प्रतापगढ़ बुल्लेटिन – 2 माई 2024

0
226

हिंदू महासंघ के जिला प्रभारी बने सुनील राय

प्रतापगढ़। शहर के रंजीतपुर चिलबिला स्थित सच्चा बाबा आश्रम में मंगलवार को अंतर्राष्ट्रीय हिंदू महासंघ (भारत) की बैठक हुई। अरेल से पधारे विद्यानंद महराज एवं प्रमेश जी महराज हरिद्वारा, प्रयागराज मंडल प्रभारी कृष्ण कुमार पांडेय ने रंजीतपुर चिलबिला (बराछा) निवासी सुनील कुमार राय को जिला प्रभारी पद पर मनोनीत किया। मंडल प्रभारी ने संगठन का विस्तार करने की जिम्मेदारी जिला प्रभारी को दी। सच्चा बाबा आश्रम के महंत मनोज ब्रह्मचारी ने सुनील कुमार राय का प्रमाण पत्र दिया। पदाधिकारियों ने फूल माला पहनाकर मनोनीत जिला प्रभारी को बधाई दी। इस मौके पर विनय पाण्डेय, पंकज यादव, राम कुमार, वेद प्रकाश, बबलू राय, श्याम शंकर, विनोद, प्रमोद कुमार, बच्चा, अनिल, सुशील, मनोज, अनिल, कुमार वर्मा, रिंकू आदि लोग मौजूद रहे। 

इण्डिया गठबंधन के सपा प्रत्याशी डा0 एसपी सिंह पटेल समेत तीन लोगों ने दाखिल किया नामांकन पत्र

प्रतापगढ़। लोकसभा चुनाव के लिए नामांकन के तीसरे दिन बुद्धवार को इण्डिया गठबंधन के सपा उम्मीदवार डा0 एसपी सिंह पटेल बसपा प्रत्याशी प्रथमेश मिश्रा समेत तीन प्रत्याशियों ने पर्चा भरा। जिला निर्वाचन अधिकारी संजीव रंजन ने प्रत्याशियों के नामाकंन पत्रों को लिया। इसके अलावा रामकुमार यादव सोशलिस्ट यूनिटी सेन्टर आफ इण्डिया कम्युनिस्ट पार्टी की तरफ से लोकसभा उम्मीदवार के रूप में नामांकन दाखिल किया। सुबह मॉ बेल्हा देवी का दर्शन करने के बाद अम्बेडकर चौराहा स्थित अम्बेडकर के मूर्ति पर माल्यार्पण किया। कलेक्ट्रेट में पर्चा दाखिल करने के बाद शहर के हर चौराहों पर स्थापित महा पुरूषों के मूर्तियों पर माल्यार्पण किया। बाद में कॉग्रेस कार्यालय पहुंचकर सभा को संबोधित किया। सपा प्रत्याशी एसपी सिंह दो सेट में बसपा प्रत्याशी व कम्युनिस्ट प्रत्याशी ने एक-एक सेट में पर्चा दाखिल किया। सपा प्रत्याशी डा0 एसपी सिंह पटेल व उनकी पत्नी कांति सिंह लखनऊ निर्वाचन क्षेत्र से स्नातक एमएलसी रह चुके हैं। डा0 पटेल लखनऊ पब्लिक स्कूल के संस्थापक हैं। उन्होंने होटल, कोल्ड स्टोरेज, विभिन्न कंपनियों में निेवेश, चल, अचल व अन्य व्यवसायों से करोड़ों के मालिक होने का शपथ पत्र दिया है। जिले की राजनीति में उनकी अच्छी पैठ रही है। इण्डिया गठबंधन की सभी पार्टियां उन्हें लोकसभा भेजने के लिए जी जान से जुटी हैं। जिले में तूफानी दौरा कर अन्य पार्टियों के प्रत्याशियों को जीत का खुला चैलेंज प्रस्तुत कर रहे हैं। इसके अलावा बुद्धवार को निर्दल समेत छः प्रत्याशियों ने दो सेटों में नामांकन पत्र लिया। 

भाजपा लीडर के बेटे बसपा प्रत्याशी प्रथमेश मिश्र ने भी भरा पर्चा-

पूर्व बसपाई अब भाजपा के सीनियर लीडर शिव प्रकाश मिश्र सेनानी के बेटे प्रथमेश मिश्र ने भी बुद्धवार को बसपा के सिम्बल पर नामांकन पत्र दाखिल किया है। बसपा प्रत्याशी के नामांकन दाखिल करने से जिले में जीत हार का गुणा गणित उलट सकता है। मौजूदा सांसद से नाराज भाजपा के मतदाता बसपा और सपा को समर्थन कर सकते हैं। जिले में लोकसभा चुनाव में त्रिकोणीय मुकाबला बनने के आसार नजर आ रहे हैं। 

विवाह का लालच देकर किया दुष्कर्म, गिरफ्तार

प्रतापगढ़। नवाबगंज पुलिस ने धोखे से विवाह का लालच देकर दुष्कर्म करने के आरोपी को बुद्धवार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। आरोपी विकास कुमार पटेल पुत्र राम नरेश उर्फ कल्लू निवासी फतेहउल्लापुर मानिकपुर पर थाने में दुष्कर्म समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज था। पीड़िता ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। मुखबिर की सूचना पर थाने के दरोगा रमेश सिंह की टीम ने थाना क्षेत्र के चौरही मोड़ से गिरफ्तार कर लिया। 

प्रवेश के लिए आने वाले बच्चों के अभिभावकों से शत प्रतिशत मतदान का करें अनुरोध-सरदार सिंह डीआईओएस

प्रतापगढ़। स्वीप कार्यक्रम के नोडल अफसर जिला विद्यालय निरीक्षक सरदार सिंह ने शत प्रतिशत मतदान के लिए प्रधानाचायों से सहयोग की अपील किया है। उन्होंने विद्यालयों के प्रधानाचार्यों से कहा है कि इस समय बच्चों के प्रवेश किये जा रहे हैं। विद्यालयों में आने वाले बच्चों के अभिभावकों से शत प्रतिशत मतदान के लिए अनुरोध करें। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए सभी को मतदान करना चाहिए। प्रधानाचार्यों से कहा कि इसके लिए गॉव, शहर में रैली निकाली जाए। वैनर, पोस्टर व स्लोगन के जरिए लोगों को मतदान के प्रति जागरूक करें। उन्होंने कहा कि इसके लिए हर व्यक्ति को अपने आस पास, मित्र, रिस्तेदार, चिर, परिचित को मतदान के प्रेरित करें। डीआईओएस सरदार सिंह ने कहा कि हमारा लोकतंत्र मजबूत और ताकतवर तभी होगा जब सभी लोग लोकतंत्र के इस महापर्व में मतदान में हिस्सा लें। मतदान के प्रतिशत को बढ़ाने के लिए डीआईओएस स्वयं हर दिन किसी न किसी विद्यालय में पहुंचकर छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए रैली निकलवा रहे हैं। 

मादक पदार्थों को बेंचने के साथ स्मैकिए क्षेत्र में कर रहे चोरियां, पुलिस को खुली चुनौती

प्रतापगढ़, कुण्डा। मानिकपुर थाना क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी कर युवओं को नशे का आदी बनाया जा रहा है। इलाके में मादम पदार्थों की खुलेआम बिक्री होती रहती है। स्मैक की लत लग चुकी युवाओं को खर्चे के लिए चोरियां करनी पड़ रही है। स्मैकियों की हरकतों से नगर पंचायत मानिकपुर के निवासी हैरान व परेशान हैं। घरों के बाहर सामानों समेत कई बाइकें चोरी हो चुकी हैं। लोगों की शिकायत पर स्थानीय पुलिस स्मैकियों पर कोई कार्यवाही नहीं कर रही है। जिससे क्षेत्र में लगातार चोरियों का ग्राफ बढ़ रहा है। स्मैकियों द्वारा सभागंज चौराहे से चार बाइकें चुरा ली। थाने में तहरीर दी गई है। ज्वाला देवी मंदिर के पास व मीरगढ़वा में चार घरों में चोरियां हुई। स्मैकियों द्वारा स्मैक बेंचने का वीडियो सोसलमीडिया में भी वायरल हुई है। स्मैकियों व चोरों की हरकतों पुसिल लगाम लगाने में विफल रही है। मानिकपुर पुलिस द्वारा स्मैकियों व चोरों पर कोई प्रभावी कार्यवाही न करने से लोगों में पुलिस के प्रति आक्रोश पनप रहा है। 

साथी के उजड़े आशियाने को बसाने की बच्चों की अनोखी पहल

राहत सामाग्री के साथ विकास के घर पहुंचे बच्चा बैंक फ्रेंड्स ग्रुप के बच्चे

बांस, बल्ली, सरपत टिन से घर बनाने का शुरू किया प्रयास

प्रतापगढ़। समुद्र पर पुल बनाने में वानर सेना रीछ और भालू सभी जी तोड़ मेहनत कर रहे थे। उन्हीं के बीच एक छोटी गिलहरी भी अपना योगदान दें रही थी। सहपाठी विकास के उजड़े आशियाने को फिर से बसाने के लिए गिलहरी की तरह छोटे बच्चे और छात्र एकजुट हो गए। उन्होंने राहत सामाग्री जुटाई घर बनाने का सामान बांस, बल्ली, सरपत, टिन लेकर पहुंच गए नगर कोतवाली के बोधी पांडेय का पुरवा विकास के घर। उजड़े घर को फिर से बनाने का जोरदार प्रयास शुरू कर दिया। उनके हौंसले और हिम्मत की पूरा गांव सराहना कर रहा है।

सदर ब्लाक के बोधी पांडेय के पुरवा में विकास गौतम का छप्पर का घर था। जो मंगलवार की दोपहर भीषण अग्निकांड में स्वाहा हो गया। इस घटना में विकास उसकी बहन और चाची झुलस गए। बकरियां जिंदा जल गई। खाने पीने का सामान, सारी गृहस्थी जलकर खाक हो गई। उसका पूरा परिवार खुले आसमान के नीचे आ गया है। दाने दाने को मोहताज हो गया। विकास बच्चा बैंक फ्रेंड्स ग्रुप, बीबीएफजी से जुड़ा है। यह जानकारी ग्रुप के बच्चों और छात्रों को हुई तो सभी अपने अपने स्तर से मदद करने घरों से निकल पड़े।  बच्चे बीबीएफजी के फ्री स्टडी सेंटर भंगवा में एकत्र हुए। सेंटर के प्रिंसिपल शनि सरोज ने बताया कि छात्रों ने एक एक सामान जुटाया। उसके बाद सिर पर रखकर निकल पड़े विकास के घर। घर पहुंचने के बाद विकास की माता को खाने का सामान और घर बनाने की सामाग्री दी गई।

किसने क्या जुटाया-

साहिल ने आटा, चावल हिमांशु ने सब्जी, शनि ने तेल दाल नमक, अंश पटेल, निखिल और शिवा ने बांस बल्ली, कृष्णा और राहुल ने लोहे की चद्दर का इंतज़ाम किया। अभिषेक वर्मा ने सरपत और सरसेठा जुटाया।

आग लगने से खेतों में रखे भूसा फायर ब्रिगेड के पहुंचने से पहले जलकर राख 

 प्रतापगढ़, कुंडा। महेशगंज थाना क्षेत्र के झींगुर गोगहर गांव में बुधवार को खेतों में रखे भूसे में आग लग गई। आग के विकराल रुप ने आसपास के रखे दर्जनों किसानों के भूसे जल गए। आग की लपटे देखकर गांव वाले खेत की तरफ गए तब तक दर्जनों बीघा गेहूं के भूसे में आग लग चुकी थी। ग्रामीणों द्वारा आग पर काबू पाने का प्रयास किया परंतु असफल रहे। फायर ब्रिगेड ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाने का प्रयास किया लेकिन तब तक लाखों रुपए का भूसा जलकर राख हो चुका था। किसान रामेश्वर नाथ मिश्रा, नन्हेंलाल मिश्रा, रमाशंकर मिश्रा, विजय कुमार मिश्रा, बडे़लाल मिश्रा आदि किसानों ने अराजक तत्वों द्वारा आग लगाए जाने की आशंका ब्यक्त किया है।

कंप्यूटर संचालक पर छात्रा को भगाने की खबर इंटरनेट पर वायरल

प्रतापगढ़, कुंडा। संग्रामगढ़ थाना क्षेत्र के नरई चौराहा स्थित आईटी प्रोफेशनल कंप्यूटर इंस्टिट्यूट के संचालक पर छात्रा को भगा ले जाने का आरोप है। क्षेत्र के बीजूमऊ गांव की बीएससी द्वितीय वर्ष की एक छात्रा इंस्टिट्यूट में कंप्यूटर सीखने जाती थी। उसी दरमियान दोनों का प्यार परवान चढ़ा। जिसके चलते कंप्यूटर संचालक छात्रा को लेकर फरार हो गया। छात्रा के परिजनों ने घटना की शिकायत संग्रामगढ़ थाने में किया था। घटना इंटरनेट पर खबर वायरल हो गई। मामले में एसओ सतेन्द्र राय ने बताया कि लड़की अपने आप थाने में आयी थी। पूछ ताछ में लड़की ने बताया कि कुछ कारण वश हम खुद ही घर से भागकर आत्म हत्या के इरादे से गये थे। हमको कोई नहीं ले गया था। छात्रा परिजनों संग घर चली गई। घटना के बाद से कंप्यूटर संस्थान बंद चल रहा है।

मेडिकल स्टोर संचालक के इलाज से युवक की मौत के मामले में पुलिस ने भेजी रिपोर्ट

प्रतापगढ़, कुंडा। महेशगंज थाना क्षेत्र के पटना नहर चौराहे पर स्थानीय निवासी पारूल दुवेदी ने मेडिकल स्टोर खोल रखा है। मेडिकल संचालक दवा बेचने के साथ साथ मरीजों का इलाज भी करता है। जबकि उसके पास मरीजों के इलाज करने का कोई लाइसेंस नहीं है। बीते सप्ताह पारूल दुवेदी द्वारा दुबवापुर के युवक नीरज कुमार यादव को बुखार की दवा देने से मौत हो गयी थी। मृतक के पिता माता प्रसाद यादव की भी मौत स्टोर संचालक द्वारा इलाज करने से हुई थी। घटना के बाद मेडिकल स्टोर पर छापेमारी कर स्वास्थ्य विभाग ने कार्यवाही की थी। लेकिन मेडिकल स्टोर संचालक द्वारा इलाज करना बंद नहीं किया। पटना नाहर चौराहे से महज़ तीन किलोमीटर दूर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र महेशगंज स्थित है। फिर भी मरीजों का इलाज किया जा रहा है। मेडिकल स्टोर संचालक वगैर डाक्टर के लिखे पर्चे की दवाई मरीजों को देता है। शनिवार को एक घंटे तक सड़क मार्ग जाम करने पर थाना अध्यक्ष श्रवण कुमार सिंह ने मेडिकल स्टोर संचालक की रिपोर्ट संबंधित विभाग के अधिकारियों को प्रेषित कर दिया है। संचालक के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग क्या कारवाई करता हैं इसके लिए मृतक के परिजन एवं क्षेत्रीय लोग मामले में लगातार पुलिस से सम्पर्क बनाए हुए हैं। थाना अध्यक्ष श्रवण कुमार सिंह ने बताया कि मामले में स्वास्थ्य विभाग को रिपोर्ट भेजी गई है।

टीकाकरण को लेकर हुई कार्यशाला, दी गयी जानकारियां

प्रतापगढ़, लालगंज। स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के सभागार में बुधवार को टीकाकरण के लिये कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में एएनएम, आशा संगिनी एवं सुपरवाइजर को टीकाकरण को लेकर बरती जाने वाली सावधानियों की जानकारियां प्रदान की गयी। अध्यक्षता करते हुए अधीक्षक डा0 अरविन्द गुप्ता ने प्रशिक्षार्थियों को शिशुओं तथा माताओं व अन्य जरूरतमंदो को टीकाकरण के महत्व के बारे में  विस्तार से बताया। डीआईओ डा0 एएन राय तथा एसएमओ डा0 सुषमिथा एवं विशेषज्ञ महेश सिंह ने टीकाकरण के सार्थक बिंदुओं का विस्तृत खाका प्रस्तुत किया। संचालन बीपीएम बृजेश पाण्डेय व संयोजन बीसीपीएम असद उल्ला ने किया। इस मौके पर डा0 सुधाकर, देव कुमार दुबे, अर्चना चौबे, अनसुइया, भारती सिंह, खुशबू तिवारी आदि मौजूद रहे।

किशोरी के अपहरण के आरोपी भेजा गया जेल

प्रतापगढ़, लालगंज। कोतवाली पुलिस ने किशोरी के अपहरण को लेकर मुकदमें के वांछित आरोपी को धर दबोचा है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर बुधवार को जेल भेज दिया। लालगंज कोतवाली के दरोगा राजेश कुमार यादव फोर्स के साथ गश्त पर निकले थे। धधुआ गाजन नहर पुल के समीप समापुर कैथन निवासी बबलू गुप्ता का पुत्र कार्तिक गुप्ता पुलिस के हत्थे चढ़ गया। कार्तिक के खिलाफ कोतवाली लालगंज में किशोरी के अपहरण को लेकर मुकदमा दर्ज है। आरोपी पुलिस पकड़ से फरार चल रहा था।

इंडिया गठबंधन के प्रत्याशी को जिताने के लिए बैठककर कांग्रेस के नेताओं ने बनाई रणनीति

प्रतापगढ़। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय महासचिव व प्रभारी उ0 प्र0 अविनाश पाण्डे तथा राष्ट्रीय सचिव पूर्व मंत्री राजेश तिवारी का आगामी 04 मई को जिले में आगमन होगा। इण्डिया गठबन्धन के संयुक्त प्रत्याशी डॉ0 एस0 पी0 सिंह पटेल के समर्थन में शहर के एक मैरेज हाल में संगठन की बैठक में शरीक होंगे स जिसमें कांग्रेस पार्टी एवम सामाजवादी पार्टी के बीच समन्यवय बैठक को संबोधित करेगे। बैठक में उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के लोकसभा कोऑर्डिनेटर संजय तिवारी,  प्रदेश उपाध्यक्ष मकसूद खान, महासचिव मुकुंद तिवारी एवम प्रदेश सचिव राकेश मौर्या भी मौजूद रहेंगे। बैठक को सफल बनाने के लिए बुधवार को पार्टी कार्यालय पर जिला अध्यक्ष डॉ0 नीरज तिवारी की अध्यक्षता में  प्रभारियों के बीच विचार विमर्श कर जिम्मेदारी सौंपी गई। जिसमें विधानसभा प्रभारी, ब्लॉक प्रभारी, पूर्व विधानसभा प्रत्याशी, नगर पालिका एवम नगर पंचायत के पूर्व प्रत्याशी, पी0 सी0 सी0 सदस्य आदि शामिल हुए। जिले में आए उ0 प्र0 कांग्रेस कमेटी के महासचिव व प्रतापगढ़ प्रभारी मुकुन्द तिवारी का माल्यार्पण कर स्वागत किया गया। जिलाध्यक्ष डॉ0 नीरज त्रिपाठी ने कहा कि सभी जिला, नगर, ब्लॉक व न्याय पंचायत पदाधिकारी सहित सभी फ्रंटल संगठनों, विभागों व प्रकोष्ठों के अध्यक्षों व पदाधिकारी बैठक में अनिवार्य रूप से आये। उन्होंने कहा कि चुनाव शुरू हो चुके हैं। हम सभी को मिलकर पूरी ताकत व मजबूती से काम करना होगा।

इस मौके पर भगवती तिवारी,  इरफान अली, डा0 वी0 के0 सिंह, वेदांत तिवारी, पीसीसी सदस्य डॉ0 प्रशांत देव शुक्ल, प्रमोद तिवारी के मीडिया प्रभारी ज्ञान प्रकाश शुक्ल, सुनीता सिंह पटेल, सरोज कश्यप, महेंद्र शुक्ल, राम रतन तिवारी, आशुतोष तिवारी, प्रेम शंकर द्विवेदी, प्रवीण द्विवेदी, सुरेश मिश्र, सुधीर तिवारी, विजय शंकर तिवारी, डॉ0अजय सिंह, इन्द्रानंद तिवारी, दृगपाल यादव, राम कृपाल पासी, डॉ0अमिताभ शुक्ल, लालजी यादव, छोटे लाल सरोज, रामबोध शुक्ल, श्याम शंकर तिवारी आदि मौजूद रहे।

धर्म और कर्म की सुचिता ही श्रीमदभागवत कथा का सार- करूणाशंकर

प्रतापगढ़, लालगंज। अझारा वार्ड में हो रही श्रीमदभागवत कथा में रूक्मणी विवाह को देख श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। राजा परीक्षित के मोक्ष की कथा का वर्णन करते हुए व्यास करुणा शंकर ने कहा कि प्रभु के नाम जप में ही मनुष्य के जीवन का कल्याण है। धर्म और कर्म की सुचिता ही श्रीमदभागवत कथा का सार है। रूक्मणी विवाह में श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर हरे राधे हरे कृष्ण के मनमोहक संकीर्तन की प्रस्तुतियां दी। श्रद्धालुओ ने भगवान श्रीकृष्ण व रूक्मणी जी का पांव पूजन भी विधिविधान से किया। यज्ञाचार्य पं0 शिवानंद मिश्र ने श्रीमदभागवत कथा को अमृत कथा बताया। कथा के संयोजक प्रवीण मिश्र व निर्मला मिश्रा ने व्यासपीठ का पूजन अर्चन किया। इस मौके पर अटल बिहारी मिश्र, श्रवण कुमार मिश्र, एनएस त्रिपाठी, साकेत मिश्र, इं. रमेश शुक्ला, आचार्य राजेश मिश्र, आईपी मिश्र, अर्चना मिश्रा, निशा मिश्रा, आनन्द मिश्र, श्रीश पाण्डेय, सर्वेश मिश्र, शैलेन्द्र शुक्ला, शिवम मिश्र, सत्यम मिश्र आदि मौजूद रहे।

बिना मान्यता प्राप्त संचालित हो रहे विद्यालयों को मिली नोटिस

प्रतापगढ़, लालगंज। बिना मान्यता प्राप्त विद्यालयों के संचालन पर शासन व प्रशासन की नजर टेढ़ी हुई है। लालगंज क्षेत्र के आधा दर्जन से अधिक विद्यालयों को बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा बिना मान्यता के संचालन को लेकर नोटिस मिलने पर हडकंप का माहौल दिखा है। खण्ड शिक्षा अधिकारी लालगंज सुरेश कुमार सिंह ने लालगंज के पाण्डेय का पुरवा के आरएस पब्लिक स्कूल, बेलहा के जेएन पब्लिक स्कूल, संगम शिक्षा मंदिर मठहा बनवारी, सत्य सांई ग्लोरियस पब्लिक स्कूल रैठे, गंगादीन पब्लिक स्कूल डगरारा तथा कमला शिक्षा निकेतन रामगंज भोजपुर व रामगंज भोजपुर के ही एचएनटी पब्लिक स्कूल के संचालकों को मान्यता के संदर्भ में स्पष्टीकरण तलब किया है।