प्रतापगढ़ बुल्लेटिन – 5 मई 2024

0
175

अपहरण की गई नाबालिक युवती को पुलिस ने सूरत से किया बरामद, चार आरोपी गये जेल

हिन्दू संगठनो ंसे बचाकर आरोपियों को कोर्ट में किया पेश

प्रतापगढ़। पट्टी क्षेत्र के अमरगढ़ से भगाई गई नाबालिक युवती को आसपुर देवसरा पुलिस ने युवती समेत चार आरोपियों को गुजरात के सूरत जिले से गिरफ्तार कर लिया। पिछले माह 25 अपै्रल को अमरगढ़ बाजार से नाबालिक किशोरी को आरोपियों ने प्रेम जाल में फंसाकर भगा ले गये थे। किशोरी द्वारा अपनी मर्जी से जाने की बात कबूलने का वीडियो सोसलमीडिया में वायरल भी हुआ था। परिजनों ने मुख्य आरोपी शारूख राइन पुत्र मो0 अजीज राइन निवासी उदईशाहपुर आसपुर देवसरा के खिलाफ थाने में अपहरण का मुकदमा दर्ज कराया था। घटना को लव जेहाद के ऐंगल से देखा जा रहा था। जिसमें हिन्दू संगठनों ने बवाल करते हुए पुलिस पर गिरफ्तारी का दबाव बनाया था। युवती की बरामदगी व आरोपियों के गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने टीम गठित कर तलाश शुरू की। इलेक्ट्रनिक मैनुअल साक्ष्यों के आधार पर आरापियों की लोकेशन सूरत के थाना कोस्टल मोती दमन गुजरात राज्य में लगी। गुपचुप तरीके से लोकल पुलिस को साथ लेकर आसपुर देवसरा पुलिस ने युवती समेत आरोपियों को मौके से दबोच लिया। शारूख के इस काम में तीन अन्य साथी सद्दाम पुत्र तहावर उर्फ कल्लू निवासी कस्बा थाना मछलीशहर जौनपुर, आजाद अली पुत्र अमीन अली निवासी करौदहॉ व शन्ने पुत्र लाल मोहम्मद उर्फ लल्लू निवासी उदईशाहपुर पूरा सहयोग किया। एसपी सतपाल अंतिल के निर्देश पर एसआई योगेन्द्र सिंह, एसआई अनुपम त्रिपाठी, यशवन्त सिंह राठौर, राजनारायण पटेल, राकेश सरोज व शोभा यादव की टीम गठित की गई। टीम ने युवती समेत आरोपियों को गिरफ्तार कर प्रतापगढ़ लाई।  

पुलिस ने आरोपियों को चुपके से कोर्ट में किया पेश-

आरोपियों के गिरफ्तारी को लेकर हिन्दू संगठनों को पहले ही भनक लग गई थी। उन्हेें मालुम था कि आसपुर देवसरा एसओ आरोपियों को शनिवार को कोर्ट में पेश करने वाले हैं। हिन्दू संगठन के लोग आरोपियों पर हमला करेंगे इस बात की भनक एसओ को लग गई थी। एसओ ने चुपके से दूसरे रास्ते से अपहरण के चारों आरोपियों शारूख राइन, सद्दाम, आजाद अली व शन्ने को कोर्ट में पेश किया। 

एसपी ने नामांकन स्थल का किया निरीक्षण

प्रतापगढ़। एसपी सतपाल अंतिल ने शनिवार को कलेक्ट्रेट में चल रहे नामांकन स्थल का शनिवार को निरीक्षण किया। डीएम कोर्ट तक लगी बैरिकेटिंग व तैनात सुरक्षा बलों से पूंछतांछ कर जरूरी निर्देश दिए। एसपी ने प्रवेश द्वार से लेकर डीएम कोर्ट तक सुरक्षा में लगे पुलिसकर्मियों से वगैर जॉच के लोगों को अंदर प्रवेश की अनुमति ने देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि केवल प्रत्याशी व उनके प्रस्तावक को ही नामांकन स्थल तक जाने दिया जाए। निरीक्षण के दौरान सीओ पट्टी व सीओ रानीगंज भी साथ रहे। 

मरीज लेकर आई आशा का हंगामा, सुरक्षा गार्ड से भिड़ी

सीएमएस ने लगाई फटकार, अनुशासित होकर काम करने की दी सीख 

प्रतापगढ़। जिला महिला अस्पताल की ओपीडी में बिना लाइन के मरीज को जबरन दिखाने से मना करने पर आशा सुरक्षा कर्मी से भिड़ गई। जिससे हंगामा खड़ा हो गया। शिकायत मिलने पर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक ने आशा को फटकार लगाई और अनुशासित तरीके के काम करने का निर्देश दिया। सीएमएस की बात का आशा की सेहत पर कोई असर नहीं हुआ। कक्ष से निकलने के बाद भी वह गार्ड से उलझती नजर आई। शनिवार को दोपहर में सीएमएस को सूचना मिली कि कोई आशा ओपीडी में हंगामा कर रही है। उन्होंने स्टाफ को भेजा। कुछ देर बाद सुरक्षा गार्ड और आशा दोनो सीएमएस के सामने पहुंचे। गार्ड ने आरोप लगाया कि ओपीडी चल रही थी। अचानक से यह आशा मरीज को जबरदस्ती लेकर डाक्टर के कक्ष में जाने लगी। उसने रोका दिया और लाइन से आने को कहा। जिस पर आशा झगड़ा करने लगी। आशा का आरोप था कि उसका मरीज गंभीर था। गार्ड कई मरीज पहले से दिखा चुके थे। उसको रोक दिए। सीएमएस डॉ रीना प्रसाद ने आशा को डांटा। उन्होंने बताया कि यह आशा आए दिन विवाद को लेकर सुर्खियों में रहती है। नीचे आने के बाद भी आशा चुप नही थी। वह गार्ड से बार बार उलझ रही थी। बता दें कि कई आशाएं दलाली में लिप्त हैं। वो अपने इलाके में नहीं जाती हैं। दिन रात अस्पताल के चक्कर काटती हैं। कई तो अस्पताल में ही रहती हैं। मरीजों को बहला फुसलाकर प्राइवेट ले जाती हैं।

मेडिकल करवाने आए चुनाव ड्यूटी वालों से पटी रही ओपीडी 

भीड़ में फंसी टीचर रो पड़ी, गार्ड की मदद से बाहर निकली

ओपीडी में बराबर नहीं रहते सुरक्षा कर्मी

प्रतापगढ़। चुनाव ड्यूटी में लगाए गए कर्मचारियों में जिनका मेडिकल होना है उनकी भीड़ से राजा प्रताप बहादुर अस्पताल की ओपीडी चरमरा गई। भीड़ में फंसी एक महिला टीचर निकल नहीं पाई और रोने लगी। उसको गार्ड की मदद से बाहर किया गया।  चुनाव ड्यूटी में लगाए गए कर्मचारियों में जो बीमार हैं। उन्होंने अपनी ड्यूटी कटवाने के लिए प्रार्थना पत्र दिया हैं। इन कर्मचारियों को मेडिकल बोर्ड के सामने उपस्थित होने को कहा गया है। राजा प्रताप बहादुर अस्पताल में दिखाने आए कर्मचारियों और रोज मर्रा की भीड़ ऊपर से इमरजेंसी के मरीजों की भीड़ से ओपीडी खचाखच भर गई। ओपीडी कक्ष के सामने इतनी लंबी लाइन लग गई थी कि पूछिए मत। उसी बीच में एक महिला टीचर अपनी जांच रिपोर्ट दिखाने डाक्टर के सामने खड़ी हुई। जब वापस जाने को हुई तो भीड़ ने उन्हें बाहर निकलने का मौका ही नही दिया। बाहर खड़े मरीज डाक्टर तक पहुंचने के लिए धक्का मुक्की करने लगे। भीड़ में फंस कर महिला रोने लगी। स्टाफ ने गार्ड को बुलाया तब जाकर भीड़ किनारे हुई और महिला बाहर आ पाई। खास बात यह देखने को मिली कि इतनी भीड़ के बावजूद सुरक्षा गार्ड नजर नहीं आए। जिससे भीड़ नियंत्रित नहीं हो पाई। डाक्टरों का कहना है कि एक्स सर्विश मैन के अपने मरीज दिखाने होते हैं तभी वह ओपीडी में नजर आते हैं। बाकी वे कहां ड्यूटी करते हैं पता नहीं। इस बारे में सीएमएस सौभाग्य प्रकाश का कहना है कि भीड़ अधिक थी। गार्ड को नियंत्रित करना चाहिए। वो किस लिए रखे गए हैं। उन्हें पहले भीड़ को नियंत्रित करने की हिदायत दिया गया है।

पाली विषय से टॉपर बने राजेंद्र और साथियों का होगा सम्मान

पहली बार हाई स्कूल बोर्ड में शामिल हुए 190 परीक्षार्थी

पाली भाषा को आमजन तक पहुंचाने का डाक्टर शिव मूर्ति लाल ने उठाया बीड़ा 

प्रतापगढ़। प्राचीन भाषा पाली विषय की परीक्षा में इस बार के हाई स्कूल में 92 प्रतिशत अंक पाकर पूरे मंडल में टॉप करने वाले जिले के छात्र राजेंद्र कुमार मौर्य को मौर्य सभा सम्मानित करेगी। साथ में दर्जन भर अन्य छात्र जिन्होंने प्रथम स्थान प्राप्त किया उन्हें भी सम्मानित किया जाएगा। ये सभी नगर के प्रतिष्ठित रेडियोलॉजिस्ट डाक्टर शिव मूर्ति लाल मौर्य की अगुवाई में बोर्ड परीक्षा में शामिल हुए थे। शिव मूर्ति लाल और साहित्यकार दयाराम मौर्य रत्न ने भी इन्हीं के साथ छात्र के रूप में पाली की परीक्षा दी और अच्छे नंबरों से पास भी हुए हैं।

बता दें कि महान सम्राट अशोक मौर्य के समय में प्रचलित पाली भाषा धीरे धीरे चलन से बाहर हो गई। स्कूलों में भी यह भाषा कमतर ही पढ़ाई जाती है। पाली को फिर से आमजन का संवाद बनाने का बीड़ा डाक्टर शिव मूर्ति लाल मौर्य ने उठाया और जिले में लोगों से संपर्क कर उनसे जुड़कर इस बार की हाई स्कूल में पाली विषय से फार्म भरने का अभियान चलाया। उनकी मेहनत रंग लाई और बोर्ड परीक्षा का परिणाम घोषित हुआ तो पता चला कि जिले से करीब डेढ़ सौ छात्र पास हुए हैं। जिसमें से शिव मूर्ति लाल के स्टाफ राजेन्द्र मौर्य ने 92 प्रतिशत अंक लाकर पूरे मंडल में जिले का नाम रोशन किया है। ख़ास बात यह रही कि जितने भी लोग पाली से परीक्षा दिए हैं। उनमें से अधिकतर लोग नौकरी पेशा वाले, रिटायर टीचर हैं। राजेन्द्र मौर्य के कई साथी जो अच्छे नंबरों से पास हुए हैं उनमें राहुल सरोज, राकेश चंद्र मौर्य भी शामिल हैं। ये सभी लोग डाक्टर शिव मूर्ति लाल से मिलने शहर स्थित उनके क्लीनिक राजा प्रताप बहादुर पार्क आए थे। बातचीत में शिव मूर्ति लाल ने बताया कि 27 मई को पाली भाषा में पास हुए छात्रों को सम्मानित करने का निर्णय लिया गया है।

ट्रेजरी अफसर ने निरीक्षण कर उड़नदस्ता तथा स्थायी निगरानी टीम की उपस्थिति का लिया जायजा

वाहनों की सघन तलाशी ली जाये-व्यय प्रेक्षक

प्रतापगढ़। लोकसभा चुनाव के नोडल अधिकारी निर्वाचन व्यय ट्रेजरी अफसर अनामिका सिंह ने शुक्रवार की रात विधानसभा रामपुर खास तथा सदर क्षेत्र में तैनात उड़नदस्ता तथा स्थायी निगरानी टीम की उपस्थिति की जांच की। उन्होंने ड्यूटी में लगे मजिस्ट्रेटों को व्यय प्रेक्षक के निर्देशों की जानकारी दी। कहा कि व्यय प्रेक्षक सुब्रत धर ने निर्देश दिया है कि सभी मजिस्ट्रेट अपने विधानसभा क्षेत्र में वाहनों की सघन जांच करेंगे। वाहनों की जांच से सम्बन्धित जानकारी एक रजिस्टर पर अंकित किया जाये। रजिस्टर का समय समय पर वरिष्ठ कोषाधिकारी तथा व्यय प्रेक्षक द्वारा भ्रमण के दौरान जांच किया जायेगा। जांच के दौरान दोनों विधानसभा के सहायक व्यय प्रेक्षक भी उपस्थित रहे।

विवाहिता की मौत के मामले में छह घंटे शव रखकर सीएचसी में किया हंगामा, सास गिरफ्तार

प्रतापगढ़, कुंडा। महेशगंज के बला का पुरवा गांव की एक विवाहिता की शनिवार सुबह मौत हो गई। विवाहिता को सीएचसी कुण्डा लाया गया। मौत की जानकारी पर सीएचसी में शव छोड़कर पति भाग निकला। सूचना पर पहुंचे मायके वाले गले पर निशान देख दहेज के लिए हत्या का आरोप लगाने लगे। विवाहिता के मायके वालों ने एफआईआर दर्ज करने की मांग को लेकर छह घंटे सीएचसी से शव नहीं उठने दिया। महेशगंज के खैलर का पुरवा फतूहाबाद निवासी कन्हैयालाल ने अपनी 24 वर्षीय बेटी प्रिया की शादी इलाके के बला का पुरवा रायगढ़ के रमाशंकर के बेटे नीरज दुबे के साथ की थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही दहेज में दो लाख रुपये की मांग को लेकर ससुराल के लोग प्रिया को प्रताड़ित करने लगे। इसे देखते हुए प्रिया के पिता ने दामाद के लिए कार फाइनेंस कराई थी। शुक्रवार शाम प्रिया ने अपनी मां से फोन पर बात करते हुए प्रताड़ित करने की बात कही और खतरा बताया। शनिवार सुबह छह बजे सास ने प्रिया की मां को फोन कर बताया कि उसकी तबीयत खराब है। वह उसे सीएचसी कुंडा ले जा रही हैं। प्रिया के मायके से कई महिलाओं के साथ लोग पहुंचे तो उसकी मौत हो चुकी थी। पति नीरज फरार था। प्रिया के गले पर निशान देख मायके वाले कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा करने लगे। वे पुलिस को शव भी नहीं उठाने दे रहे थे। मृतका के पिता की तहरीर पर पुलिस ने पति नीरज दुबे, ससुर रमाशंकर और सास सुधा के खिलाफ एफआईआर दर्ज की। मौके पर मौजूद उसकी सास को हिरासत में ले लिया। इसके बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा सका।

दो पक्षों के खूनी संहर्ष में एक की मौत, कई घायल

गांव में पसरा सन्नाटा, पुलिस बल तैना

प्रतापगढ़, कुंडा। बाघराय थाना क्षेत्र के काशीपुर डुबकी मुडियापुर गांव में बीते छ माह के पहले से ही गांव के संजीत व जंगू के बीच रंजिश चली आ रही है। रंजिश इतनी बढ गई कि गांव में दो पार्टियां बन गई। जिसमें एक पक्ष का नेतृत्व जंगू व दूसरे का  संजीत सरोज कर रहे हैं। दोनों पक्षों ने अपने-अपने पक्ष का कोडवर्क नाम भी रखा है। अपने लीडर के इशारे पर सैकड़ों युवा एकत्र हो जाते हैं। बीते शुक्रवार को एक पक्ष के राहुल सरोज अपने घर बढयीपुर बाघराय से तीन किलोमीटर दूर मुडियापुर आ गया। जहां तयशुदा रणनीति के तहत दोनों पक्षों में भीषण संग्राम हुआ। दोनों पक्षों के बीच कुल्हाड़ी व हाकियो से जमकर मारपीट हुई। जिसमें कई लोग बुरी तरह घायल हैं। घटना में राहुल सरोज की मौके पर ही कुल्हाड़ी के हमले में मौत हो गई। सूचना पर अपर पुलिस अधीक्षक संजय राय सीओ सदर अमरनाथ गुप्ता थानाध्यक्ष बाघराय निकेत भारद्वाज व थानाध्यक्ष जेठवारा भी घटना स्थल पहुंचे। पुलिस अफसरों ने झाड़ियों में बहाए गए तमंचे, हाकी व मृतक राहुल सरोज की बाइक बरामद की। घायल चंदन यादव का इलाज यस आर यन प्रयागराज में चल रहा है। चंदन यादव जंगी उर्फ़ जंग बहादुर के पक्ष का प्रबल समर्थक बताया जा रहा है।  मृतख राहुल सरोज के पिता सुखलाल पुत्र रामकिशोर निवासी बढयीपुर बाघराय की तहरीर पर पुलिस ने काशीपुर डुबकी मुडियापुर गांव निवासी चंदन पुत्र बैजनाथ, अर्जुन पुत्र रामसजीवन, जंगू पुत्र हंसराज, तीरथ यादव पुत्र कालीदीन, निशान तिवारी पुत्र फत्ते, वकील उर्फ अनिल तिवारी पुत्र समयनाथ, पवन पुत्र राजनाथ, केदार गुप्ता व संजीतकुमार सहित नौ नामजद व कुछ अज्ञात लोगों के विरुद्ध गंभीर धाराओं में मुकदमा ड्सर्ज हुआ है। दोनों पक्ष अलग-अलग पार्टियों के समर्थक बताए गए।

जेईई मेंस में संस्कार ग्लोबल स्कूल के पांच छात्रों ने किया उत्कृष्ट प्रदर्शन, हुए सम्मानित 

प्रतापगढ़। जेईई मेंस के घोषित परिणाम में संस्कार ग्लोबल स्कूल टेउंगा के पांच छात्रों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए बाजी मारी है। शनिवार को समारोह आयोजित कर सभी को सम्मानित किया। शुभी, सारा मतीन, मोहन सिंह, मो0 अनस, अक्षत शुक्ला ने अच्छे अंक अर्जित किये। चेयरपर्सन डॉ0 अंजना सिंह सेंगर ने बच्चों को बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। निदेशक संजय सिंह, प्रिंसिपल समीना अख्तर ने चयनित छात्र-छात्राओं को बधाई देते हुए मुंह मीठा कराया। निदेशक ने कहा कि देश की प्रतिष्ठित परीक्षाओं में से एक इस परीक्षा में बच्चों ने बिना कोचिंग के यह परीक्षा न सिर्फ पास की है, बल्कि अच्छा स्कोर किया है। संचालन अविनाश सिंह ने किया। इस मौके पर प्रकाश त्रिपाठी, अखिलेश मिश्र, सुधा सिंह, मो0 रईस, आरएम शर्मा, तरुण शुक्ल, आनन्द सिंह, महेन्द्र वर्मा, संजीव शुक्ल, नौशाद खान, जेपी त्रिपाठी, कृष्णा सिंह, प्रमोद गुप्ता आदि मौजूद रहे।

वी0 एस0 मेमोरियल पब्लिक स्कूल के बच्चों ने फ्रूट्स डे मनाकर बताया फलों का महत्व

प्रतापगढ़। शहर के मीरा भवन स्थित वी0 एस0 मेमोरियल पब्लिक स्कूल में शनिवार को प्ले ग्रुप और नर्सरी कक्षा के बच्चों के लिए फ्रूट्स डे का आयोजन किया गया। आयोजन में नौनिहालों ने विभिन्न फलों की वेशभूषा में प्रतिभाग किया। आम फलों का राजा है आदि गीतों की प्रस्तुति दी। जिसमें शिव्या, दिशा, धैर्य, दिव्यांशी, राघव ने बीमारियों से लड़ने की क्षमता देने वाले सेब का रूप धारण किया। फलों के राजा आम का रूप उत्कर्ष, तनिष्का, प्रियांशी, स्वास्तिक, अनवी, अदिति, आर्या, शिवेश, शौर्य, अविरल, कर्तव्य, अश्रुत, वैष्णवी, अनाया, आभा, दिविशा आदि ने धारण किया। तरबूज, ग्रेप्स, पाइनएप्पल, स्ट्रावेरी, पपीता, बनाना, ऑरेंज के फलों के रूप में त्रियाँश, नव्या, राम, अविका, एंजेल, अनवी, विशाखा, अनाया, अवनी, प्रखर, आस्था, शांभवी, श्रीयांश आदि ने अलग अलग फलों की वेशभूषा से मौसमी फलों की महत्वा को दर्शाया। फलों के आकर्षक रूप में सुसज्जित नौनिहालों को देखकर स्कूल पहुंचे अभिभावक मंत्रमुग्ध हो गए। शिक्षिका रोशनी सिंह, नीलम तिवारी, स्वाती शुक्ला ने बच्चों को फलों से होने वाले लाभ बतलाते हुए फलों का सेवन करने की सलाह दी। व्यवस्थापक धीरेंद्र सिंह ने भी बच्चों को मौसमी फलों आम, अंगूर, लीची, तरबूज, पपीता आदि की विशेषताएं बताते हुए फ्रूट्स का महत्व बताया। विद्यालय की डायरेक्टर अलका सिंह ने इस अवसर पर अभिभावकों से आग्रह किया कि वे अभी से मौसमी फलों को नौनिहालों के आहार का हिस्सा बनाएं। उन्होंने कहा कि फल खाने से मस्तिष्क का काफी तेज गति से विकास होता है। इसके अलावां शरीर के लिए भरपूर पौष्टिक आहार भी प्राप्त होता है। इस मौके पर राकेश सिंह समेत स्कूल स्टाफ व अभिभावक मौजूद रहे।

कांग्रेस व सपा के समन्वय बैठक में गठबंधन के प्रत्याशी को जिताने का लिया संकल्प

प्रतापगढ़। कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अविनाश पाण्डे व राष्ट्रीय सचिव राजेश तिवारी ने शनिवार को इण्डिया गठबन्धन के संयुक्त प्रत्याशी डॉ0 एस0 पी0 सिंह पटेल के समर्थन में नगर के एक मरीज हाल में पार्टी के लोगों को संबोधित किया। इसके अलावां महासचिव ने कांग्रेस पार्टी एवम सामाजवादी पार्टी के बीच समन्यवय बैठक को भी संबोधित किया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी, अखिलेश यादव, अरविंद केजरीवाल, तेजश्वी यादव आदि ने राष्ट्रीय स्तर पर जो समन्वय बनाया है, वही समन्वय हमें जनपद से लेकर बूथ स्तर तक पहुंचाने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि इस चुनाव में परिवर्तन की बयार बह रही है। पार्टी के लोकसभा कोऑर्डिनेटर संजय तिवारी, मकसूद खान, मुकुंद तिवारी, विवेकानंद पाठक, प्रदेश सचिव राकेश मौर्या, पूर्व विधायक नागेन्द्र सिंह यादव ने भी जीत के मंत्र बताए। बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिला अध्यक्ष डॉ0 नीरज तिवारी ने सभी अतिथियों का स्वागत व अभिनंदन किया। नेतृत्व के निर्देशों का पालन करते हुए गठबंधन व समाजवादी पार्टी प्रत्याशी डॉ0 एस0 पी0 सिंह पटेल को भारी मतों से विजयी बनाने का संकल्प दोहराया।   संचालन जिला सचिव सुरेश मिश्रा ने किया। गठबंधन के सपा प्रत्याशी डॉ0 एस0 पी0 सिंह पटेल ने कहा कि मोदी सरकार में सभी वर्ग परेशान है। लोकतंत्र व देश बचाने के साथ ही संविधान बचाने का समय आ गया है। सभी इंडिया गठबंधन के साथी गांव- गांव, घर- घर जाकर लोगों से वोट करने की अपील करें। इस अवसर पर विधानसभा प्रभारी, ब्लॉक प्रभारी, पूर्व विधानसभा प्रत्याशी, नगर पालिका एवम नगर पंचायत के पूर्व प्रत्याशी, पी.सी.सी सदस्य, निवर्तमान ब्लॉक अध्यक्ष, जिला कांग्रेस कमेटी के निवर्तमान पदाधिकारी, नगर कांग्रेस कमेटी के वार्ड अध्यक्ष समेत भगवती प्रसाद तिवारी, डॉ0 लालजी त्रिपाठी, ज्ञान प्रकाश शुक्ल, डॉ0 प्रशांत देव शुक्ल, बृजेन्द्र मिश्र आदि मौजूद रहे। बैठक के दैरान पूर्व जिलाध्यक्ष नरसिंह प्रकाश मिश्र के निधन की सूचना पर सभी ने दो मिनट मौन खड़े होकर दिवंगत आत्मा को शृद्धाञ्जलि अर्पित की।

शौच गयी महिला की करंट की चपेट में आने से मौत

प्रतापगढ़, लालगंज। घर से बाहर शौच को गयी महिला करंट की चपेट में आने से मौत हो गयी। घटना से परिजनों से कोहराम मचा है। लालगंज कोतवाली के रानीगंज कैथौला पुलिस चौकी क्षेत्र के देल्हूपुर गांव निवासी प्रमोद वर्मा की पत्नी ललिता देवी 38 शनिवार की सुबह करीब पांच बजे घर से शौच के लिए अपने खेत में गयी थी। उसके खेत से सटे पडोसी के खेत में मवेशियो से फसल के बचाव के लिए झटका करंट का तार खींचा गया था। शौच के दौरान महिला के झटका करंट तार की चपेट में आ गयी। जानकारी होते ही परिजन उसे इलाज के लिए ट्रामा सेण्टर लालगंज ले आये। यहां चिकित्सकों ने महिला ललिता देवी को मृत घोषित कर दिया। मृतका की दो पुत्रियां सरिता व अंजली तथा एक पुत्र राहुल है। घटना से परिजनों में कोहराम मचा है। रानीगंज कैथौला चौकी इंचार्ज सुरेन्द्र सिंह का कहना है कि शव को पीएम के लिए भेजा गया है। तहरीर मिलने पर उचित कार्रवाई की जाएगी।

अधिवक्ताओं के शस्त्र लाइसेन्स जमा कराए जाने को लेकर जतायी नाराजगी

प्रतापगढ़। लोकसभा चुनाव में अधिवक्ताओं को मतदाता जागरूकता अभियान के तहत ब्राण्ड एम्बेस्डर बनाये जाने को लेकर आल इण्डिया रूरल बार एसोशिएसन ने शनिवार को डीएम को पत्रक सौंपा है। एसोशिएसन ने चुनाव की आड़ में अधिवक्ताओं के लाइसेंसी शस्त्र जमा कराए जाने को लेकर नाराजगी भी जतायी है। एसोशिएसन के राष्ट्रीय अध्यक्ष ज्ञानप्रकाश शुक्ल ने डीएम संजीव रंजन को पत्र लिखा है। जिसमें मांग किया कि मतदाता जागरूकता अभियान को प्रभावी बनाये जाने के लिए जिले भर के अधिवक्ता संगठनों के पदाधिकारियों व अधिवक्ताओं को मतदान केन्द्रों के लिए ब्राण्ड एम्बेस्डर बनाया जाय। उन्होने डीएम के साथ एसपी सतपाल अंतिल से भी मुलाकात कर उन्हें  भी पत्र सौंपा। अधिवक्ताओं की सुरक्षा को देखते हुए थाना स्तर पर उनके लाइसेंसी शस्त्र जमा कराये जाने की कार्रवाई को अविलम्ब रोका जाना चाहिए। राष्ट्रीय अध्यक्ष ज्ञानप्रकाश शुक्ल ने कहा है कि अधिवक्ताओं के शस्त्र लाइसेंस जमा कराए जाने के दबाव के बीच यदि चुनाव के दौरान अधिवक्ताओं की सुरक्षा प्रभावित हुई तो इसके लिए जिला प्रशासन जिम्मेदार होगा। उन्होने कहा है कि एक तरफ अधिवक्ता सुरक्षा अधिनियम को लेकर अधिवक्ता लोकतांत्रिक आवाज उठा रहे हैं। दूसरी तरफ निर्वाचन की आड़ में अधिवक्ताओं के शस्त्र लाइसेंस जमा कराये जाने के पुलिसिया अभियान से जिले भर में अधिवक्ताओं में क्षोभ व आक्रोश का माहौल बना हुआ है।