उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले के थानगांव थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह हाईटेंशन विद्युत लाइन की चपेट में आने से एक डीजे वाहन में करंट उतर गया। हादसे में 2 लोगों की मौत हो गई, जबकि 2 अन्य झुलसकर घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
अपर पुलिस अधीक्षक दुर्गेश कुमार सिंह ने बताया कि थानगांव थाना क्षेत्र के राजापुर गांव से एक डीजे वाहन गुजर रहा था। नहर पुल के पास पहुंचने पर वाहन का ऊपरी हिस्सा हाईटेंशन बिजली लाइन से छू गया, जिससे पूरे वाहन में करंट दौड़ गया। इस हादसे में गुड्डू यादव निवासी सिपतपुर तथा संतोष निवासी पासीनपुर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 2 अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए।
बताया जा रहा है कि घटना की सूचना मिलते ही थानगांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की सहायता से घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा। पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि घटना के बाद वरिष्ठ अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण किया तथा भविष्य में इस प्रकार की दुर्घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं।

























