दिल्ली एयरपोर्ट पर CISF की मुस्तैदी, जबरन घुस रहे संदिग्ध को कुछ ही सेकंड में पकड़ा

0
8
दिल्ली एयरपोर्ट पर CISF की मुस्तैदी, जबरन घुस रहे संदिग्ध को कुछ ही सेकंड में पकड़ा

नई दिल्लीः दिल्ली हवाई अड्डे पर एक व्यक्ति द्वारा जबरन प्रवेश करने के प्रयास को विफल कर दिया गया। केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) ने बुधवार को यह जानकारी दी। सीआईएसएफ ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर 25 सेकंड का एक वीडियो साझा किया।वीडियो में एक व्यक्ति इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (आईजीआई) हवाई अड्डे के टर्मिनल-3 में जबरन घुसने की कोशिश करता दिखाई दे रहा है। अधिकारियों ने बताया कि घटना बुधवार अपराह्न करीब तीन बजे हुई। उन्होंने बताया कि हरियाणा का रहने वाले उस व्यक्ति को पूछताछ के लिए दिल्ली पुलिस को सौंप दिया गया है।बल ने कहा कि आईजीआई हवाई अड्डे के टर्मिनल-3 के प्रस्थान द्वार पर तैनात सीआईएसएफ कर्मियों ने सतर्कता दिखाते हुए बिना वैध यात्रा दस्तावेजों के टर्मिनल में जबरन प्रवेश करने की कोशिश कर रहे व्यक्ति को तुरंत पकड़ लिया। वीडियो में दिख रहा है कि सुरक्षाकर्मी प्रवेश द्वार पर एक व्यक्ति को रोकते हैं और उसे पकड़ लेते हैं, जबकि वह घुसपैठिया टर्मिनल में जबरन घुसने के लिए उन्हें धक्का देता है।टर्मिनल के अंदर कुछ मीटर आगे बढ़ चुके उस व्यक्ति को पकड़ने में, एक हथियारबंद सीआईएसएफ जवान अपने साथी की मदद करता है। सीआईएसएफ ने बताया, त्वरित प्रतिक्रिया दल (क्यूआरटी) कर्मियों की समय पर मदद से, उस व्यक्ति को कुछ ही सेकंड में रोक लिया गया, जिससे अनधिकृत प्रवेश को रोका जा सका और सुरक्षा में संभावित सेंध को टाल दिया गया।” सुरक्षा बलों ने उस व्यक्ति के पिट्ठू बैग से कुछ पहचान-पत्र और शैक्षणिक प्रमाण-पत्र बरामद किए। 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here