प्रतापगढ़ बुलेटिन | 6 अगस्त 2024

0
143

भयहरण नाथ धाम में सावन के तीसरे सोमवार को शिव भक्तो की हुई भीड़ 

शिव भक्तो को घुघुरी उत्सव में मिला आमंत्रण 

प्रतापगढ़। प्रतापगढ़। प्रसिद्ध पांडव कालीन भयहरण नाथ धाम में सावन मास के तृतीय सोमवार को शिव भक्तो  सामान्य से अधिक भीड़ हुई। पुलिस व कार्यकर्ताओ की उतम व्यवस्था रही । पुजारियों व कार्यकर्ताओ द्वारा नागपंचमी पर आगामी 9 अगस्त को होने वाले घुघुरी लोक उत्सव  में सभी को आमंत्रित भी किया गया। 

भयहरण नाथ धाम के महासचिव समाज शेखर  ने बताया की थानाध्यक्ष जेठवारा  धर्मेंद्र सिंह व नगर पंचायत अध्यक्ष अशोक कुमार मुन्ना यादव व धाम के अध्यक्ष राज कुमार शुक्ल के मार्गदर्शन में मेला व मन्दिर की सुव्यवस्था जारी है। पुजारी भोला नाथ तिवारी ने सुबह 5 बजे भोले नाथ का अभिषेक करके मन्दिर के कपाट जनता जनार्दन हेतु खोल दिये। वहीं पुलिस चौकी प्रभारी गणेश पटेल के संयोजन मे स्थानीय अस्थाई थाना के पुलिस कर्मियों द्वारा सभी पॉइंट पर अपनी सेवाएं दी गई। कार्यालय प्रभारी नीरज मिश्र के संयोजन में कार्य कर्ताओ ने अपनी भूमिका निभाई।  उपसचिव प्रशासन फूल चंद्र पटेक  व उप सचिव संगठन अमरेश मिश्र ने प्रबन्ध समिति की ओर से पर्यवेक्षण करके सभी व्यवस्था में सहयोग किया। 

सभी व्यवस्था में मन्दिर व मेला व्यवस्था समिति के पदाधिकारियों व सदस्यों ने अपनी भूमिका निभाई। देर शाम को सामूहिक रुद्राभिषेक का आयोजन आचार्य कार्तिकेय शास्त्री, लालता प्रसाद मिश्र  व देवी प्रसाद मिश्र की देखरेख मे हुआ जिसमे प्रमुख पदाधिकारियों के साथ कार्यालय प्रभारी नीरज मिश्र व स्वच्छता नायक राज कुमार ने भी प्रतिभाग किया।

गैर मान्यता प्राप्त शिक्षा प्रदान कर रहे संस्थानों पर होगी कार्यवाही, डीएम ने गठित की कमेटी

प्रतापगढ़। वगैर मान्यता के संचालित कोचिंग व शिक्षण संस्थानों की अब खैर नहीं। डीएम संजीव रंजन ने तहसीलवार कमेटी गठित कर संचालित हो रहे शिक्षण संस्थानों पर कार्यवाही का आदेश दिया है। मीडिया रिपोर्टस व की गई शिकायतों को संज्ञान में लेते हुए डीएम ने यह कदम उठाया है। तहसीलों में गठित जॉच कमेटी में वहॉ के एसडीएम अघ्यक्ष होेंगे। संबंधित सर्किल के सीओ, राजकीय इण्टर कालेज के प्रधानाचार्य, व संबंधित खण्ड शिक्षाधिकारी कमेटी के सदस्य बनाए गये हैं। कमेटी के अधिकारी अवैध संस्थानों को बंद कर उनके खिलाफ की गई कार्यवाही की रिपोर्ट डीआईओएस व बीएसए को प्रेषित करेंगे। डीएम को शिकायत मिली की बड़ी संख्या मंे शहर समेत तहसीलों में कोचिंग संस्थान, प्राइमरी से लेकर इण्टर तक के विद्यालय बिना मान्यता के संचालित हो रहे हैं। डीएम के इस फरमान से शिक्षामाफियाओं में हडकंप मचा हुआ है।

बीएसए ने दो दर्जन से अधिक अध्यापकों को विद्यालय लेट पहुंचने पर दिया कारण बताओ नोटिस, वेतन रोका

तीन दिनों में संतोषजनक जवाब न देने पर कार्यावाही की चेतावनी 

प्रतापगढ़। बीएसए भूपेन्द्र सिंह ने सोमवार को विद्यालय लेट आने वाले 26 अध्यापकों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। उन्होंने तीन दिन में जारी नोटिस का जवाब खण्ड शिक्षा अधिकारी के जरिए मांगा है। समय सीमा मंे संतोषजनक जवाब न मिलने पर कार्यवाही की चेतावनी दी है। बीएसए ने बताया कि सोसलमीडिया या विभिन्न माध्यमों से जानकारी मिली कि शिक्षक आधे घंटे या उससे अधिक समय में विद्यालय लेट पहुंचे। उस दौरान बच्चे विद्यालय पहुंचकर परिसर में खेलते नजर आए। उन्होंने बताया कि अग्रिम आदेशों तक विद्यालय लेट आने वाले अध्यापकांे के वेतन भुगतान पर रोक लगा दी गई है। सदर ब्लाक के प्राथमिक विद्यालय मतुई की शिक्षिका नूरजहॉ, निरूमपा गौड़, वन्दना देवी, विमल राव, विशाल चन्द्र सरोज, अन्नू पांडे, हसीना बानो, कृष्णा देवी, सरिता सिंह समय से विद्यालय नहीं पहुंचे। इसी प्रकार सदर ब्लाक के स्कूल राजापुर औवार की शिक्षिका आकृति सिंह, नीतिका शर्मा, अनमिका सिंह, विभा सिंह तथा बिहार ब्लाक के जमलामऊ स्कूल के नीरज शुक्ला, किरन मौर्य, तीर्थराज द्विवेदी, रंजना पटेल विद्यालय खुलने के समय हाजिर नहीं थे। इसी ब्लाक के प्राथमिक विद्यालय कुण्डा शिव कुमार त्रिपाठी, बुशरा वसीम, सुधा श्रीवास्तव, सविता देवी अर्चना श्रीवास्तव विद्यालय से गायब रहीं। आसपुर देवसरा ब्लाक के तिवारीपुर विद्यालय के शिक्षक अरविन्द कुमार शुक्ला, अंजू देवी, राम चन्द्र राम, मीना देवी विद्यालय समय से नहीं आए और बच्चे इन स्कूलों में खेलते पाये गए। बीएसए भूपेन्द्र सिंह ने शिक्षकों को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि शासन की गाइडलाइन के अनुसार कर्तव्यों में लापरवाही बरती और विद्यालय लेट आए तथा विद्यालय में शैक्षिक वातावरण को खराब किया तो ऐसे अध्यापकों पर सख्त कार्यवाही की जाएगी। 

पुलिस अधिकारियों ने चलाया चेकिंग अभियान

प्रतापगढ़। कॉवड़ यात्रा को देखते हुुए एसपी के निर्देश पर पुलिस अधिकारियों ने रात में चेकिंग अभियान चलाया। शहर समेत थाना क्षेत्रों के प्रमुख चौराहों, प्रतिष्ठानों व ड्यूटी में लगाए गये पीआरवी को चेक किया गया। चेकिंग के दोरान पुलिस अधिकारियों ने वाहनों को रोक कर तलाशी ली। रास्ते से गुजर रहे कांवड़ियों से सुरक्षा के बावत जानकारी ली।

ओडीएफ प्लस माडल गॉव तैयार करने के लिए दिया गया प्रशिक्षण

प्रतापगढ़। पंचायती राज विभाग द्वारा मौजूदा वित्तीय वर्ष में ओडीएफ प्लस गॉव तैयार करने के लिए क्षेत्रीय ग्राम्य विकास संस्थान में सोमवार को दो द्विवसीय प्रशिक्षण प्रशिक्षण प्रारंभ हुआ। यह प्रशिक्षण एसबीएम द्वितीय फेज के तहत चयनित गांवों के प्रधानों, पंयायत सहायकों, सफाई कर्मियों तथा प्रेरकांे को दिया जा रहा है। प्रशिक्षण लेकर उनके कंधों पर माडल प्लस गॉव तैयार करने की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। यह प्रशिक्षण 14 सत्रों में निर्धारित तिथियों में दिया जाएगा। प्रशिक्षण के तहत पहले दिन मास्टर टेªनर द्वारा उन्हें टेªंड किया जाएगा। दूसरे दिन सभी को क्षेत्र भ्रमण कराया जाएगा। प्रारंभ दिवस पर उप निदेशक पंचायतीराज प्रयागराज मण्डल जयदीप त्रिपाठी, डीपीआरओ श्रीकांत दर्वे, एडीआरओ हेम चंद्र यादव, प्राचार्या मंजू देवी, ऋतुराज शर्मा, जेपी चौधरी, गौरी शंकर पटेल, विजय कुमार यादव आदि मौजूद रहकर व्यवस्था देखी।  कार्यक्रम का संचालन सत्र प्रभारी प्रवीण शुक्ल ने किया। इस दौरान प्रधान, पंचायत सहायकों, सफाई कर्मियों, प्रेरक आदिै मौजूद रहे। 

सावन के तीसरे सोमवार को बोल बम के जयकारों से गूंज उठा बाबा घुइसरनाथ धाम

प्रतापगढ़। लालगंज क्षेत्र के बाबा घुइसरनाथ धाम में श्रावण मास के तीसरे सोमवार को कांवडिया श्रद्धालुओं व शिवभक्तों का अदभुत नजारा देखने को मिला। भोर होते ही बडी संख्या में कांवडिया श्रद्धालु हर हर महादेव के जयघोष के साथ बाबा का जलाभिषेक करने में आतुर दिखे। वहीं सई के बीच बिराजे देवाधिदेव महादेव को लेकर भी प्रयागराज, अमेठी व ऊंचाहार आदि स्थानों से पहुंचे कांवड़ियों में विशेष आकर्षण दिखा। एसडीएम शैलेन्द्र कुमार वर्मा तथा सीओ रामसूरत सोनकर भी दोपहर तक मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के सुरक्षा व्यवस्था में डटे रहे। इधर सई नदी का जलस्तर बढ़ने से पुलिस घाट पर मुस्तैद रही। धाम में विशेष स्वास्थ्य शिविर में भी चिकित्सा टीम ने जरूरतमंदो का इलाज किया। एक अनुमान के मुताबिक तीसरे सोमवार को एक लाख पैंतीस हजार से चालीस हजार तक शिवभक्तों ने धाम में जलाभिषेक किया। धाम समेत लालगंज, वर्मा नगर, अमावां आदि स्थानों पर लोगो ने कांवड़िया शिवभक्तों के लिए जलपान एवं भण्डारे का भी आयोजन कर रखा था। लालगंज चौक से सांगीपुर के लिए सोमवार की सुबह से दोपहर बाद तक पुलिस ने बडे वाहनों का रूट डायवर्जन करा रखा था।

तहसील मुख्यालय किया जाय सीओ चकबंदी कार्यालय, अधिवक्ताओं ने आंदोलन कि बनाई रणनीति

प्रतापगढ़, लालगंज। सीओ चकबंदी कार्यालय को सांगीपुर से लालगंज तहसील मुख्यालय संचालित कराए जाने को लेकर अधिवक्ताओं ने सोमवार को बैठक कर संघर्ष की रणनीति बसनयी। संयुक्त अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष संदीप सिंह की अध्यक्षता में हुई बैठक में अधिवक्ताओं ने कहा कि सीओ चकबंदी कार्यालय को तहसील से बारह किलोमीटर दूर सांगीपुर में किराये के भवन में संचालित कराया जा रहा है। जबकि तहसील परिसर में कार्यालय संचालन के लिए भवन उपलब्ध है। इसके बावजूद सांगीपुर में इस कार्यालय के संचालन होने से वादकारियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उपाध्यक्ष बालेन्द्र त्रिपाठी ने कहा कि कई बार अधिकारियों को ज्ञापन देने के बावजूद सुनवाई नही हो रही है। महामंत्री सूर्यकांत निराला ने इस मुददे पर आंदोलन शुरू करने को लेकर रणनीतिक मसौदा रखा। संचालन वरिष्ठ उपाध्यक्ष विभाकर शुक्ल ने किया। इस मौके पर अनिल त्रिपाठी महेश, देवी प्रसाद मिश्र, अजय शुक्ल गुडडू, कालिका प्रसाद पाण्डेय, राममोहन सिंह, टीपी यादव, संतोष पाण्डेय, उमेश नारायण तिवारी, नामवर सिंह, संजय सिंह, शिव नारायण शुक्ल, विपिन शुक्ल, पारस नाथ सरोज, प्रभाकर पाल, सत्येन्द्र श्रीवास्तव, सुशील शुक्ल, आशीष तिवारी, विनय जायसवाल, ओपी जायसवाल, राजेन्द्र प्रसाद मिश्र आदि अधिवक्ता मौजूद रहे।

हरषुबाबा कृपा समिति का भव्य भंडारा  संपन्न

प्रतापगढ़। नगर कोतवाली के सैयाबांध पर हरषु बाबा कृपा समिति के तत्वाधान में शिव भक्तों के लिए भंडारे का आयोजन किया गया। समिति के द्वारा रविवार को आयोजित भंडारा देर रात तक चलता रहा। शिव भोले महाकाल के जयकारे के उद्घोष से पूरा वातावरण शिवमय रहा।समिति के राकेश शर्मा, धीरेन्द्र मिश्रा मोनू, तेजस्वी भट्ट, सचिन मौर्य, रजनीश वैश्य, संदीप तिवारी ने बताया कि सावन माह में यह आयोजन प्रतिवर्ष किया जाता है। जिसमें कावरियों तथा शिवभक्तो को प्रसाद ग्रहण कराया जाता है जो निरंतर चलता रहेगा।

आपदाओं से बचने के लिए दामिनी एवं सचेत ऐप करें डाउनलोड-एडीएम

प्रतापगढ़। एडीएम त्रिभुवन विश्वकर्मा ने आपदाओं से बचने के लिए दामिनी एवं सचेत ऐप मोबाइल में डाउनलोड करने की अपील लोगों से की है। उन्होंने कहा है कि मोबाइल फोन के प्ले स्टोर से सचेत एवं दामिनी एप डाउनलोड कर होने वाली क्षतियों को कम किया जा सकता है। एडीएम ने बताया कि दामिनी मोबाइल एप का संचालन पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय भारत सरकार द्वारा किया जाता है। जिसके जरिये आकाशीय बिजली की पूर्व चेतावनी का प्रसारण लोगों के राहत एवं बचाव के लिए किया जाता है। अन्य लोगों को भी सूचना देकर आकाशीय बिजली से होने वाली जनहानि को कम किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि सचेत मोबाइल एप का संचालन राष्ट्रीय आपदा प्रबन्धन प्राधिकरण भारत सरकार द्वारा संचालित किया जाता है। जिसके माध्यम से स्थानीय स्तर पर विभिन्न मौसम-वर्षा, ओलावृष्टि, शीतलहर, लू, अग्निकाण्ड, आंधी-तूफान, चक्रवात, वज्रपात, भूकम्प, गैस रिसाव, बाढ़ एवं सूखा आदि की पूर्व चेतावनी जारी की जाती है। आपदाओं के समय ‘‘क्या करें क्या न करें’’ की पूर्व चेतावनी दी जाती है। एडीएम ने जनपदवासियों, अधिकारियों, कर्मचारियों से अनुरोध किया है कि वह अपने एंड्रॉयड मोबाइल फोन के प्ले स्टोर से सचेत एवं दामिनी एप को अवश्य डाउनलोड कर लें।

जनेश्वर मिश्र की 92वीं जयंती पर कार्यकर्ताओं ने उनके गुणों का किया बखान

प्रतापगढ़। शहर के मीराभवन स्थित समाजवादी पार्टी कार्यालय पर सोमवार को छोटे लोहिया के नाम से मशहूर स्वर्गीय जनेश्वर मिश्रा की 92वीं जयंती मनायी गई। सपा के लोगों ने स्व0 मिश्र के चित्र पर माल्यार्पण किया।  पूर्व जिला अध्यक्ष भैया राम पटेल ने बताया कि पांच अगस्त 1933 को बलिया के शुभनथहीं गांव में जन्मे जनेश्वर मिश्र के पिता रंजीत मिश्र किसान थे। वर्ष 1953 में प्रयागराज विश्वविद्यालय में प्रवेश लिया। वहीं से उन्होंने छात्र राजनीति की शुरुवात की। पार्टी के जिला उपाध्यक्ष आशुतोष पांडे ने बताया कि विख्यात समाजवादी विचारक जनेश्वर मिश्र की जन्मभूमि भले ही बलिया रही हो पर कर्मभूमि संगमनगरी थी। राजनीति में मुकाम मिलने पर भी उनका जीवन सरल तथा साधारण ही रहा। बतौर सांसद हमेशा नया कटरा स्थित अपने निवास से चौक स्थित समाजवादी पार्टी कार्यालय में रिक्शा पर जाते थे। किराया किसी कार्यकर्ता से दिलाते थे। इस मौके पर गुलफाम खान, जावेद खान, रमेश पाठक,  सफात अहमद, अनिल यादव, कृष्ण कांत मिश्रा उर्फ गुड्डू मिश्रा, शांति सिंह, उर्मिला यादव, निसार अहमद, राम बहादुर पटेल, सुरेश यादव, सगीर खान, कुरेशी भाई, जलाल अहमद, सर्वेश मिश्रा, पार्टी के मीडिया प्रभारी वकार अहमद आदि लोग मौजूद रहे।

ओम बेस्ट न्यू बार्न केयर व महिला हिंसा पर आशा बहुओं को दिया गया प्रशिक्षण 

प्रतापगढ़, कुण्डा। संग्रामगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर सोमवार को आशा बहूओ को पांच दिवसीय ओम बेस्ट न्यू बार्न केयर का प्रशिक्षण दिया गया। इसमें 0 से 42 दिन तक के बच्चों एवं उनकी माताओं की देखरेख के बारे में सटीक जानकारी दी गयी। इसके अलावां महिला हिंसा व उनकी सुरक्षा के बारे में भी विस्तार से आशा बहुओं को जानकारी दी गई। ट्रेनर रत्नेश शर्मा एवं विनोद शुक्ला तथा अधीक्षक डॉक्टर मनोज सिंह ने बताया कि महिला हिंसा होने पर भी आशा बहुएं पीड़ितों के घर जाएंगी और मदत करेंगी। महिला हिंसा रोकने व ऐसी जानकारी होने पर सभी महिलाओं को जागरुक भी करेंगी। प्रशिक्षण में महिलाओं के प्रति कई अन्य पहलुओं पर आशा बहुओं को जानकारी को दी गई। इस मौके पर बीसीपीएम अनिल जायसवाल, पी पी तिवारी आदि मौजूद रहे।

भट्ठा संचालक को मारी गोली, प्रयागराज रिफर

प्रतापगढ़। जेठवारा थाना क्षेत्र के रामगंज गांव में रविवार रात ईंट भट्ठे पर बैठे 36 वर्षीय शिवेंद्र सिंह को बदमाश ने सिर में गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। आवाज सुनकर पहुंचे आसपास के लोगों ने परिजनों को जानकारी दी। परिजन उन्हें मेडिकल कॉलेज ले गए। गंभीर हालात में शिवेंद्र को प्रयागराज रेफर कर दिया गया।

जेठवारा थाना क्षेत्र के पर्वतपुर धर्मपुर गांव निवासी शिवेंद्र सिंह का घर से एक किलोमीटर दूर रामगंज में ईंट भट्ठा है। रविवार रात करीब 09रू15 बजे शिवेंद्र सिंह ईंट भट्ठे पर अकेले बैठे थे। तभी उनके करीब पैदल ही पहुंचे युवक ने सिर में दो गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। गोली मारते ही हमलावर भाग निकला। गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग पहुंचे और शिवेंद्र सिंह के परिजनों को जानकारी दी। घायल शिवेंद्र सिंह को मेडिकल कॉलेज लाया गया। जानकारी मिलते ही सीओ सदर अमरनाथ गुप्ता, शहर कोतवाल अर्जुन सिंह मेडिकल कॉलेज पहुंच गए। घायल शिवेंद्र सिंह के परिजन और रिश्तेदारों की भी मेडिकल कॉलेज में भीड़ लग गई। रात की घटना होने से हमलावर के बारे में कोई जानकारी नहीं हो सकी। पुलिस भट्टे के चौकीदार से पूंछतांछ कर रही है। सीओ सदर अमरनाथ गुप्ता ने बताया कि परिजन अभी घटना की बाबत कोई जानकारी नहीं दे पा रहे हैं। घायल को प्रयागराज रेफर किया गया है। हमलावर को चिन्हित किया जा रहा है।

सीएमओ व अधीक्षक पर भारी पड़ा स्टाफ नर्स का राजनीतिक दबाव

प्रतापगढ़। बाघराय सीएचसी में  तैनात स्टाफ नर्स सविता पांडेय का शिकायत पर साल भर पहले  विकासखंड लक्ष्मणपुर के गजराही सीएससी में ट्रांसफर कर दिया गया था। स्थानांतरण के बाद सविता पांडेय ने गजराही  सीएचसी में ज्वाइन तो कर लिया पर बाघराय सीएचसी में मिले आवास को आज तक नहीं खाली किया। जिसको लेकर सीएचसी अधीक्षक ने कई बार कड़ा पत्र लिखकर कार्यवाही की चेतावनी दी। मुख्य चिकित्सा अधिकारी को भी पत्र के जरिये नर्स के कारनामों को बताया। स्वास्थ्य विभाग के सूत्र बताते हैं कि राजनीतिक रसूख का इस्तेमाल कर सविता पांडे बाघराय सीएचसी में मिले आवास को नहीं  खाली कर रही है। उनके पति बाघराय में ही रेडीमेड गारमेंट्स की दुकान चलाते हैं और सीएचसी बाघराय में पत्नी के नाम से आवंटित आवास में रहते हैं। स्वास्थ्य विभाग के सूत्रों की माने तो बाघराय इलाके में नौकरी के दौरान पैठ के चलते प्राइवेट प्रसव भी करती हैं। पति की दुकान व अच्छी कमाई के चलते आवास नहीं खाली कर रही हैं। राजनीतिक रसूख के चलते सीएचसी अधीक्षक व सीएमओ आवास खाली कराने में असफल रहे हैं। उनके स्थान पर स्थानांतरण होकर आईं नर्स आवास के लिए परेशान है।

टीबी नोटिफिकेशन को बढ़ाने एवं टीबी के मरीजों की समस्याओं पर हुआ मंथन

प्रतापगढ़।  सोनेलाल पटेल स्वशासी चिकित्सा महाविद्यालय में सोमवार को सीएमएस डा0 शैलेन्द्र कुशवाहा की अध्यक्षता में राष्ट्रीय क्षय रोग उन्मूलन कार्यक्रम के तहत कोर कमेटी की बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में स्टेट टास्क फोर्स उत्तर प्रदेश के वाइस चेयरपर्सन डॉक्टर ए0 डी0 शुक्ला मुख्य अतिथि रहे। बैठक में डीआरटीबी सेंटर के नोडल डॉक्टर वकील अहमद व मेडिकल कॉलेज के सभी विभागों के विभागध्यक्ष द्वारा टीबी नोटिफिकेशन को बढ़ाने के लिए आग्रह किया गया। ड्रग रेसिस्टेंट टीबी के मरीजों की समस्याओं के बारे में अवगत कराया। जिला क्षय रोग अधिकारी डा0 संदीप सक्सेना द्वारा जनपद में चल रहे राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम की प्रगति के बारे में चर्चा की एवं सभी सूचकांकों को विस्तार पूर्वक बताया। बैठक में डबलू0एच0ओ0 कंसलटेंट डॉक्टर कार्थी विजय, जिला कार्यक्रम समन्वयक, जिला पीपीएम समन्वयक, पीएमडी टी समन्वयक, एसटीएस, एसटीएलएस एवम् टीबी एचवी आदि मौजूद रहे।