MLFF टोल पर नंबर प्लेट छिपाने वालों पर लगेगा पांच गुना जुर्माना, तुरंत हो जाएं सावधान

0
4
MLFF टोल पर नंबर प्लेट छिपाने वालों पर लगेगा पांच गुना जुर्माना, तुरंत हो जाएं सावधान

नई दिल्ली : बिना बैरियर वाले एमएलएफएफ टोल प्लाजा पर शुल्क से बचने के लिए जानबूझकर वाहन की नंबर प्लेट छिपाने वाले उपयोगकर्ताओं पर टोल शुल्क का पांच गुना जुर्माना लगाया जाएगा। सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। मंत्रालय ने एक विज्ञप्ति में कहा कि जुर्माना टोल शुल्क की वसूली के अतिरिक्त लगाया जाएगा और जुर्माने की राशि संबंधित प्राधिकरण को दी जाएगी।

मंत्रालय ने कहा कि यह प्रावधान उन वाहन चालकों पर लागू होगा जो टोल शुल्क से बचने की मंशा से वाहन का पंजीकरण नंबर जानबूझकर छिपाते हैं, उसमें छेड़छाड़ करते हैं या फास्टैग नहीं लगाते हैं। यह कार्रवाई तभी होगी जब यह साबित हो कि ऐसा शुल्क चोरी के इरादे से किया गया है। इसमें वाहन की आगे या पीछे की नंबर प्लेट अथवा दोनों को छिपाने के मामले शामिल हैं, जहां फास्टैग भी नहीं पढ़ा जा सका हो। मंत्रालय ने कहा कि ऐसे वाहनों की पहचान प्रौद्योगिकी-आधारित प्रक्रिया से की जाएगी। जुर्माने की राशि संबंधित प्राधिकरण को दी जाएगी। एमएलएफएफ एक बाधा-रहित इलेक्ट्रॉनिक टोल वसूली प्रणाली है।

इसमें सड़क के ऊपर लगे ढांचे पर स्थापित फास्टैग रीडर और स्वचालित नंबर प्लेट पहचान (एएनपीआर) कैमरे वाहनों की पहचान कर अपने-आप टोल शुल्क काट लेते हैं। इससे वाहनों को टोल प्लाजा पर रुकना नहीं पड़ता और प्रतीक्षा समय, जाम, ईंधन की खपत तथा प्रदूषण कम होता है। मंत्रालय के अनुसार, यह जुर्माना उन सभी स्थानों पर लागू होगा जहां एमएलएफएफ प्रणाली इस्तेमाल की जा रही है। भविष्य में जहां भी यह प्रणाली शुरू होगी, वहां भी यह प्रावधान लागू होगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here