प्रतापगढ़ बुलेटिन -15 मई 2024

0
163

अधिवक्ता परिषद द्वारा मतदाता जागरूकता संगोष्ठी का आयोजन 

,प्रतापगढ़। अधिवक्ता परिषद अवध ईकाई प्रतापगढ़ द्वारा मंगलवार को कलेक्ट्रेट परिसर में संगोष्ठी का आयोजन किया गया।  परिषद के अध्यक्ष महेश कुमार गुप्ता व मीडिया प्रभारी शिवेश शुक्ल के अगुवाई में मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए चर्चा की गई। अधिवक्ताओं व वादकारियों से शत् प्रतिशत मतदान के लिए लोगों को जागरूक करने की अपील की गई। संगोष्ठी में जूनियर बार के अध्यक्ष रोहित शुक्ल मुख्य अतिथि रहे। परिषद के अध्यक्ष महेश कुमार गुप्ता ने कहा कि हमारा मत ही यह तय  करता है कि हम देश में कैसी सरकार चाहते हैं। जब मतदान का महत्व हम नहीं समझते और मत नहीं देते तो कहीं ना कहीं हम देश का ही नुकसान कर रहे होते हैं। इसलिए राष्ट्रहित में मतदान हेतु आगे आयें और दूसरों को भी प्रेरित करें। इस मौके पर अनीश गुप्ता, सुनील कुमार, विनीत शुक्ल, अजीत सिंह, प्रदीप पाण्डेय, सचिदानंद तिवारी, देवेंद्र सिंह, आशीष गुप्ता, आकाश आदि अधिवक्ता व वादकारी मौजूद रहे।

टॉपर सूची में संस्कार ग्लोबल स्कूल के बच्चे रहे अव्वल, किये गए सम्मानित

प्रतापगढ़। संस्कार ग्लोबल स्कूल टेउंगा का हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट का परीक्षा परिणाम शत प्रतिशत रहा। जिले की टॉपर सूची में संस्कार ग्लोबल स्कूल का एक बार फिर दबदबा कायम रहा। हाईस्कूल में शुभी शर्मा 493 ( 98.6) अंको के साथ अव्वल रही। इंटरमीडिएट में मोहन सिंह  ने 486 (97.20) अंकों के साथ स्कूल में टॉप किया है। शिक्षकों ने बच्चों का मुंह मीठा कराकर बधाई दी है। हाईस्कूल में शुभी शर्मा ने 98.6 प्रतिशत, वरुण सोनी 96.2, सक्षम राव 95.6, अभिनव कुमार 95.4, कृष्ण कुमार सिंह 95.4, युवराज सिंह 95.2, निखिल यादव 95 प्रतिशत, निखिल कुमार 94.6, साक्षी सिंह 94.2, हर्षवर्धन मिश्रा 94 प्रतिशत, जयश शर्मा 94 प्रतिशत, श्रेया शर्मा 94 प्रतिशत, अर्जित राज 93.8, रौनक कन्नौजिया 93.8, श्रेयश मिश्रा 93.8 ने अंक हासिल कर टॉप टेन सूची में जगह बनाई है। जबकि इंटरमीडिएट में मोहन सिंह 486 (97.2), वेदांत गुप्ता 96.6, आयुष गुप्ता 96 प्रतिशत, अखिलेश कुमार शर्मा 95.4, सुहानी गुप्ता 94.6, वंश विक्रम सिंह 94.4, जाह्नवी शुक्ला 94.4, श्रेया पांडेय 94.2, राज सोमवंशी 93.8, सिद्धार्थ 93.8, आदर्श पांडेय 93.4, कृतिका त्रिपाठी 93.2 फीसदी अंक प्राप्त कर टॉप टेन सूची में स्थान बनाया। चेयरपर्सन डा. अंजना सिंह सेंगर ने बच्चों को बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की। निदेशक संजय सिंह एवं प्रिंसिपल समीना अख्तर ने बच्चों का मुंह मीठा कराकर बधाई दी। इस दौरान प्रकाश त्रिपाठी, अखिलेश मिश्रा, कृष्णा सिंह, मो0 रईश, सुधा सिंह, अविनाश सिंह, आरएम शर्मा, तरुण शर्मा, शुभी अली, आनन्द सिंह, जेपी त्रिपाठी आदि मौजूद रहे।

फायर ब्रिगेड की गाड़ी ने स्कूटी सवार को रौंदा , एक की मौत दो घायल

प्रतापगढ़। फायर ब्रिगेड की गाड़ी और स्कूटी में टक्कर हो गई। हादसे में स्कूटी सवार पिता की मौत हो गई। वहीं उनकी दो बेटियां गंभीर रूप से घायल हो गईं। स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने घायलों को अस्पताल मे भर्ती कराया। स्कूटी पर तीन लोग सवार थे। शहर से भदोही घर जाते वक्त बड़नपुर के पास हादसा हुआ। जिले के देहात कोतवाली क्षेत्र की तरफ से फायर ब्रिगेड की गाड़ी शहर की तरफ आ रही थी। स्कूटी सवार तीन लोग शहर से घर की तरफ देहात कोतवाली के भदोहीं गांव जा रहे थे। आमने सामने फायर ब्रिगेड गाड़ी और स्कूटी में टक्कर हो गई। पिता की मौके पर मौत हो गई। जबकि मृतक की दो बेटियां गंभीर रूप से घायल हो गईं। स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को मेडिकल कालेज में भर्ती कराया। हादसे में देवेंद्र प्रताप सिंह की मौत हुई है। उनकी दो बेटियां ज्योतसना सिंह और प्रशंसिका सिंह घायल हैं। पुलिस ने शव को कब्जे मे लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। देहात कोतवाली थाना अध्यक्ष विनीत उपाध्याय ने बताया की शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

16 मई से विधानसभाओं की कमिशनिंग का होगा कार्य

,प्रतापगढ़। जिला निर्वाचन अधिकारी संजीव रंजन ने बताया कि लोकसभा चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवारों की संख्या 26 हो जाने के कारण कमिशनिंग कार्य  16 मई से किया जाएगा। इसके लिए तीन विधानसभाओं 247-विश्वनाथगंज, 248-प्रतापगढ़ एवं 249-पट्टी विधानसभा की कमिशनिंग का कार्य पूरे केशवराय में बने ईवीएम वेयर हाउस में होगा। दो विधानसभाओं 244-रामपुरखास व 250-रानीगंज विधानसभा की कमिशनिंग का कार्य पूरे केशवरायम में बने वीवीपैट वेयर हाउस नियर ट्रामा सेन्टर के बगल  कराया जायेगा। डीएम ने बताया कि प्रथम रैण्डमाइजेशन 19 अप्रैल के क्रम में दो विधानसभा 244-रामपुरखास व 250-रानीगंज की ईवीएम, वीवीपैट पूरे केशवराय में बने ईवीएम वेयरहाउस में रखी गयी है। 15 मई को पूरेकेशवराय में बने वीवीपैट वेयर हाउस में शिफ्ट किया जायेगा।

कार ओवरटेक करते समय बिजली के पोल में टकराने से बाइक सवार युवक की मौत

प्रतापगढ़। मानधाता थाना स्थानीय बाजार से बाइक में नम्बर प्लेट लगवाकर घर मऊआइमा जा रहा युवक कार को ओवरटेक करते समय अनियंत्रित होकर बिजली पोल से टकरा गया। इससे बाइक चला रहे युवक की मौत हो गई। जबकि पीछे बैठा युवक बाल-बाल बच गया। प्रयागराज-मऊआइमा के गौरीगंज कल्याणपुर निवासी रमेशचंद्र का बेटा 25 वर्षीय नितिन सरोज चचेरे भाई 27 वर्षीय सचिन सरोज के साथ मंगलवार को मानधाता बाजार आया था। यहां एजेंसी पर नई बाइक में नम्बर प्लेट लगवाकर दोनों घर वापस जा रहे थे। मानधाता के हैंसी परजी चौराहे से सौ मीटर आगे टावर के पास एक कार ओवरटेक करने के दौरान बाइक अनियंत्रित होकर बिजली के पोल से टकरा गई। इससे नितिन को गंभीर चोटें आईं और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पीछे बैठे चचेरे भाई को खरोंच भी नहीं लगी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एसओ मानधाता श्रवण कुमार सिंह ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। कार्रवाई की जा रही है।

ऐतिहासिक जीत के साथ इण्डिया गठबंधन की बनेगी सरकार-प्रमोद तिवारी

,प्रतापगढ़। राहुल गांधी के चुनाव प्रचार में रायबरेली पहुंचे राज्यसभा में विपक्ष के उपनेता प्रमोद तिवारी ने कहा है कि चार चरणों के चुनाव के बाद पीएम मोदी और भाजपा का अब सत्ता से बाहर होना तय हो गया है। उन्होनें कहा कि देश की जनता ने यह पक्का मन बना लिया है कि पिछले दस वर्षाे में प्रधानमंत्री मोदी ने एक भी वायदे पूरे नही किये। सिर्फ जुमलेबाजी करते हुए जनता को धोखा दिया। उन्होने क्षेत्र के सरैनी ब्लाक के भोजपुर, पलटी खेड़ा, निसगर, कंजास गांवों में मंगलवार को जनसम्पर्क किया। चुनावी संवाद के तहत राहुल गांधी के लिए मजबूत समर्थन जुटाया। चार चरणों के चुनाव के रूझान से भाजपा को समझ में आ रहा है कि यह आंकड़ा डेढ़ सौ से भी कम होने जा रहा है। प्रधानमंत्री मोदी के चेहरे पर दिख रही चिन्ता की लकीरें बता रही हैं कि एनडीए सत्ता से बेदखल होगा। श्री तिवारी ने राहुल गांधी को देश की सच्ची आवाज करार दिया। उन्होनें कहा कि भाजपा ने जिन्हें दो लड़के समझा था आज राहुल गांधी और अखिलेश यादव ने महानायक के रूप में देश की करोड़ों जनता का दिल जीत लिया है। प्रमोद तिवारी के जनसंपर्क अभियान में ग्रामीणों में भी जोश दिखा। कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान सरैनी ब्लाक अध्यक्ष गिरीश बहादुर सिंह, समन्वयक माजिन, राकेश पाण्डेय, संतोष वर्मा, अनन्य बाजपेई, एहसान खान, चंद्रकान्त त्रिवेदी, कौशल पाण्डेय, सत्य नारायण मिश्र, धर्मेन्द्र सिंह, लल्लू यादव, जितेन्द्र द्विवेदी, हिमांशु, गौरव पटेल, ओम अग्निहोत्री, सुनील कुमार, दिनेश बाबा आदि साथ रहे।

मतदान प्रक्रिया को ठीक से समझ लें-सीडीओ

प्रतापगढ़। सीडीओ नवनीत सेहारा ने मंगलवार को प्रशिक्षण केन्द्रों सेन्ट एन्थोनी इण्टर कालेज एवं राजकीय इण्टर कालेज का निरीक्षण किया। विभिन्न कक्षों में जाकर पीठासीन अधिकारियों, मतदान कार्मिकों से एमपीएस ऐप व अन्य निर्वाचन सम्बन्धी प्रश्न पूंछे। उन्होंने कहा कि चुनाव को निष्पक्ष और सकुशल सम्पन्न करायें। सभी पीठासीन अधिकारी एमपीएस ऐप डाउनलोड करके ही जायेगें। डा0 मो0 अनीस, डा0 विन्ध्याचल सिंह और एआरपी धर्मेन्द्र ओझा ने कार्मिकों को विस्तार पूर्वक ट्रेनिंग दी। इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी राकेश प्रसाद, जिला विद्यालय निरीक्षक सरदार सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी भूपेन्द्र सिंह, मंजू वर्मा, परियोजना निदेशक डीआरडीए आर0सी0 शर्मा सहित प्रशिक्षु उपस्थित रहे।

अज्ञात चालक के खिलाफ गैरइरादतन हत्या का केस दर्ज

प्रतापगढ़। कोतवाली पुलिस ने युवक की मौत पर अज्ञात चालक के खिलाफ गैरइरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। सांगीपुर थानान्तर्गत रंगौली निवासी रमाशंकर सिंह पुत्र स्व. रामबहादुर सिंह ने पुलिस को दी गई तहरीर में कहा है कि सत्ताईस अप्रैल को सुबह उसके पुत्र को घर जाते समय लालगंज कोतवाली के घुइसरनाथ मार्ग पर अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दिया था। गंभीर रूप से घायल युवक की दस मई को इलाज के दौरान मौत हो गयी। जांच के बाद पुलिस ने तहरीर के आधार पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ गैरइरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज किया है।

अज्ञात कार चालक पर लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने का केस दर्ज

प्रतापगढ़। कोतवाली पुलिस ने अज्ञात कार चालक के खिलाफ लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए दुर्घटना करने को लेकर मुकदमा दर्ज किया है। सांगीपुर थाना के थरिया गांव निवासी विष्णुकान्त वर्मा पुत्र रामलाल वर्मा ने पुलिस को दी गई तहरीर में कहा है कि बारह मई को दोपहर उसके भाई सूरज वर्मा बाइक से कुण्डा से घर आ रहे थे। लालगंज कोतवाली के केशवपुर चौराहे के पास अज्ञात कार चालक ने टक्कर मार दिया। जिससे सूरज गंभीर रूप से घायल हो गये। जांच के बाद पुलिस ने अज्ञात चालक के खिलाफ लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए दुर्घटना करने का मुकदमा दर्ज किया है।

पीड़ित महिला की तहरीर पर तीन के खिलाफ हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज

प्रतापगढ़। कोतवाली पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर तीन लोगों के खिलाफ हत्या के प्रयास समेत कई धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। लालगंज कोतवाली के बेलहा गंाव की आशा देवी पत्नी हरिश्चंद्र ने पुलिस को दी गई तहरीर में कहा है कि ग्यारह मई को सुबह करीब सात बजे गांव के फूलचंद्र पुत्र रामसुमेर तथा फूलचंद्र के पुत्रगण धीरेन्द्र व इन्द्रेश दरवाजे पर पहुंचकर गाली देने लगे। विरोध करने पर आरोपितों ने घर में घुसकर पीड़िता को जमकर मारापीटा। गंभीर चोट लगने से पीड़िता बेहोश हो गयी। आरोपीगण घरेलू सामानों में तोडफोड करते व जान से मारने की धमकी देते चले गये। जांच के बाद पुलिस ने फूलचंद्र समेत तीन लोगों के खिलाफ हत्या के प्रयास आदि धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।

तमंचा के साथ युवक गिरफ्तार, भेजा गया जेल

प्रतापगढ़। उदयपुर पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। उदयपुर थाना के दरोगा ओमप्रकाश यादव तथा कैलाशनाथ यादव पुलिस फोर्स के साथ मंगलवार को सुबह गश्त पर निकले थे। इसी बीच मुखबिर की सूचना पर रेहुआ लालगंज मार्ग स्थित पुलिया के पास बड़ा का पुरवा खानीपुर निवासी गोविन्द सिंह पुत्र तुलसीराम सिंह को धर दबोचा। तलाशी के दौरान आरोपी के पास से एक तमंचा व दो जिन्दा कारतूस की बरामदगी हुई। पुलिस ने आर्म्स एक्ट में मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार आरोपी को जेल भेज दिया।

बोर्ड परीक्षा में विद्यालय में अव्वल आने पर मेधावियों का हुआ सम्मान

प्रतापगढ़। सीबीएसई बोर्ड की हाईस्कूल व इण्टर की परीक्षा परिणाम में विद्यालय में अव्वल आने पर छात्र छात्राओं को सम्मानित किया गया। सांगीपुर अन्तर्गत ईशान पब्लिक स्कूल शुकुलपुर के हाईस्कूल के छात्र कुलश्रेष्ठ सिंह ने 96.3 प्रतिशत अंक हासिल कर विद्यालय का मान बढ़ाया है। वहीं बारहवीं की छात्रा अंशिका मिश्रा ने 93.7 प्रतिशत अंक हासिल कर विद्यालय का मान बढ़ाया है। इसके साथ ही विद्यालय की छात्रा साक्षी मौर्या ने 94.3 प्रतिशत व मारफिया ने 93.8 प्रतिशत अंक हासिल कर विद्यालय का नाम रोशन किया है। मेधावी बच्चों की इस सफलता पर निदेशिका रीमा मिश्रा, प्रबन्धक डॉ. प्रशान्त कुमार शुक्ल, प्रधानाचार्य संदीप कुमार वैश्य, क्वार्डिनेटर वैभव शुक्ल समेत विद्यालय परिवार ने मेधावी छात्र छात्राओं का सम्मान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

चाकू के साथ वांछित गिरफ्तार, भेजा गया जेल

प्रतापगढ़। सांगीपुर के दरोगा ने गश्त के दौरान अवैध चाकू के साथ एक युवक को गिरफ्तार कर उसे जेल भेज दिया। दरोगा ज्ञानेन्द्र कुमार मंगलवार सुबह पुलिस फोर्स के साथ गश्त पर निकले थे। इसी बीच मुखबिर की सूचना पर हत्या के प्रयास के आरोपी राहुल कोरी पुत्र बनवारी लाल कोरी निवासी तारापुर को पूरे कालिका तारापुर पुलिया के पास धर दबोचा। तलाशी के दौरान आरोपी के पास से एक अवैध चाकू की बरामदगी भी हुई। दरोगा ने बताया कि गिरफ्तार युवक हत्या के प्रयास के मुकदमें का वांछित था। उसे जेल भेज दिया गया है।

प्रत्युष मिश्रा ने 98.8 प्रतिशत लाकर सेंट जेवियर स्कूल रंजीतपुर चिलबिला का किया नाम रोशन

,प्रतापगढ़। सेंट जेवियर स्कूल रंजीतपुर चिलबिला इसमें सीबीएसई बोर्ड द्वारा क्लास 10 का बोर्ड परीक्षा परिणाम घोषित किया गया। जिसमें विद्यालय के प्रत्युष मिश्रा ने 98.8 प्रतिशत लाकर प्रतापगढ़ जनपद में प्रथम स्थान प्राप्त किया और दूसरी तरफ क्लास 12जी का भी रिजल्ट घोषित हुआ जिसमें आयुष उपाध्याय 88.6 प्रतिशत मोहम्मद रिजवान 88.02ः खुशी सिंह 87.8 प्रतिशत सृष्टि सिंह 84.4ः श्रद्धा त्रिपाठी 84ः ख्वाहिश सेनानी 82.5ः राजक तिवारी 81.8 प्रतिशत उमर खान 81.6ः उत्कर्ष द्विवेदी 80ः स्नेहाम मौर्य 81.4ः मोहम्मद आसिफ 81.4 प्रतिशत इनका परिणाम आने की जानकारी होते हुए बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं विद्यालय में एकत्र हुए परिणाम देखकर बच्चों के चेहरे खिल गए इसी प्रकार इसी प्रकार क्लास 10जी में भी 15 बच्चों का प्रतिशत 90 से 99 तक रहा विद्यालय में उपस्थित सभी छात्राओं को प्रबंधक संजीव कुमार सिंह उप प्रबंधक राजेश खंडेलवाल एवं संतोष कुमार द्विवेदी तथा विद्यालय के प्राचार्य डॉ मनोज पांडे ने मिठाई खिलाकर सफलता के लिए बधाई दी इस अवसर पर सभी छात्र-छात्राओं के अभिभावक एवं विद्यालय के सभी अध्यापक एवं अध्यापिकाएं उपस्थित रहे तथा विद्यालय में शीश स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दी।