प्रतापगढ़ बुलेटिन | 20 जून 2024

0
265

तेज धूप से बचकर रहें, हीट स्ट्रोक हो सकता है जानलेवा-डा0 मनोज खत्री

प्रतापगढ़। भीषण गर्मी मंे आसमान से बरस रही आग के चपेट में आने से लोगों की मौतें हो रही हैं। अस्पतालों में इस समय बुखार व हीट स्ट्रोक के मरीजों की भारी भीड़ उमड़ रही हैं। गर्मी धूप से बचने में लापरवाही बरत रहे लोग तेजी से इसकी जद में आ रहे हैं। प्रताप बहादुर मेडिकल कालेज में इन दिनों बुखार से पीड़ित मरीजों की बाढ़ सी आई है। मेडिकल कालेज के वरिष्ठ फिजीशियन डा0 मनोज खत्री के ओपीडी के दौरान लाइन में खड़े सैकड़ों मरीजों की संख्या में अधिकाधिक बुखार से पीड़ित रहते हैं। बुखार से पीड़ित हर मरीज को वह गर्मी व तेज धूप से बचने के लिए सुझाव व बचाव के तरीके समझाते नजर आए। वार्डों में भर्ती मरीजों का उदाहरण देते हुए उनके लापरवाही के बारे में मरीजों से बताते रहे। कई मरीजों के हीट स्ट्रोक की वजह से हुई मौतों पर वह चिंतित नजर आए। उन्होंने मरीजों से कहा कि धूप में बाहर न निकले। यदि बहुत जरूरी हो तभी घर से बाहर निकलें। यदि निकलना जरूरी हो तो पूरे बदन को ढंक कर रखें। पानी की बोतल हमेशा साथ में रखें। उन्होंने कहा कि तेज धूप से हीट स्ट्रोक का खतरा हमेशा बना रहता है। हीट स्ट्रोक जानलेवा साबित हो सकता है। 

क्या है हीट स्ट्रोक-

मेडिकल कालेज के वरिष्ठ फिजीशियन डा0 मनोज खत्री ने बताया कि हीट स्ट्रोक की चपेट में आने पर मरीज में तीन प्रकार के लक्षण विशेष रूप से दिखाई देने लगते हैं। थर्मो रेगुलेटरी माइकनीजम फेल हो जाता है यानी मस्तिष्क से गर्मी महशूस करने की क्षमता खत्म हो जाती है। शरीर से पसीना निकलना बंद हो जाता है और चमड़ी शुष्क व गर्म हो जाती है। मरीज बहकी-बहकी बातें करने लगता है। 

हीट स्ट्रोक आने पर क्या करें-

फिजीशियन डा0 मनोज खत्री ने बताया कि हीट स्ट्रोक की चपेट में आने पर तुरंत शरीर को जितना हो सके ठंड़ा करने का तरीका अपनाएं। शरीर को बर्फ से ढंक लें अथवा वर्फ के पानी से लगातार धोते रहें। निकट के अस्पताल में डाक्टर से संपर्क करें। 

बचाव के तरीके-

बुखार व हीट स्ट्रोक से बचने के लिए हमेशा पानी साथ में रखें। थोड़े-थोड़े अंतराल पर पानी पीते रहें। इसके अलावा मट्ठा, शिकंजी, नीबू का पानी, सरबत आदि पेय पदार्थ का सेवन करते रहें। धूप में निकलें तो पूरे बदन को ढंक कर रखंे। लगातार धूप में न रहें। डा0 मनोज खत्री ने बताया कि गर्मी को हल्के में न लें। लापरवाही बरतना जीवन के लिए घातक हो सकता है।  

भू-माफियाओं पर एसडीएम सदर की बड़ी कार्यवाही

कूट रचित दस्तावेज तैयार कर दो बीघा सरकारी जमीन अपने नाम कराने के आदेश को किया निरस्त

भू-माफियाओं व संलिप्त सरकारी कर्मचारियों के खिलाफ एफआईआर का दिया आदेश

प्रतापगढ़। एसडीएम उदय भान सिंह ने कूट रचित दस्तावेज तैयार कर करीब दो बीघा जमीन भू-माफियाओं द्वारा अपने नाम कराने के आदेश को निरस्त कर दिया। भू-माफियाओं व उनके कार्याें में सहयोग करने वाले कर्मचारियों पर एफआईआर दर्ज कराने का तहसीलदार को आदेश दिया है। अंतू थाना क्षेत्र के शुकुलपुर स्थित एआरटीओ कार्यालय से सटे बेसकीमती गाटा संख्या 66, 69 व 69 बहुत पहले से ग्रामसभा की जमीन थी। एआरटीओ कार्यालय बनने के दौरान भू-माफियाओं की नजर सरकारी जमीन पर पड़ी। इसके लिए अनन्तराम पुत्र केदार नाथ आदि निवासी बभनी ने चकबंदी कार्यालय के कर्मियों व लेखपाल से मिलीभगत कर वर्ष 2020 में उक्त जमीन अपने नाम करा लिया। कोई जानने न पाए इसके लिए मामले को दबाए रखा। बाद में चकबंदी कार्यालय से फर्जी पत्रावली तैयार कराई गई। जबकि पत्रावली का कोई रिकार्ड सरकारी अभिलेखों में दर्ज नहीं था। जमीन हथियाने के लिए 21 सितम्बर 2020 को एसडीएम न्यायालय में 32/38 का वाद दायर किया गया। मामला चलता रहा। तारीख पर तारीख पड़ती रही। मुकदमे के दौरान एसडीएम सदर उदयभान सिंह ने उक्त जमीन के बावत चकबंदी कार्यालय से आख्या मांगी। एसओसी ने अपनी आख्या में लिखा कि इस नाम का सरकारी अभिलेखों में कोई रिकार्ड व आदेश नहीं है। यह प्रकरण पूर्णतः फर्जी है। जबकि रूल 109 के तहत खसरा खतौनी में दर्ज होना चाहिए था। एडीएम ने सरकारी अभिलेखों से जब गहन परीक्षण कराया तो मामला फर्जी पाया। उन्होंने दायर वाद को फर्जी पाते हुए निरस्त कर दिया। कूटरचना के आधार पर अभिलेखों में अपना नाम दर्ज कराने वाले खातेदारों व उनके कार्यों में सहयोग करने वाले राजस्वकर्मियों के विरूद्ध एफआईआर दर्ज कराने का आदेश तहसीलदार सदर विनय कुमार द्विवेदी को दिया है। एसडीएम उदय भान सिंह के द्वारा सात जून को दिए गये आदेश की जानकारी होने पर जमीन के गोरखधंधे में लिप्त भू-माफियाओं में हड़कंप मचा हुआ है। 

आवारा पशुओं को पकड़ने में नगर पालिका कर्मियों को छूटे पसीने

जितने पकड़ते उससे अधिक फिर आ जाते हैं शहर की सड़कों पर

प्रतापगढ़। शहर को गंदा करने में आवारा पशु नगरपालिका के लिए मुसीबत बने हुए हैं। शहर को क्लीन रखने के लिए कम्पनी को ठेका दिया गया है। नगरपालिका व कम्पनी के सफाईकर्मी मुहल्लों व सड़कों पर दिनभर साफ करते फिर कुछ देर बाद पशुओं की वजह से गंदगी ही गदंगी चारों तरफ दिखाई देने लगती है। डीएम संजीव रंजन व ईओ के निर्देश पर नगरपालिका के इंस्पेक्टर डा0 संतोष सिंह की अगुवाई में पालिका कर्मियों ने बुद्धवार को शहर में घूम रहे आवारा पशुओं को पकड़ने का अभियान चलाया। इधर-उधर भाग रहे पशुओं को पकड़ने में पालिका कर्मियों को भीषण गर्मी में काफी मशक्कत करनी पड़ी। शहर के कम्पनी गार्डेन, आफीसर्स कालोनी समेत अन्य स्थानों से दो दर्जन से अधिक आवारा पशुओं को पकड़ कर गौशाला भेजा। इंस्पेक्टर डा0 संतोष सिंह ने लोगों से अपील किया कि शहर आपका है। पशुओं को खुले में बाहर न छोड़े। शहर को साफ बनाए रखने में नगरपालिका का सहयोग करें। उन्होंने बताया कि नगर पलिका का रोड़ गैंग आवारा पशुओं को पकड़कर शहर से बाहर भेजता है। दुर्भाग्य है कि गॉव के लोग रात में पशुओं को शहर की तरफ खदेड़ देते हैं। यह उन्हें वाहन में भरकर शहर में छोड़ देते हैं। शहर में रहने वाले मोहल्लों के पशुपालक भी सुबह अपने पशुओं को खुले में छोड़ दे रहे हैं। जिनकी वजह से शहर गंदा हो रहा है। उन्होंने बताया कि जितना पशुओं को शहर से पकड़ कर गौशाला भेजते हैं कुछ दिन बाद उससे अधिक फिर से सड़कांे पर आवारा पशु घूमते नजर आने लगते हैं। इस दौरान राजेश बिन्द, राजू समेत अन्य पालिकाकर्मी मौजूद रहे। 

लुटेरे गिरफ्तार, प्रयुक्त कार बरामद

प्रतापगढ़। फतनपुर थाने की पुलिस ने लूट के मामले में दर्ज अभियोग से संबंधित पॉच लुटेरों को बुद्धवार को गिरफ्तार किया है। लूटने के दौरान प्रयोग में लाई गई अर्टिगा कार भी बरामद कर लिया। दो सप्ताह पहले आरोपियों ने रात के समय कार सवार को तमंचे के बल पर लूट की घटना को अंजाम दिया था। इस संबंध में फतनपुर थाने में मामला दर्ज था। आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस ने जाल बिछाया था। बुद्धवार को थाना क्षेत्र के घूरीपुर तिराहे से मुखबिर के जरिए दगोगा शेषनाथ यादव की टीम ने धर दबोचा। पकड़े गये विशाल सरोज पुत्र बच्चा, संतोष सरोज पुत्र मुरली, शिवम सरोज पुत्र गंगा प्रसाद, गुलफाम पुत्र कल्लन सभी निवासी जमुआरी कोतवाली देहात तथा अभिषेक यादव पुत्र रामलाल निवासी दादूपुर थाना रानीगंज को पुलिस ने जेल भेज दिया। 

अधिवक्ताओं की सुरक्षा में सरकार की ढ़िलाई को लेकर हुआ विरोध प्रदर्शन

प्रयागराज। अधिवक्ताओं की सुरक्षा के मुददे को लेकर प्रदेश व्यापी अधिवक्ता सुरक्षा यात्रा बुधवार को प्रयागराज पहुंची। अधिवक्ता सुरक्षा को लेकर रूरल बार एसोशिएसन के बैनरतले अधिवक्ताओं ने डीएम कार्यालय के सामने नारेबाजी कर विरोध प्रदर्शन जताया। एसोशिएसन के राष्ट्रीय अध्यक्ष ज्ञानप्रकाश शुक्ल तथा राष्ट्रीय महासचिव अनिल महेश की अगुवाई में वकीलों ने अधिवक्ता सुरक्षा अधिनियम की मांग को लेकर जोरदार हुंकार भरी। कलेक्ट्रेट गेट पर अधिवक्ताओं की आमसभा को संबोधित करते एसोशिएसन के राष्ट्रीय अध्यक्ष ज्ञानप्रकाश शुक्ल ने कहा कि यूपी में सरकार ने अधिवक्ता संरक्षण कानून को लेकर ड्राफ्टिंग कमेटी तो बनायी पर अधिवक्ताओं के सुझाव लेने के बावजूद उसे आज तक अमल मे नही ला सकी। उन्होनें कहा कि कर्नाटक और राजस्थान की प्रदेश सरकारों ने एडवोकेटस प्रोटेक्शन एक्ट लागू कर दिया है। जबकि उत्तर प्रदेश सरकार लगातार वकीलों की सुरक्षा से जुड़े इस अहम मसले पर तालू नीति अख्तियार किये हुए है। उन्होने कहा कि प्रदेश की अदालतो में कचेहरी के अंदर भी अधिवक्ताओं पर प्राणघातक हमले होना गहरी चिंता का विषय है। वहीं आम सभा में एसोशिएसन के महासचिव अनिल त्रिपाठी महेश ने कहा कि प्रतापगढ़, कौशाम्बी, रायबरेली, उन्नाव आदि जिलों में अधिवक्ता सुरक्षा जागरूकता यात्रा को जिस तरह से समर्थन मिल रहा है उससे यह एसोशिएसन सरकार को एडवोकेटस प्रोटेक्शन एक्ट लागू करने के लिए बाध्य करेगा। उन्होनें कहा कि प्रदेश में जिले मुख्यालयों पर अधिवक्ता सुरक्षा यात्रा पूरी हो जाने पर एसोशिएसन नई दिल्ली में संसद के मानसून सत्र पर संसद का भी इस मांग को लेकर घेराव करेगा। आम सभा का संचालन राष्ट्रीय उपाध्यक्ष विकास मिश्र ने किया। इसके पूर्व अधिवक्ता सुरक्षा अधिनियम की मांग को लेकर वकीलों ने जिला अधिकारी कार्यालय के सामने घंटो नारेबाजी की। अधिवक्ता सुरक्षा यात्रा कलेक्ट्रेट गेट पहुंची तो बडी संख्या में अधिवक्ताओं का हुजूम यात्रा के साथ जुडता दिखा। अधिवक्ताओं ने सुरक्षा यात्रा लेकर आये राष्ट्रीय अध्यक्ष ज्ञानप्रकाश शुक्ल व महासचिव अनिल त्रिपाठी महेश का स्वागत करते हुए इस मांग पर भरपूर समर्थन का भी भरोसा दिलाया। इस मौके पर विकास पाण्डेय, महेश यादव, अरविन्द त्रिपाठी, सूर्यप्रकाश सरोज, अंकित सिंह, राकेश पासवान,  सुनील पटेल आदि अधिवक्ता मौजूद रहे।

समस्याओं के निराकरण न होने पर अधिवक्ताओं ने किया प्रदर्शन, सौंपा ज्ञापन

प्रतापगढ़, लालगंज। विभिन्न समस्याओं का समाधान न होने से नाराज अधिवक्ताओं ने बुधवार को तहसील में प्रदर्शन किया। समस्याओं को लेकर एसडीएम को ज्ञापन सौंपा और समाधान न होने पर आन्दोलन की चेतावनी भी दी। संयुक्त अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष संदीप सिंह, महामंत्री सूर्यकांत निराला, पूर्व अध्यक्ष ज्ञानप्रकाश शुक्ल, अनिल त्रिपाठी महेश के संयुक्त अगुवाई में दर्जनों की संख्या में अधिवक्ता एसडीएम प्रवीण द्विवेदी के चेंम्बर में पहुंचे और ज्ञापन सौंपा। आरोप है कि भीषण गर्मी में भी तहसील परिसर में अधिवक्ताओं व वादकारियों के लिए समुचित पेयजल की व्यवस्था नहीं है। शौचालयों में गंदगी व्याप्त है। तहसील के सामने वाहन स्टैण्ड की समस्या से परेशानी हो रही है। इसके साथ ही अधिवक्ताओं ने समयानुसार कोर्ट का संचालन  तथा अधिवक्ताओं के जमीन विवाद की तत्परता से निस्तारण कराये जाने की मांग रखी। अध्यक्ष संदीप सिंह ने चेतावनी दी कि यदि समस्याओं का शीघ्र समाधान नही हुआ तो अधिवक्ता अगले सप्ताह अफसरों का घेराव कर विरोध प्रदर्शन को मजबूर होंगे। इस मौके पर टीपी यादव, संतोष पाण्डेय, शैलेन्द्र सिंह, सिंटू मिश्र, दिनेश सिंह, कमलेश त्रिपाठी, जान्हवी प्रताप सिंह, प्रमोद सिंह, शिव नारायण शुक्ल, विपिन शुक्ल, रोशन सरोज, इरफान आदि मौजूद रहे।

पत्नी पर लगाया जहर देकर मारने का आरोप, एसपी से शिकायत

प्रतापगढ़, लालगंज। पत्नी द्वारा जहर देकर जान से मारने का आरोप लगाते हुए पीड़ित ने एसपी से न्याय की गुहार लगायी है। एसपी ने थानाध्यक्ष उदयपुर को जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिये हैं। उदयपुर थाना के घूरभीट उछापुर निवासी अशोक वर्मा पुत्र प्रेमलाल वर्मा का आरोप है कि उसकी पत्नी ने खुद के साथ प्रेम प्रसंग के चलते आठ मई की रात्रि जान से मारने की नीयति से कोल्डड्रिंक में जहर मिलाकर उसे पिला दिया। जिससे उसकी हालत बिगड़ गयी। जानकारी होते ही आननफानन में परिवार के लोगों ने उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। ट्रामा सेण्टर लखनऊ में इलाज से उसकी जान बच सकी। पीड़ित ने पत्नी व दो अन्य समेत तीन के खिलाफ कार्रवाई करने की गुहार लगायी है। एसओ उदयपुर राधेबाबू का कहना है कि घटना की जांच के बाद सच्चाई मिलने पर उचित कार्रवाई की जाएगी।

जीवन में सफलता के लिए शिक्षा बहुत जरूरी-डा0 एमएल विश्वकर्मा 

प्रतापगढ़, कुंडा। तहसील क्षेत्र के बाघराय बाजार में संचालित सक्सेस पावर क्लासेस द्वारा मंगलवार की शाम प्रतिभा सम्मान समारोह कार्यक्रम का आयोजन हुआ। जिसमें हाईस्कूल व इंटरमीडिएट के बोर्ड परीक्षा में 80 फीसद से अधिक अंक प्राप्त करने वाले छात्र छात्राओं को सम्मानित किया गया। संचालक पंकज विश्वकर्मा ने अतिथियों का माल्यार्पण कर स्वागत किया। जिसके बाद हाईस्कूल में 95.8 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जिले में नौवां स्थान प्राप्त करने वाली मानसी यादव, 92.8 प्रतिशत अंक प्राप्त करने वाली निधि यादव को मुख्य अतिथि ने साइकिल और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। जबकि स्वाति शुक्ला 91.3, विनीता 90.8, बादल 89.5, अमन शुक्ला 88 प्रतिशत, पुष्पांजलि 88.6, सोनू 87.6, ऋतु शुक्ला 86.3, अंकिता विश्वकर्मा 86.6, राम सिंह 85ः, करन मिश्रा 84.8, पंकज 86.34, सोनू यादव 85ः, पूजा विश्वकर्मा 84ः, विनय द्विवेदी को 80 प्रतिशत अंक प्राप्त करने पर ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि कानपुर जिला चिकित्सालय के वरिष्ठ चिकित्साधिकारी डॉ0 एम एल विश्वकर्मा ने पुरस्कृत छात्रों के उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामना की। साथ ही अन्य छात्रों को इनसे प्रेरणा लेने की सलाह भी दी। उन्होंने कहा कि जीवन में सफलता के लिए शिक्षा बहुत जरूरी है। सभी छात्र छात्राएं मेहनत व लगन से पढ़ाई करें। अच्छी शिक्षा पाकर माता-पिता व देश का नाम रोशन करें। विशिष्ट अतिथि उपनिरीक्षक सचिन पटेल, वरिष्ठ समाजसेवी श्याम लाल विश्वकर्मा, विक्कू सिंह, मीरा देवी इंटर कालेज के प्रबंधक संजय त्रिपाठी, राजनमनी, डॉ0 एस के पांडेय, कुलदीप कुमार विश्वकर्मा, अजय त्रिपाठी आदि ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शिक्षा पर विशेष बल दिया। कार्यक्रम का संचालन शिक्षक प्रवीण विश्वकर्मा ने किया। सक्सेस पावर क्लासेस के प्रबंधक पंकज विश्वकर्मा ने अतिथियों व अभिभावकों के प्रति आभार प्रकट किया। इस मौके पर राहुल चौरसिया, मायाराम, राकेश, रमाशंकर, प्रदीप, सुनील, आर पी, केडी मोदनवाल आदि मौजूद रहे।

कूटरचित दस्तावेजों से कराया बैनामा, दस पर केस

प्रतापगढ़, कुंडा। महेशगंज थाना क्षेत्र के तख्त का पुरवा ऐंधा गांव निवासी विवेक सिंह ने न्यायालय में वाद दायर किया था। आरोप है कि उसकी भूमि को कुछ लोगों ने कूटरचित दस्तावेजों के जरिए दूसरे के नाम बैनामा कर दिया। मामले की नामजद शिकायत स्थानीय पुलिस व एसपी से की गई। आरोप है कि कोई कार्रवाई नहीं हुई। मामले में न्यायालय ने पुलिस को रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई का निर्देश दिया। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने गांव के ही पंकज सिंह, सुरेश केसरवानी, कृष्णा देवी, धनपति देवी, पारसनाथ, ओम प्रकाश, प्रेमचन्द्र को नामजद करते हुए तीन अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया है।

सड़क किनारे अचेत मिले अधेड़ की मौत

प्रतापगढ़, कुंडा। कोतवाली क्षेत्र के रैयापुर निवासी 48 वर्षीय बृजभान सिंह मंगलवार को घर से निकले तो देर शाम हथिगवां थाना क्षेत्र के बिसहिया सड़क किनारे अचेत मिले। पुलिस ने एम्बुलेंस से उसे सीएचसी कुंडा भेजा। हालत गंभीर होने पर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। वहां देर रात उसकी मौत हो गई। जानकारी पर परिजन देर रात मेडिकल कॉलेज पहुंचे। इंस्पेक्टर सत्येन्द्र सिंह ने बताया कि वह नशेड़ी था। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। रिपोर्ट के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।

खान-पान, अचार, विचार दुरुस्त रखते हुए नियमित करें योग-राकेश गुप्ता सीआरओ

प्रतापगढ़। शहर के खेल स्टेडियम में बुधवार को विश्व योग दिवस 21 जून के उपलक्ष में योग अभ्यास शिविर का आयोजन किया गया। अभ्यास शिविर की अध्यक्षता मुख्य राजस्व अधिकारी राकेश गुप्ता ने किया।योगाचार्यों ने योग के प्रति खिलाड़ियों और प्रबुद्ध लोगों को जागरूक किया। पतंजलि योग संस्थान के पूर्वी उत्तर प्रदेश प्रभारी दुर्गेश योगी ने खिलाड़ियों को अभ्यास कराया। योग के माध्यम से निरोगी कैसे रहे इस पर विस्तार से प्रकाश डाला। योग के महत्व पर बोलते हुए मुख्य राजस्व अधिकारी ने कहा कि स्वस्थ रहने के लिए योग नियमित योग बहुत जरूरी का। उन्होंने कहा कि नियमित योग करने से तन और मन में हमेशा नया जोश बना रहता है। बीमारी से दूर रहना है तो खान-पान, आहार, विचार दुरुस्त रखते हुए हर रोज योग करना बहुत जरूरी है। इस मौके स्टेडियम में प्रैक्टिस करने वाले बडी संख्या में खिलाड़ी व शहर के कई प्रबुद्ध लोग उपस्थित रहे। कीड़ा अधिकारी पूनम लता राज ने योगाभ्यास में शामिल लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।

प्रो0 अरविंद मिश्र बने एमडीपीजी कालेज के प्राचार्य

प्रतापगढ़। एमडीपीजी कॉलेज के वनस्पति विज्ञान के विभागाध्यक्ष प्रो0 अरविंद मिश्र को एमडीपीजी कालेज का नया प्राचार्य बनाया गया है। कालेज के प्राचार्य रहे प्रो0 मनोज मिश्र का दो दिन पूर्व मृत्यु हो गयी थी। उनके स्थान पर विज्ञान संकाय के डीन प्रो0 अरविंद मिश्र को कालेज का नया प्राचार्य बनाया गया है। प्रबंध समिति की बैठक में अध्यक्ष प्रमन मिश्र ने श्री मिश्र के नाम का एलान करते हुए कालेज की जिम्मेदारी सौंपी है। प्रोफेसर अरविंद मिश्र ने प्रबंध समिति के मंत्री आनंद पांडेय की उपस्थिति में बुधवार को प्राचार्य का कार्यभार ग्रहण किया। इस दौरान महाविद्यालय के प्राध्यापक प्रो0 प्रदीप कुमार सिंह, प्रो0 रमेश चंद्र शुक्ल, डॉ0 छवि नारायण पांडे, डॉ0 माया शंकर, डॉ0 राजवंत सिंह, प्रो0 संतोष कुमार पांडे, डॉ0 राजेंद्र मिश्र, डॉ0 संजय दुबे, डॉ0 मनीष सिंह, डॉ0 रंजीत पटेल, डॉ0 प्रमथेश पांडे, अमित बत्स आदि उपस्थित रहे।

राहुल गांधी की जन्म दिन के मौके पर कांग्रेसजनों ने अस्पताल में बांटे फल

प्रतापगढ़। बुधवार को नफ़रत के बाज़ार में मोहब्बत की दुकान खोलने वाले कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी का जन्म दिन मनाया गया। कांग्रेसजनों ने डॉ0 सोनेलाल पटेल चिकित्सा महाविद्यालय से सम्बद्ध राजा प्रताप बहादुर चिकित्सालय में मरीजों को फल वितरित किया। उनके लम्बी उम्र की कामना के लिए ईश्वर से प्रार्थना की।अंबेडकर चौराहे पर शू मेकर्स को भीसड़ गर्मी से राहत के लिए बड़ा छाता वितरित किया गया।

कांग्रेस जिलाध्यक्ष डॉ0 नीरज त्रिपाठी ने कहा कि नफ़रत और हिंसा के तूफान में प्रेम और मानवता का दिया जलाकर अडिग खड़े रहने वाले हमारे नेता जननायक राहुल गांधी से हमें प्रेरणा मिलती है। किसी भी परिस्थिति में अपनी विचारधारा से कोई समझौता नहीं करना चाहिए। राहुल गांधी जी युवाओ के लिए रोजगार, किसानों के लिए एमएसपी, महिलाओं के सशक्तिकरण की बात करते है। वो सरकार से सीधे सवाल बिना डरे करते है। हम सभी आज संकल्प लेते है कि बिना डरे, बिना झुके जनता की समस्याओं के लिए अन्तिम सांस तक संघर्ष करेंगे। इस मौके पर डॉप प्रशान्त देव शुक्ला, डॉ0 वी0 के0 सिंह, वेदान्त तिवारी, महेन्द्र शुक्ला,  प्रेम शंकर द्विवेदी, विजय शंकर त्रिपाठी, सलीम उल्ला राइन, रामरतन तिवारी, विवेक त्रिपाठी, मो0 इश्तियाक, बेलाल,दिलशाद, अभय किशोर त्रिपाठी, प्रवीण दिवेदी, फतेह बहादुर सिंह, अश्वनी उपाध्याय, रवि प्रताप सिंह,भवानी शंकर दुबे, नफीस खान, फिरोज खान, मनीष पांडेय, आशीष शुक्ला, सुरेश मिश्रा, राधेश्याम दूबे, मो0 वसीम आदि उपस्थित रहे।