प्रतापगढ़ बुलेटिन | 21 जून 2024

0
279

बैगिंग किये गए आमों को दुबई भेजने की तैयारी

प्रतापगढ़,कुण्डा। उद्यान विभाग के दिशा निर्देश में कुण्डा में आम के बागों की बैगिंग का कार्य कराया गया था। मुख्य उद्यान विशेषज्ञ औद्यानिक प्रयोग एवं प्रशिक्षण केन्द्र खुशरूबाग प्रयागराज कृष्ण मोहन चौधरी ने गुरुवार को बैगिंग की हुई बाग का निरीक्षण किया गया। कुण्डा ब्लाक के महराजपुर निवासी अजय सिंह ने दो हेक्टेयर आम की बाग में बैगिंग कराया था। बैगिंग के बाद खुले आमों से तुलना की गई तो बैगिंग के फल बेदाग मिले। बेदाग फलों की कीमत बाजार में अन्य आम के फल की तुलना में दोगुना कीमत मिला। बैगिंग किये हुये आम के फलों को कुण्डा से दुबई निर्यात करने की तैयारी चल रही है। यह जानकारी जिला उद्यान अधिकारी सुनील कुमार शर्मा द्वारा दी गयी है।

खेलों के विकास के संबंध में तलाशे संभावना-डीएम

प्रतापगढ़। डीएम संजीव रंजन की अध्यक्षता में कैम्प कार्यालय सभागार में जिला खेल विकास एवं प्रोत्साहन समिति की बैठक  सम्पन्न हुई। जिले में खेलों की सम्भावनाओं व खेलों के विकास के बारे में विचार विमर्श किया गया। समिति के सदस्यों ने जिला खेल विकास एवं प्रोत्साहन समिति के खाते में ज्यादा से ज्यादा धनराशि उपलब्ध हो इस बात पर विस्तृत चर्चा हुई। डीएम ने सदस्यों से समिति के खाते में धनराशि सहयोग करने की अपील की। खेलों के विकास, खेलों की प्रतियोगितायें कराने के सम्बन्ध में भी सम्भावनाओं को तलाशने को कहा। स्टेडियम में खिलाड़ियों के लिये पानी की व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरा लगवाने आदि के संबंध में अधिकारियों को निर्देश दिया। बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष माधुरी पटेल, मुख्य विकास अधिकारी नवनीत सेहारा, मुख्य राजस्व अधिकारी राकेश कुमार गुप्ता, विधायक सदर प्रतिनिधि पिंटू मौर्य, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी राकेश कुमार सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक सरदार सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी भूपेन्द्र सिंह, जिला ओलंपिक संघ के अध्यक्ष रघुराज बहादुर सिंह, आदम कुरेशी, क्रीड़ाधिकारी पूनम लता राज सहित समिति के सदस्य उपस्थित रहे।

खड़ी ट्रक में घुसी कार, एक युवक की मौत दूसरा घायल

प्रतापगढ़, लालगंज। खड़ी ट्रक में पीछे से घुसी कार पर सवार एक युवक की मौत हो गयी जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। मौत की जानकारी होने पर परिवार में कोहराम मचा है। परिवार के लोगों द्वारा पीएम कराने से इंकार करने पर पुलिस ने शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया। मृतक के शव को शाम को दफन कर दिया गया। लालगंज कोतवाली के सलेम भदारी गांव निवासी अरसद शेख 25 पुत्र रईस शेख गुरूवार सुबह अपनी आर्टिगा कार से गांव के आलम खान 22 पुत्र रईस खान के साथ अपने चाचा को रायबरेली में ट्रेन पर बैठाने गया था। वहां से घर लौटते समय सुबह करीब पांच बजे रायबरेली जौनपुर राजमार्ग पर रायपुर तियांई के समीप पेट्रोल पम्प के पास खड़ी ट्रक में कार की पीछे से जोरदार टक्कर हो गयी। जिससे कार पर बैठे अरसद की मौत हो गयी। वहीं कार चला रहे आलम खान गंभीर रूप से घायल हो गया। जानकारी होते ही पुलिस ने आसपास के लोगों के सहयोग से दोनों को लालगंज ट्रामा सेण्टर भेजवाया। यहां हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने आलम को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। इधर युवक की मौत की जानकारी उसके घर पहुंची तो कोहराम मच गया। लोग ट्रामा सेण्टर पहुंचे और शव से लिपटकर रोने बिलखने लगे। परिजनों ने शव को बिना पीएम कराए शाम को गांव स्थित कब्रिस्तान में दफन कर दिया। कोतवाल अवन दीक्षित का कहना है कि मृतक के परिवार के लोगों द्वारा पीएम कराने से इंकार करने पर पंचनामा के बाद शव उनके सुपुर्द कर दिया गया। तहरीर मिलने पर उचित कार्रवाई की जाएगी।

मारपीट में घायल महिला की इलाज के दौरान मौत

प्रतापगढ़, लालगंज। मारपीट में घायल महिला ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पीएम के लिए भेजवाया। लालगंज कोतवाली के बभनपुर गांव निवासी अमृत लाल वर्मा की पत्नी गीता देवी 48 का सप्ताह भर पहले देवर से पारिवारिक विवाद हुआ था। जिसमें हुई मारपीट में गीता को गंभीर चोटें आयी थी। उसका लखनऊ के एक अस्पताल में इलाज चल रहा था। जहां बुधवार की रात उसकी मौत हो गयी। इसके बाद परिजन शव लेकर घर चले आये। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पीएम के लिए भेजवाया। मृतक के दो पुत्र व एक पुत्री है। कोतवाल अवन दीक्षित का कहना है कि पारिवारिक विवाद में हुई मारपीट में महिला घायल हुई थी। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गयी। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।

सामाजिक क्षेत्र में गायत्री ओझा का योगदान अमूल्य-न्यायमूर्ति अरविंद त्रिपाठी

प्रयागराज़। अल्लापुर स्थित कुंदन गेस्ट हाउस में पार्षद एवं वरिष्ठ अधिवक्ता संजय ओझा की मां समाजसेविका गायत्री देवी ओझा की स्मृति में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। न्यायमूर्ति अरविन्द त्रिपाठी तथा आल इण्डिया रूरल बार एसोशिएसन के राष्ट्रीय अध्यक्ष ज्ञानप्रकाश शुक्ल ने गायत्री देवी ओझा के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। न्यायमूर्ति अरविन्द त्रिपाठी ने कहा कि स्वर्गीया गायत्री ओझा ने जीवन पर्यन्त जरूरतमंद तबके की मदद करते हुए सामाजिक सरोकार को प्रेरणास्पद दिशा प्रदान की। कार्यक्रम में पूर्व विधायक अनुग्रह नारायण सिंह ने भी स्वर्गीया गायत्री ओझा की स्मृति को नमन करते हुए उनके व्यक्तित्व को अविस्मरणीय कहा। कार्यक्रम के संयोजक अधिवक्ता एवं पूर्व पार्षद संजय ओझा ने अपनी मां गायत्री की स्मृति में सामाजिक योगदान की श्रृंखला मजबूत बनाने का संकल्प जताया। अतुल ओझा ने गायत्री के जीवन वृत्त पर प्रकाश डाला। आभार प्रदर्शन संतोष ओझा ने किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता रूरल बार के अध्यक्ष ज्ञानप्रकाश शुक्ल व संचालन बबलू ओझा ने किया। इस मौके पर रिटायर्ड आईएएस डा0 शंकरदत्त ओझा, विष्णु दत्त ओझा, विकास मिश्र, संदीप शुक्ल, अनिल महेश, शैलेन्द्र मिश्र, दिनेश सिंह, देवेश शुक्ला, जगदीश ओझा आदि उपस्थित रहे।

शिक्षिकाओं ने रंगोली बनाकर योग को दैनिक दिनचर्या में  अपनाने का लिया प्रण

प्रतापगढ़। शहर के वी0 एस0 मेमोरियल पब्लिक स्कूल में अंतराष्ट्रीय योग दिवस की पूर्व संध्या पर गुरुवार को कार्यक्रम आयोजित किया गया। विद्यालय की शिक्षिकाओं ने योग के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए भव्य रंगोली सजाई। रंगोली की थीम का मुख्य आकर्षण योग के जरिये लोगों में स्वस्थ जीवन की अलख जगाना है। विद्यालय के स्टाफ ने लोगों को योग के प्रति जागरूक करने की शपथ ली।विद्यालय के व्यवस्थापक धीरेंद्र कुमार सिंह ने योग के विषय में बताते हुए कहा कि योग हमारी शक्ति, एकाग्रता, कार्यक्षमता को बढ़ाता है और मन को शांत रखता है। इसलिए हम सबको योग के प्रति लोगों को जागरुक और प्रोत्साहित करेंगे। विद्यालय की निदेशिका अलका सिंह ने शिक्षिकाओं की सराहना की। उन्होंने कहा कि हमें योग को दिनचर्या का अहम हिस्सा बनाना चाहिए। निरोग रहने का सबसे सहज माध्यम योग है। स्वस्थ रहने के लिए जीवन में योग करना अति आवश्यक है। नियमित रूप से योग करने से शारीरिक एवं मानसिक दोनों तरह का विकास होता है। इस अवसर पर विद्यालय की शिक्षिका सुनीता, निशा, अंशिका, राखी, जेबा, अनम, नीलम, स्वाती आदि कई शिक्षिकाएं व स्टाफ उपस्थित रहे।

मां ज्वाला देवी धाम में किन्नर ने दुरदुरैया कार्यक्रम का किया आयोजन 

प्रतापगढ़, कुण्डा। मानिकपुर स्थित मां ज्वाला देवी धाम में गुरुवार को दुरदुरैया कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें सैकड़ों महिलाओं ने शामिल होकर मां अवसान देवी एवं ज्वाला देवी से आशीर्वाद मांगा। कार्यक्रम का आयोजन किन्नर रेखा नायक पनिगो द्वारा अपने गुरु स्वर्गीय अनारकली की याद में किया गया। गुरुवार की सुबह से ही विभिन्न गांवों की महिलाएं दुरदुरैया कार्यक्रम में पहुंची।  पानिगों, गोसाई का पुरवा, त्रिलोचनपुर, मानिकपुर, ऊंचे गांव, कियावा, मिसिरपुर, मिरगढ़वा, बजहाभीट, रहमत अली का पुरवा आदि गांवों की महिलाओं को किन्नर रेखा ने साड़ियां भी भेंट की। सभी के प्रति अखंड सौभाग्य की कामना किया। इस मौके पर जोनू पासी, गुनी यादव, नितेश यादव आदि लोग मौजूद रहे।

पुलिस लाइन में होगा वृहद योगाभ्यास का आयोजन

प्रतापगढ़। जिलाधिकारी संजीव रंजन ने बताया कि 21 जून को 10वें अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस पर पुलिस लाइन में वृहद योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित है। योग प्रशिक्षकों द्वारा सुबह 6 बजे से  विभिन्न प्रकार के योगाभ्यास कराये जायेगें। योग के लाभों के बारे में जानकारी दी जायेगी। डीएम ने जनपद स्तर पर पुलिस लाइन में 21 जून को आयोजित होने वाले दशम् अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, समाजसेवियों, व्यापारियों, जनपदवासियों व अन्य सम्भ्रान्त लोगों से पहुंचने की अपील किया। उन्होंने कहा कि योगाभ्यास कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में लोग प्रतिभाग करें और योग से होने वाले लाभों की जानकारी प्राप्त करें। इसके अलावां हेल्थ वेलनेस सेन्टर, विकास खण्डों, अमृत सरोवरों, पंचायत भवनों व स्कूलों आदि स्थानों पर सामूहिक रूप से योगाभ्यास कार्यक्रम कराये जाने के निर्देश दिए गए हैं।

सीएम ग्रामोद्योग रोजगार योजना का उठाये लाभ

प्रतापगढ़। जिला ग्रामोद्योग अधिकारी राम करन दूबे ने कहा है कि सीएम ग्रामोद्योग रोजगार योजना के तहत लोन लेने के लिए 2 जुलाई तक आवेदन कर दें। उन्होंने बताया कि इस योजना में दस लाख तक लोन दिए जाने का प्रावधान है। लोन की व्यवस्था सार्वजनिक क्षेत्र की बैंकों के जरिये कराया जाएगा। योजना के तहत पूंजीगत ऋण पर ब्याज उपादान भुगतान की व्यवस्था है। जिसके अन्तर्गत सामान्य वर्ग के पुरूष अभ्यर्थी को पूंजीगत ऋण पर 4 प्रतिशत ब्याज भुगतान करना पड़ता है। शेष ब्याज का भुगतान ब्याज उपादान के रूप में किये जाने का प्राविधान है। महिला तथा अन्य आरक्षित वर्ग हेतु ब्याज की सम्पूर्ण धनराशि का भुगतान विभाग द्वारा किया जायेगा। योजना के अन्तर्गत सामान्य वर्ग के लाभार्थी को प्रोजेक्ट कास्ट का दस प्रतिशत एवं महिला तथा अन्य आरक्षित वर्ग हेतु 5 प्रतिशत अंशदान प्रोजेक्ट में स्वयं लगाना अनिवार्य है। ग्रामीण क्षेत्र के बेरोजगार, परम्परागत कारीगर एवं आईटीआई आदि योग्यता वाले अभ्यर्थी 02 जुलाई तक आनलाइन फार्म भरकर आवेदन पत्र की हार्डकापी कार्यालय में जमा कर सकते है। आनलाइन आवेदन वेबसाइट बउमहच.कंजं.बमदजमत.बव.पद  पर किया जायेगा।

बदमाशों ने सराफा कारोबारी से की लाखों की लूट

प्रतापगढ़, कुण्डा। मानिकपुर थाना क्षेत्र का करेंटी गांव निवासी शिवकेश निषाद पुत्र शैलेश निषाद ने पूरे धनऊ चौराहे पर आभूषण की दुकान खोल रखी है। बुधवार की देर शाम शिवकेश दुकान बंद कर सुजौली मार्ग होते हुए अपने घर करेंटी जा रहा था। वह कुंडा कोतवाली क्षेत्र के दिलेरगंज स्थित छबिनाथ की बाग के पास पहुंचा ही था कि सामने से आए एक अज्ञात बाइक सवार ने उसकी गाड़ी में टक्कर मार दी और गालियां देने लगा। जब तक शिवकेश कुछ समझ पाता तब तक दो बाइक से चार लोग और आ गए और उसके सिर पर तमंचा सटा दिया। यह देख  शिवकेश सहम गया। बाइक सवार बदमाश शिवकेश के बैग में रखे साढे तीन किलो चांदी व तीन सौ ग्राम सोना लूट कर तमंचा लहराते हुए भाग निकले। बदमाशों के जाने के बाद शिवकेश ने लूट की सूचना परिजनों समेत पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस देर रात तक छानबीन में लगी रही।

तीन दिन बाद मिला गायब वृद्ध का शव 

प्रतापगढ़, कुण्डा। घर से दूर नलकूप की रखवाली करने वाला वृद्ध तीन दिनों से लापता था। वृद्ध का शव गुरुवार की सुबह कछार में मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। नवाबगंज थाना क्षेत्र के परसई गांव निवासी बुधई सरोज का 60 वर्षीय बेटा रतिपाल सोनामऊ गांव के कछार में स्थित एक नलकूप की रखवाली करता था। नलकूप परियावां बाजार के एक कारोबारी का बताया जा रहा है। तीन दिन से रतिपाल नलकूप से लापता था। घर भी नहीं जा रहा था। जिससे परेशान परिजन उसकी खोजबीन कर रहे थे। गुरुवार को नलकूप से कूछ दूर पर रतिपाल का शव मिला तो हड़कम्प मच गया। मृतक के भतीजे अशोक कुमार ने पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम को भेजा। परिवायां के नलकूप मालिक को पुलिस एहतियातन थाने लाकर बैठाया है। वृद्ध के मौत को लेकर परिजनों में कोहराम मच गया। एसओ धीरेन्द्र ठाकुर ने कहा कि मृतक के शरीर पर चोट के निशान नहीं दिखे। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर ही मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा।

पौधे सुरक्षित रहे इस बात का रखें विशेष ध्यान-डीएम

जिले भर में 51 लाख 30 हजार 605 पौधे लगाने का रखा लक्ष्य

प्रतापगढ़। पर्यावरण संरक्षण के लिए इस बार प्रशासन की ओर से जिले भर में 51 लाख 30 हजार 605 पौधे लगाए जाएंगे। साथ ही पौधों के संरक्षण की व्यवस्था भी कराई जाएगी। यह निर्देश बुधवार को डीएम संजीव रंजन ने कैंप कार्यालय पर आयोजित जिला गंगा एवं पर्यावरण समिति की बैठक में अफसरों को दिया।बैठक में डीएम ने अफसरों को निर्देश दिया कि जिस विभाग को पौधरोपण का जो भी लक्ष्य दिया गया है समय रहते उसके लिए स्थल चिन्हित कर लें। यह भी सुनिश्चित कर लें कि जो पौधे लगाए जाएं, उनकी सुरक्षा और देखभाल की जा सके। पौधों की सुरक्षा के लिए ट्री गार्ड, बांस की जाली आदि की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नेशनल हाईवे के अफसरों से समन्वय बनाकर सुनिश्चित करें कि हाईवे किनारे अधिक से अधिक पेड़ लगाए जा सकें। रेलव की खाली भूमि और गो संरक्षण केंद्र के आसपास भी पौधे रोपे जाएं। बेल्हा देवी धाम सहित सभी धार्मिक स्थलों पर पौधे रोपे जाएंगे। समाजसेवी रोशनलाल उमरवैश्य ने 11 हजार पौधे रोपने का संकल्प लिया। उन्होंने गंगा दशहरा महोत्सव सकुशल सम्पन्न कराने के लिए जिलाधिकारी को मां बेल्हा देवी का चित्र भेंट किया। बैठक में सीडीओ नवनीत सेहारा, एडीएम त्रिभुअन विश्वकर्मा, सीआरओ राकेश कुमार, डीडीओ राकेश प्रसाद, डीएफओ जेपी श्रीवास्तव, डीआईओएस सरदार सिंह, डीएसटीओ राजेश सिंह, ईओ नगरपालिका रामअचल कुरील आदि मौजूद रहे।

मत्स्य पालक अभिकरण विभाग के रिटायर हुए कर्मियों को नहीं मिल सकी पेंशन

प्रतापगढ़। उत्तर प्रदेश मत्स्य विभाग द्वारा प्रदेश के 19 जनपदों में मत्स्य पालक विकास अभिकरणों का संचालन वर्ष 1982-83 से प्रारंभ हुआ। उस समय राज्यपाल द्वारा भर्ती के लिए 396 पद स्वीकृत किया गया था। जिनमें लगभग 114 कर्मियों की नियुक्ति हुई थी। निदेशक मत्स्य द्वारा जनपदों में चयन कमेटी का गठन किया गया था। जिला अधिकारी द्वारा दिए गए नियुक्ति पत्र में सेवा शर्तों का स्पष्ट उल्लेख किया गया था। जिसमें वेतन, भत्ते व अवकाश के संबंध में शासन के समय-समय पर प्रसारित नियम लागू होंगे।  सातवां वेतनमान 1 जनवरी 2016 से मत्स्य विभाग के स्थाई कर्मचारियों की भांति अभिकरण कर्मियों को दिया जाना चाहिए था। परंतु सातवां वेतनमान अभिकरण के कार्मिकों को नहीं दिया गया। जबकि सातवां वेतनमान उत्तर प्रदेश शासन के पत्र में अधिकरण कर्मियों को सामान लाभ दिए जाने की संस्तुति भी की गई थी। आरोप है कि निदेशक मत्स्य द्वारा शुरू से ही मत्स्य अभिकरण के कर्मियों के साथ सौतेला व्यवहार किया गया। दिखावे के लिए मत्स्य विभाग के निदेशक द्वारा इस संबंध में पत्राचार करते आठ वर्ष बीत गए फिर भी मामले में कोई ठोस कार्यवाही नहीं हो सकी।

हालत यह है कि वर्तमान में 95ः कर्मी 35 से 37 वर्षों की लंबी अवधि की नियमित सेवा करते हुए सेवानिवृत हो चुके हैं। जिन्हें सेवानिवृत्ति पश्चात मिलने वाली सेवा निवृत्तिक लाभ आज तक लाभ नहीं मिल पा रहा है। कोर्ट ने भी कर्मचारियों के पक्ष में निर्णय दिया। फिर भी रिटायर हुए कर्मचारियों को विभाग द्वारा पेंशन समेत अन्य सुविधाओं से वंचित कर दिया गया है। रिटायर कर्मचारी अब निदेशक से अपने बुढ़ापे का हवाला देते हुए पेंशन की आस में जी रहे हैं।