प्रतापगढ़ बुलेटिन | 18 जुलाई 2024

0
211

हनुमान मंदिर पर नहीं हो सका भण्डारा, राजा उदय सिंह के करीबी ने पुलिस पहरे में की पूजा अर्चना

पुलिस छावनी में तब्दील रहा कुण्डा, आला अफसर रहे मौजूद

प्रतापगढ़, कुण्डा। मोहर्रम की दसवीं पर शेखपुर आसिक गॉव स्थित हनुमान मंदिर पर होने वाला सुन्दरकांड पाठ व भण्डारे का आयोजन नहीं हो सका। राजाभैया के पिता उदय प्रताप सिंह के करीबी निर्भय सिंह ने पुलिस पहरे में हनुमान मंदिर पहुंचकर पूजा अर्चना कर प्रसाद चढ़ाया। जिला प्रशासन ने हनुमान मंदिर पर होने वाले कार्यक्रम पर रोक लगा दी थी। राजा उदय प्रातप सिंह को कुण्डा पुलिस ने सोमवार को भोर में उनके भदरी स्थित राज महल में नजरबंद कर दिया था। उदय प्रताप सिंह के नजरबंद की रिहाई बुद्धवार को रात नौ बजे हुई। मोहर्रम पर शेखपुर आशिक गॉव, हनुमान मंदिर व मदरी राजमहल समेत संवेदनशील स्थलों पर भारी पुलिस फोर्स की तैनाती रही। मोहर्रम को सकुशल संपन्न कराने के लिए पीएसी समेत फतेहपुर, प्रयागराज, बॉदा व प्रतापगढ़ की पुलिस फोर्स तैनात की गई थी। डीएम, एसपी, सीआरओ, एडीएम समेत जिले के आला अफसर सुबह से मौजूद रहकर इलाके की हर गतिविधि पर पैनी नजर गड़ाए रहे है। मोहर्रम को सकुशल सम्पन्न कराने के लिए प्रशासन ने सख्त पहरा लगा रखा था। बतादें वर्ष 2005 में कुण्डा के शेखपुर आशिक गॉव से उठे दशवीं की ताजिए के रास्ते में एक बंदर आ गया था जिसमें जुलूस में शामिल किसी अराजक तत्व ने गोली मारकर बंदर की हत्या कर दी थी। उस समय दो समुदायों के बीच भारी बवाल हुआ था। जिस स्थान पर बंदर की मौत हुई थी वहॉ पर हिन्दू संगठनों ने राजाभैया के पिता उदय प्रताप सिंह के सहयोग से हनुमान मंदिर की स्थापना की गई थी। मोहर्रम के दसवीं के दिन हर वर्ष अधूरे बने मंदिर पर हनुमान चालीसा के साथ भण्डारा होने लगा। विवाद बढ़ने पर प्रशासन ने मंदिर पर होने वाले सारे कार्यक्रमों पर रोक लगा दी। राजा उदय सिंह ने हाईकोर्ट से लेकर सुप्रीम कोर्ट का रूख किया। कोर्ट ने प्रशासन के विवेक पर निर्णय लेने का आदेश दिया। तब से मोहर्रम के दौरान तीन दिनों तक राजा उदय प्रताप सिंह को प्रशासन हाउस अरेस्ट करता चला आ रहा है।

हाई बोल्टेज तार में झंडा छूने से जुलूस मंे शामिल युवक की मौत-

कुण्डा के बाबूगंज रेलवे फाटक से गुजर रहे अलम के जुलूस में शामिल उत्साही युवक का लोहे की राड में लगा झंण्डा हाई बोल्टेज तार मंे छूने बुरी तहर झुलस गया। घायल युवक को लोगों ने कुण्डा सीएचसी लाया जहॉ चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक वासिफ 34 कुण्डा थाना क्षेत्र के मझिलगांव के मियॉ का पुरवा का निवासी था। मौत की खबर सुनकर शेखपुर और मझिलगांव के लोगों ने साउण्ड बंद कर दिया और शांति से ताजिया दफनकर अपने घर लौट गये। 

प्रयागराज जोन की 27वीं अन्तर्जनपदीय पुलिस प्रतियोगिता का समापन, खिलाड़ियों को किया गया सम्मानित

प्रतापगढ़। पुलिस लाइन में प्रयागराज जोन की 27वीं अन्तर्जनपदीय भारोत्तोलन, योगा व पावर लिफ्टिंग तीन दिवसीय प्रतियोगिता का बुद्धवार को समापन हो गया। आयोेजित प्रतियोगिता में प्रयागराज जोन प्रतापगढ़, कौशाम्बी, प्रयागराज, फतेहपुर, बॉदा, हमीरपुर, चित्रकूट व महोबा जनपद के महिला व पुरूष पुलिस के खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। यह प्रतियागिता 15 से 17 जुलाई के बीच सम्पन्न हुई। प्रतियोगिता मंे अव्वल रहे महिला व पुरूष खिलाड़ियों को सीओ नगर शिव नारायण वैश्य ने प्रतियोगिता के फाइनल विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कृत कर सम्मानित किया।

मादक पदार्थ के साथ वाहन समेत दो आरोपी गिरफ्तार, दर्जनभर दर्ज हैं तस्कर पर मुकदमें

प्रतापगढ़। कोतवाली देहात पुलिस के दरोगा राहुल कुमार की टीम ने बुद्धवार को मुखबिर की सूचना पर दो मादक तस्कर को वाहन समेत गिरफ्तार किया है। थाना क्षेत्र के सराय सागर स्थित पंकज ढाबा पर खड़ी वैगनार कार पर मादक होने की पुलिस को जानकारी मिली। तलाशी के दौरान पुलिस को कार के डैस बोर्ड से काली पन्नी में रखा एमडी नामक नशीला पदार्थ बरामद हुआ। आरोपी अर्जुन सिंह पुत्र नरेन्द्र सिंह निवासी भुपियामऊ तथा उत्कर्ष प्रताप सिंह पुत्र माताफेर निवासी पूरे थनई नारायणपुर जेठवारा को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि तस्कर अर्जुन सिंह पर लखनऊ के मलीहा बाद समेत जिले के विभिन्न थानों पर गंभीर धाराओं में दर्जन भर मुकदमें दर्ज हैं। पुलिस ने वैगनार कार यूपी 32 एनटी 7098 को सीज कर दिया। 

बुजुर्ग को पति-पत्नी ने पीटकर किया घायल

प्रतापगढ़। देहात कोतवाली क्षेत्र के भुपियामऊ गांव में एक बुजुर्ग को पानी भरे खेत में गिराकर महिला और उसके पति ने लाठी से पीटा। पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पीड़ित बुजुर्ग भुपियामऊ निवासी 60 वर्षीय महावीर बताया जा रहा है। उसे पहले युवक ने धक्का देकर पानी भरे गड्ढे में गिरा दिया। बुजुर्ग ने बाहर निकलने का प्रयास किया तो धक्का देने वाले की पत्नी उसे लाठियों से पीटने लगी। आरोप है कि घायल शिकायत लेकर पुलिस चौकी गया लेकिन उसकी सुनवाई नहीं हुई। बाद में वह देहात कोतवाली गया तो पुलिस उसे मेडिकल कॉलेज ले गई। बुजुर्ग ने कोतवाली देहात में घटना की बाबत तहरीर दी है। भुपियामऊ चौकी इंचार्ज ने बताया कि चचेरे भाई के एक घर पर अपना दावा करने के विवाद में मारपीट हुई है। मामले में कार्रवाई की जा रही है।

तीन वर्ष पूर्व बने महिला अस्पताल के एसएनसीयू की छत से पानी चुने से खुली घटिया निर्माण की पोल

प्रतापगढ़। महिला अस्पताल की स्पेशल न्यू बार्न केयर यूनिट (एसएनसीयू) की छत से पानी टपकने के कारण नवजात बच्चों को भर्ती नहीं किया जा रहा है। इससे बच्चों के तीमारदार परेशान हैं। यह जनपद का इकलौता वार्ड है, जहां समय से पहले पैदा होने वाले बच्चों को भर्ती कर इलाज किया जाता है। राजा प्रताप बहादुर अस्पताल के महिला विंग में 15 बेड का एसएनसीयू है। इसमें जिस कमरे में चिकित्सक बैठते थे, उसमें तथा वार्ड में जहां बच्चे भर्ती होते थे वहां शुरुआत के पांच बेड के ऊपर की छत से बारिश से पानी टपकने लगा है। इस वार्ड के प्रभारी चिकित्सक जून से अब तक कई बार इस संबंध में सीएमएस को पत्र भी लिख चुके है। 10 दिन के भीतर तीन बार भवन बनाने वाले इंजीनियर आए और देख कर चले गए। इसे अब तक ठीक नहीं कराया जा सका। वर्तमान में एसएनसीयू वार्ड में सात बच्चे भर्ती किए गए हैं। मंगलवार को कई बच्चे वापस कर दिए गए। बालरोग विशेषज्ञ डॉ0 अनिल कुमार ने बताया कि इस गंभीर समस्या की जानकारी सीएमएस को दी गई है। महिला अस्पताल की सीएमएस रीना प्रसाद का कहना है कि उन्होंने कार्यदायी संस्था आवास विकास परिषद, मेडिकल कालेज के प्रिंसिपल व डीएम को भी पत्र लिखा है। ठेकेदार सोमवार को आए थे। इसे ठीक करने के लिए लखनऊ से कर्मचारी आ रहे हैं। बतादें मेडिकल कालेज के महिला विंग अस्पताल तीन वर्ष पूर्व बनकर तैयार हुआ था। सडीएम योगी ने पहुंचकर जीआईसी ग्राउंड में उद्घाटन किया था। उस समय उद्घाटन के दौरान जिला प्रशासन व विभाग के अफसरों ने वाहवाही लूटते हुए अस्पताल को दुल्हन जैसा सजाया गया था। महज तीन वर्ष का समय बीतते ही अस्पताल के निर्माण की पोल खुलने लगी है। टपक रहे छत के पानी से बच्चों को बचाने के लिए अस्पताल प्रशासन ने कोई इन्तिजाम नहीं किया है। महज पत्रजात कर खानापूर्ति की जा रही है।

पांच दिनों से खराब है मेडिकल कालेज में लगा नलकूप

पानी के लिए परेशान हो रहे मरीज व स्टाफ

प्रतापगढ़। मेडिकल कॉलेज के राजा प्रताप बहादुर चिकित्सालय में पानी की सप्लाई के लिए लगे नलकूप की मोटर शुक्रवार रात खराब हो गई। मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने कार्यदायी संस्था को सूचना दिया। लेकिन बुधवार को भी मोटर चालू नहीं सकी। बताया गया कि कार्यदायी संस्था के कर्मचारी मोटर की मरम्मत कराने ले गए हैं। उधर अस्पताल से लेकर डॉक्टर्स के हॉस्टल तक पांच दिनों से पानी का संकट बना रहने से सभी परेशान हैं। टैंकर से मंगाए गए पानी से किसी तरह मुश्किलें हल करने का प्रयास किया जा रहा है। पानी की समस्या को देखते हुए इलाज कराने आये मरीज व तीमारदार प्यास से तड़पते देखे जा रहे हैं। बोतल का पानी परिसर में बेचते हुए लोग दिखाई दे रहे हैं। पानी न होने से शौचालयों से बदबू आ रही है। कई तल ऊपर भर्ती मरीजों के लिए तीमारदार नीचे उतर कर टैंकर से पानी ढोकर ले जा रहे हैं। प्रिंसिपल सलिल श्रीवास्तव के पास अमेठी, सुल्तानपुर व प्रतापगढ़ मेडिकल कालेज के प्रभार होने से उन्हें अस्पताल में व्यक्त समस्याओं को सुलझाने की फुर्सत नहीं है। अस्पताल में फैली दुर्दशा को कोई देखने वाला नहीं है।

शानो शौकत से निकला मुहर्रम का जुलूस, मातम के साथ दिखाये कर्तब

प्रतापगढ़। शहर में मुहर्रम की दसवीं अशूर का जुलूस बुधवार को शानों-शौकत और अकीदत के साथ निकाला गया। जुलूस की सदारत मुहर्रम कमेटी ट्रस्ट शहर  अध्यक्ष हैदर अली, उपाध्यक्ष फरीद आलम ने किया। एलान किया गया कि पैगम्बर के भांजे जनाबे ऑन-ओ – मोहम्मद, हम शकले पयम्बर जनाबे अली अकबर, 6 महीने के नन्हे जनाबे अली असगर के शहीद होने पर मातम मनाया गया। भाई की निशानी जनाबे क़ासिम भी शहीद हो गए। मौला हुसैन एक एक कर के हर एक जान निसारओ को क़ुर्बान कर दिया। मौला हुसैन अल्लाह की रज़ा पे राज़ी थे वरना 9 लाख के लश्कर पर तनहा मेरा मौला अब्बास ही इस जंग का नक़्शा बदल देते। मगर मौला हुसैन सब्रो रज़ा का पैग़ाम देने कर्बला की सर ज़मीं पर आये थे। सिर्फ 72 शोहदों ने अपनी जानो का नज़राना अपने नाना के दीन की खातिर कुर्बान कर दिया। जुलूस में मीम बॉयज़ का शाही अलम, अंजुमने, अखाड़े, कई जगहों से ताजिया शरीफ, डंके दुलदुल, बुर्राक भी शामिल हुआ। जुलुस खुशखुशवापुर से निकल कर भंगवा चुंगी होते हुए टक्करगंज पहुंचा। फिर जुलूस पुराना माल गोदाम से होता हुआ कदीमी रास्तों से बेगमवार्ड शाही इमाम बाड़े पहुंचा। जहाँ से अज़ादारों ने जंजीरी मातम दिखाया। जुलूस  रंजीतपुर चिलबिला स्थित कर्बला पहुंचा। जहाँ सभी ताजियादारों ने एहतराम व अकीदत के साथ फातिहा पढ़ी। हुसैन के गम में डूबे रो रो कर अकीदतमंदों ने दुआ मांगी। बुड्ढा ताजिया इमाम बाड़े का रास्ता बंद होने की वजह से जुलूस में शामिल नहीं हो सका। जुलूस में मुहर्रम कमेटी ट्रस्ट शहर, अंजुमन आशिकाने रसूल, मीम बॉयज़, अंजुमन गुलामाने मुस्तफा, लोको अखाडा, जाबाज अखाडा, पल्टन बाजार अखाडा, अल हुसैन अखाडा, सदर बाजार अखाडा, चिलबिला अखाडा, शाहीन अखाडा, गोंडे अखाडा शामिल रहा। इस मौके पर मोहम्मद अशफ़ाक़, शकील अहमद, मेराज़ खान, लल्लन शेख, नौशाद, अबुल हसन, तहसीन राजा, बरकत अली, अशरफ अली, आमिर, सैफ, मोहम्मद शारिक, मोहम्मद सलमान, अनवर खलीफा, मोहम्मद लाइक, मोहम्मद शफ़ीक़, मुख़्तार, सलीम, दिलशाद और तमाम ताजियादार  शामिल रहे।

हिस्ट्रीशीटर समेत दो आरोपियों को भेजा जेल, दर्ज हैं ढाई दर्जन संगीन मामले

प्रतापगढ़। लालगंज कोतवाली पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। कोतवाली लालगंज के दरोगा दीपक कुमार यादव बुधवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे फोर्स के साथ गश्त पर निकले थे। इसी बीच हिस्ट्रीशीटर अपराधी पंचलाल वर्मा के मेढ़ावां नहर की पुलिया के पास होने की मुखबिर से सूचना मिली। दरोगा ने पुलिस बल के साथ घेराबंदी करके पंचलाल वर्मा पुत्र देवतादीन वर्मा निवासी पूरे रमन मेढ़ावां को धर दबोचा। तलाशी के दौरान उसके पास से चार देशी बम की बरामदगी भी हुई है। वहीं दरोगा राजेन्द्रराम ने सुबह नया का पुरवा बेलहा के पास से वांछित सत्यम पुत्र छोटे लाल सरोज निवासी खरावां सराय भागमानी को मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी करके गिरफ्तार किया। कोतवाल नीरज यादव ने बताया कि हिस्ट्रीशीटर पंचलाल पर तीस मुकदमें दर्ज हैं। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।

रामपुर खास विधानसभा क्षेत्र में गांव गांव हुआ पौधरोपण 

प्रतापगढ़। राज्यसभा में विपक्ष के उपनेता प्रमोद तिवारी के जन्मदिन को लेकर रामपुर खास विधानसभा क्षेत्र में हर गांवों में वृक्षारोपण किया गया। कांग्रेस विधायक आराधना मिश्रा मोना के  निर्देश पर राजीव गांधी वृक्षारोपण अभियान के तहत पेड़ लगाए गए। विधानसभा क्षेत्र के सभी एक सौ अस्सी गांवों में पौधरोपण अभियान चलाया गया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं व क्षेत्रीय लोगों ने सार्वजनिक स्थानों आदि में छायादार औषधीय तथा फलदार पौध रोपित किये। पौराणिक स्थली बाबा घुइसरनाथ धाम में सई तटवर्ती छोर पर पौधरोपण अभियान को आगामी उन्नीस जुलाई को शिव की प्रतिमा के पूजन अर्चन के दौरान किया जाएगा। पौधों को संरक्षित करने के लिए बुधवार को रोपित पौधों को ट्रीगार्ड से सुरक्षित किया गया। कार्यकर्ताओं व स्थानीय लोगों द्वारा पौधरोपण अभियान को संचालित करने के लिए राज्यसभा सदस्य प्रमोद तिवारी एवं विधायक आराधना मिश्रा मोना ने आभार जताया है।

अखाड़े को रामलीला समिति के संरक्षक ने दिखाई झंडी  

प्रतापगढ़। मोहर्रम के जुलूस में शामिल नगर क्षेत्र के चिलबिला, गोड़े और सोनावा के अखाड़े को श्री रामलीला समिति के संरक्षक रोशनलाल उमरवैश्य ने झंडी दिखाकर तीनों अखाड़ों को कर्बला के लिए रवाना किया। सभी अखाड़ों ने एक से बढ़कर एक हैरत अंगेज करनामें दिखाएं। अखाड़ों को चिलबिला के व्यापारियों ने सम्मानित  व पुरस्कृत भी किया। साहिन अखाड़ा के अब्दुल जब्बार ने कहा कि 25 वर्षों से समाजसेवी द्वारा अखाड़े को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया जाता है। यह परंपरा आज भी कायम है। पूरे जिले को चिलबिला से संदेश लेना चाहिए। इस अवसर पर रामलीला समिति के सुनील अग्रवाल, छेदीलाल, सूरज कुमार, देवानंद, संतोष कुमार, अब्दुल जब्बार, असलम उस्ताद, मोहम्मद सैफ, अबरार, आदर्श कुमार आदि व्यापारी और रामलीला समिति के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

अलग-अलग मामलों में दो के खिलाफ अपरहण का केस दर्ज

प्रतापगढ़, लालगंज। उदयपुर थाना क्षेत्र के एक गांव के पीड़ित ने पुलिस को दी गई तहरीर में कहा है कि रविवार की रात उसकी सत्रह वर्षीया भतीजी को शादी का झांसा देकर पूरे वंशा कुम्भीआइमा गांव निवासी रईस अहमद कहीं भगा ले गया। एसओ राधेबाबू का कहना है कि मामले में तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है। जांच के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी। वहीं दूसरी घटना में लीलापुर थाना के एक गांव निवासी पीड़ित ने पुलिस को दी गई तहरीर में कहा है कि सोलह जुलाई को उसकी पुत्री घर से स्कूल जाने के लिए निकली थी लेकिन घर वापस नहीं लौटी। पीड़ित पिता ने बेटी के अपहरण को लेकर तेजगढ़ निवासी गुलहशन उर्फ सोनू पुत्र नसीम खॉन पर आशंका जताते हुए नामजद तहरीर दी है। एसओ नरेन्द्र सिंह का कहना है कि तहरीर के आधार पर आरोपित के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज किया गया है।

डूबने से बचाव हेतु जिला प्रशासन ने सुझाये उपाय

प्रतापगढ़। डूबने से बचाव हेतु  जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण द्वारा लोगों को विशेष सलाह दिया है। अपेक्षा की गई है कि इस समय नदी का जल स्तर बिना किसी पूर्व चेतावनी के बढ़ सकता है। नदी, नहर एवं घाटों के आस पास न जाये। तालाबों, कुओं, पोखरों आदि के पास जाने से बचें। पशुओ को चराने के बाद तालाबों एवं पोखरों में स्नान न करें। डूबते हुए व्यक्ति को धोती, साड़ी, रस्सी या बांस के सहायता से बचायें। स्वयं पानी में न जायें सहायता के लिये अन्य लोगो को पुकारें। किसी नये स्थान पर नदी में जाने से पहले नदी की गहराई का ध्यान अवश्य रखें। बच्चों को पुल, तालाब नदी, गड्डो तथा तेज पानी के बहाव में स्नान करने से रोके। बच्चों को पुल, ऊंचे टीलों से पानी में छलांग लगाकर नहाने से रोके। नदियों, तालाबों में स्नान करते वक्त सेल्फी लेने से बचें।

 डूबते व्यक्ति को पानी से बाहर निकालकर तत्काल प्राथमिक उपचार इस प्रकार करें। सबसे पहले देखें कि डूबे हुए व्यक्ति के मुंह में कुछ फसा हो तो उसे बाहर निकाले। नाक व मुंह पर उंगलियों के स्पर्श से जांच कर लें कि व्यक्ति की सांस चल रही है। नब्ज की जाँच करने हेतु गले के किनारे के हिस्सों में उंगलियों से छूकर जानकारी प्राप्त करें। डूबे व्यक्ति के मुंह से मुंह लगाकर दो बार भरपूर सांस दें। लगातार 30 बार छाती के बीच में दबाव दे तथा इस प्रक्रिया को 3-4 बार दुहराए।

इसके अलावां जिन तालाबों की गहराई के बारे में जानकारी ना हो वहां पर कतई न जाए। दुर्घटना होने पर चिकित्सीय सहायता हेतु 112 नंबर डायल करें। एंबुलेंस को सूचित करते हुए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में ले जाएं।