प्रतापगढ़ बुल्लेटिन – 14 मई 2024

0
148

पंखे खराब, भीषण गर्मी में कर्मियों ने लिया चुनाव प्रशिक्षण

जीआईसी में काफी नहीं थे ट्रेनिंग के इंतजाम

प्रतापगढ़। लोकसभा चुनाव में लगे कर्मियों के दूसरे प्रशिक्षण में सुविधा पहले की अपेक्षा कमतर दिखी। पंखे खराब थे, जनरेटर का कनेक्शन सभी कक्षों में नहीं था। एक साथ चलने से जनरेटर लोड नहीं ले रहा था। भीषण गर्मी में कर्मी पसीने से तर बतर थे। ट्रेनरों में व्यावहारिक ज्ञान का अभाव दिखा। राजकीय इंटर कालेज में सोमवार को पहली पाली में हुई ट्रेनिंग का सूरते हाल फिलहाल ऐसा ही रहा।

हालांकि प्रशासन की ओर से सारा इंतजाम किया गया था। लेकिन ट्रेनिंग स्थल पर जिनको इन सभी की जिम्मेदारी दी गई थी, उनकी तरफ से कमी नजर आई। जो भी अधिकारी लगाए गए थे वो प्रांगण में लगे पांडाल के कूलर और पंखे के सामने से हटना ही नहीं चाह रहे थे। अन्दर ट्रेनिंग हाल में बैठे कर्मी पंखा न चलने से बेहाल थे। हालांकि बिजली चली जाने पर जनरेटर चलाया जाता लेकिन उसका कनेक्शन सभी कमरों में नहीं दिया गया था। 

गर्मी से महिला की तबियत बिगड़ी रूकी रही ट्रेनिंग-

भीषण गर्मी और पंखा न चलने से कमरा नंबर दो में ट्रेनिंग के दौरान एक महिला की तबियत खराब हो गई। उसकी आंखें बंद हो गई। खुल ही नहीं रही थी। हालांकि लोग उसे बाहर ले जाना चाहते थे लेकिन वह सभी को झिटक देती थी। इस कारण से ट्रेनिंग काफी देर तक रोकी गई।

कर्मियों से विवाद ट्रेनिंग रूकी-

 ट्रेनिंग दे रहे ट्रेनर ने मॉक पोल में दस, बीस जितने वोट डलवाने हो डलवा दीजिए। उनकी इस बात पर हाल में बैठे कर्मियों ने आपत्ति जताई। बोले पहली ट्रेनिंग में 57 वोट बताया गया था। सीडीओ ने भी बताया था। इस बात पर ट्रेनर और कर्मियों का विवाद शुरू हो गया। ट्रेनिंग कुछ देर के लिए रूकी रही।

चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी नदारद रहे-

ड्यूटी में लगाए गए चतुर्थ श्रेणी के अधिकांस कर्मी मौके से गायब रहे। उद्घोषक उन्हें बार बार बुला रहे थे। लेकिन उनका पता नहीं था।

रट्टू  ट्रेनर मिले-

अधिकांश कक्षों में ट्रेनरों में व्यावहारिक ज्ञान की कमी देखी गई। उन्होंने चीजें रट ली थी। प्रोजेक्टर पर जो चीजें पर्दे पर भेजता वो उसका लाइन से पढ़कर सुना देते। समझाने का प्रयास नहीं करते। कोई कर्मी पूछता तो अटक जाते।

अंतिम कर्मी तक नहीं पहुंचा जलपान-

जिन लोगों की हाल में बिस्कुट और खस्ता पहुंचाने की जिम्मेदारी दी गई थी। वो अंतिम पंक्ति में बैठे कर्मियों तक पहुंच नहीं पाते। ये चीजें पहले ही खतम हो जाती। दुबारा लेकर कोई नहीं आता।

राजा प्रताप अस्पताल के पर्चा काउंटर का सर्वर रहता है डाउन

लाइन में जूझते हैं मरीज और तीमारदार, हो रहा विवाद

प्रतापगढ़। डाक्टर सोने लाल पटेल स्वशासी मेडिकल कालेज से संबद्ध राजा प्रताप बहादुर पुरुष अस्पताल के पर्चा काउंटर का सर्वर आए दिन डाउन रहता है। जिससे पर्चे की लाइन में लगे मरीज और तीमारदार को काफी दिक्कतें आती है। उन्हें काफी देर तक लाइन में लगना पड़ रहा है। जब उनका नंबर आता है। डाक्टर ओपीडी छोड़ चुके होते हैं। इससे वे बिना दिखाए ही घर चले जाते हैं। बता दें कि यह समस्या काफी समय से चली आ रही है लेकिन इस पर कोई ध्यान नहीं दे रहा है। बताया जाता है कि सुबह में एक घंटे सही चलेगा। जैसे ही मरीजों की भीड़ बढ़ती है। कंप्यूटर भी अपना रंग दिखाना शुरू कर देता है। पर्चा प्रिंट होकर निकलने में काफी वक्त लग जाता हैं। सर्वर डाउन होने से पर्चा काउंटर पर बैठे कर्मियों को लोग कोसना शुरु कर देते हैं। लाइन में खड़ा मरीज झल्ला कर विवाद करने लगता है। इसको लेकर आए दिन हंगामा होता रहता है। सूचना मिलने पर सुरक्षा गार्ड आते हैं। शांत कराकर चले जाते हैं। उसके बाद फिर से विवाद होने लगता है। इस बारे में सीएमएस सौभाग्य प्रकाश का कहना है कि गर्मी के कारण सर्वर में थोड़ी बहुत दिक्कत है। ठीक हो जायेगी।

सड़क चौड़ीकरण से जलनिगम की पाइप टूटने से हाईवे लबालब, जिम्मेदार बने अनजान

प्रतापगढ़। लखनऊ-प्रयागराज मार्ग पर बसे मानिकपुर नगर पंचायत में चल रहे हाईवे सड़क के चौड़ीकरण में 20 दिन से पेयजल आपूर्ति के लिए बिछाई गई जलनिगम की पाइप फटी हुई है। आपूर्ति का पानी हाइवे की सड़क पर बह रहा है। जिससे राहगीरों, व्यापारियों को आने जाने में परेशानियों के साथ दुघर्टना की आशंका बनी रहती है। कई बाइक व साइकिल सवार पानी में गिरकर चोटिल हो चुके हैं। लखनऊ-प्रयागराज हाईवे के चौड़ीकरण को लेकर पूरे नगर में खुदाई का काम चल रहा है। कार्यदाई संस्था ने जगह जगह नाले खोदने के दौरान लापरवाही से जलनिगम की पाइपे तोड़ दी जिससे पानी सड़क पर बह रहा है। एक दो दिन तो नगर पंचायत ने पानी की टूटी पाइपो को बनवाया लेकिन अब उन्होंने भी किनारा कर लिया है। जिससे करीब 20 दिन से लगातार सड़क हाईवे पर पानी बह रहा है। मामले को लेकर व्यापार मंडल संरक्षक अब्दुल हाशिम, सौरभ शुक्ला, राजू जायसवाल, आकाश कसेरा, शीबू आदि ने चेयरमैन प्रतिनिधि से जलनिगम की टूटी पाइपों को बनवाने की मांग किया है।

शहर से एटीएल मैदान तक कार्मिकों की सुविधा के लिए प्रशासन चलवाएगा 230 ई-रिक्शा व ऑटो

प्रतापगढ़। शहर से पांच किमी दूर स्थित एटीएल मैदान (पोलिंग पार्टी रवानगी स्थल) तक मतदान कार्मिक आसानी से पहुंच सकें, इसके लिए इस रूट पर 230 ई-रिक्शा और ऑटो प्रशासन संचालित कराएगा। कार्मिकों से अधिक किराया न वसूल किया जाए, इसके लिए जिला निर्वाचन अधिकारी ने किराया निर्धारण करने का निर्देश दिया है।

बेल्हा में लोकसभा चुनाव दो चरण में 20 और 25 मई को कराया जाएगा। मतदान कराने के लिए चिन्हित कार्मिकों को 19 और 24 मई को देहात क्षेत्र के कटरा मेदनीगंज स्थित एटीएल मैदान से रवाना किया जाएगा। इसके लिए जिले के कोने कोने से कार्मिक शहर पहुंचेंगे। इसके बाद एटीएल मैदान तक पहुंचने के लिए कोई फिक्स सुविधा नहीं है। ऐसे में कार्मिकों की सहूलियत के लिए प्रशासन की ओर से शहर के अलग-अलग बस अड्डों से 230 ई-रिक्शा और ऑटो एटीएम मैदान वाले रूट पर चलाने की तैयारी की गई है। इनका संचालन 19 और 24 मई को किया जाएगा। कार्मिकों की सहूलियत के लिए प्रशासन की ओर से एटीएल मैदान जाने वाले ई-रिक्शा और ऑटो का किराया भी निर्धारित किया जाएगा। इस बाबत एआरटीओ प्रवर्तन दिलीप कुमार गुप्ता ने बताया कि कार्मिकों की सहूलियत के लिए ई-रिक्शा और ऑटो संचालकों को दो दिन एटीएल मैदान वाले रूट पर संचालित करने के निर्देश दिए गए हैं।

स्कूली बच्चों ने निकाली मतदाता जागरूकता रैली 

प्रतापगढ़। नगर पंचायत हीरागंज के चकरा लक्ष्मीगंज स्थित एमआरएस पब्लिक स्कूल के छात्र, छात्राओं ने सोमवार को मतदाता जागरूकता रैली निकाली। रैली में चुनाव नही मतदान करे, नव भारत का निर्माण करें के नारे लगाते हुए बच्चों ने हीरागंज बाजार, लक्ष्मीगंज, चकरा, बहोरिकपुर मोड़ क्षेत्रों में मतदाताओं को जागरूक किया। विद्यालय के प्रबंधक शरद सिंह की अगुवाई में छात्र छात्राओं ने मतदाताओं को जागरूक करते हुए कहा कि आने वाले लोकतंत्र के महापर्व को मनाते हुए सर्वप्रथम मतदान करे। फिर अपना काम करें। बच्चों ने नगर के लोगों को अधिक मतदान के प्रति जागरूक किया। इस दौरान  सतीश कुमार, मुकेश कुमार, अमरजीत, अंबुज, शालू, वंदना, दीपिका, ज्योति, काशिनी समेत अन्य लोग मौजूद रहे।

प्रेक्षक एवं सीडीओ ने प्रशिक्षण स्थल का किया निरीक्षण, पूंछे टिपिकल सवाल

प्रतापगढ़। लोकसभा चुनाव के लिए बनाये गए प्रशिक्षण स्थल जीआईसी व संत एंथोनी इंटर कालेज का प्रेक्षक पवन कुमार मालापति व सीडीओ नवनीत सेहारा ने सोमवार को निरीक्षण किया। ट्रेनिंग लिए कार्मिकों की हकीकत जाननी चाही। इसके लिए विभिन्न कक्षों में जाकर पीठासीन अधिकारियों और मतदान अधिकारियों से कई टिपिकल सवाल पूंछे। अधिकारियों ने पूंछा सीआरसी व 17ए क्या है। 17सी कितने कापी में भरा जाता है। एएसडी सूची के मतदाता का वोट कैसे कराया जायेगा। दो बैलेट यूनिट कैसे जोड़ी जायेगी आदि प्रश्न कर कार्मिकों को असमंजस में दाल दिया। कहा कि वास्तविक मतदान प्रारम्भ करने से पहले टोटल बटन दबाकर देखा जायेगा की पोल शून्य है कि नही। प्रथम मतदान के पहले 17ए रजिस्टर में सबसे पहले अंकित करके तब मतदान प्रक्रिया प्रारम्भ की जायेगी। प्रशिक्षण केन्द्रों पर विधानसभावार बनाये गये फैसिलिटेशन सेन्टर का सामान्य प्रेक्षक व सीडीओ ने निरीक्षण भी किया। मुख्य विकास अधिकारी ने जोर देते हुए कहा कि सभी पीठासीन अधिकारी एमपीएस ऐप डाउनलोड करके ही जायेगें। पावर प्वाइन्ट प्रजेन्टेशन के जरिये  डा0 मो0 अनीस, डा0 विन्ध्याचल सिंह, एआरपी धर्मेन्द्र ओझा ने ईवीएम, एएसडी सूची, टेण्डर वोट, चौलेन्ज वोट, टेस्ट वोट, दो वैलेट यूनिट कैसे लगेगी आदि के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी राकेश प्रसाद, जिला विद्यालय निरीक्षक सरदार सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी भूपेन्द्र सिंह, कुलश्रेष्ठ तिवारी, मंजू वर्मा, राम कुमार सिंह सहित प्रशिक्षु उपस्थित रहे।

गठबंधन के सपा प्रत्याशी ने किया जनसंपर्क, गिनाई सरकार की कमियां

प्रतापगढ़। इण्डिया गठबंधन के सपा प्रत्याशी डॉ0 एसपी सिंह पटेल ने सोमवार को व्यापक जनसंपर्क किया। उन्होंने जनता से कहा कि देश की जनता को मोदी सरकार के कार्यकाल में सिर्फ निराशा और नकारात्मकता मिली है। महंगाई, बेरोजगारी से हर वर्ग की पीडा अब किसी से छुपी नहीं है। केंद्र एवं राज्य की भाजपा सरकारों ने जनहित को लेकर अपना कोई वायदा पूरा नहीं किया। उन्होनें कहा कि भाजपा नेताओं के पास चुनाव के समय सिर्फ जुमला और झूठ के अलावा कोई भी मुददा जनता के बीच नहीं रह गया है। श्री पटेल ने कहा कि वह क्षेत्र की जनता के मान-सम्मान के लिए सदैव तत्पर रहेगें। इस मौके पर पूर्व एमएलसी कांती सिंह पटेल, पूर्व सपा जिलाध्यक्ष भइयाराम पटेल,  विधायक रामसिंह पटेल, शेर बहादुर यादव, डॉ. महेन्द्र दुबे, अब्दुल कादिर जिलानी, नागेन्द्र सिंह (मुन्ना यादव) आदि ने नुक्कड़ के जरिये सपा प्रत्याशी को जिताने की अपील की।

युवती के अपहरण पर तीन के खिलाफ केस दर्ज

प्रतापगढ़। कोतवाली लालगंज क्षेत्र के एक गांव के पीड़ित ने पुलिस को तहरीर देकर अपनी पुत्री के अपहरण का आरोप लगाया। मामले में पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। कोतवाली के एक गांव निवासी पीडित ने पुलिस को दी गई तहरीर में कहा है कि सात मई की रात्रि करीब आठ बजे उसकी पुत्री अचानक गायब हो गयी। खोजबीन के दौरान पता चला कि दिलीपुर थाना के ढोलका मुफरिद गांव निवासी रामजी उपाध्याय का पुत्र रवि उपाध्याय अपने पिता व मां के साथ मिलकर उसकी बेटी को शादी का झांसा देकर भगा ले गया। पीडित की पुत्री घर से कपड़े व जेवरात भी उठा ले गयी है। मामले में जांच के बाद पुलिस ने रवि समेत तीन लोगों के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज किया है।

कार्डधारकों को 14 से 29 मई के बीच मिलेगा खाद्यान्न 

प्रतापगढ़। जिला पूर्ति अधिकारी रीना कुमारी ने बताया है कि  अन्तर्गत अन्त्योदय व पात्र गृहस्थी कार्डधारकों को 14 से 29  मई के बीच खाद्यान्न का वितरण ई-पॉस वेइंग मशींन के जरिये कोटेदारों द्वारा किया जायेगा। जिसमें अन्त्योदय कार्डाे पर 14 किग्रा0 गेहूँ व 21 किग्रा0 चावल एवं पात्र गृहस्थी कार्डधारक को प्रति यूनिट 02 किग्रा0 गेहूँ व 03 किग्रा0 चावल का निःशुल्क वितरण किया जायेगा। आधार प्रमाणित न होने पर कार्डधारक मोबाइल ओ0टी0पी0 वेरीफिकेशन के जरिये 29 मई को खाद्यान्न प्राप्त कर सकेगें। खाद्यान्न के वितरण में पोर्टेबिलिटी ट्रान्जेक्शन की सुविधा उपलब्ध रहेगी। विक्रेता अपने उपलब्ध स्टॉक की सीमा तक पोर्टेबिलिटी ट्रान्जेक्शन कर सकेंगे। वितरण के सम्बन्ध में किसी भी प्रकार की शिकायत के सम्बन्ध में उपजिलाधिकारी, जिला पूर्ति अधिकारी, क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी, पूर्ति निरीक्षकों से एवं टोल फ्री नम्बर, 1800-1800-150 एवं 1967 पर की जा सकती है।

अग्नि पीड़ितों को बच्चा बैंक ने पहुंचाई औषधियां

प्रतापगढ़। खजुरनी ग्राम सभा के बोधी पांडेय का पुरवा के अग्नि पीड़ितों के घाव पर राहत का मलहम लगाने में बच्चा बैंक फ्रेंड्स ग्रुप बीबीएफजी कोई भी कोई कसर बाकी नहीं रख रहा हैं। सोमवार को भी पीड़ितों की मदद की गई। उन्हें दवाएं उपलब्ध कराई गई। ताकि उनके जले हुए जख्म जल्दी भर जाए। एक सप्ताह पहले आग से विकास और उसके चाचा का घर जलकर खाक हो गया था। आग की लपटों ने सब कुछ निगल लिया था। दाने दाने को मोहताज हो गए। आग की चपेट में आने से विकास उसकी बहन और चाची जल गए है। जिनका इलाज चल रहा है। बच्चा बैंक के साथियों को मालूम हुआ कि दवा नहीं हैं। खरीदने के लिए पैसे भी नहीं है। बच्चा बैंक के सहयोगी डाक्टर मनोज खत्री ने तीनों पीड़ितों के लिए दवा का इंतजाम किया और विकास के घर पहुंचाई। विकास से मालूम हुआ है कि गांव के कुछ लोग मदद कर रहे हैं।

कार की टक्कर से युवक घायल, गंभीर

प्रतापगढ़। अज्ञात कार की टक्कर से बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। चिकित्सकों ने लालगंज ट्रामा सेण्टर से उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। सांगीपुर थानान्तर्गत थरिया गांव निवासी सूरज वर्मा 20 पुत्र रामलाल रविवार की शाम बाइक से किसी कार्य से घर से जलेशरगंज की ओर जा रहा था। रास्ते में कोतवाली लालगंज क्षेत्र के केशवपुर के पास अज्ञात कार ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दिया। जिससे बाइक चला रहा सूरज गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास के लोगों ने उसे इलाज के लिए लालगंज ट्रामा सेण्टर भेजवाया। यहां हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। कोतवाल अवन दीक्षित का कहना है कि घटना की तहरीर मिलने पर उचित कार्रवाई की जाएगी।

युवती के अपहरण पर तीन के खिलाफ केस दर्ज

प्रतापगढ़। कोतवाली लालगंज क्षेत्र के एक गांव के पीड़ित ने पुलिस को तहरीर देकर अपनी पुत्री के अपहरण का आरोप लगाया। मामले में पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। कोतवाली के एक गांव निवासी पीडित ने पुलिस को दी गई तहरीर में कहा है कि सात मई की रात्रि करीब आठ बजे उसकी पुत्री अचानक गायब हो गयी। खोजबीन के दौरान पता चला कि दिलीपुर थाना के ढोलका मुफरिद गांव निवासी रामजी उपाध्याय का पुत्र रवि उपाध्याय अपने पिता व मां के साथ मिलकर उसकी बेटी को शादी का झांसा देकर भगा ले गया। पीडित की पुत्री घर से कपड़े व जेवरात भी उठा ले गयी है। मामले में जांच के बाद पुलिस ने रवि समेत तीन लोगों के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज किया है।

सीबीएसई बोर्ड परीक्षा परिणाम में नागेशदत्त पब्लिक स्कूल व आइन्सटीन पब्लिक स्कूल के मेधावियों ने लहराया सफलता का परचम 

प्रतापगढ़। सीबीएसई हाईस्कूल एवं इण्टर मीडिएट के परीक्षा परिणाम में मेधावियों ने सफलता का शानदार परचम लहराया है। लालगंज के पं. नागेशदत्त पब्लिक स्कूल में सीबीएसई बोर्ड के हाईस्कूल एवं इण्टर मीडिएट परीक्षा में शत प्रतिशत छात्रों के उत्तीर्ण होने को लेकर खुशी का माहौल दिखा। हाईस्कूल में सिद्धार्थ सिंह ने सत्तान्वे प्रतिशत तथा इण्टरमीडिएट में सारा शुक्ला ने 93.4 प्रतिशत अंक हासिल कर विद्यालय का नाम रोशन किया है। हाईस्कूल में अयांश सिंह 94.8 प्रतिशत, विशाल प्रताप सिंह 94 प्रतिशत, ओम मिश्र 93.2 प्रतिशत, महक सिंह 92 प्रतिशत, प्रखर केसरवानी 91.6 प्रतिशत, मयंक त्रिपाठी 91.4 प्रतिशत, सेजल मिश्रा 90.8 प्रतिशत, सृष्टि सिंह 90.6 प्रतिशत, लक्ष्य मिश्र 90.4 प्रतिशत, संस्कार तिवारी नब्बे प्रतिशत अंक हासिल किया। वहीं इण्टर मीडिएट में श्रद्धा मिश्रा 92.8 प्रतिशत, वर्तिका गुप्ता 91.6 प्रतिशत, सौम्या शुक्ला 90.6 प्रतिशत, प्रगति मिश्रा 84.4 प्रतिशत, शमिष्ठा त्रिपाठी 87.6 प्रतिशत, श्रेयांश सिंह 87.2, अविरल त्रिपाठी 86.8 व श्रद्धा सिंह 86.4 तथा हरिओम शुक्ल ने 86 प्रतिशत अंको मे परीक्षा उत्तीर्ण की है। सफल मेधावियों को पं. नागेशदत्त पब्लिक स्कूल की प्रबंधक सुनीता, संरक्षक प्रकाशचंद्र मिश्र, संस्थापक रमेशचंद्र मिश्र, रीमा मिश्रा, गौरव मिश्रा ने विद्यालय का नाम रोशन करने पर सराहा है। वहीं विद्यालय के प्रधानाचार्य एसएन त्रिपाठी ने बेहतर परीक्षा परिणाम मिलने पर मेधावियों का मुंह मीठा कराकर उपलब्धि पर खुशी साझा की। इधर लालगंज के आइन्सटीन पब्लिक स्कूल में भी छात्रों ने सीबीएसई बोर्ड की हाईस्कूल एवं इण्टर मीडिएट परीक्षा में अधिकतम अंक प्राप्त कर सफलता का परचम लहराया है। इण्टरमीडिएट में छात्र अनुराज प्रताप पटेल ने पन्चान्वें प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान तथा अभिनव पाण्डेय 92.4 प्रतिशत अंक प्राप्त कर द्वितीय स्थान पर रहे। मो. तौहीर 92.2 प्रतिशत तथा शाल्वी सिंह 91.2 प्रतिशत, स्वेच्छा ओझा 90.5 प्रतिशत, कशिश जायसवाल 90.2 तथा सलोनी जायसवाल 90 प्रतिशत, हेमन्तराज 89.6 प्रतिशत, कुनाल सिंह 89.1 प्रतिशत, हर्ष गुप्ता 88 प्रतिशत, अंशिका सिंह 87.8 प्रतिशत, आदित्य मिश्र 87.4 प्रतिशत, ऋषभ शुक्ला 85.2 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय का मान बढ़ाया है। हाईस्कूल की परीक्षा में श्रेया मौर्या 97.8 प्रतिशत, शिवा शुक्ला 97 प्रतिशत, बुसरा हयात 95 प्रतिशत, असद अंसारी 94.8 प्रतिशत, आदित्यराज मिश्र 94.6 प्रतिशत, अभिनव वैश्य 94.4 प्रतिशत, गरिमा सिंह 94.4 प्रतिशत, आदित्य तिवारी 94.4 प्रतिशत, अर्थव प्रताप सिंह 94 प्रतिशत अंक प्राप्त कर सफलता अपने नाम की है। वहीं छियालिस बच्चों ने नब्बे प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त कर विद्यालय के नाम कीर्तिमान कायम किया है। मेधावियों की सफलता पर निदेशिका श्रुति शुक्ला, संरक्षक विभवभूषण शुक्ल, प्रधानाचार्य मनोज ओझा ने सफल मेधावियों का मुंह मीठा कराकर उनकी हौंसला आफजाई की।