प्रतापगढ़ बुलेटिन | 8 अगस्त 2024

0
141

हर जिले में तैनात हों आयकर टीडीएस अधिकारी-विश्वनाथ मिश्र

पैनकार्ड को आधार से लिंक कराने पर वसूला जा रहा एक हजार

किसानों व ग्रामीणों को नहीं है नियमों की जानकारी, मिले ब्याज पर हो रही 20 प्रतिशत की कटौती

प्रतापगढ़। जानकारी के अभाव में पैनकार्ड से आधार लिंक कराने से वंचित रहे बैंक खाता धारकों से 1 जुलाई 2022 से एक हजार रू0 वसूला जा रहा है। जबकि 31 मार्च 2022 तक यह निःशुल्क था। जानकारी के अभाव में बड़ी संख्या में जिले के बैंक खाता धारक पैन से आधार कार्ड को लिंक नहीं करा पाए। जमा धनराशि पर मिले दस हजार रूपए से अधिक ब्याज पर 20 प्रतिशत की कटौती होने पर लोग चौंके। बैंक पहुचकर जानकारी की तो उन्हें कटौती के राज की जानकारी हुई। इस श्रेणी में बड़ी संख्या में गॉव के लोग व किसान शामिल हैं। उन्हें आयकर विभाग के इन निर्देशों की जानकारी नहीं हो सकी थी। अब किसान व अनजान खाता धारक पैन कार्ड बनवाने से लेकर आधार से लिंक करा रहे हैं। अध्यक्ष जिला कर संगठन विश्वनाथ मिश्र ने सरकार से मांग किया है कि पैन को आधार से लिंक कराने के लिए एक हजार रू0 की जगह सौ रू0 किया जाए। इसके अलावा श्री मिश्र ने बैंक में जमा धनराशि पर मिले दस हजार ब्याज से ऊपर पर 20 प्रतिशत की कटौती की जगह 10 प्रतिशत करने की मांग की है। उन्होंने बताया कि कम आय वाले व किसान बड़ी मुश्किल से अपनी इनकम का थोड़ा-थोड़ा बचत कर बैंक में जमा करता है। जानकारी के अभाव में आयकर विभाग द्वारा ऐसा किया जाना नैसर्गिक न्याय के विरूद्ध है। उन्होंने बताया कि बड़ी संख्या में वेतनभोगी कर्मचारी भी पैन को आधार से लिंक नहीं करा पाए हैं। उनको भी इस भूल का खामियाजा भुगतना पड़ रहा है। आयकर विभाग द्वारा 1 जुलाई 2023 से कुल सैलरी का 20 प्रतिशत कटौती निर्धारित की गई है। पैन को आधार से लिंग कराने की जिम्मेदारी संबंधित विभाग के डीडीओं को सौंपी गई है। इसके बावजूद यदि कर्मचारियों के पैन आधार से लिंग होने से रह गये तो संबंधित विभाग के डीडीओ से 18 प्रतिशत व्यक्ति जुर्माने के तौर पर वसूल किया जा रहा है। 

हर जिले में तैनात हों आयकर टीडीएस अधिकारी-

अध्यक्ष जिला कर अधिवक्ता संगठन व पूर्व महामंत्री उ0 प्र0 कर अधिवक्ता संगठन विश्वनाथ मिश्र ने कहा कि आयकर के संबंध में प्रचार प्रसार के लिए हर जिलों में आयकर टीडीएस अधिकारी की तैनाती की जानी चाहिए। उन्होंने बताया कि जानकारी के अभाव में लोगों से आयकर के नाम पर वसूली की जा रही है। श्री मिश्र ने कहा कि नये-नये बदलते नियमों की जानकारी करदाताओं को नहीं होती है। भारी कटौती होने पर आयकरदाता प्रोफेसनल के आफिस पहुंचकर नियमों की जानकारी कर रहे हैं और समस्याओं से छुटकारा दिलाने की गुजारिस करते नजर आते हैं। श्री मिश्र ने आयकर के संबंध मंे व्यापक प्रसार प्रसार के लिए सेमिनार आदि करने की कवायद की है। ताकि लोग आयकर के नियमों की जानकारी कर अपने साथ हो रहे अन्याय पूर्ण कटौती से छुटकारा पा सके। 

बीएसए ने विद्यालयों के निरीक्षण का दिया आदेश

प्रतापगढ़। बीएसए भूपेन्द्र सिंह ने जिले के सभी खण्ड विकास अधिकारियों को पत्र जारी कर बेसिक स्कूलों के सघन निरीक्षण का आदेश दिया है। अपने पत्र में बीएसए ने लिखा है कि विद्यालयों में शिक्षकों की शत प्रतिशत उपस्थित सुनिश्चित की जाए। साथ ही विद्यालयों में नामांकित बच्चों की संख्या में 75 प्रतिशत बच्चों की कक्षा में भी उपस्थिति को चेक किया जाए। उन्होंने शासन व विभाग की गाइडलाइन के अनुसार विद्यालयों के संचालन के लिए खण्ड शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिया है। 

निरीक्षण में अनुपस्थित पाए गये पॉच दर्जन से अधिक शिक्षकों का बीएसए ने रोका वेतन, मांगा स्पष्टीकरण

प्रतापगढ़। महानिदेशक स्कूल शिक्षा के आदेश पर 27 से 6 अगस्त तक जिले भर के बेसिक स्कूलों में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान जिले भर के बेसिक स्कूलों में 68 शिक्षक या तो लेट विद्यालय पहुंचे या गायब रहे। इस श्रेणी में प्रधानाध्यापक, शिक्षा मित्र, शिक्षक, अनुदेशक शामिल रहे। रजिस्टर में उनके नामों के सामने हस्ताक्षर नहीं मिले और न ही विद्यालय में उपस्थित मिले। बीएसए ने अग्रिम आदेशों तक निरीक्षण के दिन अनुपस्थित रहे सभी शिक्षकों के वेतन भुगतान पर रोक लगाते हुए स्पष्टीकरण मांगा है। 

होमगार्ड के जवानों ने स्कूल में किया पौधरोपण

प्रतापगढ़, कुण्डा। बाबागंज ब्लाक के कम्पोजिट विद्यालय डीह बलई में बुधवार को होमगार्ड के जवानों ने पौधरोपण किया गया। होमगार्डाे ने पर्यावरण जागरूकता को लेकर छायादार एवं फलदार पौधरोपित किये। इनमें जामुन, आम, पीपल व नीम के पौधे लगाए गए। मौजूद अधिवक्ता अरविन्द त्रिपाठी पंकज ने पौधरोपण को पर्यावरण संरक्षण की संजीवनी बताया। इस मौके पर प्रधान मुकुन्द यादव, प्रधानाध्यापक दिनेश कुमार, भारत लाल, अरविन्द पाण्डेय, रोहित कुमार, प्रवीण पाण्डेय, महावीर, कृष्ण चंद्र, अवधेश शुक्ल, उपेन्द्र मिश्र, अजीत, सचिन, गुडडू, नन्हें लाल यादव, राजेश दुबे, लल्लूराम, विनय पाण्डेय, रामप्यारे मौर्य, बैजनाथ मिश्र, रंगनाथ पाण्डेय आदि मौजूद रहे।

जला ट्रांसफार्मर न बदलने पर ग्रामीणों ने उपकेंद्र पर किया प्रदर्शन

प्रतापगढ़, लालगंज। माह भर से जले ट्रांसफार्मर के ठीक न होने से बुधवार को ग्रामीणों में आक्रोश पनप उठा। बडी संख्या में विद्युत उपकेन्द्र लालगंज पहुंचकर ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन किया। उमरपुर भटनी गांव में लगा दस केवीए का ट्रांसफार्मर पचीस दिन पूर्व अचानक जल गया। जिससे गांव में दर्जन भर से अधिक परिवार के लोग अंधेरे में रहने को मजबूर हो गये। बार बार शिकायत के बावजूद विभाग द्वारा ट्रांसफार्मर नही बदला गया। गांव के रामू सरोज, राजेश, सुरेश, कमलेश, लालजी, श्रीनाथ, कटरहिन, रामकिशोर, आशीष, जितेन्द्र, फूलचंद्र, कमलेश मौर्य, राकेश मौर्य आदि ग्रामीणों का कहना है कि ट्रांसफार्मर पर अधिक लोड होने के कारण वह बार बार जल जाता है। जिसकी शिकायत करने के बावजूद विभाग ट्रांसफार्मर की क्षमता नहीं बढ़ा रहा है। आक्रोशित ग्रामीण बुधवार की दोपहर विद्युत उपकेन्द्र लालगंज पहुंचे और एसडीओ कार्यालय के सामने विरोध प्रदर्शन करनेे लगे। एसडीओ ने समझा बुझाकर किसी तरह उन्हें शान्त कराया। ग्रामीणों ने शीघ्र ट्रांसफार्मर न बदले जाने पर सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन तेज करने की चेतावनी दी है। एसडीओ मनोज त्रिपाठी का कहना है कि एक दो दिन में ट्रांसफार्मर ठीक कराकर विद्युत व्यवस्था सुचारू करा दी जाएगी।

गैंगेस्टर पकड़ों अभियान में दो को भेजा जेल, कई जिले से हुए बाहर

प्रतापगढ़। लीलापुर पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर गैंगेस्टर के दो आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। दरोगा इद्रीश खान बुधवार की सुबह गश्त पर निकले थे। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर रानीगंज अजगरा से संजय कोरी पुत्र सुरेश कोरी व सोनू पाल पुत्र सूपाल निवासी पुतईपुर सरबाजपुर को गिरफ्तार किया। दरोगा ने बताया कि गिरफ्तार किये गये दोनों गैंगेस्टर समेत कई मुकदमों में आरोपी हैं। हत्या के एक मुकदमें में भी दोनों की पुलिस तलाश कर रही थी। गिरफ्तार किये गये दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया है। एसपी के निर्देश पर जिले भर के गैंगस्टरों पर शामत आयी है। उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेजा जा रहा है। इस अभियान में दर्जनभर जेल भेजे जा चुके हैं। अभियान की भनक पाकर कई जिले से बाहर जा चुके हैं।

झमाझम बारिश से किसानों के चेहरे खिले, कई जगह हुआ जलभराव

प्रतापगढ़। बुधवार की भोर से ही लगभग चार घण्टे झमाझम बारिश से किसानों के चेहरे खिल उठे। हालांकि बारिश से सार्वजनिक स्थलों पर जलभराव को लेकर लोग परेशान रहे। लालगंज तहसील परिसर में बारिश का पानी मुख्य गेट से लेकर एसडीएम कार्यालय तक भर गया। इससे वादकारियों तथा तहसील आने वाले फरियादियों को कठिनाईयों का सामना करना पड़ा। अस्पताल परिसर में भी बारिश का पानी जमा होने से रोगियों व तीमारदारों को परेशानी हुई। शहर के कई कार्यालय परिसर व सड़कों पर घंटों वारिस के पानी जमा रहा।  बरसात होने से किसानी को जरूर फायदा मिला है। खेतों में लबालब पानी देख धान की रोपाई को लेकर किसानों के चेहरे पर खुशी देखी गयी।

सांसद प्रमोद तिवारी ने सड़क चौड़ीकरण के नाम पर हो रहे तोड़फोड़ का उठाया मुद्दा

प्रतापगढ़। राज्यसभा में विपक्ष के उपनेता प्रमोद तिवारी ने बुधवार को केन्द्रीय भूतल एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी से पार्टी के सांसदों के साथ मुलाकात की। उन्होनें जिले की लालगंज तथा रानीगंज कैथौला बाजार में नेशनल हाइवे के चिन्हीकरण के नाम पर प्राधिकरण द्वारा तोडफोड़ को लेकर शिकायत दर्ज करायी। बताया कि लालगंज एवं रानीगंज कैथौला जिले की पुरानी बाजारें हैं। इन बाजारों में एनएच प्राधिकरण द्वारा तोडफोड की कार्रवाई शुरू करने से व्यापारिक एवं कृषि क्षेत्र को भारी नुकसान पहुंचेगा। केन्द्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि दोनों बाजारों में बिना किसी अगले आदेश के कोई तोडफोड़ न की जाय। प्रमोद तिवारी ने स्वास्थ्य सेवाओं पर जीएसटी कर को लेकर सरकार की आलोचना की है। उन्होनें कहा कि सरकार कफन तक में टैक्स ले रही है। यह जनता के साथ खुली लूट है। उन्होंने विदेशी शाखाओं के द्वारा देश के आईटी उद्योग को दी जाने वाली सेवाओं पर बत्तीस हजार चार सौ तीन करोड़ रूपये की जीएसटी नोटिस, बाजार में स्थिरता व निवेशकों के विश्वास की सुरक्षा पर चिंता जाहिर की है। उन्होने कहा कि करोड़ो की यह नोटिस आईटी सेवाओं को कमजोर करने वाला अविवेकपूर्ण कदम है। सरकार को देश के सामने करोड़ों के इस प्रकार के टैक्स चोरी को लेकर नीति और नियत स्पष्ट करनी होगी। विपक्ष के उपनेता प्रमोद तिवारी का बयान मीडिया प्रभारी ज्ञानप्रकाश शुक्ल के हवाले से निर्गत किया गया है।

ई-लाटरी के जरिए कृषि यन्त्रों हेतु आनलाइन बुकिंग के लाभार्थियों का होगा चयन-डिप्टी डायरेक्टर कृषि

प्रतापगढ़। उप कृषि निदेशक विनोद कुमार यादव ने जानकारी दी है कि मौजूद वित्तीय वर्ष में कृषि विभाग की संचालित इन-सीटू योजना के तहत किसान लाभार्थियों का चयन होगा। योजना में सुपर सीडर एवं कस्टम हायरिंग सेन्टर ग्रामीण उद्यमी को शामिल किया गया है।  02 से 16 जुलाई के बीच जिन किसानों ने कृषि विभाग के पोर्टल पर आनलाइन बुकिंग किया था उन्हें ही योजना का लाभ मिलेगा। योजना के लाभार्थियों का चयन  09 अगस्त को कटरा रोड़ स्थित कृषि भवन सभागार में डीएम की अध्यक्षता में गठित समिति की उपस्थिति में ई-लाटरी के जरिए  किया जायेगा। डिप्टी डायरेक्टर ने कृषि यंत्रों की आनलाइन बुकिंग करने वाले किसानों से अपील किया है कि ई-लाटरी हेतु निर्धारित तिथि, स्थान व समय पर उपस्थित रहकर ई-लाटरी के माध्यम से लाभार्थियों के चयन में सहभागिता करें।

डीएम ने हर घर तिरंगा अभियान एवं काकोरी ट्रेन ऐक्शन शताब्दी महोत्सव के सफल आयोजन हेतु की बैठक

13 से 15 अगस्त तक फहराएं  झण्डा-जिलाधिकारी

प्रतापगढ़। जिलाधिकारी संजीव रंजन की अध्यक्षता में कैम्प सभागार में अधिकारियों के साथ बैठक हुई। जिले में 09 से 15 अगस्त तक काकोरी ट्रेन ऐक्शन शताब्दी महोत्सव एवं 13 से 15 अगस्त तक हर घर तिरंगा अभियान की तैयारियों के सम्बन्ध में निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि पंचायती राज विभाग एवं नगर विकास से जुड़े शहीद स्मारकों, शहीद स्थलों की साफ-सफाई का विशेष अभियान चलाया जाये।  जिलाधिकारी ने बताया कि 09 अगस्त 2024 से काकोरी ट्रेन एक्शन की 100वीं वर्षगांठ का शुभारम्भ हो रहा है। क्रान्तकारियों के सम्मान में इसे जिले में विभिन्न गतिविधियों के साथ 09 अगस्त 2024 से 09 अगस्त 2025 तक मनाया जायेगा जिसमें विभिन्न तिथियों में कार्यक्रम आयोजित किये जायेगें। उन्होने निर्देश दिया कि जनपद में काकोरी ट्रेन एक्शन पर प्रसिद्ध इतिहासकारों, विशेषज्ञों द्वारा विद्यालयों, महाविद्यालयों में वाद विवाद प्रतियोगिता, चित्रकला एवं क्रान्तकारियों पर आधारित नाटक, सांस्कृतिक कार्यक्रम, काकोरी के शहीदो के याद में वृक्षारोपण आदि कार्यक्रम को सम्पन्न कराया जाए। हर घर तिरंगा अभियान के सफल आयोजन हेतु विकास खण्डवार नोडल अधिकारियों को नामित किया गया है। उन्होने कहा कि 13 से 15 अगस्त तक सभी सरकारी कार्यालयों, वाणिज्यिक प्रतिष्ठानों, औद्योगिक प्रतिष्ठानों, शैक्षणिक प्रतिष्ठानों, आंगनबाड़ी केन्द्रों, अस्पतालों, अन्य सार्वजनिक स्थानों तथा आमजनमानस अपने अपने घरों पर झण्डा फहरायें। प्रत्येक नागरिक अपने आवास, स्कूल तथा सरकारी कार्यालयों में झण्डा सम्मान के साथ झण्डा संहिता का अनुपालन करते हुये फहराया जाये। झण्डा फहराते समय सदैव केसरिया रंग की पट्टी झण्डे के ऊपर की तरफ होनी चाहिये। झण्डा उतारने के बाद किसी के द्वारा इसे फेंका नही जायेगा। उसे सम्मान के साथ फोल्ड करके रखा जाये। आधा झुका, फटा या कटा झण्डा नहीं लगाया जाएगा। सभी सरकारी कार्यालयों, शिक्षण संस्थान में खादी से निर्मित ध्वज का ही झण्डा फहराया जाये। इसके लिए जिला विद्यालय निरीक्षक एवं जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को विधिवत निर्देश दिया। चित्रकला प्रतियोगिता, सुलेख प्रतियोगिता, प्रभात फेरी, बैण्ड बाजे के साथ राष्ट्रधुन का वादन आदि के आयोजन किये जाये। जिलाधिकारी ने कहा कि सेल्फी, रील्स, वीडियो, झण्डे के साथ फोटो अथव देशभक्ति, झण्डा गीत के साथ वीडियो अभियान से जुड़ी वेबसाइट पर आम जनमानस अपलोड करें। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी नवनीत सेहारा, अपर जिलाधिकारी  त्रिभुवन विश्वकर्मा, जिला विकास अधिकारी कृष्ण कुमार, सहित खण्ड विकास अधिकारी, अधिशासी अधिकारी नगर पंचायत व अन्य सम्बन्धित अधिकारी उपस्थित रहे।

डीफओ एवं अधिशासी अभियन्ता सिंचाई से मांग स्पष्टीकरण 

प्रतापगढ़। डीएम संजीव रंजन की अध्यक्षता में कैम्प कार्यालय सभागार में राजस्व प्रशासन एवं कर-करेत्तर राजस्व संग्रह की समीक्षा की गयी। डीएम ने विद्युत देय, खनन, आबकारी, परिवहन विभाग, स्टाम्प एवं रजिस्ट्रेशन, मण्डी, वाणिज्य कर सहित अन्य विभागों के राजस्व वसूली की अधिकारियों से क्रमवार जानकारी ली। स्टाम्प एवं रजिस्ट्रेशन के कार्याे में लापरवाही व समय से बैठक न कराने पर एआईजी स्टाम्प एवं सब रजिस्ट्रार के वेतन आहरण रोक लगा दी। बैठक में  डीफओ एवं अधिशासी अभियन्ता सिंचाई अनुपस्थित रहे। दोनों अधिकारियों से स्पष्टीकरण का निर्देश दिया। खनन निरीक्षक से भी स्पष्टीकरण मंगा गया। उपजिलाधिकारियों, तहसीलदों को निर्देश दिया कि लम्बित वादों का निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर किया जाये। रियल टाइम खतौनी, घरौनी, आईजीआरएस, आडिट आपत्ति, दैवीय आपदा सहित अन्य कार्याे की समीक्षा कर आवश्यक दिशा निर्देश दिये। उन्होने कहा कि दैवीय आपदा से होने वाली घटनाओं पर त्वरित कार्यवाही सुनिश्चित की जाये।  जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों से कहा कि शासन द्वारा जो भी लक्ष्य निर्धारित किये जाये उसकी शत् प्रतिशत पूर्ति सुनिश्चित की जाये। राजस्व अधिकारियों के साथ समन्वय बनाकर जारी आरसी के वसूली निर्देश दिये। बैठक में एडीएम त्रिभुवन विश्वकर्मा सहित समस्त सम्बन्धित जिला स्तरीय अधिकारी, समस्त उपजिलाधिकारी, तहसीलदार उपस्थित रहे।

पांच बम के साथ आरोपी गिरफ्तार, गया जेल

प्रतापगढ़। लालगंज कोतवाली पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर पांच देशी बम के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। लालगंज कोतवाली के दरोगा राजेन्द्रराम ने बुधवार सुबह मुखबिर की सूचना पर मदनगढ़ बेलहा निवासी मो0 अरमान पुत्र मो0 जबरिल उर्फ जब्बार को मुड़ियन का पुरवा के पास से पांच देशी बम के साथ गिरफ्तार किया। कोतवाल नीरज यादव ने बताया कि आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेज दिया गया।