बांग्लादेश में फिर तख्तापलट की आहट: 28 जिलों में हिंसा-आगजनी व ढाका में बम धमाके, यूनुस के पैतृक घर को लगाई आग

0
7
बांग्लादेश में फिर तख्तापलट की आहट: 28 जिलों में हिंसा-आगजनी व ढाका में बम धमाके, यूनुस के पैतृक घर को लगाई आग

बांग्लादेश में एक बार फिर सत्ता की कुर्सी हिलाने वाले हालात बनते दिखाई दे रहे हैं। पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की पार्टी अवामी लीग के देशव्यापी लॉकडाउन के आह्वान के बीच ढाका से चटगांव तक हिंसा भड़क उठी है। कहीं बम धमाके हो रहे हैं तो कहीं राजनीतिक नेताओं के घरों और पार्टी कार्यालयों को आग के हवाले किया जा रहा है। पूर्व अंतरिम सरकार प्रमुख मोहम्मद यूनुस का पैतृक घर भी निशाने पर आ गया। सवाल उठने लगा है कि क्या बांग्लादेश एक बार फिर बड़े राजनीतिक विस्फोट की ओर बढ़ रहा है? बांग्लादेश की राजधानी ढाका में बृहस्पतिवार तड़के कई जगहों पर बम धमाके हुए, जबकि चटगांव में पूर्व की अंतरिम सरकार के प्रमुख मुहम्मद यूनुस के पैतृक घर को आग लगा दी गई।यह अशांति पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के नेतृत्व वाली पार्टी अवामी लीग की ओर से बृहस्पतिवार को देशव्यापी ”लॉकडाउन” के आह्वान के बाद हुई। हसीना की अवामी लीग सरकार के सत्ता से हटने के बाद मोहम्मद यूनुस ने देश की कमान संभाली थी और उनकी अंतरिम सरकार ने अवामी लीग को भंग कर दिया था। पुलिस और प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि इन घटनाओं में कम से कम चार लोग घायल हुए हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुरक्षा व्यवस्था कड़ी किए जाने के बावजूद ढाका में कई जगहों पर बम विस्फोट, आगजनी और तोड़फोड़ की घटनाएं हुईं।अज्ञात उपद्रवियों ने चटगांव के पांचलाइश इलाके में यूनुस के पैतृक घर में आग लगा दी। इससे पहले बांग्लादेश के अलग-अलग हिस्सों में स्थित ग्रामीण बैंक की कई शाखाओं को भी आग के हवाले कर दिया गया था। अखबारों की खबरों के अनुसार, बुधवार रात प्रतिद्वंद्वी राजनीतिक कार्यकर्ताओं ने ढाका में अवामी लीग के दो नेताओं के घरों पर हमला किया या उन्हें आग लगा दी।माना जा रहा है कि ये कार्यकर्ता प्रधानमंत्री तारिक रहमान की बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) से जुड़े थे। पुलिस ने बताया कि उसने रातभर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाए रखी और राजधानी के प्रमुख फ्लाईओवरों पर अतिरिक्त पुलिसकर्मियों की तैनाती की। वहीं, अधिकारियों को शहर के प्रवेश और निकास मार्गों पर वाहनों की जांच करते तथा संदिग्ध वाहनों के चालकों और मोटरसाइकिल सवारों से पूछताछ करते देखा गया। अवामी लीग ने इस लॉकडाउन का आह्वान ऐसे समय किया है, जब पिछले साल एक विशेष न्यायाधिकरण ने हसीना को उनकी अनुपस्थिति में मुकदमा चलाकर मानवता के खिलाफ अपराधों के आरोप में मौत की सजा सुनाई थी।लॉकडाउन का आह्वान उसी फैसले के एक साल पूरे होने के मौके पर किया गया। हसीना (79) पांच अगस्त, 2024 को बांग्लादेश से भागने के बाद से भारत में रह रही हैं। उस समय छात्र-नेतृत्व वाले आंदोलन को ‘जुलाई विद्रोह’ कहा गया था, जिसके कारण उनकी सरकार गिर गई थी। बांग्लादेश भारत से हसीना के प्रत्यर्पण की मांग कर रहा है।अधिकारियों ने बताया कि संवेदनशील जिलों में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अर्धसैनिक बल बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश (बीजीबी) के हजारों जवानों को तैनात किया गया है। इनमें दक्षिण-पश्चिमी गोपालगंज जिला भी शामिल है, जो हसीना का जन्म स्थान है। लॉकडाउन से पहले ढाका में 24 घंटे तक चले अभियान के दौरान पुलिस ने 565 लोगों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार किए गए प्रमुख लोगों में हसीना मंत्रिमंडल के पूर्व शिक्षा मंत्री नूरुल इस्लाम नाहिद भी शामिल हैं। उन्हें बुधवार आधी रात को उनके ढाका स्थित आवास से हिरासत में लिया गया। प्रधानमंत्री तारिक रहमान ने बुधवार रात ”लोकतांत्रिक ताकतों” से अवामी लीग की वापसी को रोकने के लिए एकजुट होने की अपील की। उन्होंने अवामी लीग को ”आतंकवादी संगठन” और ”गिरी हुई, पराजित तथा सत्ता से बेदखल फासीवादी ताकत” करार दिया और उसे निर्णायक रूप से हराने के लिए कदम उठाने का आह्वान किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here