यमन में हूतियों पर सऊदी अरब की ताबड़तोड़ बमबारी; 60 सैन्य ठिकाने तबाह व 17 लोगों की मौत, भारत ने रोकी उड़ानें

0
8
यमन में हूतियों पर सऊदी अरब की ताबड़तोड़ बमबारी; 60 सैन्य ठिकाने तबाह व 17 लोगों की मौत, भारत ने रोकी उड़ानें

मध्य पूर्व में तनाव के बीच यमन में सऊदी अरब और हूती विद्रोहियों के बीच टकराव तेज हो गया है। यमन में हूती विद्रोहियों के नियंत्रण वाले इलाकों में बुधवार को सऊदी अरब के नेतृत्व वाले सैन्य गठबंधन ने बड़े पैमाने पर हवाई हमले किए। हूती अधिकारियों ने दावा किया है कि इन हमलों में 17 लोगों की मौत हो गई और 15 अन्य घायल हुए हैं। हूतियों ने आम नागरिकों को निशाना बनाए जाने का आरोप लगाते हुए बदला लेने की धमकी दी है। वहीं, सऊदी अरब ने दावा किया है कि उसने अपनी ओर दागी गई हूतियों की दो क्रूज मिसाइलों को हवा में ही नष्ट कर दिया।सऊदी अरब के नेतृत्व वाले सैन्य गठबंधन के प्रवक्ता मेजर जनरल तुर्की अल-मलिकी ने बताया कि ताजा हवाई हमलों में हूतियों की सुरंगों, ड्रोन और मिसाइलों के भंडार को निशाना बनाया गया।

उनके मुताबिक, यमन की राजधानी सना और उसके आसपास करीब 60 सैन्य ठिकानों को नष्ट किया गया है। इसके अलावा अमरान, सादा और होदेदा में स्थित सैन्य ठिकानों पर भी हमले किए गए। सऊदी गठबंधन की इस कार्रवाई से यमन में तनाव और बढ़ गया है। हूतियों ने हमलों का जवाब देने की चेतावनी दी है। इस बीच अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी (IAEA) ने अमेरिका और सऊदी अरब के बीच शांतिपूर्ण उद्देश्यों के लिए हुए परमाणु समझौते पर संतोष जताया है। एजेंसी के मुताबिक, सऊदी अरब में यूरेनियम संवर्धन प्रक्रिया के निरीक्षण और निगरानी के लिए समुचित व्यवस्था मौजूद है। एजेंसी ने इस व्यवस्था को संतोषजनक बताया है।
 

यमन में हूती हमलों और सऊदी अरब के साथ बढ़ते तनाव का असर भारत से आने-जाने वाली उड़ानों पर भी पड़ रहा है। समाचार एजेंसी प्रेट्र के मुताबिक, सऊदी अरब जाने वाली उड़ानों का संचालन करने वाली भारतीय विमानन कंपनियों ने 30 नवंबर तक अपनी सेवाएं स्थगित करने का फैसला किया है। इंडिगो ने बुधवार को उड़ानें स्थगित करने की घोषणा की। इससे पहले एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस भी अपनी सेवाएं रोकने का ऐलान कर चुकी हैं। इससे सऊदी अरब जाने और वहां से भारत लौटने वाले यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। क्षेत्र में सुरक्षा हालात को देखते हुए विमानन कंपनियों ने यह कदम उठाया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here