प्रतापगढ़ बुलेटिन | 16 जुलाई 2024

0
154

मोहर्रम तक राजाभैया के पिता उदय सिंह को प्रशासन ने किया हाउस अरेस्ट, भण्डारे पर रोक

भदरी स्थित किला गेट पर पीएसी व पुलिस फोर्स की तैनाती

प्रतापगढ़। मोहर्रम को देखते हुए राजाभैया के पिता उदय प्रताप सिंह को प्रशासन ने उन्हें उनके भदरी महल में तीन दिनों के लिए हाउस अरेस्ट कर दिया। डीएम के आदेश की प्रति कुण्डा एसडीएम भरत राम यादव व सीओ अजीत प्रताप सिंह व कोतवाल नरेन्द्र सिंह भारी पुलिस बल व पीएसी के साथ सोमवार को भोर में पॉच बजे पहुंचकर भदरी महल के गेट पर चस्पा कर दिया। राजा उदय सिंह तीन दिनो यानी 17 जुलाई देर शाम तक हाउस अरेस्ट रहेंगे। मुहर्रम का ताजिया निकलने के बाद ही उन्हें प्रशासन अरेस्ट से मुक्त करेगा। हिन्दू संगठनों व मुस्लिम समुदाय के बीच बवाल को देखते हुए प्रयागराज समेत कई थानों की फोर्स मोहर्रम के दिन हर वर्ष लगाई जाती रही है। 

क्या था मामला-

कुंडा तहसील क्षेत्र के शेखपुर आसिक गॉव में वर्ष 2005 में मोहर्रम के दसवी के दिन निकल रहे जुलूस के रास्ते एक बंदर आ गया था। जुलूस में शामिल किसी ने बंदर की गोली मारकर हत्या कर दी थी। बंदर की हत्या से क्षेत्र में तनाव फैल गया था। वहॉ के लोग मोहर्रम के दसर्वी के दिन ही मृत बंदर को श्रृद्धांजलि देने के लिए हनुमान चालीसा का पाठ करने लगे। हिन्दू संगठनों ने उस स्थान पर हनुमान मंदिर का निर्माण कर दिया जिस स्थान पर बंदर को मारा गया था। आयोजन के लिए हिन्दू संगठन के लोगों ने राजा भैया के पिता महाराज उदय सिंह से सहयोग मांगा। उदय प्रताप सिंह निवासी भदरी ने वर्ष 2014 में शेखपुर आशिक गांव में मोहर्रम के दसवीं के दिन होने वाले हनुमान चालीसा पाठ के साथ ही भंडारे के आयोजन की शुरूआत कर दी। वर्ष 2015 में भण्डारे के आयोजन को वृहद रूप दे दिया गया। वर्ष 2016 में दो वर्गों में तनाव को देखते हुए जिला प्रशासन ने आयोजन पर रोक लगा दी। आदेश के खिलाफ उदय प्रताप सिंह भंडारे की अनुमति के लिए इलाहाबाद की खंडपीठ लखनऊ गये। वहॉ से राहत न मिलने पर उन्होंने भंडारे की अनुमति के लिए 17 जनवरी 2020 को उच्चतम न्यायालय में रिट दायर किया। सुप्रीम कोर्ट ने 27 जनवरी 2020 को इस रिट को निस्तारित करते हुए जिला प्रशासन को निर्णय लेने की जिम्मेदारी तय कर दी। तत्कालीन डीएम रहे डा0 रूपेश कुमार ने एसडीएम कुण्डा से रिपोर्ट मांगी। एसडीएम कुण्डा व एलआईयू की रिपोर्ट पर डीएम ने भंडारे के आयोजन पर रोक लगा दी। डीएम के आदेश की प्रति भदरी महल के गेट पर तत्कालीन एसडीएम जलरंजचन चौधरी व पुलिस फोर्स ने चस्पा कर दी। 

हर साल होते हैं हाउस अरेस्ट-

मोहर्रम के दो दिन पूर्व से ही हर वर्ष राजाभैया के पिता उदय प्रताप सिंह प्रशासन द्वारा हाउस अरेस्ट कर लिया जाता है। उदय प्रताप सिंह को जिला प्रशासन द्वारा हाउस अरेस्ट करने पर हिन्दू संगठनों में काफी आक्रोश व्याप्त रहता है। इसके अलावा उदय प्रताप सिंह के कुछ खास व वहॉ के हिन्दू संगठनो के अन्य प्रमुख लोगों को भी हाउस अरेस्ट किया जाता है। मोहर्रम के दौरान शेखपुर आसिक गांव के रास्ते हनुमान मंदिर व भदरी महल छावनी में तब्दील रहता है। 

पॉच सौ लोगों पाबंद कर जारी किया नोटिस-

17 जुलाई को होने वाले मोहर्रम पर बवाल की आशंका के मद्दनजर पुलिस प्रशासन ने दोनों तरफ से पॉच सौ लोगों को बीएनएसएस 126/135 क तहत पाबंद कर नोटिस जारी किया है। कुण्डा कोतवाल सत्येन्द्र सिंह ने बताया कि मोहर्रम पर शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पॉच सौ लोगों को पाबंद कर नोटिस जारी की गई है। 

देर शाम होता है भंडारा-

मोहर्रम के समापन के बाद देर शाम हनुमान मंदिर पर भण्डारे का आयोजन किया जाता है। हाउस अरेस्ट समापन के बाद पहुंचकर भंडारे मंे राजा उदय प्रताप सिंह स्वयं उपस्थित रहकर कार्यक्रम का देखभाल करते हैं। 

राजाभैया के पिता ने किया ट्वीट-

प्रशासन द्वारा हाउस अरेस्ट करने पर उदय प्रताप सिंह ने ट्वीट कर प्रशासन पर आरोप लगाया है। उन्होंने लिखा है कि प्रशासन ने इसका समाधान निकाल लिया है, जो मुसलमानों का विरोध करे उसे हाउस अरेस्ट कर लो। जैसा कि हमें सुबह से किया गया है। प्रशासन ने हिन्दुओं का बहुत सालों से चला आ रहा भंडारा नई प्रथा बताकर बंद करा दिया गया। किन्तु माझिलगांव में सड़क के आर पार मुसलमानों के नये सिरे से गेट लगाने पर रोक नहीं लगा रहे है। जिसके नीचे से हिन्दुओं को भी जाना होता है। 

जैन समाज के लोगों ने ईष्ट देव का पूजन कर किया सिद्ध चक्र मण्डल का आयोजन

प्रतापगढ़। जैन धर्म के अनुसार अषाढ़ महीने के आठ दिन बड़े ही महत्वपूर्ण होते हैं। मान्यता है कि इस दौरान ईष्ट देव धरती पर आते हैं। शहर स्थित जैन मंदिर पर जैन समाज की महिलाओं द्वारा ईष्ट देव का पूजन कर सिद्ध चक्र मण्डल का आयोजन किया गया। जो 14 से 21 जुलाई तक जैन समाज द्वारा पवित्र पर्व को मनाया जाएगा। जैन समाज के अगुवा रतन जैन ने बताया कि इस पावन पर्व को अस्टालिका पर्व अर्थात अठाई कहा जाता है। जो पूरे आठ दिन मनाया जाएगा। इन पावन दिनों में समाज के लोग सपरिवार ईष्टदेव का पूजन करेंगे। समाज के लोगों मानना है कि इस पूजन से सारे कष्ट व रोग दूर हो जाते हैं। इसके अलावा आने वाले कष्टों से भी बचा जा सकता है। उन्होंने बताया कि वह स्वयं व उनकी पत्नी को इंद्र व इंद्राणी तथा अरविन्द्र जैन व उनकी पत्नी को मुख्य पूजनकर्ता बनाया गया था। बेबी जैन, नेहा जैन, पालक जैन, सोनम जैन, मंजू जैन व पूनम जैन को राजकुमारी तथा दीपेश जैन, रवि जैन, अंमित जैन, विजय जैन को राज कुमार बनाया गया था। समाज के लोगों ने श्रृद्धाभाव से पवित्र पर्व को मनाने के लिए अपने ईष्ट देव का पूजन किया। इस मौके पर नगीन, सिताब देवी, राजेश्वरी, आशा, मीना, प्रकाश, आकर्ष, गुड्डू, विनोद, आनंद जैन समेत समाज के अन्य लोग मौजूद रहे। 

आनलाइन हाजिरी के विराध में दूसरे गुट संयुक्त मोर्चा ने कचहरी में दिया धरना, सौंपा ज्ञापन

प्रतापगढ़। आनलाइन हाजिरी के विरोध मंे शिक्षक संगठनों के एक गुट ने बीएसए कार्यालय पर धरना देकर नारेबाजी करते हुए सीएम को संबोधित ज्ञापन बीएसए भूपेन्द्र सिंह को सौंपा। जबकि कचहरी परिसर में एनआईसी के सामने शिक्षक, शिक्षामित्र व अनुदेशक कर्मचारी संयुक्त मोर्चा ने धरना देकर नारेबजी की और सीएम को संबोधित ज्ञापन एसडीएम को सौंपा। शिक्षक नेताओं ने चेताया कि यदि हमारी मांगे न मानी गईं तो 29 जुलाई को प्रदेश नेतृत्व के निर्देश पर लखनऊ में प्रदर्शन करेंगे। नेताओं ने कहा कि आनलाइन हाजिरी अव्यवहारिक व नियमों और शर्तों के विरूद्ध है जो स्वीकार्य नहीं है। महिलाओं को पॉच किलोमीटर के दायरे में रखा जाए। पुरानी पेंशन बहाल किया जाए। गैर शैक्षणिक कार्याें से मुक्त रखा जाए। 30 ईल, हाफ डे सीएल और प्रतिकर अवकाश प्रदान किया जाए। पॉच दिवसीय शिक्षण कार्य रखा जाए जैसे सात सूत्रीय मांग रखा है। इस दौरान शाह आलम, मीना पुष्पाकर, विनोद त्रिपाठी, राहुल पांडे, सीपी राव, राजेश मौर्य, मुकेश दूबे, रीना सिंह, तेजश्वी शुक्ल, आशीष सिंह, राम यश कुरील, जिलाध्यक्ष लेखपाल संघ ऐनुल हसन, राजेश सरोज, स्नहे कुमरी, वेद प्रकाश, ललित मिश्र समेत सैकड़ों शिक्षक व विभिन्न संगठनों के कर्मचारी मौजूद रहे। 

प्रमोद में है समाज के सभी वर्गों को एक साथ लेकर चलने की अद्भुत क्षमता-तनुज पुनिया सांसद

प्रतापगढ़। लालगंज के हेमवती नंदन बहुगुणा पीजी कालेज में सोमवार को राज्य सभा में विपक्ष के उपनेता प्रमोद तिवारी का जन्मदिन सद्भावना दिवस के रूप में मनाया गया। सद्भावना सभा के मुख्य अतिथि बाराबंकी के कॉग्रेस सांसद तनुज पुनिया ने कहा कि प्रमोद में समाज के सभी वर्गों को एक साथ लेकर चलने की क्षमता है। उन्होंने कहा कि सदन में प्रमोद तिवारी की आवाज जनता के मुद्दों पर सच बोलने की होती है। सदन में बोलते समय उनके भाषण में कोई टोका टाकी नहीं होती है। प्रमोद तिवारी पर दिए गये इस बयान से बड़ी संख्या में आए लोगों ने जमकर तालियां बजाई। सांसद तनुज पुनिया ने प्रमोद तिवारी की विधायक बेटी व कॉग्रेस विधान मण्डल दल की नेता आराधना मिश्रा के संघर्षां का भी गुणगान किया। उन्होंने कहा कि संविधान में पिछड़े व दलित समुदाय के हक और अधिकार की रक्षा कॉग्रेस राहुल गांधी के नेतृत्व में कर सकती है। श्री पुनिया ने कहा कि विपरीत परिस्थिति में भी में प्रमोद तिवारी ने गॉधी परिवार से नजदीकियां बरकरार रखी। जिसकी वजह से उन्हें पार्टी में बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्होंने चुनाव के दौरान उनके निर्वाचन क्षेत्र में प्रमोद तिवारी द्वारा किये गये इलेक्शन कम्पेन पर आभार जताया। कार्यक्रम में प्रमोद तिवारी के मीडिया प्रभारी ज्ञान प्रकाश शुक्ल द्वारा लिखी गई पुस्तिका अभिनव विकास प्रमोद का रामपुर खास को भी सांसद पुनिया द्वारा विमोचन किया गया। आराधना मिश्रा मोना के निर्देश पर सांसद पुनिया व कार्यकर्ताओं ने फलदार पौधरोपणकर एक माह के हरित क्रांति की शुरूआत की। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रतिनिध भगवती तिवारी, संयोजन ज्ञान प्रकाश शुक्ल व संचालन विकास मिश्र ने किया। इस मौके पर डा0 प्रशान्त देव शुक्ल,  इरफान अली, महेन्द्र शुूक्ल, केडी मिश्र, दृगपाल यादव, लालजी यादव, राम कृपाल पासी, ददन सिंह, सुधाकर पांडे, रवीन्द्र मिश्र समेत सैकड़ों समर्थक, कार्यकर्ता व पार्टी के पदाधिकारी मौजूद रहे। 

ऑन लाइन अटेंडेंस के विरोध में शिक्षकों ने बीएसए को सौंपा ज्ञापन

बीएसए कार्यालय पर भारी संख्या में पहुंचे टीचरों ने की नारेबाजी

मांगें न मानी जाने पर आगे भी विरोध प्रदर्शन की चेतावनी 

प्रतापगढ़। प्राथमिक शिक्षक संघ प्रतापगढ़ के बैनर तले शिक्षकों ने ऑनलाइन उपस्थिति प्रणाली के विरोध में सोमवार को मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपा। यह ज्ञापन जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी प्रतापगढ़ के माध्यम से प्रस्तुत किया गया। शिक्षकों का कहना है कि ऑनलाइन उपस्थिति प्रणाली में कई तकनीकी और व्यावहारिक समस्याएं हैं जो उनके कार्यों में बाधा उत्पन्न कर रही हैं। उन्होंने कहा कि इस प्रणाली से शिक्षकों पर अतिरिक्त दबाव बढ़ रहा है और शिक्षण कार्य पर नकारात्मक प्रभाव पड़ रहा है। ज्ञापन में मांग की गई है कि ऑनलाइन उपस्थिति प्रणाली को तत्काल प्रभाव से निरस्त किया जाए और शिक्षकों की उपस्थिति दर्ज करने के लिए पारंपरिक और सरल तरीकों का उपयोग किया जाए।

शिक्षकों ने कहा कि अगर उनकी मांगें नहीं मानी गईं, तो वे आगे की कार्रवाई करने के लिए बाध्य होंगे। ज्ञापन सौंपते समय संघ के जिला अध्यक्ष श्री रमा शंकर शुक्ल, राकेश सिंह, प्रभाकर सिंह राजीव गुप्ता, सत्य प्रकाश पांडेय, निर्भय सिंह, बृजेश सिंह व कई प्रमुख सदस्य और शिक्षक उपस्थित थे। शिक्षक नेताओं ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी से इस मुद्दे को गंभीरता से लेने और उच्च अधिकारियों तक पहुँचाने का अनुरोध किया।

मेडिकल कालेज में लगा पानी का मोटर दो दिनों से खराब, हो रही परेशानी

प्रतापगढ़। मेडिकल कॉलेज कैंपस में लगा पानी की मोटर दो दिनों से खराब है। मेडिकल प्रशासन बनवाने का नाम नहीं ले रहा है। मरीजों का आरोप है कि पानी के लिए दर-दर भटकने को मजबूर है। कैंपस में खड़ा वॉटर टैंकर से चौथी मंजिल से मरीज उतरकर बाल्टी में पानी भरकर ले जाने को मजबूर हैं। जिले के मेडिकल कॉलेज में दो दिनों से पानी का मोटर जल गया है। जिसके कारण मरीज पानी के लिए दर-दर भटकने को मजबूर है। शौचालय जाने के लिए मरीजों को पानी नहीं मिल रहा है। किराए का वॉटर टैंकर लगाकर मेडिकल कॉलेज प्रशासन वाहवाही लूट रहा है। चौथी मंजिल से उतरकर बाल्टी में भरकर पानी ले जाने में मरीजों के परिजनों को कठिनाई हो रही है। कैंपस में लगा मोटर खराब होने से मेडिकल कॉलेज के विभिन्न वार्डों में भर्ती मरीज को पानी के लिए इधर-उधर भटकना पड़ रहा है। पानी न होने की वजह से भर्ती मरीज को शौचालय जाने में भी बड़ी परेशानी हो रही है और शौचालय में गंदगी है। हो हल्ला मचने के बावजूद मेडिकल कॉलेज प्रशासन मोटर बनवाने का नाम नहीं ले रहा है। एक वाटर टैंकर किराए पर लेकर कैंपस में खड़ा किया गया है। जहां मरीज बाल्टी में पानी भरकर शौचालय ले जाने को मजबूर हो रहे हैं ।

घायल मजदूर की इलाज के दौरान मौत, तहसीलदार के समझाने हुआ अंतिम संस्कार

प्रतापगढ़, पट्टी। हादसे में घायल रानीगंज के चंदी गोविंदपुर गांव निवासी 35 वर्षीय जियालाल बिन्द की इलाज के दौरान मौत हो गई। पोस्टमार्टम के बाद शव घर पहुंचा तो कोहराम मच गया। परिजन मांगों को लेकर अंतिम संस्कार से इनकार कर दिया। हालांकि बाद में तहसीलदार के आश्वासन पर मान गए। जियालाल मजदूरी करता था। शुक्रवार शाम वह रानीगंज के प्रेमनगर बाजार से पैदल घर लौट रहा था। घर से करीब 200 मीटर दूर बाइक सवार ने टक्कर मार कर घायल कर दिया था। उसे मेडिकल कॉलेज से प्रयागराज रेफर किया गया था। वहां इलाज के दौरान  उसकी मौत हो गई। पोस्टमार्टम के बाद शव घर आया। परिजन शव दरवाजे पर रखकर एफआईआर दर्ज करने के साथ परिवार को आर्थिक सहायता की मांग करने लगे। तहसीलदार रानीगंज ने मृतक के परिजनों को मदद का आश्वासन दिया तो परिजन अंतिम संस्कार को राजी हुए।

सड़कों के किनारे खड़े सूखे पेड़ दे रहे मौत को दावत, जिम्मेदार अनजान

प्रतापगढ़। जिले में वन विभाग के सात रेंजों में सड़कों के किनारे खड़े सूखे पेड़ मौत को दावत दे रहे हैं। करीब 144 सूखे पेड़ की कटान दो वर्ष से नहीं हो रही है। बारिश के समय हल्की हवा के झोंके से सूखे पेड़ की टहनियां टूटकर गिर रही हैं। उड़ी पेड़ गिरा सड़क पर चल रहे लोगों की जान जा सकती है। शहर क्षेत्र में चिलबिला महुली के आसपास, भंगवाचुंगी चौराहे से ट्रेजरी को जाने वाली रोड, सिटी व कटरा रोड, लखनऊ-वाराणसी राजमार्ग पर सुखपाल नगर, मोहनगंज, हंडौर, रानीगंज कैथौला, प्रतापगढ़-कुंडा रोड पर सराय आना देव, जेठवारा, महेशगंज के आसपास, रानीगंज-पट्टी रोड पर जामताली के करीब, मंगरौरा से मदाफरपुर रोड, अमेठी- प्रतापगढ़ राजमार्ग पर बिहारगंज, बाबूगंज के आसपास सूखे पेड़ हादसे को दावत दे रहे हैं। ऐसी प्रमुख सड़कों पर कई बार पेड़ गिरने से हादसे हुए और यातायात भी ठप हुआ है। पिछले दिनों प्रमुख सचिव की ओर से अलग-अलग विभागों को सुझाव देकर कहा गया है कि यातायात में अवरोध बिजली के पोल हटाए जाएं, पेड़ का कटान समय पर कराया जाए। इससे भविष्य में सड़क हादसा होने की आशंका नहीं रहेगी। बारिश के समय में तेज हवाओं के चलने से सूखे के पेड़ के गिरने की आशंका अधिक रहती है। वन विभाग के क्षेत्रीय रेंजर को सूखे पेड़ की संख्या का आंकड़ा नहीं पता है। स्थानीय लोगों के अनुसार ऐसी सभी प्रमुख सड़कों के किनारे लगभग 144 सूखे पेड़ हैं। हालांकि प्रत्येक वर्ष सूखे पेड़ की नीलामी कराने के बाद वन विभाग राजस्व जुटाने का काम करता है। बीते दो वर्ष से सूखे पेड़ों का कटान नहीं होने से हादसा होने का हर वक्त अंदेशा बना रहता है।

चोरों ने राइफल समेत हजारों की नकदी व लाखों के जेवरात चुराए

प्रतापगढ़, लालगंज। चोर घर में घुसकर लाइसेंसी राइफल, नकदी समेत लाखों के जेवरात उडा ले गये। मुकदमा दर्ज कर लालगंज पुलिस ने एक संदिग्ध को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। लालगंज कोतवाली के अझारा जैनपुर निवासी उमाशंकर तिवारी पुत्र स्व0 दयाशंकर तिवारी ने पुलिस को दी गई तहरीर में कहा है कि चौदह जुलाई की रात परिवार के लोग छत पर सो रहे थे। चोर घर के मुख्य दरवाजे के पास ड्रिल मशीन से छेद कर अंदर से बंद सिटकिनी खोलकर घर में घुस आये। कमरे में रखी आलमारी का लॉक तोड़ डाला। चोर आलमारी में रखी करीब चालीस हजार की नकदी के साथ ही लाइसेंसी राइफल व बीस कारतूस तथा लाखों के सोने चांदी के जेवरात उड़ा ले गये। रात लगभग साढ़े तीन बजे पीड़ित की नींद खुली और वह छत से नीचे आया तो दरवाजा खुला तथा घर में बिखरा सामान देखा। पीड़ित ने घटना की सूचना डायल एक सौ बारह पुलिस को दी। कोतवाल नीरज यादव का कहना है कि तहरीर के आधार पर अज्ञात चोर के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। एक संदिग्ध आरोपित को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ की जा रही है। शीघ्र ही घटना का राजफाश किया जाएगा।

बच्चों से पौधरोपित कराकर पौधों की देखभाल करने के सुझाये तरीके

प्रतापगढ़। एलायंस क्लब इंटरनेशनल द्वारा सोमवार को नगर क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय चौक, सिप्टैन रोड़ आदि जगहों पर पौधरोपित किया गया। विद्यालय के बच्चों से पेड़ लगवाकर उन्हें अपने घरों में पौध लगाने के लिए प्रेरित किया गया। पौधों की संरक्षित कैसे किया जाय तरीके बताए गए।

क्लब की तरफ से बच्चों को फल भी वितरण किया गया। क्लब के पदाधिकारीयो द्वारा अपने-अपने मां के नाम एक-एक पौधरोपित कर दूसरों को भी पौधरोपित करने के लिए प्रेरित किया गया।

क्लब के इंटरनेशनल डायरेक्टर समाजसेवी रोशनलाल उमरवैश्य ने कहा कि लोगों को पौध वितरित कर सभी से अनुरोध किया गया कि अभियान में जुड़कर मां के नाम एक-एक पौधरोपित कर उसकी सुरक्षा करें। इस अभियान में नार्थ जोन की एडवाइजर पूनम गुप्ता, मीना पुष्पाकर प्रधानाध्यापिका, लल्ली, नूरजहाँ, अफसाना, बिलकिस जहाँ, सकीला, गीता, अर्चना खंडेलवाल, सुधा अग्रवाल, रेखा उमरवैश्य, ज्योति,वनराज अधिकारी सदर अनूप कनौजिया, डॉ0 दयाराम मौर्य, परियोजना अधिकारी शिवम यादव, डिप्टी रेंजर केपी यादव, लक्ष्मीकांत द्विवेदी, छेदीलाल, संतोष कुमार, देवानंद, आदर्श कुमार, विवेक कुमार, शिवेश शुक्ला, परमानंद मिश्रा, सूरज उमवैश्य, आशीष, ऋषभ, शनि महाराज, सोनू महाराज आदि मौजूद रहे।