प्रतापगढ़ बुल्लेटिन – 16 मई 2024

0
185

बूथों पर लगेगी दो मशीनें, हुआ सप्लीमेन्ट्री रेण्डमाइजेशन

प्रतापगढ़। लोकसभा चुनाव में प्रत्याशियों की संख्या 26 होने के कारण बूथों पर दो बैलेट यूनिट लगाई जाएगी। इसके लिए पहली सप्लीमेन्ट्री रेण्डमाइजेशन का कार्य बुधवार को एन0आई0सी0 सभागार में किया गया। रेण्डमाईजेशन के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी संजीव रंजन के साथ राजनैतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि प्रत्याशियों की संख्या ज्यादा होने के कारण बूथों पर दो बैलेट यूनिट की व्यवस्था की जायेगी। प्रत्याशियों को रेण्डमाईजेशन के लिए बुलाया गया था।

संविधान को बचाना है तो भाजपा सरकार को उखाड़ फेंकना है-के के पाल

प्रतापगढ़। समाजवादी पार्टी के अधिवक्ता सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के के पाल व राष्ट्रीय महासचिव उमेश प्रताप यादव ने बुधवार को शहर के एक मैरिज हॉल में अधिवक्ताओं को संबोधित किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता सुनील यादव और संचालन मोहम्मद समीम एडवोकेट ने किया।  राष्ट्रीय अध्यक्ष के के पाल ने कहा कि इस समय हिंदुस्तान का संविधान सैया पर लेटा हुआ है। संविधान को बचाना है तो भाजपा की सरकार को उखाड़ फेंकना है। तीन चरण में ही भाजपा सरकार की सांस फूलने लगी हैं। इनको एहसास हो गया है कि इंडिया गठबंधन की सरकार बनने जा रही है। महासचिव उमेश प्रताप यादव ने कहा कि हमारी लड़ाई उन लोगों से है जो संविधान को नहीं मानते हैं। अध्यक्ष सुनील यादव ने कहा कि सभी को  25 मई को साइकिल के बटन को दबाकर इंडिया गठबंधन के प्रत्याशी शिवपाल सिंह पटेल को जिताना है। इस मौके पर नागेंद्र सिंह यादव, जगदीश यादव, हरिश शुक्ला, मुन्ना सिंह, महिमा गुप्ता, आशा सरोज, हरि श्याम मौर्य, अंकुर मौर्य, ललित पाल, संतोष यादव, राम सजीवन पाल, शेर बहादुर यादव, वकार अहमद समेत आदि लोग मौजूद रहे।

मोदी सरकार ने हर मोर्चे पर देश को दिया धोखा-प्रमोद तिवारी

प्रतापगढ़। राज्यसभा में विपक्ष के उपनेता प्रमोद तिवारी ने कहा है कि मोदी सरकार ने अपने पूरे कार्यकाल में सिर्फ पूंजीपति मित्रों के ही हितो का ख्याल रखा।

बुधवार को अमेठी संसदीय क्षेत्र में इण्डिया गठबंधन के कांग्रेस प्रत्याशी किशोरी लाल शर्मा के पक्ष में प्रचार किया। प्रमोद तिवारी ने करहिया बाजार में चुनावी जनसभा को संबोधित किया। उन्होनें कहा कि मोदी सरकार ने खाने पीने की चीज के अलावां कफन तक पर टैक्स लगाया है। पीएम ने प्रत्येक परिवार को पन्द्रह लाख रूपये देने का भी झांसा दिया। भाजपा प्रत्याशी स्मृति ईरानी भी अमेठी की जनता के साथ छलावा कर रही हैं। इस चुनाव में स्मृति ईरानी की जमानत जब्त होने वाली है।

कांग्रेस के स्टार प्रचारक प्रमोद तिवारी ने कहा कि भाजपा को एक एक वोट देना पाप है। जनसभाओं में कांग्रेस सेवादल के मुख्य राष्ट्रीय संगठक ललित देसाई तथा प्रदेश अध्यक्ष प्रमोद पाण्डेय ने भी राहुल गांधी तथा प्रियंका गांधी के नेतृत्व में अमेठी में कांग्रेस की जीत को लेकर हुंकार भरी। करहिया एवं धरई बाजार, सिरसिरा व गणेशगंज, जगदीशपुर, पोठई, सण्डहा में भी हुई जनसभा में प्रमोद तिवारी को सुनने के लिए भारी भीड़ आयी।

 जनसभा में सपा विधानसभा अध्यक्ष चौधरी सुरेश कुमार निर्मल, कांग्रेस नेता धर्मेन्द्र सिंह, नीतू पटेल, मो. शमीम, हरिश्चंद्र पासी, सलाउददीन, सोहन लाल वर्मा, शहनाज खान, नन्हें लाल सरोज, रंजन पाण्डेय, बैजनाथ सरोज, आदर्श पटेल, ने भी इण्डिया गठबंधन की नीतियों पर प्रकाश डाला। प्रमोद तिवारी के साथ दौरे में प्रतिनिधि भगवती प्रसाद तिवारी व मीडिया प्रभारी ज्ञानप्रकाश शुक्ल भी मौजूद रहे।

नौकायन करा रहे नाविक को आया चक्कर, डूबने से मौत

प्रतापगढ़। मानिकपुर गंगा घाट से श्रद्धालुओं को नौकायन करा रहे नाविक को अचानक चक्कर आया तो वह नाव से गंगा में गिरकर डूब गया। नाव में सवार श्रद्धालुओं ने शोर मचाया तो लोग गंगा में उतरे और नाव पकड़कर बाहर लाए। नाव पर सवार श्रद्धालु सुरक्षित बच गए। गंगा में डूबे युवक का शव बुधवार को मिला। मानिकपुर नगर पंचायत के किलातट मोहल्ला निवासी 42 वर्षीय लालजी निषाद अपनी 70 वर्षीय मां सोनी देवी, 17 वर्षीय भतीजी मकोइया निषाद के साथ रहता था। पत्नी बहुत पहले ही उसे छोड़कर चली गई थी। मंगलवार शाम कुछ श्रद्धालु गंगा स्नान करने आए तो लालजी की नाव पर सवार होकर नौकायन करने लगे। शाहाबाद गंगा घाट के सामने अचानक लालजी को नाव पर ही चक्कर आ गया। वह नाव से गंगा में गिरकर डूब गया। नाव हिचकोले लेने लगी तो श्रद्धालु शोर मचाने लगे। आस पास मौजूद लोग गंगा में उतरे और नाव किनारे ले आए। उस पर सवार सभी लोग सुरक्षित बच गए। खोजबीन के बाद बुधवार दोपहर उसका शव कुछ दूर पर बरामद किया गया। परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से मना कर दिया। इस पर पुलिस ने पंचनामा कर शव अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को दे दिया।

पत्नी के मायके जाने से नाराज युवक ने फांसी लगाकर दी जान

प्रतापगढ़। पत्नी के मायके जाने से लेकर नाराज युवक ने मंगलवार शाम फांसी लगाकर जान दे दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम को भेज दिया।

मानिकपुर थाना क्षेत्र के केशवपुर निवासी रामचन्द्र के 26 वर्षीय बेटे संदीप उर्फ अंजनी का पत्नी रितू से सोमवार रात विवाद हो गया। मंगलवार को रितू बच्चों को लेकर अपने मायके ओसा मंझनपुर चली गई। पत्नी के मायके जाने से नाराज युवक ने मंगलवार शाम घर के भीतर फांसी लगा ली। परिजनों की नजर पड़ी तो आनन फानन में उसे नीचे उतारा। सीएचसी ले आए लेकिन डाक्टरों ने देखते ही मृत घोषित कर दिया। पत्नी रितू तीन बच्चों को लेकर लौटी और शव देखते ही रोने लगी। एसओ जयचन्द भारती ने कहा कि पत्नी के मायके जाने से नाराज संदीप ने फांसी लगाई है। तहरीर मिलने पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।

सेंध लगाकर नकदी व ज्वैलरी चुराई

प्रतापगढ़। सेंध लगाकर घर के भीतर घुसे चोरों ने घर में रखी नकदी, सोने व चांदी के जेवरात समेत लाखों रुपये का सामान समेट लिया। पीड़ित ने मामले की तहरीर पुलिस को दी है। संग्रामगढ़ थाना क्षेत्र के बैरागीपुर अस्थवां गांव निवासी रामबाबू यादव के घर चोर मंगलवार को आधी रात के बाद घर के पीछे से दीवार में सेंध लगाकर घुसे। घर में रखे आलमारी व बाक्श तोड़ दिए। उसमें रखा 50 हजार रुपये नकद, सोने चांदी के जेवरात, कपड़ा, बर्तन समेत कीमती सामान समेट ले गए। पखवाड़ा भर पहले ही रामबाबू की शादी  हुई थी। दहेज में मिले सामान को भी चोर उठा ले गए। घटना की जानकारी सुबह हुई तो हड़़कंप मच गया। पीड़ित ने मामले की तहरीर पुलिस को दी है। पुलिस मामले की जांच कर कार्रवाई की बात कह रही है।

हत्या के प्रयास को लेकर नौ आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं मे केस

प्रतापगढ़। सांगीपुर पुलिस ने रंजिशन पीडित पर जानलेवा हमले को लेकर नौ आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास, बलवा, तोडफोड, मारपीट व धमकी समेत गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया है। थाना क्षेत्र के सरपतहा मिश्रपुर निवासी शिवमंगल मिश्र के पुत्र रामयश ने पुलिस को दी गई तहरीर में कहा है कि तेरह मई को सुबह छः बजे वह दरवाजे पर मौजूद था। जमीनी रंजिश को लेकर उसके पड़ोसी माताभीख मिश्र के पुत्र उदयराज व उदयराज के पुत्र प्रियांशू व दिव्यांशू, रामकिशोर के पुत्र शंभू नाथ व हरि नारायण, शंभूनाथ के पुत्रगण अभिषेक व रवि, शिवनारायण के पुत्र सोनू तथा रेखा ने लाठी डंडा तमंचे से लैस होकर गालियां देने लगे। पीड़ित ने मना किया तो आरोपियों ने मिलकर पीड़ित को लाठी डंडे व कुल्हाडी से मारापीटा। हमले में पीडित को अधिक चोट होने वह बेहोश हो गया। वही उसके परिवार के अरूण मिश्र भी गंभीर चोट के कारण मरणासन्न हो गये। वहीं परिवार के रिंकी व शान्ती मिश्रा को भी चोटें आयीं है। पीड़ित के परिजनों ने हल्लागुहार मचाया तो आरोपी घर की चारपाई बर्तन आदि सामान तोडकर नष्ट कर दिया। लोगों को जुटता देख पीडित जानलेवा धमकी देते चले गये। तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपी उदयराज समेत नौ के खिलाफ गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया है। सांगीपुर एसओ मनीष तिवारी का कहना है कि केस दर्ज किया गया है। शीघ्र ही आरोपियों के खिलाफ कडी कार्रवाई की जाएगी।

धोखाधड़ी के दो आरोपी धराये, गये जेल

प्रतापगढ़। लालगंज पुलिस ने पीड़ित के साथ धोखाधडी व गालीगलौज तथा जानलेवा धमकी को लेकर दर्ज मुकदमें में दो आरोपियों को जेल भेजा है। वहीं मुकदमें में दो वांछित आरोपियों की धरपकड़ के लिए पुलिस टीम तलाश में जुटी है। लालगंज कोतवाली के पड़री निवासी श्रीराम पाण्डेय पुत्र शिवशंकर पाण्डेय एलआईसी के अभिकर्ता हैं। श्रीराम ने पुलिस को दी गई तहरीर में कहा है कि बीती तीस मार्च को रात ग्यारह बजे एक महिला ने फोन पर एलआईसी से लोन के लिए मुलाकात का वक्त मांगा। बातचीत के बाद तेरह मई को महिला पीडित के पास लालगंज पहुंची। महिला ने बातचीत के लिए उसे अपने कमरे पर ले गयी। इसी बीच आरोप है कि बातचीत के दौरान ही दो व्यक्ति कमरे में पहुंच गये और अपने को एसओजी का अधिकारी बताने लगे। फरेबियों ने पीडित को महिला के साथ कमरे में होने की पूछताछ के नाम पर धमकी देने लगे। इस बीच आरोपियों ने दस लाख रूपये की रंगदारी मांगी। तहरीर में कहा गया है कि पीड़ित का मोबाइल भी छीनकर फेंक दिया और उसके बैग से चेकबुक निकालकर पैंसठ पैसठ हजार के दो चेक पर गला दबाते हुए हस्ताक्षर करा लिया। हालांकि एसबीआई शाखा में चेक से पैसा नहीं निकल सका। पीडित दो घंटे बाद बैंक पहुंचा और बैंक अफसरों को जानकारी देते हुए अपना चेक निरस्त करवाया। पीड़ित ने पता लगाया तो जानकारी हुई कि आरोपी आफरीन बानो लालगंज के खानापटटी व पंडित का पुरवा निवासी रवि पाण्डेय व सिद्धार्थ शुक्ल तथा उमापुर निवासी संदीप वर्मा ने उसके साथ धोखाधड़ी की। पुलिस ने घटना की जांच करते हुए बुधवार को कस्बे के स्टेट बैंक की शाखा के समीप से आरोपी उमापुर निवासी संदीप वर्मा उर्फ रवि नाटा तथा खानापटटी निवासिनी आफरीन बानो को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया। प्रभारी निरीक्षक अवन दीक्षित का कहना है कि घटना में शेष दो वांछितों की भी तलाश में पुलिस टीम का गठन किया गया है।

ग्रामसभा की जमीन पर हुए अतिक्रमण की तहसीलदार से शिकायत

प्रतापगढ़। ग्रामसभा की जमीन पर अवैध अतिक्रमण को लेकर तहसीलदार से शिकायत की गयी है। लक्ष्मणपुर विकासखण्ड के चमरूपुर शुक्लान गांव निवासी संतोष कुमार मिश्र ने तहसीलदार धीरेन्द्र प्रताप सिंह को भेजे गये शिकायती प्रार्थना पत्र में कहा है कि गांव स्थित खलिहान व उसर खाते में दर्ज सड़क किनारे स्थित वेशकीमती जमीन पर कुछ लोगों ने अवैध रूप से अतिक्रमण कर लिया है। शिकायतकर्ता ने जनहित में अतिक्रमण हटवाए जाने की मांग की है। तहसीलदार धीरेन्द्र प्रताप सिंह का कहना है कि राजस्व निरीक्षक व क्षेत्रीय लेखपाल से जांच कर रिपोर्ट मांगी गयी है। रिपोर्ट मिलने पर उचित कार्रवाई की जाएगी।

इण्डिया गठबंधन के सपा प्रत्याशी डॉ. एसपी सिंह पटेल के पक्ष में हुआ जोरदार चुनाव प्रचार अभियान

विधायकों व गठबंधन के नेताओं ने जिले भर में सपा की जीत के लिए झोंकी ताकत

प्रतापगढ़। लोकसभा चुनाव में इण्डिया गठबंधन के सपा प्रत्याशी डॉ. एसपी सिंह पटेल ने बुधवार को पार्टी कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों के साथ चुनावी रणनीति पर मंथन किया। उन्होनें कार्यकर्ताओं से कहा कि वह चुनाव प्रचार अभियान के तहत जनता के बीच सपा की नीतियों को मजबूती से पहुंचाने में सर्वस्व समर्पित करे। नगर के मीराभवन स्थित पार्टी कार्यालय पर हुई महत्वपूर्ण बैठक में उन्होने कार्यकर्ताओं से कहा कि जनता भाजपा की केंद्र और राज्य दोनों सरकारों की वायदा खिलाफी से इण्डिया गठबंधन के पक्ष में जनादेश का मन बना चुकी है। ऐसे में कार्यकर्ताओ व पदाधिकारियो को इण्डिया गठबध्ंान और सपा के चुनावी एजेण्डे को भी लोगों के बीच मेहनत के साथ पहुंचाना चाहिए। बैठक में पटटी विधायक रामसिंह पटेल व रानीगंज विधायक डॉ.आरके वर्मा ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए चुनावी रणनीति पर विधिवत गुर बताये। कार्यकर्ताओं में सपा प्रत्याशी डॉ.एसपी सिंह पटेल व विधायक आरके वर्मा एवं विधायक रामसिंह पटेल को लेकर जोश भी दिखा। वहीं सपा प्रत्याशी एवं पूर्व एमएलसी डॉ. एसपी पटेल ने शहर में अधिवक्ताओं से भी मुलाकात कर समर्थन मांगा। उन्होने रखहा में भी लोगों के बीच उत्साहजनक चुनावी संवाद किया। इधर गठबंधन के सपा प्रत्याशी डॉ. पटेल के समर्थन में पूर्व एमएलसी एवं सपा नेत्री कांती सिंह पटेल ने भी विश्वनाथगंज विधानसभा क्षेत्र के नंदक का पुरवा खर्दहा बलापुर बछुवा बनी बहलोलपुर सण्डवा दुबान, लीलापुर, पूरे रामदेव का पुरवा रसूलपुर गुलरहा बढ़नी, सराय सुजान सहित कई गांवों में जनसंपर्क करते हुए सपा की जीत को जनता के मान सम्मान की जीत का भरोसा दिलाया। कांती सिंह पटेल के साथ विश्वनाथगंज विधायक डॉ. आरके वर्मा भी लोगों के बीच मजबूती से दिखे। संपर्क अभियान में डॉ. नीरज त्रिपाठी सिद्धार्थ श्रीवास्तव आदि लोग मैजूद रहे। सपा प्रत्याशी डॉ.एसपी सिंह पटेल के समर्थन को लेकर निर्वाचन अभिकर्ता सुशील कुमार ने भी सदर विधानसभा क्षेत्र में गठबंधन के कार्यकर्ताओं के साथ जनसंपर्क किया। इधर इण्डिया गठबंधन के जिला सयोजक डॉ.महेन्द्र दुबे ने रानीगंज विधानसभा क्षेत्र के राजापुर राजापुर खरहर बभनमई रामापुर बाजार विक्रमपुर रोह खुर्द में सघन जनसंपर्क किया। जिला कांग्रेस अध्यक्ष डॉ.नीरज त्रिपाठी ने भी कार्यकर्ताओं के साथ पूरब पटटी डुहिया औरंगाबाद धनईपुर आदि गांवों में जनसंपर्क किया। वहीं गठबंधन के सपा प्रत्याशी डॉ.एसपी सिंह पटेल के समर्थन में फिरोजाबाद के विधायक मुकेश वर्मा ने रानीगंज विधानसभा क्षेत्र के आमापुर बर्रा में चुनावी संवाद कर डॉ.पटेल की जीत का आहवान किया। बुधवार को सपा प्रत्याशी डॉ.एसपी सिंह पटेल के पक्ष में चुनावी फिजा बनाने निकले उनके पुत्र हर्षित पटेल के जनसंपर्क अभियान को लेकर कार्यकर्ताओं व समर्थकों में भारी उत्साह दिखा। इस दौरान भइयाराम यादव उत्तम सिंह यादव उमंग यादव आदि रहे।

पानी की टंकी टूटने से मां बेटे की हुई मौत

10 दिन पूर्व बनाई गई थी पानी की टंकी। 

प्रतापगढ़। कंधई थाना अंतर्गत फेंनहा गांव में बने गौतम भठ्ठे पर पानी की टंकी टूटने से मां बेटे की मौत हो गई आपको बताते चलें कि गौतम भठ्ठे पर बिलासपुर से पूरे परिवार के साथ तारामती उम्र (28) वर्ष पत्नी छबिलाल व बेटे मोक्ष उम्र (3) वर्ष पुत्र छबिलाल ईंट भट्ठे पर भराई और पथाई के लिए लोग आए हुए हैं। तो वही सुबह तकरीबन 8रू00 बजे मां बेटे सहित पूरा परिवार रेत सीमेंट से बनी पानी की टंकी के बगल नहा रहे थे कि तभी पानी का एकाएक भराव अधिक हो गया जिससे टंकी चरमरा कर टूट गई टंकी टूटने से मां बेटे उसके मलबे के नीचे दब गए दबने के बाद आसपास के मौजूद लोग दौड़ भाग कर पहुंचकर मलबे को हटाने की कोशिश की और  तुरंत ताला चौकी में सूचना दी। सूचना पाते ही ताला चौकी इंचार्ज मौके पर पहुंचे तो मलबे को हटाकर मां बेटे को किसी तरह से बाहर निकाला और पीआरबी वैन की मदद से उन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया जहां पर डॉक्टरों ने तुरंत मृत घोषित कर दिया तो पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पीएम के लिए भेज दिया है।