प्रतापगढ़ बुलेटिन – 13 मई 2024

0
168

केन्द्र में सरकार बनते ही कई बड़े निर्णय लिए जाएंगे-अमित शाह गृहमंत्री

प्रतापगढ़़, कुण्डा। हीरागंज नगर पंचायत के मॉ नायर देवी धाम परिसर में केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह कौशांबी के भाजपा प्रत्याशी विनोद सोनकर के समर्थन में रविवार को जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि भारी बहुमत से केन्द्र में मोदी के नेतृत्व में भाजपा की सरकार बनने जा रही है। केन्द्र में सरकार बनते ही कई बड़े निर्णय लिए जाएंगे। उन्होंने कौशांबी लोकसभा से भाजपा उम्मीदवार विनोद सोनकर को भारी मतों से जिताने की अपील की। गृहमंत्री ने विपक्षी दलों के नेताओं पर हमला बोलते हुए कहा कि विपक्ष का नेता कौन। हर विपक्ष का नेता एक-एक साल का प्रधानमंत्री बनने का सपना देख रहा है। मोदी जी ने कश्मीर से धारा 370 हटाया। कॉग्रेस कहती है कि हम सरकार में आए तो धारा 370 बहाल करेंगे। मोदी सरकान ने राम मंदिर का निर्माण कराया। उन्होंने मोदी सरकार के द्वारा किये गये कई महत्वपूर्ण एतिहासिक कार्यों को गिनाया। शाह ने कहा कि इसी धरती पर भगवान राम वन जाते समय रात्रि विश्राम किया था। इसी क्षेत्र से होकर राम वन गमन मार्ग बन रहा है। गृहमंत्री ने मोदी को भरी मतों से जिताकर तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि कॉग्रेस व उसके एलाएंस के साथी देश विरोधी ताकतों के साथ खड़ी है। आज केन्द्र व प्रदेश में एक शसक्त सरकार है। सीएम योगी राज की तारीफ करते हुए कहा कि योगी राज में गुंडा माफिया प्रदेश से पलायन कर चुके हैं। गृहमंत्री ने केन्द्र सरकार की कई उपलब्धियों का वर्णन करते हुए एक बार फिर से केन्द्र में मोदी सरकार बनाने की अपील की। विजय शंखनाद संकल्प रैली के भारी भीड़ को संबोधित करने से पहले गृहमंत्री ने भारता माता की जय व जय श्रीराम के नारों से जनता में उत्साह भरा। गर्मी के चलते लोगों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। इस दौरान पूर्व सांसद राजकुमारी रत्ना सिंह, राज्यसभा सांसद राम पाल मौर्य, प्रदेश के मंत्री अनिल राजभर, भाजपा जिलाध्यक्ष आशीष श्रीवास्तव, पवन गौतम, नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेखा देवी, प्रतिनिधि उदय शंकर पांडे, मनोज तिवारी, अभय प्रताप सिंह पप्पन, अखिलेश द्विवेदी समेत जिले के अन्य नेता तथा डीएम संजीव रंजन, एसपी सतपाल अंतिल एसडीएम व सीओ कुण्डा, एएसपी पश्चिमी आदि मौजूद रहे। 

केन्द्रीय सुरक्षा बलों ने संभाला मोर्चा-

सभा स्थल के मंच की सुरक्षा तीन लेयर में बनाई गई थी। केन्द्रीय सुरक्षा बलों ने मंच के चारों तरफ सुरक्षा का घेरा बनाया था। यूपी पुलिस के जवान सुरक्षा पर नजर गड़ाए हुए थे। गृहमंत्री के जाते ही जिला प्रशासन व पुलिस प्रशासन के अफसरों ने राहत की सॉस ली। 

पैसा दिलाने के लिए किया प्रदर्शन, पुलिस ने रोका-

गृहमंत्री की सभा में पीएसीएल और सहारा कंपनी में निवेश के करने वाले ग्रामीणों ने अपना पैसा दिलाने के लिए हॉथों में बैनर पोस्टर लिए प्रदर्शन कर रहे थे। पुलिस की नजर पड़ते ही प्रदर्शनकारियों को वहॉ से खदेड़ दिया।

राजा भैया के मंच साझा करने की रही अटकलें-

विजय संकल्प शंखनाद रैली में सबसे अधिक चर्चा जनसत्ता दल लोकतांत्रिक पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष कुण्डा विधायक राघुराज प्रताप सिंह राजाभैया की रही। माना जा रहा था कि गृहमंत्री अमित शाह का राजाभैया मंच साझा कर सकते हैं। राजाभैया जनसभा में नहीं पहुंचे। जबकि राजाभैया अपने बेंती महल में मौजूद थे। चर्चा रही कि कुछ दिन पहले राजा भैया की गृहमंत्री अमित शाह से मुलाकात हुई थी। इसी मुलाकात के चलते वह अपने पार्टी का उम्मीदवार नहीं उतारे। अब जिले मंे इस बात की चर्चा अधिक है कि क्या राजाभैया भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में चुनाव प्रचार करेंगे।

लस्सी व खीर को लाजवाब बनाने के लिए हो रहा मिलावट, जिम्मेदार बने अनजान

प्रतापगढ़, कुण्डा। नगर पंचायत में स्थित कई होटलों, ढाबों में लस्सी व खीर को गाढ़ा करने व लाजवाब बनाने के लिए रात के अंधेरे में केमिकल की मिलावट की जा रही है। बताया जाता है कि मुनाफाखोर दूध व दही को गाढ़ा करने के लिए  केमिकल मिला रहे हैं। रात में ही लस्सी व खीर बनाकर कुल्लड़ समेत फ्रीज में रख देते हैं। ऊपर से महकदार व चकमीला नुमा पदार्थ मिलाकर ग्राहकों को सीधा जहर परोसा जा रहा है। मिलावटखोरों के खेल से अनजान ग्राहक लस्सी व खीर पीकर वाहवाही भी कर रहा है। पिछले वर्ष भी कुण्डा व लालगंज इलाके में खाद्य विभाग की टीम ने मिलावटखोरों पर कार्यवाही की थी। इस वर्ष विभाग के जिम्मेदारों के पकड़ से मिलावट दूर हैं। 

क्या कहते हैं अधिकारी-

असिस्टेंट कमिश्नर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन डीपी सिंह ने बताया कि गर्मी को देखते हुए पेय पदार्थों में मिलावट के लिए अभियान चल रहा है। उन्होंने ऐसे मिलावट खोरों को चेतावनी देते हुए कहा है कि खाद्य पदार्थाें में मिलावट पकड़े जाने पर सख्त कार्यवाही की जाएगी। जिले में हमारी टीम सघन चेकिंग अभियान में लगी हुई है। मिलावट खोरों पर कार्यवाही के लिए डीपी सिंह ने विभाग के खाद्य सुरक्षा अधिकारियांे संजय कुमार तिवारी, जनार्दन सिंह, संतोष कुमार दूबे, अंजनी कुमार मिश्र, विवेक कुमार तिवारी, ऋचा पांडे की टीम बनाई है। 

निरीक्षण के दौरान स्कूलों से गैर हाजिर रहे दो दर्जन से अधिक अध्यापकों को बीएसए ने जारी किया नोटिस, कार्यवाही की चेतावनी

प्रतापगढ़। बेसिक शिक्षा अधिकारी भूपेन्द्र सिंह ने वगैर सूचना विद्यालयों से गायब रहे शिक्षकों को नोटिज जारी कर एक सप्ताह के भीतर जवाब मांगा है। यथोचित जवाब न देने पर कार्यवाही की चेतवानी दी है। बीएसए ने महानिदेशक स्कूल शिक्षा के आदेश पर जिले भर के बेसिक स्कूलों में शिक्षकों की उपस्थिति को जॉचने के लिए एबीएसए, जिला समन्वकों व अन्य अधिकारियों की टीम गठित की थी। बीएसए द्वार गठित टीम 25 अप्रैल से 07 मई तक जिले भर के बेसिक स्कूलों की जॉच की। जिसमें विभिन्न तिथियों में वगैर किसी सूचना के शिक्षक, प्रधानाध्यापक व अनुदेशक समेत 25 शिक्षक स्कूलों से गायब मिले। बीएसए ने गैर हाजिर शिक्षकों से एबीएसए के जरिए एक सप्ताह में जवाब मांगा है। गैर हाजिर शिक्षकों में संगीता पांडे, महेश कुमार पांडे, पुष्पा देवी, शशि भूषण यादव, महेन्द्र प्रताप यादव, संजुला पटेल, शैल कुमारी सिंह, सुमन पांडे, हसीना बनो, अनिल कुमार, गायत्री, कंचन यादव, अनीता यादव, आशीष यादव, शालिनी सिंह, यादव संगीता राम प्यारे, पूनम सिंह, अंजनी कुमार, मीना श्रीवास्तव, क्षमा तिवारी, नीलम यादव, नीतू सिंह, जितेन्द्र कुमार, मनीमालाा व सीमा सिंह के नाम शामिल हैं। 

कमिश्नर, एडीजी, आईजी, डीएम, एसपी, सीडीओ ने किया निरीक्षण

प्रतापगढ़। रविवार का दिन जिले का महत्वपूण दिन रहा। यहॉ गृहमंत्री के चुनावी सभा को लेकर मण्डल के आला अफसर डेरा डाले रहे। कमिश्नर विजय विश्वास पंत, एडीजी प्रयागराज भानू भाष्कर, आईजी प्रेम गौतम, डीएम संजीव रंजन, एसपी सतपाल अंतिल व सीडीओ नवनीत सेहारा समेत अन्य अधिकारियांे ने पुलिस लाइन के महत्वपूर्ण कार्यालयों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने संई काम्प्लेक्स के बेल्हा हाल सीसीटीएनएस के कार्याें की समीक्षा की। जिले के सभी थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की स्थिति को देखी। अधिकारियों ने पुलिस लाइन परिसर का भ्रमण किया। आवासीय परिसर के रख रखाव, साफ सफाई का निर्देश दिया। 

पीएम मोदी के संभावित आगमन को लेकर राजकीय इण्टर कालेज ग्राउण्ड का किया निरीक्षण-

भाजपा प्रत्याशी संगमलाल गुप्ता के समर्थन में पीएम मोदी 16 मई को शहर स्थित राजकीय इण्टर कालेज के मैदान में जनसभा करेंगे। इसके लिए मण्डल के प्रशासन व पुलिस के आलाधिकारियों ने कालेज ग्राउण्ड का निरीक्षण किया। तैयारियों को लेकर दिशा दिर्नेश जारी किया। 

संवेदनशील बूथों पर रखें पैनी नजर, करें सीधे रिपोर्ट-नवनीत सहारा सीडीओ

प्रतापगढ़। लोकसभा चुनाव के लिए दो दिवसीय माइक्रो आब्जर्वर प्रशिक्षण कार्यशाला का विकास भवन सभागार में रविवार को समापन हुआ। सीडीओ प्रभारी अधिकारी मतदान कार्मिक नवनीत सेहारा ने कहा कि सभी माइक्रो आब्जर्वर आयोग के गाइड लाइन के अनुसार ही कार्य करेगें। संवेदनशील एवं अति संवेदनशील बूथों पर पैनी नजर रखकर चुनाव को सकुशल सम्पन्न कराना है। ऐसे बूथों पर किसी भी प्रकार की अनियमितता पाये जाने पर प्रेक्षक, डीएम, एसपी व सीडीओ को सीधे रिपोर्ट करेगें। मतदान समाप्ति पर ईवीएम जमा करने के स्थल महुली मण्डी में सभी लोग अपनी रिपोर्ट प्रेक्षक को देंगे। स्क्रूटनी के दिन सभी माइक्रो आब्जर्वर नवीन महुली मण्डी में मौजूद रहेगें। सीडीओ ने कहा कि सभी माइक्रो आब्जर्वर प्रेक्षक के प्रतिनिधि के रूप में चुनाव सकुशल सम्पन्न करायें। 

पावर प्वाइन्ट प्रेजेन्टेशन के जरिये ट्रेनर डा0 मो0 अनीस, डा0 विन्ध्याचल सिंह, एआरपी धर्मेन्द्र ओझा ने माइक्रो आब्जर्वर द्वारा प्रस्तुत की जाने वाली 18 बिन्दुओं की रिपोर्ट के बारे में विस्तार पूर्वक बताया। इस अवसर पर डीडीओ राकेश प्रसाद, प्राचार्य मंजू वर्मा, प्राचार्य कुण्डा रूपेश कुमार, एलडीएम गोपाल शेखर झा सहित प्रशिक्षु माइक्रो आब्जर्वर उपस्थित रहे।

गर्मी में पशु पक्षियों का रखें ख्याल-एडीएम

प्रतापगढ़। अपर जिलाधिकारी त्रिभुवन विश्वकर्मा ने लोगों से बढ़ती गर्मी में पशु पक्षियों को ख्याल रखने की अपील की है। इसके लिए उन्होंने लोगों से अपने आसपास चारे पानी की व्यवस्था बनाये रखने को कहा या। उन्होंने कहा कि इस समय जिले का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस पार हो गया है। आने वाले सप्ताह में और अधिक गर्मी पड़ने की सम्भावना है। गर्मी में मनुष्य के साथ-साथ सभी प्राणियों को पानी की आवश्यता होती है। परिंदे व पशुओं को प्रचण्ड गर्मी में यहां-वहां पानी के लिये भटकना पड़ता है। गर्मियों में कई परिंदों व पशुओं की मौत पानी की कमी के कारण हो जाती है। सभी प्रबुद्ध नागरिक जन का थोड़ा सा प्रयास घरों के आस-पास उड़ने वाले परिंदों एवं पशुओं की प्यास बुझाकर जिंदगी को बचाया जा सकता है। उन्होने सभी से अपील किया है कि पशु एवं पक्षियों के प्रति संवेदनशील दृष्टिकोण रखते हुये उनका विशेष ख्याल रखें। पानी न मिले तो पक्षी बेहोश होकर गिर जाते है और उनकी मृत्यु होने की सम्भावना बढ़ जाती है। गर्मी में बेजुवान, मूक पशु पक्षियों को प्यास में तड़पना पड़ता है। हालांकि जब वे प्यासे होते है तो घरों के सामने दरवाजे पर आकर खड़े होने पर चारा खिलाना व पानी पिलाने का प्रयास करें। घर के बाहर या बालकनी में छांव वाली जगह पर बर्तन में पानी भरकर रखें। पानी गर्म हो जाने पर समय-समय पर उसे बदलते रहे। छत पर भी पानी की व्यवस्था करें, छायादार जगह बनाकर वहां पानी के बर्तन भर कर रखें। 

कच्ची शराब बरामद, लहन कराया गया नष्ट

प्रतापगढ़, लालगंज। आबकारी विभाग द्वारा अवैध शराब की रोकथाम को लेकर रविवार को लालगंज क्षेत्र में अभियान चलाया गया। इसके तहत जगन्नाथपुर व पड़री में टीम ने आकस्मिक दबिश देकर चालीस लीटर अवैध कच्ची शराब व लगभग छः कुंतल लहन बरामद किया। टीम ने एक आरोपिता को हिरासत में भी लिया है। बरामद लहन को टीम के अधिकारियों ने मौके पर ही नष्ट कराया। आबकारी विभाग ने बरामदगी को लेकर आबकारी अधिनियम के तहत तीन अभियोग दर्ज किये। अभियान का नेतृत्व लालगंज के आबकारी निरीक्षक अशोक कुमार ने किया। वहीं टीम में गांवो मे अभियान के दौरान लोगों को जहरीली एवं अवैध शराब को लेकर जागरूक भी किया।

कवि सम्मेलन व मुशायरे में बांधी शमा

प्रतापगढ़, लालगंज। सगरा सुंदरपुर के हण्डौर में सावित्री शैक्षणिक एवं समाज कल्याण समिति के बैनर तले तेईसवां राष्ट्रीय कवि सम्मेलन एवं मुशायरा आयोजित हुआ। हण्डौर स्थित आंचल पब्लिक स्कूल के प्रांगण में हुए साहित्यिक आयोजन में कवियों व कवयित्रियों ने राष्ट्रीय तथा सामाजिक पटल पर काव्य पाठ कर लोगों को मंत्रमुग्ध किया। कार्यक्रम का शुभारंभ भाजपा नेता ओमप्रकाश पाण्डेय गुडडू तथा समाजसेवी राणा सूबेदार सिंह ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर किया। कवयत्री विभा शुक्ला की वाणी वंदना मनमोहक रही। गीतकार सुरेश नवीन ने पढ़ा-कभी सुबह में आयेगे कभी शाम में आयेगे, तुम्हारे प्यार का हर दिन नया पैगाम लायेगें। वहीं हास्य कवि चंद्रप्रकाश मंजुल ने भी लोगों को हंसाया। शायर खलील फरीदी ने फूल कांटे क्या हर एक पत्ती में खुशबू.. ये भारत है यहां की दोस्तों मिटटी में खुशबू है पर खूब तालियां बजी। विभा शुक्ला ने पढ़ा- अगर मिले न कहीं ठिकाना पता हमारा संभालकर रखना भी लोगों को पसन्द आयीं। ओजकवि अभिजीत त्रिपाठी, राधेश पाण्डेय, रामबदन शुक्ल, गजेन्द्र सिंह विकट, आंजनेय शुक्ल की भी कविता लोगो ने पसंद की। अध्यक्षता हरिवंश शुक्ल शौर्य तथा संचालन बिहारी लाल अंबर ने किया। अतिथियों का स्वागत संजय शुक्ल व अविनाश पाण्डेय तथा आभार प्रदर्शन कार्यक्रम के संयोजक कवि अनूप त्रिपाठी ने किया। इस मौके पर शिवप्रकाश मिश्र सेनानी, राजेश मिश्र, दिलीप तिवारी, केपी सिंह, मथुरा प्रसाद यादव, श्यामजी जायसवाल, सरदार इंद्रजीत सिंह, शिवम त्रिपाठी, विनोद पाण्डेय, राजकुमार दुबे, विवेक कुशवाहा आदि मौजूद रहे।

अधिवक्ता परिषद चलायेगा मतदाता जागरूकता अभियान     

प्रतापगढ़। अधिवक्ता परिषद अवध की एक बैठक जिला कलेक्ट्रेट परिसर में अध्यक्ष महेश कुमार गुप्ता एडवोकेट की अध्यक्षता में आयोजित की गई। जिसमें लोक सभा चुनाव को लेकर चर्चा की गई। इस दौरान चुनाव में शत् प्रतिशत मतदान हेतु मतदाता जागरूकता अभियान चलायें जाने पर निर्णय लेते हुए लोगों को जिम्मेदारियां दी गई। निर्णय लिया गया कि कचेहरी के साथ-साथ अन्य स्थानों पर परिषद के कार्यकर्ता मतदाता जागरूकता अभियान चलाएंगे, जिससे चुनाव में शत् प्रतिशत मतदान हो सकें। अध्यक्ष महेश गुप्ता ने कहा कि मत, मतदाता और मतदान लोकतंत्र की पहचान है। इस काम में सभी को आगे आकर अपने अपने मताधिकार का प्रयोग कर राष्ट्र के निर्माण के लिए सरकार का चयन करें। बैठक का संचालन महामंत्री मनोज सिंह ने किया। मीडिया प्रभारी शिवेश शुक्ल ने कहा कि मतदाताओं को जागरूक करना हम सभी लोगों का कर्तव्य है। बैठक में प्रमुख रूप से विनीत शुक्ल, आशीष गुप्ता, अजय, प्रदीप पाण्डेय, अजीत सहित आदि अधिवक्ता उपस्थित थे।

राहुल गांधी देश में सर्वाधिक रिकार्ड मतों से चुनावी जीत का रचेंगे इतिहास-प्रमोद तिवारी

रायबरेली। राज्यसभा में विपक्ष के उपनेता एवं कांग्रेस के स्टार प्रचारक प्रमोद तिवारी ने कहा है कि मोदी सरकार ने देश को मंहगाई तथा बेरोजगारी की पीडा देने के साथ राष्ट्रीय अर्थव्यवस्था को तहस नहस कर दिया। उन्होनें कहा कि भाजपा ने किसानों को भी फसल की लागत तक पाने के लिए कृषि नीति को भी कमजोर बनाए रखा। नौजवान पढ़ लिखकर नौकरी की जगह पेपरलीक होने का दर्द झेल रहा है। साढ़े सात हजार करोड़ के भाजपा के चुनावी चंदे घोटाले से देश की साख को धक्का लगा। प्रमोद तिवारी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी चुनाव के समय भी सिर्फ वोटों का धु्रवीकरण करने के लिए राष्ट्रीय मुददों पर जबाबदेही लेने की जगह भडकाऊ जुमले का ही सहारा ले रहे हैं। रविवार को रायबरेली संसदीय क्षेत्र में राहुल गांधी के समर्थन में विपक्ष के उपनेता प्रमोद तिवारी ने ऊंचाहार क्षेत्र के पचखरा, कुटिया, दौलतपुर, नदौरा एवं रोहनिया ब्लाक के इटैली गांवों में जनसंपर्क के तहत चुनावी संवाद में भाजपा पर जमकर हमला बोला। उन्होनें कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को यह पता चल गया है कि रायबरेली से राहुल गांधी देश में सबसे ज्यादा लाखों मतों से चुनाव जीतने का रिकार्ड बना रहे हैं। वहीं पीएम इण्डिया गठबंधन की सरकार भी बनते देख राजनैतिक गरिमा के विपरीत विपक्ष के खिलाफ अनर्गल मुददे तक उठाने से परहेज नही कर पा रहे हैं। कांग्रेस के राज्यसभा सदस्य प्रमोद तिवारी का जनसंपर्क के दौरान कार्यकर्ताओं व ग्रामीणों द्वारा जगह जगह उत्साहजनक स्वागत भी देखने को मिला। मीडिया प्रभारी ज्ञानप्रकाश शुक्ल के हवाले से जारी विज्ञप्ति में राज्यसभा में विपक्ष के उपनेता के राहुल गांधी के समर्थन में व्यापक जनसम्पर्क की जानकारी दी गयी है। विपक्ष के उपनेता प्रमोद तिवारी के साथ कांग्रेस नेता आजम खान और शहनाज बानो, अमित सिंह, नरेन्द्र यादव, सुरेश तिवारी, शैलेष पाण्डेय, राजन शुक्ला, लखन लाल ओझा आदि रहे।

मदर्स डे पर बच्चा बैंक ने शाल देकर माताओं का किया सम्मान

भंगवा के फ्री स्टडी सेंटर पर आयोजित हुआ मातृ वंदन पूजन, आशीर्वाद कार्यक्रम

प्रतापगढ़। हमसे किसी ने पूछा स्वर्ग कहां है, मैने कहा जिस घर में मां हो वह स्वर्ग है…। मां संतानों को कभी भी अपने आंचल से दूर नहीं रखती है। मदर्स डे पर बच्चा बैंक फ्रेंड्स ग्रुप के द्वारा मातृ पूजन और वंदन कार्यक्रम में यह झलक देखने को मिली। बच्चों ने ग्रुप की ओर से अपनी माओ का शाल ओढ़ाकर सम्मान किया और पैर छूकर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। अपनी माओ के साथ कार्यक्रम में शामिल होने आए छात्र साहिल बोला कि उसकी दुनिया उसकी मां है। जो उन्हें संस्कार दे रही है। रागिनी कहती हैं कि मां ने कभी भी पिता की कमी नहीं महसूस होने दी। मेहनत मजदूरी करके पढ़ा रही। मुझे अपनी मां पर गर्व है। हिमांशु कहते हैं उनकी जैसी माता सभी की हो। छात्र निखिल मां को ईश्वर का दर्जा देते हैं। कृष्णा कहते हैं मां उनका ध्यान रखती है। अच्छी सीख देती है। शुभम ने कहा वे कभी भी मां को दुखी नहीं करेंगे। उनका साया हम सभी भाईयों पर बना रहे। कार्यक्रम का संचालन प्रिंसिपल शनि ने किया। उन्होंने मातृ दिवस के महत्व पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में सम्पत्ति देवी, कमला, उषा, रंचन, संगीता और प्रभावती को ग्रुप की तरफ से सम्मानित किया गया। माताओं ने कार्य को सराहा। बोली मदर्स डे क्या होता उन्हें आज पता चला।

एलायंस क्लब ने वृद्धाश्रम की बुजुर्ग माताओं का किया सम्मान, दिए उपहार

प्रतापगढ़। मातृ दिवस पर एलायंस क्लब इंटरनेशनल द्वारा नगर क्षेत्र के महुली स्थित वृद्धाश्रम में निवास कर रही माताओं को उपहार देकर सम्मानित किया गया। क्लब के इंटरनेशनल डायरेक्टर समाजसेवी रोशनलाल उमरवैश्य के नेतृत्व में क्लब के पदाधिकारीयों बृद्धश्रम में मदर्स डे मनाया। क्लब के डायरेक्टर ने सभी बीस माताओं को माला पहनाया व उपहार देकर आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने कहा कि मातृ दिवस तो प्रतिदिन मनाना चाहिए। माता से बड़ा इस दुनिया में कोई नहीं है। माता एक अनुभूति है, एक विश्वास है। माँ के योगदान को कभी भुलाना नहीं चाहिए। उनका सम्मान करना चाहिए मां के बिना हर बेटे का जीवन अधूरा है। इस मौके पर वृद्धाश्रम के प्रबंधक अंबिका प्रसाद, रेखा उमरवैश्य, अर्चना खंडेलवाल, सुधा अग्रवाल, पूनम गुप्ता, संतोष कुमार, छेदीलाल, देवानंद, विनय श्रीवास्तव, राजेश सिंह, शिवेश शुक्ला, परमानंद मिश्रा, आदर्श कुमार, अंबिका प्रसाद, विवेक कुमार, अमित कुमार, धर्मेंद्र, सुनील कुमार आदि उपस्थित रहे।

संस्कार ग्लोबल स्कूल में बच्चों के माताओं को किया सम्मानित

प्रतापगढ़। मदर्स डे पर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन कर माताओं को सम्मानित किया गया। नगर क्षेत्र के संस्कार ग्लोबल स्कूल टेउंगा में रविवार को मातृदिवस मनाया गया। जिसमें स्कूल के बच्चों की माताओं को सम्मानित किया गया। बच्चों ने कार्यक्रम में आईं माताओं के टीका लगाकर स्वागत किया। मां मेरी मां..गाने पर डांस व विभिन्न नाट्य प्रस्तुतियां दीं। स्कूल में बच्चों की माताओं के बीच मनोरंजन खेल प्रतियोगिता हुई। निदेशक संजय सिंह, प्रिंसिपल समीना अख्तर ने अलग – अलग कक्षाओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान हासिल करने वाले छात्र – छात्राओं की माताओं एवं आर्ट, क्राफ्ट, खेल, मार्शल आर्ट, उपस्थिति, संगीत आदि में बेहतर करने वाले बच्चों के माताओं को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में गुंजन सिन्हा, सुधा सिंह, लक्ष्मी देवी, डीएन शर्मा, कृष्णा सिंह, लवली रावत, रोली पांडेय, तनु शर्मा, क्षमा सिंह, वर्षा ओझा निर्णायक रही। संयोजन शुभी अली एवं संचालन स्वीटी जायसवाल ने किया।

राजाभैया ने पार्टी पदाधिकारियों की बुलाई मीटिंग, भाजपा प्रत्याशी के समर्थन का ले सकते हैं निर्णय

प्रतापगढ़, कुण्डा। लोकसभा चुनाव में भाजपा को समर्थन देने को लेकर कुंडा विधायक राजा भैया ने जनसत्ता दल की एक मीटिंग बुलाई है। माना जा रहा है कि जनसत्ता दल की मीटिंग में ही राजा भैया अपने पत्ते खोलेंगे। दरअसल रविवार को गृहमंत्री शाह कुंडा के हीरागंज इलाके में थे। यहां गृहमंत्री ने भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में एक बड़ी जनसभा को भी संबोधित किया है। करीब एक सप्ताह पहले गृहमंत्री शाह और राजा भैया के बीच कौशांबी सीट उम्मीदवार को लेकर चर्चा भी हो चुकी है। ऐसे में अब जनसत्ता दल द्वारा भाजपा का समर्थन करने की चर्चा और तेज हो गई है। राजा भैया भाजपा को समर्थन देंगे या नहीं? इस पर रविवार की शाम होने वाली जनसत्ता दल की मीटिंग में निर्णय लिया जाएगा। इस मीटिंग के बाद ही कौशांबी से भाजपा प्रत्याशी विनोद सोनकर के पक्ष में वोट मांगने के लिए जनसत्ता दल के कार्यकर्ता निकल सकते हैं।

बतादें कि कौशाम्बी लोकसभा क्षेत्र में आने वाली पांच में दो सीट कुंडा और बाबागंज राजा भैया के प्रभाव वाली हैं। दोनों सीट पर राजा भैया का करीब तीन दशक से प्रभाव बरकरार है। माना जाता है कि यहां उनका रुख परिणाम में फेरबदल कर सकता है। दोनों नेताओं की गुफ्तगू को लेकर जिले के लोग यहां तक दावा करने लगे हैं कि राजा भैया लोकसभा चुनाव में भाजपा प्रत्याशी का समर्थन करेंगे। हालांकि राजा भैया के दल की ओर से इस बाबत कोई बयान नहीं आया है। राष्ट्रीय महासचिव डॉ0 केएन ओझा ने बताया कि राजा भैया की अमित शाह से मुलाकात हुई थी। क्या बातचीत हुई है इसकी जानकारी नहीं है।

पिछले सप्ताह कुंडा विधायक राजा भैया और गृहमंत्री अमित शाह के बीच हुई मुलाकात के बाद कौशांबी में अब नए समीकरण बनने लगे हैं। यहां भाजपा ने विनोद सोनकर को अपना उम्मीदवार बनाया है। दरअसल पांच मई को बेंगलुरु के एक होटल में रात करीब 11 बजे अमित शाह से राजाभैया की मुलाकात हुई थी। यहां दोनों नेताओं के बीच करीब एक घंटे तक कौशाम्बी सीट को लेकर बातचीत हुई। तालमेल और चुनाव में साथ आने को लेकर भी चर्चा हुई।