11वीं पास बना दिल्ली के अस्पतालों में डॉक्टर: 4 राज्यों में फैले फर्जी मेडिकल डिग्री गिरोह का  भंडाफोड़, 41 झोलाछाप आयुर्वेद डॉक्टर पकड़े गए

0
2
11वीं पास बना दिल्ली के अस्पतालों में डॉक्टर: 4 राज्यों में फैले फर्जी मेडिकल डिग्री गिरोह का  भंडाफोड़, 41 झोलाछाप आयुर्वेद डॉक्टर पकड़े गए

लखनऊ: देश की स्वास्थ्य व्यवस्था के साथ खिलवाड़ करने वाले एक बड़े फर्जीवाड़े का पर्दाफाश हुआ है। राजस्थान पुलिस के स्पेशल ऑपरेशंस ग्रुप (SOG) ने चार राज्यों में फैले एक ऐसे शातिर गिरोह को पकड़ा है, जो लाखों रुपये लेकर फर्जी मेडिकल डिग्रियां बनाता था। हैरानी की बात यह है कि ये आरोपी न केवल नकली डिग्री छापते थे, बल्कि उन्हें यूनिवर्सिटी की असली वेबसाइट पर अपलोड कर मेडिकल काउंसिल में रजिस्ट्रेशन भी करवा देते थे।

11वीं पास कर रहा था दिल्ली में डॉक्टरी-SOG की टीम ने इस मामले में रामकिशोर महावर नाम के एक शख्स को गिरफ्तार किया है। महज 11वीं कक्षा तक पढ़ा रामकिशोर फर्जी MBBS और MD की डिग्रियों के दम पर दिल्ली के अस्पतालों में डॉक्टर बनकर मरीजों का इलाज कर रहा था। गिरोह के चार मुख्य सदस्यों को अलग-अलग राज्यों से दबोचा गया है। इनमें मुंबई से गिरफ्तार सत्यजीत पाणिग्रही, लखनऊ से पकड़ा गया खुर्रम तौफीक और दस्तावेज तैयार करने वाला मनीष मांझी शामिल है।

सोशल मीडिया से चलता था पूरा खेल, 5.5 लाख में बिकती थी डिग्री-जांच में सामने आया है कि यह पूरा सिंडिकेट फेसबुक और वॉट्सऐप के जरिए ऑपरेट होता था। गिरोह एक MBBS और MD की डिग्री के लिए ग्राहकों से करीब 5.5 लाख रुपये वसूलता था। इनका काम करने का तरीका तीन हिस्सों में बंटा हुआ था:

-आरोपी सत्यजीत पाणिग्रही सोशल मीडिया के माध्यम से जरूरतमंद लोगों से संपर्क करता था, सौदा तय करता था और उनकी मांग के हिसाब से डिग्री का इंतजाम करवाता था।

– मनीष मांझी फर्जी मार्कशीट, डिग्री और डिप्लोमा तैयार करता था। वह पहले इनकी कॉपी वॉट्सऐप पर सत्यजीत को भेजता था और जरूरत पड़ने पर डीटीडीसी (DTDC) कूरियर के जरिए हार्ड कॉपी भेज दी जाती थी।

-यह इस रैकेट की सबसे अहम कड़ी थी। लखनऊ से गिरफ्तार खुर्रम तौफीक इन नकली डिग्रियों को संबंधित यूनिवर्सिटी की वेबसाइट पर ऑनलाइन अपलोड करता था, ताकि वेरिफिकेशन के दौरान डिग्री असली दिखे और मेडिकल काउंसिल में आसानी से रजिस्ट्रेशन हो जाए।

उत्तर प्रदेश में 41 फर्जी आयुर्वेद डॉक्टरों का खुलासा-दूसरी ओर, उत्तर प्रदेश में भी स्वास्थ्य विभाग की बड़ी कार्रवाई में 41 फर्जी आयुर्वेद डॉक्टरों का भंडाफोड़ हुआ है। ये सभी जाली शैक्षणिक दस्तावेजों के आधार पर प्रैक्टिस कर रहे थे। जांच में पता चला है कि इन आरोपियों ने ‘आयुर्वेदिक एवं यूनानी तिब्बी चिकित्सा बोर्ड’ में रजिस्ट्रेशन हासिल करने के लिए फर्जी BAMS (बैचलर ऑफ आयुर्वेदिक मेडिसिन एंड सर्जरी) मार्कशीट, इंटर्नशिप सर्टिफिकेट और डिग्रियों का इस्तेमाल किया था। ये नकली दस्तावेज कुरुक्षेत्र के श्री कृष्ण राजकीय आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज और रोहतक के पंडित भगवत दयाल स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय के नाम से तैयार किए गए थे। इसके अलावा, आरोपियों ने हरियाणा की इंडियन मेडिकल काउंसिल के नाम से फर्जी नो ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट (NOC) भी बनवा रखे थे। प्रशासन अब इन सभी फर्जी डॉक्टरों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई कर रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here