तेजी से बढ़ रही मुस्लिम आबादी, 2035 तक दुनिया का सबसे बड़ा धर्म बन सकता है इस्लाम? प्यू रिसर्च की नई रिपोर्ट में दावा

0
7
तेजी से बढ़ रही मुस्लिम आबादी, 2035 तक दुनिया का सबसे बड़ा धर्म बन सकता है इस्लाम? प्यू रिसर्च की नई रिपोर्ट में दावा

नई दिल्ली: विश्व प्रसिद्ध शोध संस्थान प्यू रिसर्च सेंटर (Pew Research Center) द्वारा जारी विस्तृत अनुमानों के अनुसार, वर्ष 2035 तक इस्लाम के दुनिया के सबसे बड़े धर्म के रूप में ईसाई धर्म को पीछे छोड़ देने की प्रबल संभावना है। धार्मिक जनसांख्यिकी पर अध्ययन करने वाली संस्था प्यू ने बताया कि हालांकि इस्लाम और ईसाई धर्म दोनों की आबादी बढ़ रही है, लेकिन अन्य धार्मिक समूहों की तुलना में मुसलमानों की जनसंख्या वृद्धि दर कहीं अधिक तेज है।

2035 तक ईसाई धर्म को पीछे छोड़ेगा इस्लाम 
प्यू के आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2020 में दुनिया भर में 2.27 अरब ईसाई और 2.02 अरब मुसलमान थे। लेकिन नए अनुमानों के अनुसार, 2035 तक मुसलमानों की कुल आबादी बढ़कर 2.57 अरब हो जाएगी, जबकि ईसाइयों की संख्या 2.52 अरब रहने का अनुमान है। यदि मौजूदा रुझान जारी रहे, तो वर्ष 2070 तक दुनिया भर में मुसलमानों की संख्या 3.6 अरब से अधिक हो जाएगी, जबकि ईसाइयों की संख्या तीन अरब से थोड़ी कम रह जाएगी।

प्रजनन दर बना आबादी बढ़ने का सबसे बड़ा कारण-प्यू के वरिष्ठ जनसांख्यिकी विशेषज्ञ कॉनराड हैकेट के अनुसार, धर्म परिवर्तन या पहचान बदलने की तुलना में उच्च प्रजनन दर (Fertility Rate) आबादी के इस बदलाव का सबसे बड़ा कारण है। प्यू की रिपोर्ट के अनुसार 2020-2025 के दौरान प्रजनन दर मुस्लिम महिलाओं में औसतन 3.1 बच्चे प्रति महिला दर्ज की गई, जबकि ईसाई महिलाओं में यह दर 2.5 थी। अन्य सभी महिलाओं के लिए औसत दर 1.6 थी, जो पीढ़ी प्रतिस्थापन के आवश्यक 2.1 के स्तर से काफी कम है। साथ ही बच्चों का जन्म इस अवधि में मुस्लिम माताओं से लगभग 25.2 करोड़ बच्चों का जन्म हुआ, जबकि ईसाई माताओं से 20.8 करोड़ बच्चों ने जन्म लिया। इसके अलावा 2020 से 2070 के बीच दुनिया की कुल आबादी में 29% वृद्धि का अनुमान है। इस दौरान ईसाइयों की आबादी 30% बढ़ेगी, जबकि मुसलमानों की आबादी में 80% की भारी वृद्धि होगी।

अमेरिका व कनाडा में घटेगी ईसाइयों की संख्या, पाकिस्तान बनेगा नंबर-1 मुस्लिम देश-रिपोर्ट के अनुसार, आने वाले दशकों में विभिन्न देशों के धार्मिक स्वरूप में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। अमेरिका में वर्तमान में ईसाइयों की हिस्सेदारी 62% है, जो 2065 तक घटकर 50% से कम हो जाएगी और ईसाइयों की संख्या 21.7 करोड़ से घटकर 17.4 करोड़ रह जाएगी। कनाडा में 2030 तक ईसाइयों की संख्या 50% से नीचे आ जाएगी और 2070 तक किसी धर्म से न जुड़े लोगों की संख्या ईसाइयों से अधिक हो जाएगी। 2070 तक दुनिया के आधे से अधिक ईसाई उप-सहारा अफ्रीका में रह रहे होंगे। अफ्रीका का कांगो देश 27 करोड़ ईसाइयों की आबादी के साथ अमेरिका को पीछे छोड़कर दुनिया का सबसे ज्यादा ईसाई आबादी वाला देश बन जाएगा। साथ ही 2070 तक पाकिस्तान दुनिया में सबसे बड़ी मुस्लिम आबादी वाला देश बन जाएगा, जिसके बाद भारत, नाइजीरिया और इंडोनेशिया का स्थान होगा।

हिंदू, बौद्ध और यहूदी आबादी का रुझान -प्यू के अनुसार, यद्यपि हिंदुओं और यहूदियों की कुल जनसंख्या में वृद्धि होगी, लेकिन वैश्विक आबादी में उनके प्रतिशत के कम होने का अनुमान है। वहीं, चीन, जापान और दक्षिण कोरिया की कुल आबादी में आने वाली संभावित कमी के कारण बौद्ध धर्म के अनुयायियों की संख्या और वैश्विक आबादी में उनका प्रतिशत दोनों कम हो जाएंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here