प्रतापगढ़ बुलेटिन | 17 अगस्त 2024

0
132

पौधरापण में विशेष योगदान के लिए समाजसेवी हुए सम्मानित

प्रतापगढ़। पौधरोपण अभियान में विशेष योगदान के लिए समाजसेवी एलायंस क्लब के रोशनलाल उमरवैश्य को डीएफओ जे पी श्रीवास्तव ने प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। 5 जून से चलाए जा रहे पौधरोपण अभियान में समाजसेवी ने अपनी टीम के साथ जिले के विभिन्न जगहांे पर सैकड़ों पेड़ लगा चुके हैं। पर्यावरण के प्रति उनके योगदान को देखते हुए वन विभाग ने उन्हें सम्मानित करने का निर्णय लिया। समाजसेवी के सम्मानित होने पर डा0 दयाराम मौर्य, राजीव आर्या, सुधा अग्रवाल, रेखा उमरवैश्य, ज्योति खंडेलवाल, पूनम गुप्ता ने प्रसन्नता व्यक्त की है। 

देश भक्ति के रंग में रंगे वीएस मेमोरियल स्कूल के बच्चे

प्रतापगढ़। शहर स्थित वीएस मेमोरियल स्कूल में 78वो गणतंत्र दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। राष्ट्रभक्ति के धुन पर स्कूल के बच्चों ने जमकर धमाल मचाया। आजादी के वीर नायकों का रूप धरे बच्चों के मनमोहक प्रस्तुतियों ने अतिथियों व अभिभावकों का मन मोह लिया। बच्चों के प्रस्तुत कार्यक्रम की जमकर सराहना हुई। बच्चों ने रैली तिरंगा रैली भी निकाली। रैली के दौरान बच्चों पीएम नरेन्द्र मोदी, देश की शान भगत सिंह, महाराणा प्रताप, नेताजी सुभाष चंद्र बोष, चन्द्र शेखर आजाद, झांसी की रानी आदि सपूतों के पोषाक में अलग नाजारा देखने को मिला। भारत माता की जय, वंदेमातरम के जयकारों से पूरा इलाका गंजायमान रहा। इस मौके पर विद्यालय की संचालिका अलका सिंह, संचिता, नित्या, इशिका, अक्षिता, साक्षी, अनमोल, प्रशान्ति समेत विद्यालय स्टाफ, अभिभावक व अतिथि मौजूद रहे। 

पूर्व सैनिकों ने वीर शहीदों को किया याद दी श्रृद्धांजलि, तिरंगा फहराकर दी सलामी 

प्रतापगढ़। गौरवशाली पूर्व सैनिक वेलफेयर संगठन के पूर्व सैनिकों ने आजादी के वीर शहीदों को श्रृद्धांजलि अर्पित की। तिरंगा फहराकर राष्ट्रघ्वज को सलामी दी। संगठन के अध्यक्ष ओंकारनाथ शर्मा, महासचिव आर ए सिंह की अगुवाई में शहर के एक पैलेस में आजादी के 78वें स्वतंत्रता दिवस पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिला सैनिक कल्याण बोर्ड के कमांडर दिनेश मिश्र ने तिरंगा फहराया। कार्यक्रम मंे शामिल अतिथि मैनेजर विजेन्द्र प्रताप सिंह व अधिकारी राजेश कुमार शर्मा को अंग वस्त्र देकर सम्मानित किया। देश की अखंडता के प्रति सदैव सुरक्षा और समर्पित होने का संकल्प दिलाया। इस मौके पर प्रमोद पांडे, सुनील शर्मा, दुर्गेश योगी, संतोष सिंह, राजेश सिंह, यूपी सिंह, शिवराम पांडे, विनोद कुमार मिश्र, राजीव सिंह, जेपी पांडे, महावर सिंह, अतीक, हबीब, रियाज हाफिज, संत प्रसाद, दिनेश व असलम समेत दर्जनों पूर्व सैनिक उपस्थित रहे। 

एसपी के हांथों सम्मानित हुए बहादुर व कर्तव्यनिष्ठ पुलिसकर्मी

प्रतापगढ़। 78वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर पुलिस लाइन परेड ग्राउण्ड पर बहादुर व कर्तव्यों के प्रति वफादारी निभाने वाले पुलिसकर्मियों व अधिकारियों को एसपी डा0 अनिल कुमार ने पदक व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। ध्वजारोहण के बाद एसपी ने मेडल लगाया। अधिकारियों व पुलिसकर्मियों को सत्यनिष्ठापूर्वक कर्तव्यों के निर्वहन के लिए प्रेरित किया। एसपी ने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में अपनी भागीदारी निभाएं। गुलामी की मानसिकता से मुक्ति के लिए हर संभव प्रयास करें। देश की समृद्ध विरासत पर गर्व व उसके उत्थान के लिए हमेशा काम करने तथा देश की एकता व एकजुटता के लिए सदैव प्रयासरत रहने की शपथ दिलाई। एसपी ने स्वतंत्रता सेनानियों व शहीदों के परिजनों को भी सम्मानित किया। एसपी ने इंस्पेक्टर, दरोगा, सिपाही व चालक समेत 32 पुलिसकर्मियों को सम्मानित किया। यह मेडल व प्रशस्ति पत्र डीजी द्वारा प्रशंसा चिन्ह व प्रमाण पत्र, भारत सरकार द्वारा उत्कृष्ट, अति उत्कृष्ट सेवा पदक, डीजी द्वारा उत्कृष्ट सेवा सम्मान चिन्ह एवं सराहनीय सेवा सम्मान चिन्ह निर्गत किया गया, जिसे एसपी ने सम्मानित किया। 

विधायक ने निकाली तिरंगा यात्रा, गांधी व मंगल पांडे की प्रतिमा पर किया माल्यार्पण

प्रतापगढ़। रानीगंज के सपा विधायक डा0 आर के वर्मा ने स्वतंत्रता दिवस पर रानीगंज बाजार में तिंरगा यात्रा निकाली। तिरंगा यात्रा में दर्जनों समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता व पदाधिकारी शामिल रहे। तहसील परिसर स्थित महात्मा गांधी व आजादी के वीर सपूत मंगल पांडे की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर वीर शहीदों को नमन किया। 

सांसद प्रमोद तिवारी ने दी श्रृद्धांजलि

प्रतापगढ़। शहर के अचलपुर निवासी कॉंगेस के अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष दानिश माबूद के भाई के निधन पर उनके घर पहुंच कर शोक संतप्त परिजनों से मिले। मृतक के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रृद्धांजलि अर्पित की। प्रमोद तिवारी ने शहर के कई कार्यक्रमांे में शिरकत किया। लोगों ने सांसद का जोरदार स्वागत किया। इस मौके पर पं0 श्याम किशोर शुक्ल, डा0 प्रशांत देव शुक्ल, डा0 नीरज त्रिपाठी, डा0 लालजी त्रिपाठी, भगवती तिवारी, वेदांत तिवारी, सुरेश कुमार मिश्र, राम रतन तिवारी, अभय किशोर तिवारी, नागेन्द्र पांडे, सुरेश कुमार सरोज, इस्तियाक सलमान खान, देवमणि पांडे, राजमणि वर्मा समेत अन्य कॉग्रेस के पदाधिकारी कार्यकर्ता मौजूद रहे। 

देश के प्रति समर्पण की भावना रखना हमारी पहली जिम्मेदारी-डा0 अनूप कुमार सिंह

प्रतापगढ़। सिटी स्थित पीबी इण्टर कालेज मंे 78वां गणतंत्र दिवस समारोह हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। प्रधानाचार्य डा0 अनूप कुमार सिंह ने राष्ट्रध्वज फहराकर झण्डे को सलामी दी। आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि डीआईओएस ओमकार राणा ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि हमें आजादी बड़ी कठिनाई से मिली है। इसके लिए हमारे देश के हजारों वीर जवानों ने अपनी कुर्बानी दी। हमें उनकी कुर्बानियों को याद रखकर अपने अंदर देश सेवा व भक्ति का जज्बा हर वक्त बनाए रखना होगा। प्रधानाचार्य डा0 अनूप कुमार सिंह ने छात्र-छात्राओं में देश सेवा के प्रति समर्पित भाव पैदा करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि देश के प्रति समर्पित भाव रखना हमारी पहली जिम्मेदारी है। कोई देश तभी मजबूत होता है जबकि वहॉ के नागरिकों में देश सेवा की भावना कूट-कूटकर भरी होती है। हम तबी सुरक्षित हैं जब देश सुरक्षित होगा। हमें आजादी दिलाने में हजारों, लाखों लोगों ने अपनी कुर्बानियां दी हैं। उन्होंने कहा कि हम जितना अपने लिए करते हैं उतना ही देश की उन्नति के लिए करना हमारा पहला धर्म होना चहिए। बच्चों में देश भक्ति का जज्बा पैदा करने के लिए प्रधानाचार्य ने अनगिनत वीर शहीदों के दृष्टांत प्रस्तुत किए। इसके पूर्व छात्र-छात्राओं ने तिरंगा यात्रा निकाली। डीजे पर बज रहे राष्ट्रगीतों के धुन पर तिरंगा यात्रा सिटी के मुहल्लों व सड़कों पर निकाली गई। बच्चों द्वारा लगाए जा रहे देशभक्ति के नारों से पूरा वातावरण गंूज रहा था जो आजादी के दिनों को याद दिला रहा था। छात्र-छात्राआंे ने कालेज में हुए कार्यक्रम में देश भक्ति पर गायन, नृत्य, अमर बलिदानियों का रूप धर प्रस्तुतीकरण करके मौजूद अभिभावकों व अतिथियों का मन मोह लिया। इस दौरान विद्यालय स्टाफ, अभिभावक व छात्र-छात्राएं आदि मौजूद रहे। 

नेहरू युवा केन्द्र में ध्वजारोहण कर शहीदों को किया नमन

प्रतापगढ़। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर नेहरू युवा केन्द्र में ध्वजारोहण लेखाकार विनय कुमार मिश्र द्वारा किया गया। ध्वजारोहण के बाद भावपूर्ण राष्ट्रगायन किया गया। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के चित्र पर माल्यार्पण कर संगोष्ठी हुई। संगोष्ठी में पूर्व सहायक निदेशक सूचना आर0बी0 सिंह, राज्य प्रशिक्षक विश्वजीत सिंह, श्याम नारायण पटेल, रामफेर गुप्ता, रूपचन्द्र, आनन्द सिंह तथा नेहरू युवा केन्द्र के वालेन्टियर ने स्वतंत्रता संग्राम में शहीद हुये देशभक्तों के जीवन पर प्रकाश डाला। अन्त में लेखाकार विनय कुमार मिश्र ने सभी को 78वॉ स्वतंत्रता दिवस की बधाई दी।

एक ही जगह अंगद की तरह पैर जमाए बैठे बिजली कर्मियों हटाने का फरमान

इनको रखने वाली कंपनी ने निकली 119 की ट्रांसफर लिस्ट

एसडीओ और जेई रिलीव करने में नहीं ले रहे रुचि

प्रतापगढ़। घर के बगल वाले उपकेंद्र पर तीन साल से अधिक समय से जमे बिजली विभाग के संविदा कर्मियों को हटाने का फरमान विभाग से जारी हुआ है। जिसके आधार पर इनको रखने वाली ग्लोबलटेक क्रिएशन कंपनी ने 119 कर्मचारियों की दूसरे उपकेंद्र पर भेजने की सूची निकाल दी है। लेकिन एसडीओ और जेई इसमें कोई रुचि नहीं ले रहे हैं जिससे मानक और आदेश की अनदेखी हो रही है।

कुंडा, पट्टी, रानीगंज और लालगंज में मिलाकर 119 संविदा कर्मियों का ट्रांसफर हुआ है। महीना बीत गया लेकिन अभी भी ये लोग नवीन तैनाती वाले स्थल पर नहीं गए। सूत्रों का कहना है कि संबंधित उपकेंद्रों के अधिकारी ट्रांसफर नीति में रोड़ा बने हुए हैं। इस बारे में एसी विद्युत सत्यपाल मौर्य का कहना है कि संविदा कर्मियों का ट्रांफसर उनको रखने वाली कंपनी करती है। उससे ठेकेदार को कहा गया है कि ट्रांसफर की प्रक्रिया जल्द पूरी करे।

किशोरी के साथ अश्लीलता का विरोध करने पर मारपीट

प्रतापगढ़, बाबागंज। महेशगंज थाना क्षेत्र के अठैसा गांव निवासी घसीटे हरिजन पुत्र राम औतार ने थाने में तहरीर देते हुए बताया कि उसकी नातिन से गांव के ही अंसार पुत्र अस्तफाक घर पर आकर अश्लीलता करने लगा। छेड़खानी पर किशोरी के भाई ने अंसार को मना किया तो आरोपी ने बदशलूकी की। शिकायत करने के लिए परिजन आरोपी के घर गए। जहां अंसार पुत्र अस्तफाक, मुन्नू, टुन्नू, कामिल पुत्रगण जमालुद्दीन मोनू पुत्र इंतजार अली, आरिफ पुत्र इश्तिहार, गुलफाम पुत्र मोहम्मद रफीक ने एक राय होकर मारा पीटा और जाति सूचक गालियां दी। पीड़ित की तहरीर पर थाना महेशगंज में सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर लिया गया। प्रकरण के संबंध में प्रभारी निरीक्षक महेशगंज श्रवण कुमार सिंह का कहना है कि अभियोग पंजीकृत किया गया है विवेचना प्रचलित है।

तुलसीसदन में भव्यता के साथ मनाया गया स्वतंत्रता दिवस का राष्ट्रीय पर्व

प्रतापगढ़। शहर स्थित तुलसीसदन में 78वॉ स्वतंत्रता दिवस हर्षाेल्लास के साथ मनाया गया। जिसमें विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीतों पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रमों व काकोरी ट्रेन एक्शन पर आधारित नाकट की मनमोहक प्रस्तुति की। कार्यक्रम में विधायक सदर राजेन्द्र कुमार मौर्य, डीएम संजीव रंजन, एसपी डा0 अनिल कुमार, भाजपा जिलाध्यक्ष आशीष श्रीवास्तव, सीडीओ नवनीत सेहारा, एडीएम त्रिभुवन विश्वकर्मा, ओम प्रकाश त्रिपाठी, पीडी डीआरडीए दयाराम यादव, डीडीओ कृष्ण कुमार, डीआईओएस ओमकार राणा, बीएसए भूपेन्द्र सिंह, जिला पंचायत राज अधिकारी श्रीकान्त दर्वे, प्रधानाचार्य फादर आनन्द कुमार जॉन, एआरपी धर्मेन्द्र ओझा व विद्यालय के अध्यापक, पार्टी के पदाधिकारी व अन्य सम्भ्रान्त लोग उपस्थित रहे।

विधायक राजेन्द्र कुमार मौर्य ने स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनायें एवं बधाई दी उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस सभी भारतीयों के लिये राष्ट्रीय गौरव और एकता का दिन है। पुलिस अधीक्षक डा0 अनिल कुमार ने कहा कि कई वर्षाे के संघर्ष की बदौलत स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों ने अपने प्राणों की आहूति दी तब जाकर भारत देश को स्वतंत्रता मिली। स्वतंत्रता दिवस पर्व सरहदों की रक्षा करने वाली सेना, बहादुर पुलिस बल को याद करने का दिन है। देश को आगे बढ़ाने के लिये सभी का सहयोग अपेक्षित है। इसी प्रकार मुख्य विकास अधिकारी नवनीत सेहारा, अपर जिलाधिकारी त्रिभुवन विश्वकर्मा ने भी अपने-अपने विचार व्यक्त किये।  अतिथियों द्वारा सुनीता शुक्ला को गायत्री अवार्ड देकर सम्मानित किया गया जिन्होने लुटेरो से न डरकर अपने साहस का परिचय दिया था। पुलिस विभाग में उत्कृष्ट कार्य हेतु पुलिस आरक्षियों

को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। काकोरी ट्रेन एक्शन में सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता, निबन्ध प्रतियोगिता, वाद-विवाद प्रतियोगिता, चित्रकला प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले सन्त एन्थोनी इण्टर कालेज व बेसिक शिक्षा विभाग के बच्चों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन डा0 मो0 अनीस एवं एआरपी धर्मेन्द्र ओझा ने किया।

घरों में पहुंचा अमृत फल आंवला 

15 अगस्त पर्व पर बच्चा बैंक फ्रेंड्स ग्रुप की पहल

प्रतापगढ़। प्रधानमंत्री की महत्वपूर्ण योजना वन नेशन वन प्रोडक्ट में शामिल बेल्हा के अमृत फल आंवला के लड्डू को घरों तक पहुंचाने का काम बच्चा बैंक फ्रेंड्स ग्रुप, बीबीएफजी ने किया है। ग्रुप के सहयोगियों ने इसके लिए 15 अगस्त पर्व का दिन चुना और सांस्कृतिक कार्यक्रम में बेसन के लड्डू के साथ साथ आंवले के लड्डू को भी शामिल किया। इसे बच्चों के द्वारा उनके घरों को भेजा गया जिससे कि और लोग इससे लाभान्वित हों।

बच्चा बैंक के फ्री स्टडी सेंटर भंगवा में 15 अगस्त झंडारोहण प्रिंसिपल को सरोज ने किया। सांस्कृतिक कार्यक्रम में आए मुख्य अतिथि रोटरी क्लब प्रतापगढ़ सेंट्रल के प्रेसिडेंट अश्विनी केसरवानी और ट्रेन मैनेजर मोहम्मद अनीश का भी आंवले के लड्डू से स्वागत किया गया। सांस्कृतिक कार्यक्रम के बाद बच्चों को घर ले जाने के लिए अलग से इसका लड्डू दिया गया। शनि ने बताया कि मांगलिक कार्यकर्मों में लोगों द्वारा आंवले के लड्डू और बर्फी को बाकी मिठाई के साथ शामिल करने से इसकी पहचान और बढ़ेगी। रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। इस मौके पर सलोनी, प्रिया, लाजू, मुस्कान,सिमरन, आर्यन, नीरज,अंश, अंतिमा समेत कई छात्र छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम में वाह वाही बटोरी। संचालन टीचर दामिनी ने किया।

बैंक शाखा में केबिल की खराबी के चलते सार्टसर्किट, अफरातफरी

प्रतापगढ़। लालगंज स्थित बैंक आफ इण्डिया की शाखा में शुक्रवार की सुबह सार्टसर्किट से आगजनी को लेकर हडकंप मच गया। नेशनल हाइवे के समीप बैंक शाखा होने के कारण ग्राहको के साथ राहगीरों की भी भीड़ जुट गयी। वही डरे सहमे वाहन भी करीब आधे घण्टे नेशनल हाइवे पर थम गये दिखे। हालांकि आगजनी को कार्मिको तथा पुलिस एवं फायर बिग्रेड की मशक्कत से काबू पा लिया गया। इसके चलते बैंक के अभिलेख भी सुरक्षित बच गये। सुबह करीब साढ़े दस बजे बैंक के चौनल गेट के बगल लगे केबिल में आग लग गयी। बैंक शाखा में धुंआ उठा तो मौजूद ग्राहकों के साथ कर्मचारियों में भी अफरातफरी मच गयी। शाखा प्रबंधक शशांक परमार ने बताया कि सार्टसर्किट से आगजनी हुई। वहीं शाखा प्रबंधक का कहना है कि बैंक के मीटर मंे खराबी आ गयी थी। इसे बदले जाने के लिए दो दिन पूर्व विद्युत विभाग के अफसरों को पत्र लिखा गया था। पत्र पर विद्युत विभाग लापरवाह बना दिखा। उन्होने बताया कि शाखा के अंदर अग्निनिरोधक संयंत्रों की मदद से आग पर जल्द ही काबू पा लिया गया। सूचना मिलने पर कोतवाली के दरोगा दीपक यादव भी फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गये। बैंक मे आगजनी को लेकर बाजार मे काफी देर तक अफरातफरी का भी माहौल बना दिखा। लोगों में यह भी दहशत देखी गयी कि आग यदि ज्यादा फैल जाती तो बैंक के साथ साथ बाजार में बड़ी दुर्घटना भी हो सकती थी।

संदिग्ध परिस्थितियों में युवती की मौत, एफआईआर की जिद पर अड़ा ननिहाल पक्ष

शव का अंतिम संस्कार न होने से तनाव का माहौल, दो थानों की फोर्स मुस्तैद

प्रतापगढ़, लालगंज। संदिग्ध परिस्थितियों में युवती की मौत को लेकर कोहराम मच गया। वहीं मृतका की मां ने बेटी की मौत को लेकर ससुरालीजनों पर जहर देकर हत्या के आरोप को लेकर तहरीर दी है। उदयपुर थाना के शिवलाल तिवारी का पुरवा निवासी दिनेश तिवारी की पत्नी सावित्री देवी ने उदयपुर पुलिस को दी गई तहरीर मंे कहा है कि उसकी शादी उदयपुर के कुसौली तिवारी का पुरवा में दिनेश तिवारी के साथ हुई है। पीडिता का कहना है कि दिनेश के साथ बारह वर्ष पूर्व उसकी शादी दोबारा हुई। वह ससुराल आयी तो उसके पहले पति से पुत्री साक्षी भी उसके साथ आयी। साक्षी को लेकर दूसरी ससुराल के पति समेत ससुरालीजन भरण पोषण की जिम्मेदारी को लेकर सहमत थे। आरोप है कि कुछ दिन बाद जब साक्षी बड़ी हुई तो ससुरालीजनों का व्यवहार बदल गया। तहरीर मे आरोप लगाया गया है कि बीती चौदह अगस्त की रात में पीडिता की पुत्री साक्षी को पति समेत ससुरालीजनों ने जहरीला पदार्थ खिला दिया। हालत बिगड़ने पर साक्षी को वह लेकर गौरीगंज जिला अस्पताल पहुंची। वहां चिकित्सकों ने उसकी पुत्री को मृत घोषित कर दिया। साक्षी का गौरीगंज में ही पीएम कराया गया। पीडिता ने उदयपुर एसओ को तहरीर देकर ससुरालीजनों के खिलाफ हत्या तथा षडयन्त्र का मुकदमा लिखने की गुहार की है। वहीं साक्षी का शव लेकर ननिहाल के लोग सांगीपुर थाना के मुरैनी गंाव आ गये। मृतका का शव ननिहाल में रखकर पीडित पक्ष एफआईआर दर्ज न होने तक अंतिम संस्कार को राजी नही बताये गये। बतादें सावित्री देवी का पहला विवाह चाहिन में हुआ था। पति से अनबन होने के कारण पहले पति से अलगाव हो गया। इसके बाद सावित्री की दूसरी शादी दिनेश के साथ हुई। मौके पर उदयपुर एसओ राधेबाबू के अलावा सांगीपुर एसओ मनीष तिवारी भी पुलिस फोर्स के साथ पहुंचे और समझाने बुझाने का प्रयास किया। मौके पर दो आरक्षियों को एहतियातन तैनात किया गया है। ननिहाल पक्ष का कहना है कि आरोपियो के खिलाफ केस दर्ज न होने पर वह मृतका का अंतिम संस्कार नही करेंगे। वहीं उदयपुर एसओ राधेबाबू का कहना है कि पीएम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट नही है। मृतका के पीएम रिपोर्ट के आधार पर विसरा प्रिजर्व किया गया है। चिकित्सीय रिपोर्ट मिलने पर विधिक कार्रवाई की जाएगी। घटना को लेकर मुरैनी गंाव में तनाव का माहौल बना हुआ दिखा। सीओ लालगंज रामसूरत सोनकर का कहना है कि घटना के संदर्भ में मृतका पक्ष की तहरीर की जांच की जा रही है। सभी तथ्यों का परीक्षण कर उचित कार्रवाई की जाएगी।

जिलाधिकारी ने कलेक्ट्रेट में किया ध्वजारोहण

प्रतापगढ़। राष्ट्रीय पर्व स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सरकारी कार्यालयों, अर्द्धशासकीय कार्यालयों, स्वैच्छिक संस्थानों एवं स्कूल कालेजों में ध्वजारोहण कर राष्ट्रगान के कार्यक्रम आयोजित किये गये। देश के अमर शहीदों की शहादत को याद करते हुये उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गयी। 78वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी संजीव रंजन ने कलेक्ट्रेट के प्रांगण में ध्वजारोहण किया। इस अवसर पर कलेक्ट्रेट परिसर में जिलाधिकारी संजीव रंजन, अपर जिलाधिकारी त्रिभुवन विश्वकर्मा, मुख्य राजस्व अधिकारी राकेश कुमार गुप्ता ने वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी ने जनपदवासियों, अधिकारियों, कर्मचारियों व अधिवक्ताओं को स्वतंत्रता दिवस की बधाई दी। देश के नाम शहीद हुये अमर शहीदों श्रद्धा सुमन अर्पित किये। उन्होने कहा कि ब्रिटिश राज में देश की जनता पर काफी अत्याचार किए गए। ब्रिटिश हुकूमत के जुल्मों से देश की जनता को छुटकारा दिलाने के लिए सैंकड़ों स्वतंत्रता सेनानियों ने अपने प्राणों की आहुति दे दी। ऐसे में यह दिन उन महान क्रांतिकारियों और स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को याद करने का है, जिन्होंने देश को आजादी दिलाने के लिए अपना सब कुछ दांव पर लगा दिया। आजादी के बाद आज तक हमने जो विकास का सफर तय किया है इसमें समाज के सभी वर्गाे का सहयोग प्राप्त हुआ है। उन्होने कहा कि हमें अपने कर्तव्यों के प्रति भी सजग रहना चाहिये। राष्ट्र के प्रति हमारे मूलभूत कर्तव्यों के दायित्व निर्वहन में जो व्यक्ति जहां भी हो वह चाहे शासकीय सेवा या आम नागरिक हो को पूरी क्षमता, निष्ठा व ईमानदारी से दायित्वों का निर्वहन करना चाहिये। देश व समाज के हित में दी गयी जिम्मेदारी व कार्य को ईमानदारी से करने का संकल्प लें। अपर जिलाधिकारी त्रिभुवन विश्वकर्मा, मुख्य राजस्व अधिकारी राकेश कुमार गुप्ता, अतिरिक्त उपजिलाधिकारी देश दीपक सिंह ने भी विचार व्यक्त किये।  जिलाधिकारी ने वीरगति प्राप्त सैनिकों के आश्रितों, वारिसों को अंगवस्त्रम् एवं उपहार देकर सम्मानित किया।