Ballia News: उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में राजकीय रेलवे पुलिस ने एक युवक को आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में युवक की पत्नी और उसके कथित प्रेमी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने यह जानकारी दी। जीआरपी के अनुसार, बलिया रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या 4 से बैरिया थाना क्षेत्र के बैरिया बदुरहा टोला के मनीष यादव (27) और सुरेमनपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या 2 पश्चिमी छोर से संजू देवी (27) को शनिवार को गिरफ्तार किया।थाना प्रभारी राज कपूर सिंह ने बताया कि मऊ जिले के सराय लखंसी थाना क्षेत्र के कुसमौर गांव निवासी मनोज बांसफोर (30) का विवाह संजू देवी से हुआ था। उन्होंने कहा कि विवाह के बाद संजू देवी का मनीष यादव से प्रेम संबंध हो गया था और वह अधिकतर अपने मायके में ही रहती थी। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में संजू देवी ने मनीष यादव के साथ प्रेम संबंध होने की बात स्वीकार की। जीआरपी का आरोप है कि मनोज ने अपनी पत्नी और मनीष के फोटो तथा वीडियो देखने के बाद ट्रेन के सामने आकर आत्महत्या कर ली थी।जीआरपी ने बताया कि मनोज का शव बैरिया थाना क्षेत्र के सुरेमनपुर रेलवे स्टेशन के पास रेलवे पटरी के किनारे मिला था। इस संबंध में बैरिया थाना पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया था, जिसे बाद में विवेचना के लिए राजकीय रेलवे पुलिस, बलिया को स्थानांतरित कर दिया गया। थाना प्रभारी ने बताया कि दोनों आरोपियों को विधिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
























