चीन के स्पेस मिशन को बड़ा झटकाः लॉन्च होते ही आसमान में फटा चीनी रॉकेट,अरबों का सैटेलाइट भी तबाह

0
2

चीन के महत्वाकांक्षी अंतरिक्ष कार्यक्रम को बड़ा झटका लगा है। सोमवार रात हेनान द्वीप स्थित वेनचांग स्पेस लॉन्च साइट से उड़ान भरने वाला Long March 7A रॉकेट महज करीब 85 सेकंड बाद आसमान में टूटकर आग के विशाल गोले में बदल गया। रॉकेट के साथ वह कम्युनिकेशन सैटेलाइट भी नष्ट हो गया, जिसे पृथ्वी की कक्षा में पहुंचाया जाना था। घटना का वीडियो सामने आने के बाद चीन के स्पेस प्रोग्राम को लेकर सवाल उठने लगे हैं। रिपोर्ट के मुताबिक Long March 7A ने सोमवार रात चीन के वेनचांग स्पेस लॉन्च साइट से उड़ान भरी थी। लॉन्च के बाद रॉकेट सामान्य तरीके से ऊपर बढ़ता दिखाई दिया, लेकिन करीब 85 सेकंड बाद अचानक उसमें जोरदार विस्फोट हो गया।

वीडियो में देखा जा सकता है कि रॉकेट कुछ ही पलों में कई हिस्सों में टूट जाता है और उसके बाद आसमान में आग का बड़ा गोला दिखाई देता है। इस हादसे के साथ पूरा मिशन विफल हो गया। यह रॉकेट Zhongxing-4B यानी ChinaSat-4B कम्युनिकेशन सैटेलाइट को अंतरिक्ष में पहुंचाने के लिए भेजा गया था। चीनी सरकारी मीडिया के अनुसार यह सैटेलाइट रेडियो, टेलीविजन और अन्य संचार सेवाओं के लिए इस्तेमाल किया जाना था। रॉकेट के नष्ट होने के साथ सैटेलाइट भी अपने निर्धारित ऑर्बिट तक नहीं पहुंच सका।

चीन ने माना- मिशन विफल
चीनी सरकारी समाचार एजेंसी शिन्हुआ ने घटना के करीब तीन घंटे बाद मिशन की विफलता की पुष्टि की। रिपोर्ट में कहा गया कि रॉकेट ने उड़ान के दौरान एक ‘असामान्यता’ का अनुभव किया। हादसे की असली वजह फिलहाल सामने नहीं आई है। चीन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और तकनीकी खराबी के कारणों का पता लगाया जा रहा है।  इस घटना को इसलिए भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है क्योंकि Long March 7A चीन के अंतरिक्ष कार्यक्रम में इस्तेमाल होने वाले प्रमुख रॉकेटों में से एक है।  इसे China Academy of Launch Vehicle Technology ने विकसित किया है, जो सरकारी कंपनी China Aerospace Science and Technology Corporation की सहायक इकाई है।  यह मिशन Long March 7A की 18वीं उड़ान थी। इससे पहले यह रॉकेट केवल एक बार विफल हुआ था। इसकी पहली उड़ान 2020 में असफल रही थी।

चीन के स्पेस मिशन के लिए क्यों बड़ा झटका?
चीन अंतरिक्ष क्षेत्र में अमेरिका के साथ लगातार प्रतिस्पर्धा कर रहा है। बीजिंग पुन: इस्तेमाल किए जा सकने वाले रॉकेट, चंद्रमा पर शोध, सैटेलाइट लॉन्च और अंतरिक्ष विज्ञान के क्षेत्र में अपनी क्षमता बढ़ाने पर तेजी से काम कर रहा है। चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने 2050 तक चीन को अंतरिक्ष विज्ञान में दुनिया के अग्रणी देशों में शामिल करने का लक्ष्य रखा है। ऐसे में एक प्रमुख रॉकेट का लॉन्च के कुछ ही समय बाद विफल होना चीन के लिए तकनीकी और रणनीतिक रूप से बड़ा झटका माना जा रहा है।

चीन की मीडिया कवरेज पर भी उठे सवाल
रिपोर्टों के अनुसार, हादसे के बाद चीन के सरकारी मीडिया में विस्फोट की खबर को काफी सीमित तरीके से दिखाया गया। हालांकि, सोशल मीडिया पर लॉन्च और विस्फोट के वीडियो सामने आए। कुछ रिपोर्टों में दावा किया गया कि चीन के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर निजी अकाउंट से पोस्ट किए गए हादसे के वीडियो को हटाया गया या उनकी पहुंच सीमित कर दी गई। हालांकि, इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि जरूरी है।  

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here