फुटपाथ पर रहने वाले निराश्रितों के लिए मदद फाउंडेशन ने आयोजित किया निशुल्क स्वास्थ्य जांच एवं दवा वितरण शिविर

0
60

Shahar Samta News

प्रयागराज। जरूरतमंद एवं निराश्रित लोगों की सेवा के लिए निरंतर कार्यरत मदद फाउंडेशन द्वारा शुक्रवार को फुटपाथ पर रहकर अपना जीवन-यापन करने वाले निराश्रितों के लिए निशुल्क स्वास्थ्य जांच एवं दवा वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। शिविर में चिकित्सक डॉ. आदर्श पाठक ने मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें आवश्यक परामर्श दिया तथा निशुल्क दवाएं उपलब्ध कराईं।

मदद फाउंडेशन पिछले कई वर्षों से शहर के फुटपाथों पर रहने वाले असहाय एवं निराश्रित लोगों तक निशुल्क भोजन, स्वच्छ पेयजल, दवाइयां, जूते-चप्पल तथा अन्य आवश्यक सामग्री पहुंचाने का कार्य कर रहा है। संस्था की टीम भोजन वितरण के दौरान ऐसे लोगों की पहचान करती है, जो किसी बीमारी या स्वास्थ्य संबंधी समस्या से जूझ रहे होते हैं। इसके बाद प्रत्येक माह दो बार चिकित्सकों की टीम द्वारा उनका स्वास्थ्य परीक्षण कराया जाता है तथा आवश्यक उपचार एवं दवाएं निशुल्क उपलब्ध कराई जाती हैं।

इस अवसर पर मदद फाउंडेशन के संस्थापक मंगला प्रसाद तिवारी ने कहा कि संस्था का उद्देश्य समाज के सबसे वंचित और असहाय लोगों तक मूलभूत सुविधाएं पहुंचाना है। उन्होंने बताया कि फाउंडेशन को किसी प्रकार का सरकारी अनुदान प्राप्त नहीं होता। संस्था समाज के सहयोग, क्राउड फंडिंग तथा संस्थापक एवं सहयोगियों द्वारा अपनी आय का 10 प्रतिशत सेवा कार्यों में समर्पित कर इन अभियानों का संचालन करती है।

उन्होंने बताया कि मदद फाउंडेशन का प्रमुख अभियान “रविवार की रसोई” लगातार जारी है, जिसके माध्यम से प्रत्येक रविवार निराश्रितों तक निशुल्क भोजन एवं पेयजल पहुंचाया जाता है। यह सेवा अभियान अब 205 सप्ताह सफलतापूर्वक पूर्ण कर चुका है और इसके माध्यम से अब तक 30,000 से अधिक भोजन (मील) जरूरतमंदों तक पहुंचाए जा चुके हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here