प्रयागराज : उत्तर प्रदेश में प्रयागराज जिले के सोरांव थाना क्षेत्र में सोमवार देर शाम बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से दो लोगों की मौत हो गई, जबकि छह अन्य गंभीर रूप से झुलस गए। घायलों को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जिनमें कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस सूत्रों ने मंगलवार को बताया कि घटना सोरांव क्षेत्र के रघुवंशपुर उफर् रेरुआ गांव की है।
मृतकों की पहचान रघुवंशपुर निवासी संजीत कुमार (48) तथा बैरहना सम्हई निवासी नागेश कुमार (40) के रूप में हुई है। बताया गया कि दोनों समेत अन्य लोग बकरी चराने गए थे। खराब मौसम के दौरान सभी लोग अमरूद के बाग में एक पेड़ के नीचे बारिश से बचने के लिए रुके थे। इसी बीच तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली गिर गई, जिसकी चपेट में आने से संजीत कुमार और नागेश कुमार की मौके पर ही मृत्यु हो गई। इस हादसे में सोनू, अजय कुमार, अंजय, राज कुमार, खुन्नू मिश्र समेत छह लोग गंभीर रूप से झुलस गए।
सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमाटर्म के लिए भेज दिया है। प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को नियमानुसार आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने तथा घायलों के समुचित उपचार का आश्वासन दिया है।
























