प्रयागराज। शहर के युवा साहित्यकार डॉ.पीयूष मिश्र पीयूष को साहित्य रत्न सम्मान से नवाजा गया है। नारायण आर्ट अकादमी द्वारा उत्तर मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केन्द्र प्रयागराज के सभागार में शनिवार को आयोजित सुर सरिता पुस्तक विमोचन समारोह एवं कवि सम्मेलन में साहित्य सर्जना हेतु डॉ.पीयूष को सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि हाईकोर्ट प्रयागराज के न्यायमूर्ति नीरज तिवारी, अन्तर्राष्ट्रीय संस्कृत विद्वान, इविवि के पूर्व संस्कृत विभागाध्यक्ष प्रो. हरिदत्त शर्मा तथा संयोजक न्यायमूर्ति सुधीर नारायण अग्रवाल ने उन्हें शाल, स्मृति चिह्न, प्रशस्ति पत्र समर्पित कर साहित्य रत्न सम्मान से अलंकृत किया। सुधीर नारायण की काव्यकृति पर विद्वानों ने अपने विचार रखे। इसके बाद डॉ.पीयूष के संचालन में अखिल भारतीय कवि सम्मेलन का आनंद दर्शकों ने लिया। उल्लेखनीय है कि प्रो.राजेन्द्र सिंह (रज्जू भय्या) राज्य विश्वविद्यालय में संस्कृत शिक्षण के साथ डॉ.पीयूष साहित्यिक क्षेत्र में लोकप्रिय हैं। गीत ग़ज़ल सृजनधर्मी, समीक्षा लेखक सहित प्रखर वक्ता एवं कुशल मंच संचालक हैं। डॉ. पीयूष के सम्मानित होने पर डॉ.शम्भुनाथ त्रिपाठी अंशुल, डॉ. राजेन्द्र त्रिपाठी रसराज, डॉ. प्रवीण कुमार द्विवेदी, डॉ. प्रिया झा, डॉ. मनोज यादव, डॉ.जनेश्वर मिश्र डॉ.शत्रुघ्न, डॉ. बालकृष्ण पाण्डेय, रतिपाल शुक्ल, देवी प्रसाद वेदान्ती, प्रत्यूष, कपिल तिवारी, प्रतिष्ठा,परिमल ,रिंकी मिश्रा सहित बौद्धिकजनों, साहित्यकारों ने खुशी जताई है।
























