नई दिल्ली: दिल्ली सरकार की महत्वाकांक्षी दिल्ली लक्ष्मी योजना शुरू होते ही महिलाओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। योजना लॉन्च होने के महज एक दिन बाद ही 1.35 लाख से अधिक महिलाओं ने रजिस्ट्रेशन करा लिया है। दिल्ली सरकार के अनुसार, रविवार रात 8 बजे तक 1,35,048 रजिस्ट्रेशन पूरे हो चुके थे। इनमें से 9,660 आवेदन अंतिम रूप से जमा किए गए। योजना के तहत कुल लगभग 17 लाख आवेदन आने का अनुमान है।
योजना में क्या मिलेगा?
इस योजना के तहत 21 से 60 साल की पात्र महिलाओं को हर महीने 2,500 रुपये की आर्थिक मदद दी जाएगी। इसमें 1,000 रुपये सीधे उनके खाते में मिलेंगे, जबकि 1,500 रुपये तीन साल की फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) में जमा होंगे। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शनिवार को योजना का ऑनलाइन पोर्टल लॉन्च किया था। दिल्ली सरकार ने इस योजना के लिए 5,100 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है। यह योजना विधानसभा चुनावों के दौरान भाजपा के प्रमुख वादों में से एक थी।
पात्रता के लिए परिवार की सालाना आमदनी 2.5 लाख रुपये तक होनी चाहिए। आवेदक को अपने निर्वाचन क्षेत्र के सांसद या विधायक से सिफारिश लेनी होगी।
किन्हें नहीं मिलेगा लाभ?
1. पहले से किसी अन्य योजना या पेंशन का लाभ लेने वाली महिलाएं
2. टैक्स देने वाली महिलाएं, सरकारी कर्मचारी
3. तीन से अधिक बच्चों वाली महिलाएं
4. सालाना 2,400 यूनिट से अधिक बिजली खपत वाले परिवार
5. चार पहिया वाहन रखने वाली महिलाएं
6. परिवार में कोई सदस्य सरकारी नौकरी में हो
7. आपराधिक रिकॉर्ड वाली महिलाएं
आवेदन की व्यवस्था
ऑनलाइन पोर्टल के अलावा डीएम और विधायक कार्यालयों में भी आवेदन स्वीकार किए जाएंगे। कई विधायकों ने अपने कार्यालय में कैंप लगा दिए हैं। खबर है कि मुख्यमंत्री रक्षाबंधन के मौके पर 2,500 रुपये की पहली किश्त जारी कर सकती हैं।
























