डलवाने का आरोप लगाया। उन्होंने यह भी दावा किया कि पीडीए समाज के मतदाताओं के वोटों के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है।

‘लाठी का जवाब लैपटॉप से देंगे’

सपा अध्यक्ष ने कहा कि उनकी पार्टी हिंसा के बजाय तकनीक और विकास के जरिए जवाब देगी। उन्होंने कहा, ‘लाठी का जवाब लैपटॉप से देंगे, लाठी हारेगी और लैपटॉप जीतेगा।’ गोरखपुर में हुए हादसे को लेकर अखिलेश ने कहा कि दो दिन शोक व्यक्त करने के बाद वह इस मामले पर प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे। उनके गोरखपुर दौरे के दौरान हुए हादसे में भाजपा नेता के बेटे की मौत हो गई थी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here