पश्चिम एशिया में बढ़ते क्षेत्रीय तनाव के बीच अमेरिका ने अपने नागरिकों को इस क्षेत्र की यात्रा करने या यहां से होकर गुजरने पर दोबारा विचार करने की सलाह दी है। अमेरिकी विदेश विभाग ने चेतावनी दी है कि हालात तेजी से बिगड़ सकते हैं और अचानक हवाई सेवाएं प्रभावित होने, हवाई क्षेत्र बंद होने तथा अमेरिकी हितों को निशाना बनाए जाने का खतरा है। अमेरिकी विदेश विभाग ने दुनिया भर के लिए जारी अपनी सावधानी संबंधी सूचना में पश्चिम एशिया में मौजूद अमेरिकी नागरिकों से विशेष सतर्कता बरतने को कहा है। उन्हें संभावित उड़ान रद्द होने, हवाई क्षेत्र बंद होने और यात्रा में दूसरी तरह की बाधाओं के लिए तैयार रहने की सलाह दी गई है।
अमेरिका ने यह भी चेतावनी दी है कि ईरान और तेहरान का समर्थन करने वाले समूह विदेशों में अमेरिकी हितों, कारोबार और संस्थानों को निशाना बना सकते हैं। ऐसे में पश्चिम एशिया में मौजूद अमेरिकी नागरिकों से स्थानीय परिस्थितियों पर लगातार नजर रखने को कहा गया है। सऊदी अरब के लिए अमेरिका ने स्तर-3 यानी यात्रा पर पुनर्विचार करने की सलाह बरकरार रखी है। अमेरिकी विदेश विभाग के अनुसार वहां ईरान की ओर से ड्रोन और मिसाइल हमलों, सशस्त्र संघर्ष, आतंकवाद तथा देश से बाहर निकलने में संभावित पाबंदियों का खतरा है। इसके अलावा सऊदी अरब के स्थानीय कानूनों, खासकर सामाजिक माध्यमों पर गतिविधियों से जुड़े नियमों का भी अमेरिकी नागरिकों को ध्यान रखने की सलाह दी गई है।अमेरिका की यह चेतावनी ऐसे समय आई है जब सऊदी अरब ने बताया कि यमन के हूती लड़ाकों की ओर से रियाद की दिशा में दागी गई एक बैलिस्टिक मिसाइल को रास्ते में ही रोक दिया गया। सऊदी नेतृत्व वाले गठबंधन ने यह भी दावा किया कि हूतियों ने बीशा, ताइफ, फरासन और यनबू में नागरिक बुनियादी ढांचे को निशाना बनाने की कोशिश की। इन घटनाओं के बीच अमेरिका ने पश्चिम एशिया में अपने नागरिकों को अतिरिक्त सावधानी बरतने और यात्रा से जुड़े संभावित जोखिमों को ध्यान में रखने की सलाह दी है।



















