केपी यादव ने सिंधिया की सीट से चुनाव लड़ने की जताई इच्छा, बोले- गुना-शिवपुरी मेरा कर्मक्षेत्र

0
5
केपी यादव ने सिंधिया की सीट से चुनाव लड़ने की जताई इच्छा, बोले- गुना-शिवपुरी मेरा कर्मक्षेत्र

शिवपुरी: इन दिनों शिवपुरी में राजनीतिक सरगर्मियां सिर चढ़कर बोल रही है। लगातार इन चर्चाओं का केंद्र बिंदु केंद्रीय मंत्री सिंधिया बने हुए हैं फिर चाहे गुना क्षेत्र में उनसे सड़कों पर पूछा गया सवाल हो या कुशवाहा समाज की बैठक में कुर्सियां फेंकने की चर्चा हो, चर्चाओं का बाजार लगातार गर्म हो रहा है। इसी कड़ी में एक बार फिर सिंधिया को लेकर चर्चाएं तेज हो रही है। दरअसल इस बार यह मामला क्षेत्र के पूर्व सांसद डॉक्टर के पी यादव के शिवपुरी आने पर उठा है। केपी यादव के शिवपुरी पहुंचने पर कुछ पत्रकारों ने उनसे चुनाव को लेकर सवाल कर डाला तो उन्होंने भी हंसते हुए ऐसा जवाब दिया जिससे राजनीतिक सरगर्मियां एकाएक तेज हो गई है।

डॉ के पी यादव ने पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा कि मैं कभी न शिवपुरी को भूल सकता हूं और न भूलूंगा शिवपुरी से रिश्ता बताते हुए उन्होंने कहा कि यहां मेरे पिता की शिक्षा हुई है और मेरी भी ये कर्मभूमि रही है। साथ ही उन्होंने कहा कि बीजेपी पद नहीं देती है दायित्व देती है। अगर पार्टी कहेगी कि चुनाव लड़ो तो मैं अवश्य चुनाव लड़ूंगा।शिवपुरी में भाजपा के पूर्व सांसद केपी यादव संभागीय बैठक में शामिल होने पहुंचे थे। जिसके बाद एसपी कार्यालय में मीडिया से चर्चा की। इस दौरान मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि पार्टी उन्हें चुनाव लड़ने का निर्देश देगी तो वे चुनाव जरूर लड़ेंगे। शिवपुरी पहुंचे केपी यादव ने आगामी चुनाव को लेकर कहा कि भाजपा में पद नहीं दायित्व महत्वपूर्ण होता है। पार्टी उन्हें जो भी जिम्मेदारी देगी वो पूरी निष्ठा के साथ निभाएंगे।उन्होंने आगे कहा कि मुझे भाजपा ने यहां से टिकट दिया और मैं सांसद का चुनाव लड़ा भी और जीता भी। यहां के सभी लोगों का भरपूर सहयोग मिला। सांसद के रूप में मेरे से जो बेहतर हो सकता था, अपनी लोकसभा और अपनी शिवपुरी के लिए मैंने किया। उसके बाद पार्टी ने मुझे सिविल सप्लाई कॉर्पोरेशन का चेयरमेन बनाया तो अब मैं ये दायित्व निभा रहा हूं। बीच में पार्टी ने मुझे संगठन के काम से बिहार, तेलंगाना आदि राज्यों में भेजा तो वो भी मैंने वहां अपना दायित्व निभाया। भाजपा में तो दायित्व महत्वपूर्ण होता है। आगे भी पार्टी जो जिम्मेदारी देगी मैं निभाऊंगा।

वहीं जब उनके पूछा गया कि अगर आपको शिवपुरी की जिम्मेदारी मिली तो…इसका जवाब देते हुए केपी यादव ने कहा बिल्कुल शिवपुरी की जिम्मेदारी मैं अच्छे से निभाउंगा। मैं दिल से तैयार हूं।

उन्होंने कहा कि बीजेपी एक ऐसी पार्टी है जिसमें कभी भी किसी को भी कोई भी मौका मिल सकता है। ऐसे में पार्टी जो कोई भी दायित्व देगी वो निभाऊंगा। केपी यादव ने आगे कहा कि गुना-शिवपुरी मेरा कर्मक्षेत्र है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here