लखनऊ : उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 के मद्देनजर कांग्रेस पार्टी ने राज्य संगठन में बड़ा फेरबदल किया है। कांग्रेस ने आराधना मिश्रा ‘मोना’ को उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी का नया अध्यक्ष नियुक्त किया है। इसके साथ ही सहारनपुर से वरिष्ठ नेता इमरान मसूद को राज्य का नया कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया है। पार्टी के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल द्वारा जारी पत्र के अनुसार, ये सभी नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई हैं। इससे पहले अजय राय 17 अगस्त 2023 से यूपी कांग्रेस अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी संभाल रहे थे।
आलोक प्रसाद और देवेंद्र निषाद को वरिष्ठ उपाध्यक्ष की कमान
संगठनात्मक फेरबदल के तहत पार्टी ने आलोक प्रसाद और देवेंद्र निषाद को वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपी है। इसके अलावा, उत्तर प्रदेश में कांग्रेस विधायक दल के नए नेता के तौर पर चौधरी वीरेंद्र सिंह की नियुक्ति को भी मंजूरी प्रदान की गई है। इससे पहले यह जिम्मेदारी खुद आराधना मिश्रा ‘मोना’ संभाल रही थीं।
कौन हैं आराधना मिश्रा ‘मोना’?
आराधना मिश्रा ‘मोना’ वर्तमान में प्रतापगढ़ जिले की रामपुर खास विधानसभा सीट से लगातार तीन बार की विधायक हैं। वह पहली बार 2014 के उपचुनाव में विधायक चुनी गई थीं, जिसके बाद उन्होंने 2017 और 2022 के विधानसभा चुनावों में भी जीत दर्ज की। आराधना मिश्रा कांग्रेस के कद्दावर नेता और राज्यसभा सांसद प्रमोद तिवारी की बेटी हैं। रामपुर खास सीट पर तिवारी परिवार का लंबे समय से दबदबा रहा है, जहां से प्रमोद तिवारी खुद नौ बार विधायक रह चुके हैं। दो दशक से भी अधिक समय से प्रदेश की राजनीति में सक्रिय आराधना मिश्रा को कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी का काफी करीबी माना जाता है।





















