प्रतापगढ़ बुल्लेटिन – 3 मई 2024

0
222

डीएम ने तहसीलों के मुकदमों की समीक्षा के लिए सभी एसडीएम व उनके पेशकार को किया तलब

समय सीमा नब्बे दिन के तहत निस्तारण के सख्त निर्देश

सीआरओ द्वारा तहसीलों की ताबड़तोड़ समीक्षा, 35 हजार मामलों का कराया अमल दराम

प्रतापगढ़। मुकदमों के भार से दबे तहसीलों का बोझ कम करने के लिए डीएम संजीव रंजन ने जिले के सभी एसडीएम को उनके पेशकार समेत कैम्प कार्यालय में तलब किया। डीएम ने धारा 24 के सभी वादों की समीक्षा की। कई वर्षों से तहसीलों में मुकदमें लंबित चल रहे हैं। जिसे देखते हुए शासन के निर्देश पर डीएम ने मातहतों को मुकदमों को तय समय सीमा नब्बे दिन के तहत निस्तारण करने के निर्देश दिए थे। उनके निर्देश का कितना पालन हुआ इसके लिए डीएम ने स्वयं समीक्षा की। डीएम ने मुकदमों की श्रेणियां बनाई हैं। जिसमें तहसीलों में छः माह से नीचे व उसके ऊपर तथा पॉच वर्ष से नीचे व उसके ऊपर के मुकदमें शामिल हैं। उन्होंने बारी-बारी से सभी तहसीलों की समीक्षा करते हुए पॉचों तहसीलों के एसडीएम को समय सीमा के तहत मुकदमों के निस्तारण का निर्देश दिया।

मई, जून में करें पैमाइश-

डीएम ने कहा कि मई व जून माह में अधिक तर किसानों के खेत खाली रहते हैं। राजस्व निरीक्षक टीम के साथ मौके पर जाकर विवादित मामलों की पैमाइश करें। उन्होंने निर्देश दिया कि पैमाइश के समय राजस्व संहिता के निर्देशों का पूरा ध्यान रखा जाए। 

पत्थर नसल के आदेश को रिस्टोर किया तो होगी कार्यवाही-

डीएम ने कहा कि एसडीएम द्वारा पत्थर नसल के अपने आदेश को खारिज करने के अधिक मामले देखे जा रहे हैं। एसडीएम द्वारा यह कार्यवाही उचित नहीं है। डीएम ने सभी एसडीएम को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि अब ऐसा हुआ तो कड़ी कार्यवाही की जाएगी। राजस्व संहिता के अनुसार विधि संवत कार्यवाही करने का निर्देश दिया। 

सीआरओ की समीक्षा के बाद 35 हजार मामलों का हुआ अमल दरामद-

तहसीलों में मुकदमों के लंबित होने पर मुख्य राजस्व अधिकारी राकेश कुमार गुप्ता ने भी कड़ा रूख अपनाया है। उन्होंने जिले की सभी पॉचों तहसीलों में लंबित मुकदमों की कई दिनों तक समीक्षा की। निस्तारण में देरी पर जवाब तलब किया। उन्होंने बड़ी संख्या में धारा 24 के आदेश का पालन, वरासत, पाका, खतौनी में नाम न दर्ज होना आदि मामलों में संबंधित के लापरवाही पर नाराजगी व्यक्त की। सीआरओ ने लापरवाही पर चेतावनी देते हुए समय सीमा निर्धारित की। उनके सख्ती पर जिले की तहसीलों में 35 हजार मामलों का अमल दरामद सुनिश्चित हो सका। 

प्रति दिन हो रही आन लाइन समीक्षा-

मुख्य राजस्व अधिकारी राकेश गुप्ता ने बताया कि डीएम के निर्देश पर खातेदारों के मृत्यु पर नाम परिवर्तन के आवेदनों पर प्रतिदिन समीक्षा कर रहा हॅेू। इसके लिए लेखपालों को सात दिन व राजस्व निरीक्षकों को इस मामले में 15 दिन का समय सीमा निर्धारित किया गया है। उन्होंने बताया कि समय सीमा बीतने के बाद डिफाल्टर की श्रेणी में रखा जाएगा। सीआरओ ने बताया कि डीएम द्वारा निर्देश दिया गया है कि यदि किसी खातेदार की मौत हो जाती है तो उसके वारिस के नाम जमीन हस्तान्तरण करेंगे। तेरहवीं संस्कार के दिन जाकर संवेदना व्यक्त करते हुए संबंधित लेखपाल मृतक के वारिस को नामांतरण का कागजात सौंपेगे। इस कार्य में लापरवाही पर सीआरओ ने कई लेखपालों को कर्रा किया है। 

कंट्रोल रूम में त्वरित हो रहा शिकायतों का निस्तारण

लाउडस्पीकर के साथ गाड़ियों के परमीशन व जनसभा के सबसे अधिक आवेदन-एसपी सिंह

प्रतापगढ़ लोकसभा चुनाव के लिए सदर ब्लाक के प्रधान कम्युनिटी हाल को कंट्रोल रूम बनाया गया है। शुरूआती दिनों में अधिक शिकायतें आयीं। जिसमें सरकार के विज्ञापनांे व मंत्रियों के फोटो को पूरी तरह से नहीं हटाया गया था। अब इस प्रकार की शिकायतें नहीं आ रही हैं। एमसीएमसी प्रभारी व अपर संख्यिकीय अधिकारी एसपी सिंह ने बताया कि प्राप्त शिकायतों व आवेदनों का प्रति दिन निस्तारण तेजी से किया जा रहा है। श्री सिंह ने बताया कि कुल 12 तरह के परमीशन जारी किए जा रहे हैं। जिसमें इस समय लाउडस्पीकर लगी प्रचार वाहनों व जनसभाओं के अनुमति के अधिक आवेदन आ रहे हैं। उन्होंने बताया कि एक मई तक कुल 283 शिकायतें प्राप्त हुई थीं। जिसमें से 278 का निस्तारण किया गया है। आफिस खोलने के लिए विभिन्न पार्टियों से 81 लोगों ने आवेदन किया है जिसमें से 63 लोगों को परमीशन दिया गया है। वीडिया वैन के लिए दो आवेदन आए जिन्हें स्वीकृत किया गया है। लाउडस्पीकर के साथ 26 मीटिंगों के लिए आवेदन आए जिसमें से 20 को स्वीकृति प्रदान की गई है। नुक्कड़ के लिए छः आवेदन आए जिसमें केवल एक की स्वीकृति दी गई है। रैली के लिए छः आवेदनों में से पॉच को परमीशन दिया गया है। वाहन परमिट के लिए कुल 21 आवेदन आए और 17 को स्वीकृत किया गया है। एसपी सिंह ने बताया कि जो आवेदन निरस्त हुए हैं उनके डाक्यूमेंट में कुछ न कुछ कमी थी। उन्होंने बताया कि कोई भी व्यक्ति 1950 नम्बर पर कंट्रोल रूम में शिकायत दर्ज करा सकता है। मजे कि बात है कि जब इस नम्बर पर फोन किया गया तो आउट आफ रीच बता रहा था। 

प्रधानमंत्री किसान सिंचाई योजना के तहत मैदानी इलाकों में प्रतापगढ़ पहले पायदान पर

प्रतापगढ़। प्रधानमंत्री किसान सिंचाई योजना के तहत लक्ष्य पूर्ति में प्रतापगढ़ प्रदेश में दसवें स्थान पर है। झांसी जिला इस योजना में पहले नम्बर है। जबकि मैदानी इलाकों में प्रतापगढ़ पहले पायदन पर है। डीएचओ सुनील कुमार शर्मा ने बताया कि जिले में इस योजना के तहत 1452 किसानों का एक वर्ष में पंजीकरण हुआ है। सरकार ने योजना का सीधा लाभ पहुंचा रहे डीलरों को हटा कर पिछले वर्ष से गुजरात ग्रीन रेव्युलेशन कम्पनी को दिया है। कम्पनी द्वारा कम लागत पर किसानों को समय से सुविधा पहुंचाया जा रहा है। अभी तक डीलरों की वजह से पीएमकेएसवाई योजना के तहत सरकार को पर काफी व्यय भार वहन करना पड़ता था। अब कम्पनी द्वारा सीधे सुविधा देने से व्यय मे ंकमी के साथ बेहतर सुविधा किसानों को मिलनी शुरू हो गई है। ़

आम के किसान सीधे करेंगे एक्सपोर्ट, बिचौलियों की खत्म होगी कमाई 

प्रतापगढ़, कुण्डा। जिले का कुण्डा व मानिकपुर इलाका आम की खेती के मसहूर है। इन इलाकों में बड़े पैमाने पर चौसा, दशहरी आम की खेती होती है। बड़े-बड़े व्यापारी किसानों के बागों को औने पौने दामों में खरीद लेते थे। जिससे उन्हें उनक उपज का सभी मूल्य नहीं मिल पाता था। किसानों से    ज्यादा पैसा बिचौलिए कमा लेते थे। इसके लिए किसानों ने वर्षों पहले नेताओं से विचौलियों से बचने के लिए गुहार लगाई थी। सरकार ने आम के किसानों को सीधे लाभ पहुंचाने के लिए आम के निर्यातकों की लिस्ट जारी की थी। अब कुण्डा और मानिकपुर के किसान सीधे आम के निर्यातकों से सम्पर्क में हैं। बिचौलियों के जाने पर घांस नहीं डाल रहे हैं। कुण्डा और मानिकपुर के किसानों के पास देश भर के तैतीस आम के निर्यातकों की लिस्ट है। जिनके पास नहीं है वह जिला उद्यान कार्यालय में सम्पर्क कर निर्यातकों के मोबाइल नम्बर व पता हासिल कर रहे हैं। कुल मिलाकर आम के किसान इस समय बड़े मुनाफे की आस में निर्यातकों के संपर्क में हैं। इसके पहले आम में बौर के बाद पूरी बाग को बिचौलिए खरीद लेते थे। किसानों को किस्त में रूपए का भुगतान करते थे। कुछ तो किसानों को पूरा पैसा दिए बिना भाग निकलते थे। निर्यातकों का साथ मिलने स ेअब किसानों के साथ ऐसा नहीं होने वाला है।

पूर्व उद्यान अधिकारी सीमा सिंह राणा के समय में संचालित योजनाओं की होगी जॉच

प्रतापगढ़। एक वर्ष पूर्व जिले मंे उद्यान अधिकारी रहीं सीमा सिंह राणा के समय में संचालित बड़ी योजनाओं की जॉच होगी। शहर के पल्टन बाजार निवासी शिकायतकर्ता ने राणा पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए शासन में शिकायत की है। शासन के उच्चाधिकारी का फरमान आने पर सीमा सिंह राणा के समय समेत चार वर्षों के दौरान संचालित योजनाओं का लेखा जोखा विभाग तैयार कर रहा है। जिसमें प्रधानमंत्री किसान सिंचाई योजना, एकीकृत वागवानी मिशन योजना, राज्य औद्यानिक मिशन योजना, सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना की जॉच हो सकती है। सीमा सिंह राणा के दौर में उद्यान विभाग काफी सुर्खियों में रहा है। आफिस जंग का मैदान बन गया था। उद्यान अधिकारी व उनके बाबू नौशाद के बीच लड़ाई किसी से छिपी नहीं रही। एक दूसरे पर कई आरोप प्रत्यारोप लगे थे। इसी दौरान एक दूसरे की कलई खोली गई थी। डीएम ने जॉच टीम गठित कर जॉच कराई थी। जॉच टीम भी मालामाल हुई थी। मामले को रफा दफा करने के लिए सहमति बनी थी। बाद में दोनों को जिले से बाहर कर दिया गया। 

मजदूर दिवस पर दवा प्रतिनिधियों ने लेबर कोड्स पर जताया विरोध, सौंपा ज्ञापन

प्रतापगढ़। मजदूर दिवस के अवसर पर दवा प्रतिनिधियों ने सरकार द्वारा बनाये गए लेबर कोड का विरोध किया है। उत्तर प्रदेश उत्तराखंड मेडिकल एवं सेल्स रिप्रेजेंटेटिव एसोसिएशन प्रतापगढ़ इकाई के बैनर तले नगर के एक होटल में बैठक हुई। सरकार द्वारा सेल्स प्रमोशन एम्प्लाई एक्ट 1976 के तहत आने वाले 44 कानून को समाप्त करके चार श्रम संहिता कोड निर्धारित किये गए हैं। संहिता कोड पर विस्तृत चर्चा हुई। विरोध है कि यह कोड पूर्ण रूप से नियोक्ताओं के पक्ष में स्थापित है। इन चार श्रम संहिताओं के तहत निर्धारित अवधि की नौकरी, ठेकेदारी प्रथा, अधिकतम काम, न्यूनतम सैलरी कोड शामिल है। इकाई के प्रतिनिधियों द्वारा श्रम विभाग के अधिकारी को 22 सूत्रीय ज्ञापन सौंपा गया। जिसमें सरकारी अस्पतालों में काम करने की अनुमति के साथ प्रतिदिन आठ घंटे काम निर्धारित करना है। किसी भी नियोक्ता द्वारा अपने कर्मचारियों की लोकेशन ट्रैक करने के लिए दिए गए विभिन्न डिटेलिंग गैजेट्स जिससे चिकित्सकों की लोकेशन भी ट्रैक हो सके। ऐसे गैजेट्स देकर काम करने वाली कंपनियों के खिलाफ एक्शन लेने के लिए मांग की गई। कंपनियों द्वारा दिए गए गैजेट्स न केवल अपने कर्मचारियों की लोकेशन ट्रैक करते हैं बल्कि एक संभ्रांत चिकित्सक की लोकेशन भी जाहिर होती है। इन गैजेट्स में वाइस रेकॉर्डिंग भी है। जो गोपनीयता के अधिकार का खुला हनन है। मांग है कि ऐसी कंपनियों के विरुद्ध सरकार को तत्काल कार्रवाई करनी चाहिए। प्रतिनिधियों ने कहा कि संपूर्ण चिकित्सक समाज को इस प्रकार की कंपनियों के विरुद्ध आवाज उठानी चाहिए। कार्यक्रम की अध्यक्षता यूनिट के अध्यक्ष विकल पांडेय ने की। इस मौके पर रीजनल कन्वीनर आशुतोष त्रिपाठी, राकेश शर्मा, वीरपाल सिंह, विजयकांत मिश्रा, अतुल शुक्ला, आशुतोष त्रिपाठी, शिवेश सिंह, मोहम्मद रफीक, पंकज श्रीवास्तव, अभिषेक सिंह, धीरेंद्र मिश्रा समेत अन्य प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

अधिवक्ताओं की कल्याणकारी योजनाओं पर हुआ मंथन, प्रस्ताव पर बनी आम सहमति

प्रतापगढ़, लालगंज। अधिवक्ताओं की कल्याणकारी योजनाओं तथा सुरक्षा को प्रभावी बनाने को लेकर गुरूवार को तहसील सभागार में संयुक्त अधिवक्ता संघ की बैठक में मंत्रणा हुई। बैठक में संघ के कोष में बढोत्तरी तथा पीड़ित व जरूरतमंद अधिवक्ताओं की आकस्मिक सहायताओं को लेकर सुझाव पर मुहर लगी। बैठक की अध्यक्षता करते हुए समिति के अध्यक्ष ज्ञानप्रकाश शुक्ल ने कहा कि तहसील एवं दीवानी न्यायालय में अधिवक्ताओं की आर्थिक सहायता के लिए संघ का एक वैधानिक कोष स्थापित कराया जाएगा। सदस्यता के तहत भी अधिवक्ताओं की वार्षिक सदस्यता शुल्क को आम सदन ने अपनी सर्वसम्मति मंजूरी प्रदान की। संघ के अध्यक्ष अनिल त्रिपाठी महेश ने अधिवक्ताओं की सुरक्षा तथा उनके अधिकारों की संरक्षा में सार्थक पहल को मजबूत बनाने पर जोर दिया। बैठक में पूर्व अध्यक्ष राममोहन सिंह, अजय शुक्ल गुडडू, राधारमण शुक्ल, बेनीलाल शुक्ल,  लाल विनोद प्रताप सिंह, शैलेन्द्र सिंह बघेल, दीपेन्द्र तिवारी,  राजीव तिवारी, शेष तिवारी, दीपक पाण्डेय, शहजाद अंसारी, देवी प्रसाद मिश्र, संतोष पाण्डेय, शैलेन्द्र मिश्र, राजेश तिवारी, घनश्याम मिश्र, बीडी पटेल, सिंटू मिश्र, मो0 ईसा, हरिश्चंद्र पाण्डेय, विनय जायसवाल, तपन पाण्डेय, प्रमोद सिंह, विपिन शुक्ल, मनीष तिवारी, शिवेन्द्र तिवारी, सूर्यकांत निराला, महेश पटेल, विभाकर शुक्ल, शैलेन्द्र चतुर्वेदी आदि मौजूद रहे।

एडीओ पंचायत को दी गयी विदाई, कार्यशैली की हुई सराहना

प्रतापगढ़, लालगंज।  स्थानीय ब्लाक सभागार में एडीओ पंचायत आद्या प्रसाद द्विवेदी को सेवानिवृत्त होने पर प्रधानों व ब्लाककर्मियों ने समारोहपूर्वक विदाई दी। कार्यक्रम में स्वच्छता अभियान के तहत स्वच्छताकर्मियों अनिल विश्वकर्मा, राजू शर्मा, रामनरेश यादव को भी सम्मानित किया गया। ब्लाक प्रमुख इं0 अमित प्रताप सिंह पंकज की अध्यक्षता में हुए समारोह में एडीओ पंचायत आद्या प्रसाद द्विवेदी को बेहतर सेवा काल के लिए स्मृति चिन्ह व माल्यार्पण तथा अगंवस्त्रम प्रदान कर सम्मानित किया गया। एडीओ पंचायत विमलेश मिश्र, प्रमुख अमित सिंह तथा अधिवक्ता ज्ञानप्रकाश शुक्ल एवं प्रधान संघ के अध्यक्ष विमलेश सिंह ने आद्या प्रसाद द्विवेदी के द्वारा ग्रामीण विकास के कार्याे में योगदान को सराहा। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ साहित्यकार संतोष सिंह ने किया। इस मौके पर चंद्रमौलि सिंह, आत्माराम मौर्य, अंकुर पाण्डेय, प्रशान्त मिश्र, देवव्रत शुक्ला, उधम सिंह, मुरलीधर तिवारी, विद्युत मिश्र, दिनेश सिंह, बृजेश सिंह, दिनेश पाण्डेय आदि मौजूद मौजूद रहे।

मेडिकल कॉलेज के डाक्टरों को दिलाई मतदाता शपथ

प्रतापगढ़। राजा प्रताप बहादुर पुरुष अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक के कक्ष में सीएमएस डा0 सौभाग्य प्रकाश ने मेडिकल कालेज के डाक्टरों और स्टाफ को मतदाता की शपथ दिलाई। सीएमएस डॉ0 प्रकाश ने सभी से लोकतंत्र की मजबूती के लिए शत प्रतिशत मतदान में सहयोग की अपील की। उन्होंने चिकित्सकों से कहा कि अस्पताल आने वाले मरीजों व उनके परिजनों आदि को मतदान के लिए प्रेरित करें। मतदाता शपथ के दौरान वरिष्ठ फिजिशियन डाक्टर मनोज खत्री, आर्थाे सर्जन अतुल सरोज, चर्म रोग डाक्टर आरजू मिश्रा, कैलाश नाथ, अशोक पाठक, शकीला, विजय यादव समेत स्टाफ के अन्य लोग मौजूद रहे।

बच्चा बैंक ने दूसरे दिन भी अग्नि पीड़ितों को पहुंचाई राहत सामग्री

प्रतापगढ़। खजुरनी गांव में भीषण अग्निकांड की भेंट चढ़े बोधी पांडेय का पुरवा गांव के पीड़ितों की मदद को बच्चा बैंक फ्रेंड्स ग्रुप तत्पर है। दूसरे दिन गुरुवार को भी राहत सामाग्री पीड़ित परिवारों को पहुंचाई गई। ग्रुप के फ्री स्टडी सेंटर पर सहयोगी अश्विनी केसरवानी की तरफ से दाल, चावल, आटा, मसाले और पहनने के लिए कपड़े का इंतजाम किया गया। उस सामाग्री को सेंटर के प्रिंसिपल शनि ने अग्नि पीड़ितों के घर पहुंचाया। शनि ने बताया ग्रुप के सहयोगी मेडिकल कॉलेज के वरिष्ठ फिजिशियन डाक्टर मनोज खत्री की तरफ से खाद्य पदार्थ और कपड़े इत्यादि शुक्रवार को पीड़ित परिवारों को भेजा जायेगा। बता दें कि बुधवार को भी बच्चा बैंक के छात्रों ने राहत सामाग्री के साथ घर बनाने का सामान भी भेजा था। पीड़ित परिवार बच्चा बैंक से जुड़ा हुआ है।

जोनल व सेक्टर मजिस्ट्रेटों को दी गयी टर्निंग, मतदान का दिन चौकस रहने के निर्देश

प्रतापगढ़। जिला निर्वाचन अधिकारी संजीव रंजन के नेतृत्व में दो पालियों में जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेटों की दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला अफीम कोठी सभागार में प्रारम्भ हुई। जिसमें सीडीओ नवनीत सेहारा ने कहा कि ईवीएम मशीनों के संचालन की पूर्ण रूप से जानकारी प्राप्त करें लें। मतदान के दिन अपने सेक्टर के पोलिंग स्टेशनों का निरीक्षण एवं पर्यवेक्षण करें। चुनाव को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं सकुशल ढंग से सम्पन्न करायें। चुनाव के दिन बूथ के दो सौ मीटर परिधि में किसी भी पार्टी की प्रचार सामग्री नही रहेगी। न ही किसी पार्टी का कार्यालय रहेगा। जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट अपने सेक्टर एवं जाने के बारे में विस्तृत जानकारी रखें। सम्बन्धित थानों के फोन नम्बर नोट कर लें जिससे चुनाव के दिन सम्पर्क स्थापित करने में किसी प्रकार की दिक्कत न हो। इस बार चुनाव में एमपीएस ऐप के जरिये मतदाता प्रतिशत संकलन करना है। सुपर मास्टर ट्रेनर्स डा0 विन्ध्याचल सिंह, डा0 मो0 अनीस, एआरपी धर्मेन्द्र ओझा, टेक्निकल मास्टर ट्रेनर अशोक शुक्ला एवं नसीमुद्दीन ने विधिवत ट्रेनिंग दी।  जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेट को विशेष निर्देश दिए गये। जिसमें पोलिंग रवानगी के दिन सुबह 8 बजे से एटीएल ग्राउण्ड पहुॅचना है। अपनी पार्टियों की पहचान कर उन्हें निर्धारित वाहनों से उनके मतदान केन्द्रों पर रवाना करना है। शाम को उपस्थिति लेनी है। सुबह 5.30 बजे मॉक पोल में मतदान केन्द्र पर उपस्थित रहना है। मतदान प्रतिशत दो-दो घंटे पर कन्ट्रोल रूम को उपलब्ध कराना है। शाम को मतदान समाप्ति पर शील्ड ईवीएम और मतदान सामग्री महुली मण्डी में अपनी पोलिंग पार्टी के द्वारा जमा करवाना है। वोटिंग कंपार्टमेन्ट में कौन कौन सी मशीन रहती है आदि के बारे में पावर प्वाइंट प्रजेन्टेशन के माध्यम से विस्तार से जानकारी दी गयी। जिसमें निर्वाचन की प्रक्रिया शुरू से लेकर अंत तक दिखाई गयी और नये अपडेट्स के बारे में बताया गया। एडीएम त्रिभुवन विश्वकर्मा ने भी जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेटों को निर्वाचन सम्बन्धी महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी दी। इस अवसर जिला विकास अधिकारी राकेश प्रसाद, उप निदेशक एवं प्राचार्य अफीम कोठी मंजू वर्मा, जेपी चौधरी, नीरज मिश्रा और प्रशिक्षु उपस्थित रहे।

आवासीय पट्टे की जमीन के खरीद फरोख्त से लोगों में आक्रोश 

प्रतापगढ़, बाबागंज। बिकासखंड बाबागंज की ग्राम सभा पुरैली मखदूम पुर में सड़क के किनारे की बेस कीमती सरकारी जमीन को अपात्रों द्वारा आवासीय पट्टा लिया गया। उस पर भवन निर्माण करने के बजाय मनमाने ढंग से उसे लाखो की क़ीमत मे बेचा जा रहा है। ग्राम सभा की ऊसर  मे दर्ज जमीन को राज कुमार द्विवेदी, गिरधारी लाल सरोज, राकेश विश्वकर्मा समेत अन्य 11 लोगों ने उ0 प्र0 राजस्व संहिता 0.2006 के तहत आवासीय पट्टा लेकर उस पर आज तक भवन निर्माण नहीं कराया। उक्त भूमि पर अपना मालकाना हक़ जताते हुए लाखो रूपये मे सौदेबाजी की जा रही है। सरकारी जमीन के खरीद फरोख्त के गोरख धंधे को देखते हुए ग्राम प्रधान एवं क्षेत्र पंचायत सदस्य समेत ग्रामीणों ने उच्च अधिकारियों को शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की गई है।

व्यवसाई ने एसपी से लगाई गुहार, दबंगों पर कार्यवाही की मांग

प्रतापगढ़, बाबागंज। सड़क के किनारे बने मकान को तोड़ने और कब्जा करने के मामलें में सरिया व्यवसाई ने तहरीर देकर एसपी ने न्याय की गुहार लगाई है।संग्रामगढ़ थाना क्षेत्र के पुरैली मखदूमपुर ग्राम सभा में हीरागंज-बाबागंज रोड के किनारे स्थित जमीन पर बने मकान को  गिराकर दबंगों द्वारा जमीन को कब्जा करने और मकान में रखे सामान को लूट लिया गया है।  मामलें में महेशगंज थाना क्षेत्र के गुजवर गांव निवासी सरिया व्यवसाई मूलचन्द्र जायसवाल ने प्रार्थना पत्र देकर एसपी से न्याय की मांग किया। मूलचंद्र का आरोप है कि संग्रामगढ़ थाना क्षेत्र के कोड़री गांव निवासी रामसिंह यादव तथा उसके एक दर्जन से अधिक साथी उसके बैनामें की जमीन पर बने मकान में रखे सामान को बीते शनिवार की शाम को असलहे से लैश होकर उठा ले गए। उसके मकान को गिरा दिया। जब उसने रामसिंह को मना करने का प्रयास किया तो रामसिंह यादव और उसके साथियों ने मूलचंद्र के ऊपर तमंचा तान दिया। मूलचंद्र का आरोप है कि रामसिंह यादव उसकी बैनामें की जमीन को गुंडई के दम पर हड़पना चाहता है।

आईसीआईसीआई इंश्योरेंस कंपनी के प्रबंधक के विरुद्ध अजमानतीय वारंट

प्रतापगढ़। जिला उपभोक्ता प्रतितोष आयोग के अध्यक्ष यशवंत मिश्र व सदस्य ममता गुप्ता, सहसराम पाण्डेय ने मालती देवी के मामले पर सुनवाई की। विपक्षी तान्या जोशी प्रबंधक आईसीआईसीआई लोम्बारड जनरल इंश्योरेंस कंपनी के विरूद्ध अजामनतीय वारंट जारी किया है। वादिनी ने विपक्षी मुख्य चिकित्सा अधिकारी के यहां परिवार नियोजन के उद्देश्य से अपना आपरेशन करवाया था।उसके बावजूद उसके एक बच्चा पैदा हुआ। तत्पश्चात परिवादिनी ने परिवाद प्रस्तुत किया। परिवाद स्वीकृति होने के बाद न्यायालय ने विपक्षी को क्षतिपूर्ति देने का आदेश पारित किया। परिवादिनी द्वारा समस्त कागजात जरिए सीएमओ विपक्षी बीमा कंपनी को भेजा गया। आदेश का अनुपालन करने में हीलाहवाली करने पर न्यायालय ने नाराजगी व्यक्त करते हुए विपक्षी आईसीआईसीआई प्रबंधक के विरुद्ध अजमानतीय वारंट जारी किया। इसका अनुपालन जरिए पुलिस कमिश्नर लखनऊ के द्वारा करायें जाने का आदेश दिया है। वादिनी मालती की ओर से पैरवी अधिवक्ता शिवेश कुमार शुक्ल ने किया।

कोर्ट के आदेश पर मारपीट की घटना में दर्ज हुआ मुकदमा

प्रतापगढ़, लालगंज। कोतवाली पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ पीड़िता के साथ घर में घुसकर मारपीट तथा गालीगलौज व धमकी को लेकर बुधवार की रात कोर्ट की फटकार पर केस दर्ज किया है। वहीं पुलिस ने दूसरे पक्ष की भी तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया है। लालगंज के सराय बारमती के सुधीर कुमार यादव की पत्नी मनीषा ने दी गई तहरीर में कहा है कि बीती उन्नीस मार्च को वह घर पर मौजूद थी। आरोपी विरसिंहपुर गांव के सुभाष यादव तथा उनकी पत्नी रेखा यादव ने रंजिशन दरवाजे पर पहुंचकर गाली देना शुरू किया। पीडिता ने विरोध किया तो आरोपियो ने लाठी डंडे से हमला करते हुए मारपीट शुरू कर दी। पीडिता बचाव के लिए घर में घुसी तो आरोपी गाली देते हुए मारपीट करने लगे। शोर मचाने पर आरोपियो ने जानलेवा धमकी दी। पीडिता की तहरीर पर जांच के नाम पर पुलिस मुकदमा दर्ज करने में हीलाहवाली कर रही थी। पीडिता ने कोर्ट से इंसाफ की फरियाद की। कोर्ट की फटकार पर बुधवार की रात पुलिस ने घटना में आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है। वही पुलिस ने घटना को लेकर दूसरे पक्ष के सुभाष यादव की पत्नी रेखा यादव की तहरीर पर भी तीन आरोपियों के खिलाफ मारपीट व गालीगलौज तथा धमकी को लेकर केस दर्ज किया है। पीडिता ने दी गई तहरीर में कहा है कि उन्नींस मार्च को गांव के सुधीर यादव पुत्र रामसुंदर तथा मनीषा पत्नी सुधीर व चन्दर पुत्र सुधीर ने रंजिशन उसे घर में घुसकर मारापीटा। शोर मचाने पर आरोपियो ने गाली देते हुए जानलेवा धमकी दी। प्रभारी निरीक्षक अवन दीक्षित का कहना है कि केस दर्ज किया गया है, जांच कर आरोपियो के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

चोरी के घण्टे समेत देशी बम के साथ आरोपी धराया, गया जेल

प्रतापगढ़, लालगंज। सांगीपुर पुलिस ने चोरी की घटना में एक आरोपी को गुरूवार को धर दबोचा। थाने के दरोगा ज्ञानेन्द्र कुमार फोर्स के साथ गश्त पर निकले थे। इस बीच थाना क्षेत्र के तारापुर गांव के दुर्गा माता मंदिर के समीप एक संदिग्ध पुलिस के हत्थे चढ़ गया। पकड़े गये आरोपी अंतू थाना के रायचंदपुर मदारीपुर निवासी खेलावन सिंह के पुत्र प्रदीप सिंह की तलाशी ली गयी तो उसके पास से चोरी किया गया तीन घण्टा व दो देशी बम बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपी के पास से मिली एक बाइक को भी एमबी एक्ट में सीज कर दिया। आरोपी को पूछताछ के बाद पुलिस ने जेल भेज दिया।