महाठगी का बड़ा खुलासा: नौकरी और आयुर्वेद के नाम पर 60 हजार लोगों से करोड़ों की ठगी, 6 आरोपी गिरफ्तार

0
6

उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले में पुलिस ने सोमवार को नौकरी का झांसा देकर और बिना पंजीकरण के आयुर्वेदिक उत्पाद बेचकर 60 हजार से अधिक लोगों से करीब 100 करोड़ रुपए की ठगी करने वाले एक अंतर-राज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए 6 लोगों को गिरफ्तार कर लिया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

नौकरी का झांसा और फर्जी MLM मॉडल-पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल ने एक न्यूज एजेंसी को बताया कि विन मेकर आयुर्वेद और विन मेकर वेलनेस प्राइवेट लिमिटेड के नाम से संचालित कंपनी बेरोजगार युवाओं को 25 हजार से 50 हजार रुपए मासिक वेतन वाली नौकरी का झांसा देकर सेमिनार में बुलाती थी। उन्होंने बताया कि वहां उन्हें 12 हजार से 30 हजार रुपए देकर अपंजीकृत आयुर्वेदिक दवा किट खरीदने और एमएलएम नेटवर्क से जुड़ने के लिए प्रेरित किया जाता था तथा इसके बाद उनसे नए लोगों को जोड़ने के लिए कहा जाता था।

मंगलम गार्डन में रेड, 6 आरोपी गिरफ्तार-अधिकारी ने बताया कि साइबर प्रकोष्ठ, अपराध शाखा और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने बर्रा क्षेत्र स्थित मंगलम गार्डन में छापेमारी कर बिहार निवासी रवींद्र यादव, कमलेश कुमार और मंतोष पासवान, पश्चिम बंगाल निवासी रोहित शॉ, मध्यप्रदेश निवासी मंगल शाक्य तथा देवरिया निवासी राजू कुमार को गिरफ्तार किया। लाल ने बताया कि गिरोह के मुख्य सरगना समेत कंपनी के 2 प्रबंध निदेशक फरार हैं और उनकी तलाश की जा रही है।

60 हजार शिकार, कई साक्ष्य बरामद-अधिकारी के अनुसार, गिरोह ने उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड और अन्य राज्यों में 60 हजार से अधिक लोगों को ठगा, जिनमें अकेले कानपुर के करीब 2 हजार लोग शामिल हैं। अपर पुलिस उपायुक्त सुमित सुधाकर रामटेके ने बताया कि पुलिस ने छापेमारी के दौरान 6 मोबाइल फोन, डिजिटल रिकॉर्ड, ऑडियो क्लिप और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य जब्त किए हैं। उन्होंने बताया कि मामले में भारतीय न्याय संहिता और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here