प्रतापगढ़ बुल्लेटिन – 4 मई 2024

0
312

आग से झुलसकर बच्ची की मौत, परिजन का बुरा हाल

प्रतापगढ़, सैफाबाद। आसपुर देवसरा के केवटली गांव में गुरुवार दोपहर खेलते समय जेनरेटर के बाक्स में आग में झुलसकर छह साल की रूही की मौत हो गई थी। उसका शव देर शाम सिसकियों के बीच दफनाया गया। जबकि घर पर दूसरे दिन भी चीत्कार गूंजता रहा।गुरुवार दोपहर रूही घर के बाहर रखे बाक्स में खेल रही थी। पटाखा जलाने से बाक्स में रखे संकन में आग लग गई। आग की लपटों में फसकर रुही बुरी तरह झुलस गयी जिसकी बाद में मौत हो गई। पोस्टमार्टम के बाद शाम के करीब छह बजे परिजन शव लेकर घर पहुंचे तो कोहराम मच गया। मां चंदा सिंह बेटी का शव देख बेहोश हो गई। रूही के भाई साहिल, अर्पित और आदर्श भी बिलखते रहे। पिता राकेश सिंह ने देर शाम बेटी का शव इब्राहिमपुर घाट में गोमती नदी किनारे दफन कर दिया। घटना से आसपास का माहौल गमगीन रहा। इकलौती लाडली बेटी को याद कर हर किसी के आंसू निकलते रहे।

प्रतापगढ़ लोकसभा सीट किसी की थाती नहीं रही

पार्टी के साथ-साथ उम्मीदवार भी बदले 

निर्णायक भूमिका निभाते हैं पिछड़ी जातियों के वोटर 

प्रतापगढ़। प्रतापगढ़ लोकसभा सीट किसी की थाती नहीं रही है। समय-समय पर परिवर्तन हुआ है। यहां पर पार्टियां भी बदली और उम्मीदवार भी अलग अलग निर्वाचित हुए हैं। इस सीट की खास बात यह है कि जिले के बैक वर्ड वोटर निर्णायक भूमिका में होते हैं। ये जिधर घूम गए समझो उसकी जीत निश्चित हैं। 1958 में प्रतापगढ़ लोक सभा सीट राजनैतिक रूप से अस्तित्व में आई। उसके बाद से लेकर अभी तक सबसे अधिक कांग्रेस पार्टी का ही इस सीट पर कब्जा रहा है।  दस बार इनका ही सांसद रहा है। जिसमें राजा दिनेश सिंह सर्वाधिक चार बार सांसद रहे। उसके बाद उनकी पुत्री राजकुमारी रत्ना सिंह तीन बार की एमपी रही। हालांकि कांग्रेस छोड़ने के बाद वे हांसिए पर चली गई। कांग्रेस के बाद किसी भी दल का लगातार एक बार से अधिक समय तक प्रतिनिधित्व नहीं रहा। 1998 में यहां से बीजेपी का खाता खुला। डाक्टर राम विलास वेदांती सांसद चुने गए। उसके बाद 2019 में संगम लाल गुप्ता सांसद हुए। दोनो के बीच कांग्रेस  सपा और भाजपा अद के संयुक्त उम्मीदवार जीते हैं। सभी चुनावों में बैक वर्ड वोटर ही जीत के सूत्रधार बने हैं। जानकारों का मानना है कि यही वजह है कि हर बार पिछड़ी जातियों के वोटर पर सभी दलों की निगाह रहती है।

यादव, कुर्मी और मौर्य निर्णायक वोटर-

जिले में पिछड़ी जातियों के आंकड़ों पर नजर डालें तो पता चलता है कि कुर्मी 11 प्रतिशत, यादव, मौर्य और मुस्लिम 38 प्रतिशत,  ब्राह्मण 16 प्रतिशत, क्षत्रिय 8 प्रतिशत और एससी एसटी मिलाकर 19 प्रतिशत वोटर हैं।

पिछड़ी और अनुसूचित जातियों का गठजोड़ भारी पड़ेगा-

पिछड़ी के बाद अगर कोई मजबूत वोट बैंक हैं तो वह है एससी एसटी। अगर दोनो जिस भी दल की तरह हो जाएं तो बाकियों की जरूरत नहीं है। उस उम्मीदवार की जीत पक्की है। लेकिन ऐसा हो नहीं पाता है। इसकी वजह जातिगत और  दलगत राजनीति है।

दूसरे नंबर की पार्टी रही बसपा-

पिछले तीन लोकसभा चुनाव के नतीजों पर गौर करें तो पता चलता है कि बहुजन समाज पार्टी रनर (दूसरे नंबर) रही है। ख़ास बात है यह है कि हर बार उसके वोट बढ़े हैं। वर्ष 2009 में प्रोफ़ेसर शिवाकांत ओझा बीएसपी उम्मीदवार थे। 139358 वोट पाकर दूसरे नंबर पर आए थे। 2014 में आसिफ निजामुद्दीन सिद्दीकी को 207567 मत मिले। 2019 में अशोक त्रिपाठी 318539 वोट पाकर दूसरे नंबर थे। भाजपा से संगम लाल 436291 मत पाकर जीते थे। राजनीतिक के जानकार बताते हैं कि बहुजन समाज पार्टी जिले में मजबूती से लड़ी है। अभी भी उसके वोट बैंक हैं।

तीसरे दिन भी जारी रहा बच्चा बैंक का पीड़ित राहत अभियान

प्रतापगढ़। नगर कोतवाली के खजुरनी गांव के बोधी पांडेय का पुरवा गांव में अग्नि पीड़ितों की मदद के लिए बच्चा बैंक फ्रेंड्स ग्रुप, बीबीएफजी का आर्थिक सहयोग और राहत सामाग्री पहुंचाने का अभियान शुक्रवार को तीसरे दिन भी जारी रहा। डाक्टर सोने लाल पटेल स्वशासी मेडिकल कालेज के वरिष्ठ फिजिशियन और ग्रुप के वरिष्ठ सहयोगी डाक्टर मनोज खत्री की तरफ से दी गई राहत सामाग्री कपड़े, खाने का सामान तेल, साबुन इत्यादि ग्रुप के छात्रों साहिल और हिमांशु ने पीड़ित परिवार को पहुंचाने का काम किया। यह जानकारी ग्रुप के सहयोगी शनि कुमार ने दी है। उन्होंने बताया कि बच्चा बैंक फ्रेंड्स ग्रुप की तरफ से हर संभव मदद की जा रही है। आगे भी होती रहेगी।

ट्रेन के सामने कूदकर विवाहिता ने दी जान, दो घण्टे ट्रैक जाम रह

प्रतापगढ़। घर में हुए विवाद के चलते नाराज विवाहित ने ट्रेन के सामने कूदकर जान दे दी। इलाकाई पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्ट मार्टम के लिए भेज दिया है। शुक्रवार को विश्वनाथगंज और भुपियामऊ के बीच घाटमपुर गांव के पास प्रयागराज संगम से अयोध्या कैंट जा रही पैसेंजर ट्रेन के सामने एक युवती अचानक कूद गई। जिससे उसकी मौत हो गई। उसकी लाश ट्रैक पर पड़ी थी। जिससे ट्रेन करीब दो घण्टे तक खड़ी रही। शव को हटाए बिना ट्रेन का चालक चलने को तैयार नहीं था। सूचना पर भुपियामऊ चौकी पुलिस और आरपीएफ के लोग घटना स्थल पर पहुंच गए। शव को ट्रैक से हटाया गया। उसके बाद ट्रेन चली। भुपियामऊ पुलिस के अनुसार युवती का नाम सोनकली पत्नी लाल मणि है। उसका घर राजगढ़ कोतवाली में है। रात में उसके पति और भाई के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। जिससे नाराज होकर उसने सुबह ट्रेन के सामने कूदकर जान दे दी। जांच पड़ताल चल रही है।

विभिन्न मामलों में वांछित तीन आरोपी भेजे गए जेल

प्रतापगढ़, लालगंज। एसपी द्वारा चलाए जा रहे अपराध नियंत्रण अभियान के तहत पुलिस ने शुक्रवार को चार वांछित आरोपियों को धर दबोचा। कोतवाली के दरोगा कबीरदास  लालगंज के इंदिरा चौराहे पर पूरे ब्रम्हचारी मोठिन निवासी धुन्नी लाल सोनकर का पुत्र गुलशन गिरफ्तार कर लिया। गुलशन के खिलाफ आत्महत्या को लेकर दुष्प्रेरण का अभियोग पंजीकृत है। वहीं कोतवाली के दरोगा सुरेंद्र सिंह ने भी तीन वांछित आरोपियो को हिरासत में लिया। रायपुर तियांई से दलित उत्पीड़न व आत्महत्या के लिए प्रताड़ित करने के मुकदमे में वांछित चल रहे रायपुर तियांई के भारत लाल प्रजापति के पुत्र अमित उर्फ तूफान तथा अंकित उर्फ कप्तान एवं कल्लू प्रजापति के पुत्र हरिकेश को धर दबोचा। पुलिस ने पकडे गये आरोपियो को जेल भेज दिया।

असामाजिक तत्वों के खिलाफ करें कठोर कार्यवाही-सीडीओ

प्रतापगढ़। जिला निर्वाचन अधिकारी संजीव रंजन के नेतृत्व में दो पालियों में जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेटों की प्रशिक्षण कार्यशाला अफीम कोठी सभागार में सम्पन्न हुई। मुख्य विकास अधिकारी नवनीत सेहारा ने कहा कि सभी जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट पोलिंग पार्टी के रवानगी के दिन सुबह 8 बजे एटीएल ग्राउण्ड पहुॅच कर अपनी-अपनी पार्टी को रवाना करेगें। अपने सेक्टर की पार्टियों को दोपहर 1 बजे तक अनिवार्य रूप से रवाना करें। समय-समय पर कन्ट्रोल रूम और अपने उच्च अधिकारियों को सूचना देते रहे। क्रिटिकल एवं वर्लनेबुल बूथों का विशेष प्रवेक्षण और निरीक्षण करें। निर्वाधन में बाधा उत्पन्न करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ कठोरता के साथ कार्यवाही की जाये। सुपर मास्टर ट्रेनर्स डा0 विन्ध्याचल सिंह, डा0 मो0 अनीस एवं एआरपी धर्मेन्द्र ओझा तथा टेक्निकल मास्टर ट्रेनर अशोक शुक्ला एवं नसीमुद्दीन ने ट्रेनिंग दी। इस अवसर जिला विकास अधिकारी राकेश प्रसाद, जिला विद्यालय निरीक्षक सरदार सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी भूपेन्द्र सिंह, उप निदेशक एवं प्राचार्य अफीम कोठी मंजू वर्मा, प्राचार्य आईटीआई कुण्डा रूपेश कुमार सहित जेपी चौधरी, गौरव पाण्डेय और प्रशिक्षु उपस्थित रहे।

राष्ट्रीय महासचिव के निधन पर आयोजित हुई शोकसभा

प्रतापगढ़। अखिल भारतीय किसान सभा के राष्ट्रीय महासचिव व भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के राष्ट्रीय सचिव अतुल कुमार अनजान की बीती रात लखनऊ में इलाज के दौरान मौत हो गई। श्री अनजान के मौत पर शुक्रवार को शहर के पंचमुखी मंदिर परिसर बलीपुर में शोक सभा का आयोजन किया गया।स्वर्गीय अतुल कुमार अंजान के चित्र पर उपस्थित कार्यकर्ताओं ने पुष्पांजलि अर्पित की। इस अवसर पर हेमंत नंदन ओझा, राजमणि, निर्भय प्रताप सिंह, अब्दुल रशीद, सुरेश शर्मा अनिल कुमार गुप्ता, वीरेंद्र कुमार मिश्रा मनोज कुमार आदि मौजूद रहे।

महिला की पिटाई को लेकर पंाच आरोपियों के खिलाफ केस

लालगंज, प्रतापगढ़। कोतवाली पुलिस ने जमीनी विवाद को लेकर महिला की पिटाई व तोडफोड तथा धमकी को लेकर पांच आरोपियो के खिलाफ बलवा तथा मारपीट समेत गंभीर धाराओं मे केस दर्ज किया है। लालगंज के सराय रायजू निवासी बलराम कोरी की पत्नी मीना देवी ने पुलिस को दी गई तहरीर मे कहा है कि बीती तीस अप्रैल को गांव के दुखी कोरी के पुत्र भीम व भीम की पत्नी कुसुम तथा पुत्रियां ज्योती, प्रीती व कान्ती उसके निर्माण कार्य को लेकर विरोध करने लगी। पीड़िता ने मना किया तो आरोपियो ने लाठी डंडे से उसे गाली देते हुए मारापीटा। शोर मचाने पर आरोपियो ने उसकी दीवार ढहा दी। लोगों को जुटता देख आरोपी जानलेवा धमकी देते चले गये। तहरीर के आधार पर पुलिस ने भीम समेत पांच के खिलाफ गुरूवार की रात केस दर्ज किया है।

धराये गये आरोपी, गये जेल

 पुलिस की हिरासत में वांछित आरोपी

लालगंज, प्रतापगढ़। एसपी द्वारा चलाए जा रहे अपराध नियंत्रण अभियान के तहत पुलिस ने शुक्रवार को चार वांछित आरोपियो को धर दबोचा। कोतवाली के दरोगा कबीरदास फोर्स के साथ गश्त कर रहे थे। लालगंज के इंदिरा चौराहे पर पूरे ब्रम्हचारी मोठिन निवासी धुन्नी लाल सोनकर का पुत्र गुलशन पुलिस के हत्थे चढ़ गया। गुलशन के खिलाफ आत्महत्या को लेकर दुष्प्रेरण का अभियोग पंजीकृत है। वहीं कोतवाली के दरोगा सुरेंद्र सिंह को भी फोर्स के साथ गश्त के दौरान तीन वांछित आरोपियो को हिरासत में लेने में सफलता मिली है। पुलिस फोर्स ने रायपुर तियांई से दलित उत्पीड़न व आत्महत्या के लिए प्रताड़ित करने के मुकदमे मे वांछित चल रहे रायपुर तियांई के भारत लाल प्रजापति के पुत्र अमित उर्फ तूफान तथा अंकित उर्फ कप्तान एवं कल्लू प्रजापति के पुत्र हरिकेश को धर दबोचा। पुलिस ने पकडे गये आरोपियो को जेल भेज दिया।

भण्डारों में उमड़े श्रद्धालु, चखा प्रसाद

लालगंज, प्रतापगढ़। जन कल्याण की कामना के साथ बाबा घुइसरनाथ धाम में भण्डारे का आयोजन हुआ। वही आयोजको द्वारा बाबा के भव्य श्रृंगार आरती में श्रद्धालु मंत्रमुग्ध दिखे। मंदिर के महन्थ मयंक भाल गिरि व पं. वीरेन्द्रमणि के मंत्रोच्चारण के मध्य सामूहिक आरती पूजन में लोक मंगल की श्रद्धालुओं ने प्रार्थना की। भण्डारे का आयोजन समाजसेवी विभवभूषण शुक्ल ने किया। सह संयोजक शशिभूषण शुक्ल ने देवाधिदेव महादेव का श्रीअभिषेक किया। इस मौके पर आइन्सटीन पब्लिक स्कूल की निदेशक श्रुति शुक्ला, संयुक्त अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष अनिल त्रिपाठी महेश, चेयरपर्सन प्रतिनिधि संतोष द्विवेदी, डा. सौरभ मिश्र, राकेशचंद्र तिवारी, हरीश मिश्र, मनोज ओझा, महेन्द्र पाठक आदि रहे। इधर नगर के अझारा वार्ड में भी श्रीमदभागवत कथा को लेकर भण्डारे में श्रद्धालुओं ने देर शाम तक प्रसाद ग्रहण किया। भण्डारे का संयोजन प्रवीण कुमार मिश्र व श्रवण कुमार मिश्र तथा निर्मला मिश्र ने किया। आयोजकों द्वारा कथाव्यास आचार्य करूणाशंकर दुबे तथा यज्ञाचार्य पं. शिवानंद मिश्र का सम्मान भी किया गया।

छात्रा के साथ छेडछाड़ व मारपीट को लेकर मुकदमा

लालगंज, प्रतापगढ़। छात्रा के साथ रास्ते में छेडछाड तथा मारपीट को लेकर लीलापुर पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है। लीलापुर थाना के घूरीपुर निवासी वीरेन्द्र पुत्र स्व. रामलाल ने पुलिस को दी गई तहरीर में कहा है कि पहली मई को उसकी सत्रह वर्षीया बेटी सगरा सुंदरपुर के एक स्कूल से पढ़ाई कर शाम करीब साढे छः बजे घर वापस आ रही थी। सागरपुर व घूरीपुर की बाग में पहले से मौजूद गांव के आरोपी गिरिजाशंकर सरोज के पुत्र शिवा सरोज तथा आंशू सरोज तथा हरिशंकर के पुत्र मोनू व जगेसर के पुत्र हरिशंकर ने उसकी पुत्री का हाथ पकड़कर छेडखानी करने लगे। पीडिता ने विरोध किया तो आरोपियों ने उसे लाठी डंडे से मारापीटा तथा कपड़े फाड़ दिये। शोर मचाने पर पीडिता का पिता मौके पर पहुंचा तो आरोपियो ने उसे भी मारापीटा। लोगों को जुटता देख आरोपी शिकायत करने पर जानलेवा धमकी देते चले गये। तहरीर के आधार पर पुलिस ने शिवा समेत चार के खिलाफ छेडछाड व मारपीट तथा धमकी का केस दर्ज किया है।

अधिवक्ताओं के चुनाव को लेकर बढ़ती जा रही सरगर्मी, वीडियोग्राफी के साथ होगी मतगणना

लालगंज, प्रतापगढ़। संयुक्त अधिवक्ता संघ के आगामी सात मई को होेने वाले चुनाव को लेकर शुक्रवार को तहसील परिसर में चुनावी माहौल सरगर्मी में दिखा। अध्यक्ष समेत विभिन्न पदों के उम्मीदवारों को साथी अधिवक्ताओं के बीच समर्थन की गुहार में मशक्कत करते देखा गया। वहीं चुनाव समिति कार्यालय पर भी मतदान एवं मतगणना के प्रबन्धों को लेकर पदाधिकारी रणनीतिक चर्चा में दिखे। अध्यक्ष तथा वरिष्ठ उपाध्यक्ष व उपाध्यक्ष एवं महामन्त्री पद पर किस्मत अजमा रहे प्रत्याशियों को परिसर में समर्थक अधिवक्ताओं के साथ घूम घूम कर अपना माहौल बनाने में मशगूल देखा गया। अधिवक्ता हितों के लिए संघर्ष की दुहाई देते उम्मीदवार अपने पक्ष में गुणा भाग भी करते दिखे। हालांकि सामान्य अधिवक्ताओं को अभी प्रत्याशियों का मनोबल बढ़ाते ही देखा जा रहा है। तहसील पार्क में पूरा दिन चुनावी रंगत में प्रत्याशियों के द्वारा अधिवक्ताओं की आवभगत में चढ़ा दिखा। इधर चुनाव समिति के कार्यालय में अध्यक्ष ज्ञानप्रकाश शुक्ल, महामंत्री देवी प्रसाद मिश्र, एल्डर कमेटी के अध्यक्ष राजेन्द्र प्रसाद मिश्र, विकास मिश्र, राममोहन सिंह, अजय शुक्ल गुडडू, लाल राजेन्द्र सिंह, रामलगन यादव, वीरेन्द्र सिंह, राधारमण शुक्ल, बेनीलाल शुक्ल, कालिका प्रसाद पाण्डेय को मतदान के दिन प्रबन्धों के साथ मतगणना की भी प्रक्रिया सुनिश्चित करने मंे मशक्कत में देखा गया। चुनाव समिति के अध्यक्ष ज्ञानप्रकाश शुक्ल ने बताया कि इस बार प्रत्याशियों की मांग पर मतगणना प्रक्रिया मीडिया की उपस्थिति के साथ वीडियोग्राफी के बीच करायी जाएगी। वहीं जैसे जैसे अधिवक्ताओं के चुनाव मे मतदान की तिथि नजदीक आ रही है। देर शाम तक तहसील परिसर में चुनावी गणित बनाने और बिगाड़ने में उम्मीदवारों के छत्रपों को भी भाग दौड़ में पसीना बहाते देखा जा रहा है।