बेल्हा की सियासत में राज घरानों का बड़ा रसूख
संगमलाल की जनसभा में नहीं पहुंचे जिले के कई बड़े नेता
प्रतापगढ़। बेल्हा की सियासत में रियासत के रसूख का तड़का नहीं तो राजनीति की दिशा क्या होगी कुछ कहा नहीं जा सकता है। भाजपा प्रत्याशी संगम लाल गुप्ता की जनसभा जिसमें खुद सूबे के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य चलकर आए थे। उसमें यहां के राजघराने और उसके सदस्यों के मौजूद न रहने के कई मायने निकाले जा रहे हैं। जबकि दोनो राज घराना इस समय पार्टी में शामिल है। यह उनके खैरमकदम में कमी कहा जाय यह फिर उपेक्षा..! इसको लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म है।
प्रतापगढ़ जिले में कालाकांकर और सिटी प्रतापगढ़ दोनो ही राज घराना राजनीति की क्षितिज के तारे हैं। या यूं कहा जाए कि इनके बिना बेल्हा की राजनीति का वजूद नहीं है। एक तरफ विदेश मंत्री स्वर्गीय राजा दिनेश और उनके बाद तीन बार की सांसद रहीं पुत्री राजकुमारी रत्ना सिंह और दूसरी तरफ पूर्व मंत्री स्वर्गीय राजा प्रताप बहादुर सिंह और उनके बाद पूर्व सांसद अभय प्रताप सिंह का सूबे से लेकर केंद्र तक दबदबा रहा है। इनके बाद राजा अनिल प्रताप सिंह उनके राजनीति की विरासत को संभाल रहे हैं। लेकिन पिछले कुछ वर्षों से ये दोनो ही घराने राजनीति के अखाड़े से लगभग बाहर दिखाई दे रहे हैं। दो दिन पहले प्रतापगढ़ लोकसभा सीट से प्रत्याशी संगम लाल गुप्ता के समर्थन में जनसभा करने आए पार्टी के बड़े नेता और सूबे के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि पार्टी में रहकर जो लोग भीतरघात कर रहे हैं उनसे हाई कमान चुनाव बाद निपटेगा। खास बात यह है कि जिस समय डिप्टी सीएम मंच से ललकार रहे थे। संगठन के कुछ नेता व राजघराने के सदस्य भी मौजूद नहीं थे। उनकी गैर मौजूदगी को लोग केशव प्रसाद के बयान से जोड़कर देख रहे हैं। फिलहाल इस बारे में दोनो नेताओं का कहना है कि सांसद संगम लाल का फोन आया था। लेकिन निजी व्यस्तता से वे सभा में नहीं जा पाए। पार्टी के लिए काम कर रहे हैं। आगे भी करते रहेंगे। हालांकि दोनों राज घराने अपने लोगों को भाजपा प्रत्याशी संगमलाल को जिताने के लिए मैदान में उतार दिया है।
सांसद रहते जिले के पार्टी नेताओं दे बनाई दूरी-
पार्टी से जुड़े होने के नाते पार्टी व संगठन के लोग संगमलाल को जिताने का प्रयास तो कर रहे हैं। पांच साल सांसद रहते संगमलाल ने जिले के नेताओं को नहीं पहचाना अब पार्टी नेतृत्व से रोना रो रहे हैं। उनकी कार्य प्रणाली से पिछले नगर पंचायत के चुनाव में पार्टी कार्यालय पर संगठन के लोगों ने विरोध में नारे लगाए थे। सांसद रहते संगमलाल अपने परिवार व कुछ लोगों के बीच घिरे रहे। क्षेत्र में भी लोगों से दूरी बनाए रखी। संगमलाल को टिकट मिलने से बीजेपी संगठन के लोग अंदर खाने खासे नाराज हैं। इस बात का अंदाजा अब उन्हें लग रहा है। जिसकी शिकायत वह पार्टी नेतृत्व से कर रहे हैं। टिकट बंटवारे के समय संगम की ठीक रिपोर्ट नही थी। और शीर्ष नेतृत्व के एक नेता से पकड़ के चलते इस बार भी वह टिकट आने में सफल रहे। यह बात पार्टी के लोगों को रास नहीं आ रही है।
एक बड़ी ताकत रखते हैं बैक वर्ड वोटर-
प्रतापगढ़ लोकसभा में अगर जातिगत वोटरों की बात की जाय तो उनकी संख्या अधिक है। जो जीत और हार के आंकड़े को बदलने की कूवत रखते हैं। उनके साथ सवर्ण मिल जाता है तो सोने पर सुहागा होता है। इस बार के चुनाव में जातिगत वोट बिखरा हुआ हैं। जिसमें कुछ नाराज तो कुछ उपेक्षित है। उम्मीदवार भी अलग अलग जाति और पार्टी से मैदान में हैं।
पुलिस की निगरानी में विवाहिता के शव का हुआ अंतिम संस्का
प्रतापगढ़, कुंडा। महेशगंज थाना क्षेत्र के हीरागंज फतुहाबाद गांव निवासी कन्हैयालाल मिश्र ने बेटी प्रिया उर्फ सलोनी 23 की शादी 2019 में महेशगंज थाना क्षेत्र के रायगढ़ के बला का पुरवा गांव निवासी नीरज द्विवेदी पुत्र मुकुंद द्विवेदी के साथ की थी। शादी के कुछ दिन बाद से ही ससुराल वालों ने प्रिया उर्फ सलोनी को दहेज के लिए प्रताड़ित करना शुरू कर दिया था। शुक्रवार की रात भी प्रिया को दहेज के लिए मारा पीटा गया था। जिससे उसके शरीर पर चोट के निशान थे। शनिवार सुबह ससुराल वालों ने कन्हैयालाल मिश्र को फोन कर बताया कि प्रिया की तबियत ज्यादा खराब है। उसे कुंडा सीएचसी लेकर जा रहे हैं। जब मायके पक्ष के लोग सीएचसी कुंडा पहुंचे तो प्रिया उर्फ सलोनी की मौत हो गई थी। कई घंटे हंगामे के बीच पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा था। पोस्टमार्टम होने के बाद शनिवार देर रात शव वापस आया। रविवार की सुबह गुस्साए परिजनों ने शव को हीरागंज चौराहे पर रखकर 15 मिनट तक चक्का जाम कर दिया। थाना अध्यक्ष श्रवण कुमार ने मौके पर पहुंचकर परिजनों को समझा बूझाकर मामला शांत करवाया। परिजन शव को लेकर ससुराल बला का पुरवा रायगढ़ लेकर गए। जहां कड़ी मसक्कत के बाद परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार घर के बगल खेत में कर दिया। पिता कन्हैया लाल की तहरीर पर पुलिस ने ससुर रमाशंकर, सास सुधा देवी, पति नीरज दुबे के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत किया। पुकिस ने सुधा देवी को गिरफ्तार कर लिया जबकि अन्य आरोपियों की पुलिस तलाश कर रही है।
एसडीएम की मौजूदगी में कब्र से निकाला गया नवजात का मृत शव, भेजा पोस्टमार्टम
प्रतापगढ़, कुंडा। असुरक्षित प्रसव के दौरान हुई नवजात शिशु की मौत के मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर अस्पताल को सीज कर दिया था। रविवार को एसडीएम कुंडा की मौजूदगी में पुलिस ने नवजात के शव को खुदवा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। संग्रामगढ़ क्षेत्र के दुबवा प्रीतम पुर निवासी राजेश यादव की पत्नी पिंकी को बीते 18 अप्रैल को प्रसव पीड़ा होने पर तिलोरी मोड कुंडा स्थित रीता क्लिनिक ले जाया गया। जहां मौजूद दो स्टाफ नर्स के द्वारा असुरक्षित प्रसव कराया गया। जिससे नवजात शिशु और प्रसूता का समुचित इलाज न होने की वजह से दोनों की हालत खराब हो गई। गंभीर हालत में शिशु को इलाज के लिए दूसरे अस्पताल ले जाया गया जहां उसकी मौत हो गई। प्रसूता को इलाज के लिए सीएचसी कुंडा में भर्ती कराया गया। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी अस्पताल संचालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। स्वास्थ्य विभाग के अफसर अस्पताल को सीज कर दिया। रविवार को एसडीएम कुंडा की मौजूदगी में कुंडा पुलिस के इंस्पेक्टर क्राइम संजय सिंह प्रीतमपुर गांव पहुंचे। नवजात शिशु के दफन शव को कब्र से खुदवा कर पंचायत नामा के बाद पोस्टमार्टम को भेज दिया।
छत के रास्ते घर में घुसे चोरों ने उड़ाया लाखों का माल
प्रतापगढ़, बाबागंज। शनिवार रात चोरों ने राय असकरन पुर के डॉक्टर मनोज सिंह (बुच्चा ) के मकान मे छत के रास्ते घुस कर नकदी सहित लाखों का सामान चोरी कर ले गए। चोरी की जानकारी सुबह होने पर पीड़ित ने स्थानीय थाने में तहरीर दी है।
महेशगंज थाना क्षेत्र के रायअसकरन पुर गांव निवासी मनोज सिंह के मकान में शनिवार रात चोर छत के रास्ते अंदर घुस गए। अंदर घुसे चोरों ने एक-एक कर दो कमरों में रखे आलमारी का ताला तोड़ दिया। चोरों ने आलमारी में रखी दो लाख कैश की नकदी चांदी, सोने के जेवर, जिसमे 7 अंगूठी सोने की, 5 चौन लगभग 5 तोले की, मंगलसूत्र और चांदी के पायल, चोरी कर ले गए। परिवार सहित छत पर सो रहे मनोज सिंह, संतोष सिंह, आशीष सिंह को इसकी भनक तक नही लग सकी। रविवार सुबह होने पर कमरों में बिखरे पड़े सामान व आलमारी का ताला टूटा देख वारदात की जानकारी हुई। पीड़ित ने थाने में चोरी की तहरीर दी है। महेशगंज इंस्पेक्टर श्रवण कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर मिली है मामलें की जांच की जा रही है।
संयुक्त अधिवक्ता संघ के चुनाव में प्रत्याशियों का होगा दक्षता भाषण
प्रतापगढ़, लालगंज। संयुक्त अधिवक्ता संघ के सात मई को होने वाले चुनाव को लेकर छः मई सोमवार को प्रत्याशियों का दक्षता भाषण सुबह ग्यारह बजे से होगा। तहसील पार्क में होने वाले दक्षता भाषण में अध्यक्ष पद समेत विभिन्न पदों के उम्मीदवार साथियों के बीच अपना एजेण्डा सामने ले आयेगे। इधर चुनाव समिति कार्यालय पर समिति के पदाधिकारियों की रविवार को हुई बैठक में दक्षता भाषण एवं मतदान के प्रबन्धों की समीक्षा की गयी। मतदान के लिए मत पत्रों को सील करने तथा मतदान से पूर्व प्रत्याशियों के समक्ष खोले जाने का निर्णय लिया गया। बैठक की अध्यक्षता समिति के अध्यक्ष ज्ञानप्रकाश शुक्ल व संचालन महामंत्री देवी प्रसाद मिश्र ने किया। बैठक में एल्डर कमेटी के अध्यक्ष राजेन्द्र प्रसाद मिश्र, बेनीलाल शुक्ल, टीपी यादव, विकास मिश्र, अजय शुक्ल गुडडू, रामलगन यादव, वीरेन्द्र सिंह आदि शामिल रहे।
संदिग्ध परिस्थितियों में विवाहिता की मौत, कोहराम
प्रतापगढ़, लालगंज। संदिग्ध परिस्थितियों मे विवाहिता की मौत हो गयी। लीलापुर थाने के तिना चितरी निवासी सदाशिव चौरसिया की पत्नी ज्योती चौरसिया 23 ने शनिवार की देर शाम कोई जहरीला पदार्थ निगल लिया। विवाहिता की तबीयत बिगडने लगी तो परिजन उसे आननफानन में लेकर इलाज के लिए लालगंज ट्रामा सेण्टर पहुंचे। यहां चिकित्सकों ने ज्योती को मृत घोषित कर दिया। जानकारी मिलने पर लीलापुर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पीएम के लिए भेजवाया। मृतका की मां सुनीता की ओर से पुलिस को पीएम कराने के लिए तहरीर सौपी गयी। मृतका के पति सदाशिव के मुताबिक उसकी पत्नी की मानसिक स्थिति इधर खराब थी। सदाशिव ने बताया कि दिल्ली में ज्योती का इलाज भी चल रहा था। प्रभारी निरीक्षक नरेन्द्र सिंह का कहना है कि मृतका का शव पीएम के लिए भेजा गया है। पीएम रिपोर्ट आने के बाद मौत का कारण स्पष्ट होगा। प्रभारी निरीक्षक ने यह भी कहा कि अभी परिजनों ने कोई तहरीर नही दिया है। तहरीर मिलने पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी ने जनसभा में मोदी सरकार की गिनाई खामियां
प्रतापगढ़, लालगंज। राज्यसभा में विपक्ष के उपनेता एवं कांग्रेस के स्टार प्रचारक प्रमोद तिवारी ने कहा है कि मोदी सरकार ने अपने पूरे कार्यकाल में किसानों, नौजवानों तथा मध्यम वर्ग की तकलीफों की रत्ती भर चिन्ता नही की। उन्होनें कहा कि भाजपा और उसके प्रधानमंत्री को सिर्फ पूंजीपतियों की कर्जमाफी और उन्हें मुनाफा पहुंचाने की ही फिक्र बनी रहीं। रविवार को रामपुर खास विधानसभा क्षेत्र में इण्डिया गठबंधन से सपा प्रत्याशी डॉ0 एसपी सिंह पटेल के समर्थन में चुनावी जनसभाओं में विपक्ष के उपनेता प्रमोद तिवारी ने मोदी सरकार की विफलताओं को जनता के बीच एक एक कर गिनाया। उन्होनें जिले में मौजूदा निवर्तमान भाजपा सांसद द्वारा अपने स्तर पर एक भी विकास परियोजना प्रतापगढ़ में न लाने पर निशाना साधा। भदारी कला, पूरे नोती, तथा समापुर में रविवार को कांग्रेस द्वारा आयोजित जनसभाओं में उमड़े जनसमूह के बीच प्रमोद तिवारी ने कहा कि मोदी सरकार किसानों का कर्जा नहीं माफ कर सकी। उन्होनें न्यूनतम समर्थन मूल्य, आवारा पशुओं, खाद के मूल्य में बढ़ोत्तरी, राष्ट्रीय सुरक्षा आदि पर भाजपा सरकार की कमियां गिनाई। कश्मीर में आतंकवाद की घटना का जिक्र किया। प्रमोद तिवारी ने कहा कि भाजपा को अब पूरी तरह यह अहसास हो चुका है कि सत्ता विरोधी रूझान के साथ जनता उसके कामकाज से कतई संतुष्ट नही है। मोदी सरकार जनता की समस्याओं का समाधान करने की बजाय सिर्फ विपक्ष की आवाज दबाने के लिए संवैधानिक संस्थाओं का दुरूपयोग ही किया। रायबरेली में राहुल गांधी की उम्मीदवारी को श्री तिवारी ने भाजपा की पूरे प्रदेश में बेचौनी बढ़ाने वाला बताया। इस मौके पर केडी मिश्र, अमित सिंह पंकज, संतोष द्विवेदी, भगवती प्रसाद तिवारी, ज्ञानप्रकाश शुक्ल, जीतलाल पटेल, श्याम लाल वर्मा, रामू मिश्र, पप्पू वर्मा, सुरेन्द्र मिश्र, कमलेश, राजकुमार, दिनेश सिंह, ददन सिंह, राजू पाण्डेय, पप्पू तिवारी, दयाराम वर्मा, सभासद सोनू शुक्ल, त्रिभु तिवारी, महमूद आलम, सुरजीत कोरी आदि मौजूद रहे।
सभाजीत बने विश्व हिन्दू महासंघ गोरक्षा प्रकोष्ठ के जिला संयोजक
प्रतापगढ़। विश्व हिन्दू महासंघ गोरक्षा प्रकोष्ठ के पदाधिकारियों की बैठक रविवार को रोडवेज बस स्टैंड परिसर में जिलाध्यक्ष चंद्रभान सिंह की अध्यक्षता में हुई। बैठक में जिला कार्यकारिणी का विस्तार किया गया। जिसमें सर्वसम्मति से सभाजीत सिंह को जिला संयोजक व पप्पू गौतम को जिला प्रभारी नियुक्त किया गया।
इसी तरह देवेन्द्र प्रताप सिंह को जिला महामंत्री, अजय पाण्डेय खरहर, राम नारायण पाण्डेय, ओमप्रकाश श्रीवास्तव, आलोक कुमार सिंह को जिला उपाध्यक्ष, राजमणि त्रिपाठी, अविनाश प्रताप सिंह, जितेन्द्र प्रताप सिंह, पवन सरोज, प्रवीण सिंह को जिला मंत्री, अशोक अग्रहरी, राजेश कुमार पाण्डेय, संदीप कुमार ओझा को जिला मीडिया प्रभारी व विनोद कुमार सिंह, जितेन्द्र सिंह, महेंद्र कुमार मिश्र, सीपी तिवारी को अधिवक्ता प्रकोष्ठ की जिम्मेदारी सौंपी गई। इसके पूर्व बैठक में बतौर मुख्य अतिथि महासंघ संभाग प्रभारी प्रयागराज आशुतोष त्रिपाठी, मुख्य वक्ता अनुज व जिला प्रभारी प्रयागराज अजय कुमार का जिलाध्यक्ष चंद्रभान सिंह ने फूल माला पहनाकर स्वागत किया। बैठक में मुख्य रूप से जिलाध्यक्ष गंगापार शनि, जिला मंत्री प्रयागराज सुनील कुमार, जिलाध्यक्ष कौशांबी अरविंद कुमार, गोरक्षक अरविंद पाण्डेय, राज कुमार विश्वकर्मा, राहुल सिंह, अमित कुमार, राजू शुक्ल आदि मौजूद रहे।
भंगवा पंचायत भवन से निकली रैली को प्रधान ने दिखाई झंडी
प्रतापगढ़। मतदान के दिन मतदाता घरों से निकल कर वोट करें। ऐसा करने के लिए बच्चा बैंक फ्रेंड्स ग्रुप, बीबीएफजी की अगुवाई में छात्रों ने जागरूकता रैली निकाली। पहले मतदान फिर जलपान, हमको यह समझाना है सबको वोट दिलाना है के स्लोगन के साथ नगर क्षेत्र के पंचायत भवन भंगवा से निकली रैली गांव गिराव और खेत खलिहान, गली कूचों से गुजरी। रैली को भंगवा के ग्राम प्रधान रोहित ने झंडी दिखाकर रवाना किया। वे खुद भी रैली के साथ घूमते रहे। ग्रुप के फ्री स्टडी सेंटर पर रैली का समापन हुआ। रैली को संबोधित करते हुए ट्रेन मैनेजर वीके तिवारी और मोहम्मद अनीश ने कहा कि 25 मई को लोकतंत्र का पर्व है। इस पर्व में सभी को शामिल होना है। सहयोगी राजकुमार मोदनवाल और प्रधान रोहित ने युवाओं से बढ़ चढ़कर बूथ पर जाकर वोट डालने की अपील की। संचालन प्रिंसिपल शनि सरोज ने किया। रैली में सतेन्द्र मोदनवाल, साहिल, लाजू, मुस्कान, प्रिया, पीयूश, कृष्णा, रिया, नैतिक, अजय, प्रदीप, मोहन, अंश पटेल, अंतिमा, नितेश समेत काफी संख्या में छात्र और ग्रामीण शामिल हुए। जलपान का इंतजाम प्रधान की तरफ से किया गया था।
बूथ अध्यक्ष हमारी पार्टी का रीढ़, बूथ जितना सशक्त होगा परिणाम उतना शानदार गोविन्द नारायण
प्रतापगढ़। विश्वनाथगंज विधानसभा के बूथ सम्मेलन में राविवार को मुख्य अतिथि भाजपा के प्रदेश महामंत्री व एमएलसी गोविंद नारायण शुक्ला ने संबोधित किया। उन्होंने कहा कि मोदी की गारंटी पर तीसरी बार केंद्र में भाजपा सरकार बनेगी। पार्टी की जीत में सभी बूथ अध्यक्ष व बूथ स्तर के कार्यकर्ता नींव के पत्थर हैं। श्री शुक्ल ने कहा कि एक वर्ग विशेष के वोट के लिए सपा और कांग्रेस के लोग राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा से दूरी बनाए रहे। ऐसे राम विरोधियों का अस्तित्व आज देश की जनता ने नकार दिया है। दस साल का शासन तो केवल ट्रेलर मात्र है। पिक्चर अभी बाकी है। जब 4 जून को भाजपा 400 पार कर लेगी तब पूरी पिक्चर रिलीज होगी। 2014 के लोकसभा में ईवीएम का बटन दबा तो कमल खिला और 2017 में जब ईवीएम का बटन दबा तो उत्तर प्रदेश की बदहाली खुशहाली में बदल गई। 2019 में डबल इंजन की सरकार ने प्रदेश का परिदृश्य बदल दिया। गोविंद नारायण शुक्ला ने प्रत्येक बूथ पर कम से कम 65 प्रतिशत मतदान कराने का आह्वान किया। जिला अध्यक्ष आशीष कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि हमारे सभी बूथ अध्यक्ष अपनी पूरी समितियों के साथ चुनाव के लिए कमर कस कर पूरी तरह से तैयार हैं। अपने कार्य में लगे हुए हैं। मैं अपने सभी बूथ समिति के कार्यकर्ताओं से अनुरोध करता हूं कि आप सभी अपने बूथों पर जनसंपर्क में तेजी लाएं। केंद्र व प्रदेश सरकार के साथ साथ सांसद संगम लाल गुप्ता के द्वारा किए गए जनपद के विकास कार्यों को भी बताएं। कार्यक्रम का संचालन पूर्व जिला महामंत्री अशोक मिश्र ने किया। इस अवसर पर संगम लाल गुप्ता, डॉ0 सीता शरण त्रिपाठी, राय साहब सिंह, राजेश सिंह, रामजी मिश्र, जिला प्रवक्ता राघवेंद्र शुक्ल, ब्लाक प्रमुख राकेश सिंह, चन्द्र दत्त शुक्ला, सूर्य प्रकाश पटेल, देवेश त्रिपाठी, कुंदन सिंह, प्ज्ञानेंद्र सिंह, अंशुमान सिंह,मनीष शुक्ल, विनोद शुक्ला,विनोद शर्मा, संजय सिंह, संजय मिश्र, नवीन सिंह, आलोक सिंह, जय भगवान पांडेय, शैलेंद्र चौहान, राम लखन प्रजापति, पंकज मिश्र, चन्द्र प्रकाश पाल, सुजीत पांडेय आदि पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।
प्रेक्षक पवन कुमार मालापति का जिले में आगमन, संभाली कमान
प्रतापगढ़। जिले में लोकसभा चुनाव को निष्पक्ष, पारदर्शी व शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए भारत निर्वाचन आयोग द्वारा पवन कुमार मालापति (आई0ए0एस0) को प्रेक्षक बनाया है। चुनाव पर नजर रखने के लिए नामित प्रेक्षक रविवार को प्रतापगढ़ पहुंचे। प्रशासन ने प्रेक्षक के लिए पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाऊस में कमरा नंबर एक को आरक्षित किया है। समस्या और सुझाव के लिए प्रेक्षक का मोबाइल नंबर 9076726464 जारी किया गया है। लोकसभा चुनाव से संबंधित किसी भी प्रकार की समस्या अथवा सुझाव के लिए प्रेक्षक से उक्त मोबाइल नंबर पर सम्पर्क किया जा सकता है।
दिव्यांगों के लिए प्रोत्साहन पुरस्कार योजना में विवाह पंजीयन की बाध्यता नहीं
प्रतापगढ़। जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी राजीव कुमार ने जानकारी दी है कि उन्हें विवाह पुरस्कार के लिए पंजीकरण की जरूरत नहीं है। दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग द्वारा संचालित योजना शादी विवाह प्रोत्साहन पुरस्कार के लिए आनलाइन आवेदन वेबसाइट पर स्वीकार किये जा रहे है। आवेदन पत्र साइबर कैफे, निजी इण्टरनेट केन्द्र लोकवाणी के माध्यम से स्थापित जनसुविधा केन्द्रों के माध्यम से किया जा सकेगा। उन्होंने बताया कि इस योजना के तहत दिव्यांग दम्पत्ति को विवाह करने पर पुरूष के दिव्यांग होने पर 15 हजार, महिला के दिव्यांग होने पर 20 हजार तथा दोनों के दिव्यांग होने पर35 हजार रु0 पुरस्कार स्वरूप प्रदान किया जाता है। उन्होने बताया कि दिव्यांगजन की शादी-विवाह प्रोत्साहन पुरस्कार योजना में विवाह पंजीयन की बाध्यता नही है। आनलाइन आवेदन भरते समय आवेदक दम्पत्ति को दिव्यांगता का संयुक्त नवीनतम फोटोग्राफ, आयु प्रमाण पत्र दर्शना होगा। इसके अलावां अधिवास प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, आय प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र, राष्ट्रीयकृत बैंक में संचालित संयुक्त खाता आदि अभिलेख पूर्ण कर आनलाइन आवेदन करना है। हार्डकापी मय संलग्नों सहित कार्यालय जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी प्रतापगढ़ कक्ष संख्या-25 में जमा कर दें। ताकि नियमानुसार अग्रेतर कार्यवाही की जा सके। विस्तृत जानकारी के लिए कार्यालय से सम्पर्क कर सकते है।























