Jantar Mantar : देश की राजधानी दिल्ली में संसद के मॉनसून सत्र के पहले ही दिन जबरदस्त बवाल शुरू हो गया है। ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (कॉजपा) द्वारा निकाले जा रहे ‘संसद चलो’ मार्च को रोकने के लिए जंतर-मंतर पर सुरक्षा बलों और प्रदर्शनकारियों के बीच हिंसक झड़प हो गई।
हंगामा और अराजकता बढ़ते देख मुस्तैद रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) और दिल्ली पुलिस के जवानों ने प्रदर्शनकारियों को नियंत्रित करने के लिए लाठीचार्ज कर दिया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों और जवानों के बीच तीखी कहासुनी हुई जिसके बाद जंतर-मंतर रणक्षेत्र में तब्दील हो गया।
बता दें कि नई दिल्ली जिला पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां संसद सत्र के पहले दिन सुरक्षा को लेकर पूरी तरह हाई अलर्ट पर हैं। नई दिल्ली के डीसीपी सचिन शर्मा ने सोशल मीडिया हैंडल ‘एक्स’ (ट्विटर) पर स्पष्ट किया कि कॉकरोच जनता पार्टी के इस विरोध मार्च या जुलूस के लिए दिल्ली पुलिस से न तो कोई अनुमति मांगी गई थी और न ही ऐसी कोई मंजूरी दी गई है।
नई दिल्ली के पूरे वीआईपी इलाके में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 (जो पहले धारा 144 थी) के तहत निषेधाज्ञा लागू कर दी गई है। इसका मतलब है कि जंतर-मंतर के निर्धारित दायरे के बाहर 5 या उससे अधिक लोगों के इकट्ठा होने, जुलूस निकालने या प्रदर्शन करने पर पूर्ण प्रतिबंध है। पुलिस ने चेतावनी दी है कि नियम तोड़ने वालों पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 223 के तहत मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
























