प्रयागराजः उत्तर प्रदेश में वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव की तैयारियों के मद्देनजर पुलिस विभाग में भी फेरबदल शुरू हो गया है। चुनाव आयोग के निर्देशों के अनुपालन में प्रयागराज जोन के प्रतापगढ़, फतेहपुर और कौशांबी जिलों में तैनात 60 पुलिस निरीक्षकों का तबादला कर दिया गया है। सभी निरीक्षकों को तत्काल प्रभाव से एक जिले से दूसरे जिले में स्थानांतरित किया गया है।पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर अपर पुलिस महानिदेशक (स्थापना), उत्तर प्रदेश के पत्र के क्रम में अपर पुलिस महानिदेशक प्रयागराज जोन ने 30 अक्टूबर को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए थे। इसके बाद तीनों जिलों में तैनात निरीक्षकों की सूची तैयार कर उनका स्थानांतरण किया गया। दरअसल, आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 के मद्देनजर ऐसे पुलिस निरीक्षकों को हटाने के निर्देश दिए गए हैं, जिन्होंने निर्धारित अवधि तक एक ही जिले या विधानसभा क्षेत्र में तैनाती पूरी कर ली है।आदेश में 31 मई 2027 को आधार तिथि मानते हुए उन निरीक्षकों के स्थानांतरण का प्रावधान किया गया है, जो पिछले चार वर्षों में किसी जिले में तीन वर्ष की निर्धारित तैनाती अवधि पूरी कर चुके होंगे। इसमें ऐसे निरीक्षक भी शामिल हैं, जो इस तिथि से पहले संबंधित विधानसभा या लोकसभा क्षेत्र में चुनावी ड्यूटी के दौरान तैनात रहे हैं। जारी सूची के अनुसार, प्रतापगढ़ में तैनात 21 निरीक्षकों का तबादला किया गया है।इनमें 15 को फतेहपुर और छह को कौशांबी भेजा गया है। इसी तरह फतेहपुर में तैनात 25 निरीक्षकों में से 21 को प्रतापगढ़ और चार को कौशांबी स्थानांतरित किया गया है। वहीं, कौशांबी में तैनात 14 निरीक्षकों में सात को प्रतापगढ़ और सात को फतेहपुर भेजा गया है। इस प्रकार तीनों जिलों से कुल 60 पुलिस निरीक्षकों का स्थानांतरण किया गया है।चुनाव से पहले पुलिस महकमे में इस फेरबदल को निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव कराने की तैयारियों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इसका उद्देश्य चुनाव के दौरान किसी पुलिस अधिकारी की लंबे समय तक एक ही क्षेत्र में तैनाती से उत्पन्न होने वाली संभावित प्रभाव की आशंका को दूर करना है।




















