10,000 रुपये की बकाया सैलरी नहीं मिली तो Ex-Employee ने कंपनी का कर दिया 24 करोड़ का नुकसान

0
1
10,000 रुपये की बकाया सैलरी नहीं मिली तो Ex-Employee ने कंपनी का कर दिया 24 करोड़ का नुकसान

सूरत: सूरत के एक मशहूर कपड़ा बाजार में लगी भीषण आग के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। क्राइम ब्रांच ने सोमवार को एक शख्स को गिरफ्तार किया, जिसने अपने Ex-Boss से बदला लेने के लिए यह कदम उठाया। इस अग्निकांड में लगभग 24 करोड़ रुपये का भारी-भरकम सामान जलकर राख हो गया था।आरोपी की पहचान महाराष्ट्र के धुले जिले के रहने वाले विनोद साल्वे के तौर पर हुई है। वह सूरत की श्याम संगिनी टेक्सटाइल मार्केट की एक दुकान में अकाउंटेंट का काम करता था।पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में साल्वे ने आग लगाने की बात कबूल कर ली। उसने बताया कि उसने अपने पुराने मालिक को पैसे की अहमियत का सबक सिखाने के लिए श्याम संगिनी टेक्सटाइल मार्केट में आग लगाई थी। उसने यह भी बताया कि उसने एक महीने पहले ही दुकान पर अकाउंटेंट की नौकरी छोड़ दी थी, क्योंकि उसके सीनियर और दुकान का मालिक उसे परेशान करते थे।

10,000 रुपये की बकाया सैलरी नहीं मिली – साल्वे का दावा है कि उसे अपनी 10,000 रुपये की बकाया सैलरी नहीं मिली थी। नौकरी छोड़ने के बाद जब वह कई बार दुकान पर गया, तो मालिक ने कोई न कोई बहाना बनाकर पैसे देने से इनकार कर दिया।

4 मिनट का खेल और 14 घंटे की तबाही
यह घटना 9 सितंबर की अलसुबह की है। आरोपी देर रात करीब 12:50 बजे श्याम संगिनी टेक्सटाइल मार्केट में दाखिल हुआ, वारदात से एक दिन पहले ही उसने 150 रुपये का पेट्रोल बोतल में खरीदा था। उसने छठी मंजिल पर दुकानों के बाहर डिलीवरी के लिए रखे साड़ियों और ड्रेस मटीरियल के कपड़ों के पार्सल पर पेट्रोल छिड़का और आग लगा दी।  पूरी वारदात को अंजाम देने में उसे महज 4 मिनट लगे। मुंह पर नकाब बांधे आरोपी का यह घटना सीसीटीवी (CCTV) कैमरों में रिकॉर्ड हो गया।

इस आग पर काबू पाने में फायर ब्रिगेड को 14 घंटे की कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। आग इतनी भीषण थी कि छठी मंजिल की सभी दुकानें पूरी तरह खाक हो गईं, जबकि पांचवीं मंजिल की कई दुकानों को भी भारी नुकसान पहुंचा। वारदात को अंजाम देने के बाद विनोद अपनी बाइक से फरार हो गया। पुलिस की पकड़ से बचने के लिए वह अपने गृहनगर न जाकर राजस्थान और उत्तर प्रदेश के अयोध्या चला गया। रविवार रात जब वह सूरत लौटा, तो क्राइम ब्रांच को उसके डिंडोली इलाके में होने की सटीक सूचना (इन्फॉर्मर से) मिली। सूरत शहर की क्राइम ब्रांच के अधिकारी सोमवार को डिंडोली इलाके में पहुंचे, जहां ज़्यादातर प्रवासी रहते हैं। वहां उन्हें सड़क किनारे खड़े साल्वे को देखा और उसे हिरासत में ले लिया।

साल्वे ने बताया कि वह अप्रैल 2026 से श्याम संगिनी मार्केट की छठी मंजिल पर स्थित एक टेक्सटाइल ट्रेडिंग शॉप में 30,000 रुपये की मासिक सैलरी पर अकाउंटेंट के तौर पर काम कर रहा था। उसने दावा किया कि उसका सीनियर अकाउंटेंट और फर्म का मालिक उसके काम में कमियां निकालकर उसे  परेशान करते और डांटते थे। अपमानित महसूस करने के कारण, उसने एक महीने पहले नौकरी छोड़ दी और सीनियर अकाउंटेंट और मालिक से अपनी बकाया 10,000 रुपये की सैलरी मांगी। लगातार फोन कॉल और फर्म में जाकर मिलने पर, उसे अगले दिन या किसी और तारीख को आने के लिए कहा जाता था। 

पुलिस के अनुसार, साल्वे अपने पुराने मालिक को “सबक सिखाना” चाहता था और इसलिए उसने “नुकसान पहुंचाने के इरादे से” रात में डिलीवरी के लिए दुकानों के बाहर रखे पार्सल में आग लगाने की योजना बनाई। फिलहाल सूरत क्राइम ब्रांच के अधिकारियों ने आगे की जांच के लिए आरोपी को सरोली पुलिस स्टेशन को सौंप दिया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here