बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शुक्रवार को 11 से 13 दिसंबर तक वैशाली में आयोजित होने वाले तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय बौद्ध सम्मेलन-2026 की तैयारियों की समीक्षा की। इस सम्मेलन में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी शामिल होंगे। चौधरी ने वैशाली जिला मुख्यालय हाजीपुर स्थित बुद्ध सम्यक दर्शन संग्रहालय सह स्मारक स्तूप परिसर का निरीक्षण किया और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर सम्मेलन की तैयारियों का जायजा लिया।
मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से जारी बयान के अनुसार, मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को बौद्ध देशों से आने वाले विदेशी प्रतिनिधियों और श्रद्धालुओं के लिए पर्याप्त आवास, भोजन, परिवहन और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। मुख्यमंत्री ने पर्यटन विभाग के समन्वय से विदेशी प्रतिनिधियों के लिए बोधगया, राजगीर और केसरिया सहित प्रमुख बौद्ध एवं पर्यटन स्थलों के भ्रमण का कार्यक्रम तैयार करने को भी कहा। बौद्ध देशों के प्रतिनिधियों को आमंत्रित करने और उनसे नियमित संपर्क बनाए रखने के लिए विशेष टीम का गठन किया जाएगा। उनके स्थानीय आवागमन के लिए ई-बसों की भी व्यवस्था की जाएगी।
स्थानीय लोगों की भागीदारी पर जोर देते हुए चौधरी ने ऐतिहासिक अभिषेक पुष्करणी तालाब का सौंदर्यीकरण करने तथा आसपास स्टॉल लगाकर सम्मेलन स्थल को उत्सव एवं मेले जैसा माहौल देने का निर्देश दिया। उन्होंने वैशाली में स्थायी हेलीपैड बनाने की आवश्यकता पर भी जोर दिया और अधिकारियों से बिहार के प्रमुख पर्यटन एवं धार्मिक स्थलों पर स्थायी हेलीपैड विकसित करने की योजना तैयार करने को कहा, ताकि पर्यटकों और श्रद्धालुओं को सुविधा हो।
मुख्यमंत्री ने सम्मेलन स्थल तक जाने वाली सड़कों की मरम्मत, विशेष यातायात प्रबंधन योजना तैयार करने तथा आसपास के क्षेत्रों और संपर्क मार्गों से लगे गांवों में साफ-सफाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। इस सम्मेलन का आयोजन राज्य के कला एवं संस्कृति विभाग की ओर से बिहार विरासत विकास समिति के सहयोग से किया जा रहा है। बैठक में मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, पुलिस महानिदेशक प्रीति वर्मा और कला एवं संस्कृति मंत्री प्रमोद कुमार सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

























