Shahar Samta News
लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष पंकज चौधरी समेत कई प्रमुख नेताओं ने शुक्रवार को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के जन्मदिन पर हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।
सीएम योगी ने दी शुभकामनाएं-मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ”प्रखर वक्ता एवं जनप्रिय राजनेता, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह को जन्मदिन की हार्दिक बधाई।” उन्होंने कहा, ”आपका सरल व्यक्तित्व, विनम्र व्यवहार और राष्ट्रहित के प्रति अटूट समर्पण करोड़ों देशवासियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है।” योगी आदित्यनाथ ने पोस्ट में कहा, ”प्रभु श्री राम से आपके उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु एवं यशस्वी जीवन की कामना है।”
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने भी दी बधाई-भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उत्तर प्रदेश इकाई के अध्यक्ष पंकज चौधरी ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किए अपने बधाई संदेश में कहा, ”रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह को जन्मदिवस की हार्दिक बधाई एवं अनंत शुभकामनाएं।”
उन्होंने कहा, ”आपका दृढ़ नेतृत्व, राष्ट्रहित के प्रति अटूट समर्पण और रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को साकार करने की दूरदर्शी सोच देश को नयी शक्ति और गौरव प्रदान कर रहा है। प्रभु श्रीराम से प्रार्थना है कि आपको उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु, सुखमय जीवन एवं निरंतर राष्ट्रसेवा की ऊर्जा प्रदान करें।”
उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य का संदेश-उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ”उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, आपको जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं!” उन्होंने कहा, ”मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्रीराम आपको उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु प्रदान करें, यही प्रार्थना है।”
ब्रजेश पाठक ने भी दी शुभकामनाएं-उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने अपने ‘एक्स’ अकाउंट पर एक पोस्ट में कहा, ”लोकप्रिय नेता, प्रखर वक्ता, हम सभी के संरक्षक रक्षा मंत्री एवं भगवान लक्ष्मण जी की पावन धरा लखनऊ से सांसद राजनाथ सिंह को जन्मदिन की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं।” उन्होंने कहा, ”हम ईश्वर से आपके उत्तम स्वास्थ्य एवं सुदीर्घ जीवन की मंगल कामना करते हैं।”
राजनाथ सिंह का राजनीतिक सफर-उत्तर प्रदेश के रहने वाले सिंह ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की छात्र शाखा अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के सदस्य के रूप में राजनीति की शुरुआत की थी और फिर भाजपा की युवा शाखा में शामिल हो गए। सिंह की छवि एक गैर-विवादास्पद नेता की है। चाहे सहयोगी दल हों या विपक्षी, पेचीदा मुद्दों पर आम सहमति बनाने के लिए वह अक्सर पार्टी की पसंद रहे हैं। वह वर्तमान में लोकसभा में लखनऊ संसदीय सीट का प्रतिनिधित्व करते हैं।





















