निर्मला सीतारमण के फर्जी वीडियो के झांसे में आई महिला, ऑनलाइन ठगी में गंवाए 49.2 लाख रुपए

0
4
निर्मला सीतारमण के फर्जी वीडियो के झांसे में आई महिला, ऑनलाइन ठगी में गंवाए 49.2 लाख रुपए

केरलम के कोझिकोड में केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण वाले एक फर्जी फेसबुक वीडियो के झांसे में आकर 45-वर्षीय एक महिला कथित तौर पर ऑनलाइन कारोबार धोखाधड़ी में 49.2 लाख रुपये गंवा बैठी। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। कोझिकोड ग्रामीण साइबर अपराध पुलिस ने बुधवार को एक मामला दर्ज किया। थमारसेरी के मैकावु की एक महिला ने इस संबंध में शिकायत दर्ज करायी थी।

पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता को फेसबुक पर सीतारमण का एक फर्जी वीडियो दिखा, जिसमें कथित तौर पर यह दावा किया गया था कि ऑनलाइन कारोबार से भारी मुनाफा कमाया जा सकता है। पुलिस ने बताया कि इन दावों पर भरोसा करके महिला ने वीडियो के साथ दिए गए एक लिंक पर क्लिक किया और ठगों के निर्देशानुसार ऑनलाइन कारोबार में निवेश करना शुरू कर दिया। पुलिस ने बताया कि इस साल 15 जुलाई एवं 22 सितंबर के बीच महिला ने भारतीय स्टेट बैंक और पुथुप्पाडी सर्विस कोऑपरेटिव बैंक में मौजूद अपने खातों से कुल 49.2 लाख रुपये, आरोपी द्वारा बताए गए अलग-अलग बैंक खातों में अंतरित किये। हालांकि, आरोपी ने न तो उनका निवेश वापस किया और न ही वादा किया गया मुनाफा दिया, जिसके बाद उन्होंने पुलिस से संपर्क किया।

साइबर अपराध पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस ने बताया कि वह उन बैंक खातों का पता लगा रही हैं जिनमें पैसे भेजे गये थे। उसने कहा कि इन खातों को ‘फ्रीज’ करने की कोशिशें की जा रही हैं। पुलिस ने कहा कि सोशल मीडिया मंचों पर एआई जनित ऐसे वीडियो मौजूद हैं, जिनमें केंद्रीय मंत्री कथित तौर पर निवेश योजनाओं को बढ़ावा देते दिख रहे हैं। पुलिस ने कहा कि लोगों को इस तरह के साइबर धोखाधड़ी का शिकार होने से बचने के लिए बार-बार चेतावनी जारी की गई है। 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here