प्रतापगढ़ बुलेटिन – 28 अप्रैल 2024

0
315

डीएम ने अधिकारियों संग  ईवीएम वेयरहाउस का किया निरीक्षण, कड़ी निगरानी के दिये निर्देश

प्रतापगढ़। लोकसभा चुनाव को सकुशल, निष्पक्ष, शान्तिपूर्ण, पारदर्शी ढंग से सम्पन्न कराने हेतु जिला निर्वाचन अधिकारी संजीव रंजन ने शनिवार को पूरेकेशवराय गायघाट स्थित ईवीएम वेयर हाउस का निरीक्षण किया। स्ट्रांग रूम के निरीक्षण में देखा कि विधानसभावार मतदान के दिन प्रयोग की जाने वाली ईवीएम एवं वीवीपैट मशीन की साफ-सफाई एवं टेस्टिंग का कार्य किया जा रहा था। ईवीएम और वीवीपैट का रेंडमाइजेशन सोमवार तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। जिलाधिकारी ने ईवीएम, वीवीपैट के रजिस्टरों को देखा एवं सम्बन्धित को आवश्यक दिशा निर्देश दिये। उन्होने सुरक्षा कर्मियों को ईवीएम वेयरहाउस की कड़ी निगरानी करने के लिए कहा। इस दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी त्रिभुवन विश्वकर्मा, मुख्य राजस्व अधिकारी राकेश कुमार गुप्ता, उपजिलाधिकारी सदर उदयभान सिंह सहित अन्य सम्बन्धित अधिकारी उपस्थित रहे।

पेंटिंग के जरिये मतदाताओं को किया जागरूक

प्रतापगढ़। शहर में मीरा भवन स्थित वी0 एस0 मेमोरियल पब्लिक स्कूल के छात्र-छात्राओं ने शत-प्रतिशत मतदान हेतु मतदाताओं को जागरूक किया। सांस्कृृतिक कार्यक्रम के माध्यम से दर्शाया गया कि सुनागरिक का चुनाव करके ही देश के विकास में एक अच्छी सहभागिता सुनिश्चित होगी। विद्यालय की छात्रा वैष्णवी मिश्रा, अवनी राशि, नित्या , अदिति, आराध्या मौर्या, वैष्णवी पाल ,  समीक्षा, यशी, कृष्णा राज, आराध्या सिंह, श्रेया तथा छात्र शिवम, राज, निमिष, अग्रज आदि ने विभिन्न प्रकार के आकर्षक पोस्टर और पेंटिंग बनाकर भावी मतदाताओं को मतदान के लिए प्रेरित किया। विद्यालय के व्यवस्थापक धीरेन्द्र सिंह ने कहा कि इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य लोगों को जागरूक करना है कि लोग मतदान करें। विद्यालय की निदेशिका अलका सिंह ने अपील करते हुए कहा कि प्रत्येक छात्र-छात्राएं अपने-अपने क्षेत्रों में मतदान के प्रति लोगों को जागरूक करें। उन्होंने कहा मतदान हमारा अधिकार है हमें इसका प्रयोग जरूर करना चाहिए। इस दौरान विद्यालय स्टाफ व छात्र-छत्राएँ मौजूद रहीं।

विवाहिता को जहर देकर मार डालने का आरोप, हंगामे पर पहुंची पुलिस 

प्रतापगढ़। लीलापुर थाना क्षेत्र के देवली गोपाल दुबे का पुरवा गांव में आनंद दुबे की पत्नी चांदनी दुबे 27 शनिवार की सुबह अपने कमरे में बिस्तर पर मृत मिली। चांदनी को मृत देख उसकी ससुराल में हडकंप मच गया। ससुरालीजनों ने चांदनी के मायके पक्ष के परिजनों को फोन पर उसकी मौत की जानकारी दी। सूचना मिलने पर पहुंचे मायके पक्ष के लोग चांदनी की मौत को लेकर आक्रोशित हो उठे। मृतका के भाई लालगंज कोतवाली के अझारा निवासी गंगा प्रसाद तिवारी के पुत्र लवकेश तिवारी ने पुलिस को ससुरालीजनों के खिलाफ बहन की दहेज हत्या को लेकर तहरीर दी है। तहरीर में लवकेश ने कहा है कि उसकी बहन की शादी आनन्द दुबे पुत्र स्व0 धर्मेन्द्र दुबे के साथ बारह दिसंबर 2016 में हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही मृतका का पति आनन्द व सास रेखा देवी दहेज को लेकर उसे प्रताड़ित करने लगे। कई बार मायके व ससुराल पक्ष के लोगों के बीच विवाद को लेकर सुलह समझौता भी हुआ। मृतका का पति आनन्द पांच लाख रूपये की दहेज की मांग पूरी न होने पर दूसरी शादी की भी धमकी देने लगा था।  शनिवार की सुबह घर के लोग चांदनी को कमरे के बिस्तर पर मृत देखा। सूचना पर पहुंचे मायके पक्ष के लोग चांदनी को जहर देकर मार डालने का आरोप लगाने लगे। लीलापुर एसओ नरेन्द्र फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। नायब तहसीलदार पंकज कुमार भी पहुंचे। हंगामा कर रहे मृतका के मायके वालों को कार्रवाई का भरोसा दिलाया।  सूत्रों के मुताबिक विवाहिता  के बगल में मिले जहर की पुड़िया को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया। ससुराल पक्ष के लोगों की माने तो चांदनी की मौत किसी जहरीले जन्तु के काट लेने से हुई है। एसओ नरेन्द्र सिंह ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है।

मोती लाल नेहरू मेडिकल कालेज की प्रोफेसर डा0 अलका तिवारी की पुण्यतिथि पर हुए विविध आयोजन

प्रतापगढ़। मोती लाल नेहरू मेडिकल कालेज की प्रोफेसर डा0 अलका तिवारी की बारहवीं पुण्यतिथि शनिवार को लालगंज में विभिन्न स्थानों पर मनाई गयी। डा0 अलका की याद में संगोष्ठी व मरीजों को फल वितरण के साथ जीएनएम की प्रशिक्षु छात्राओं को सम्मानित भी किया गया। डा0 अलका राज्यसभा में विपक्ष के उपनेता प्रमोद तिवारी की पत्नी तथा क्षेत्रीय विधायक आराधना मिश्रा मोना की मां थी। तहसील परिसर स्थित लाइब्रेरी हाल में पूर्व अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ0 आरएस त्रिपाठी, पूर्व निदेशक डा0 वकील अहमद एवं पूर्व उप निदेशक डा0 पुरूषोत्तम शुक्ल समेत अतिथियों द्वारा डा0 अलका के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन किया। स्वास्थ्य सेवा एवं चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में डा0 अलका के योगदान को डा0 वकील अहमद ने अनुकरणीय कहा। डा0 आरएस त्रिपाठी ने डा0 अलका तिवारी को चिकित्सा विज्ञान में दिशाबोधक व्यक्तित्व बताया। डा0 पुरूषोत्तम शुक्ल ने कहा कि मरीज के बेहतर उपचार व देखभाल को लेकर डा. अलका तिवारी की सेवा आज के दौर मे चिकित्सा जगत के लिए सर्वाेत्कृष्ट सेवा का आदर्श है। अध्यक्षता करते हुए चेयरपर्सन प्रतिनिधि संतोष द्विवेदी ने कहा कि गरीब तबके के निशुल्क उपचार में डा0 अलका का कृतित्व सदैव स्मरणीय रहेगा। कार्यक्रम के संयोजक ज्ञानप्रकाश शुक्ल ने कहा कि आधुनिक चिकित्सा विज्ञान के क्षेत्र में डा0 तिवारी की कोई तुलना नहीं है। संयुक्त अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष अनिल त्रिपाठी महेश, राधारमण शुक्ल, रामलगन यादव, पप्पू तिवारी आदि डा0 अलका के जीवन दर्शन पर अपने विचार रखे। कार्यक्रम का संचालन पूर्व अध्यक्ष विकास मिश्र ने किया। कार्यक्रम में जीएनएम छात्राओं सत्या मिश्रा, श्रेया यादव, कामिनी गौतम, नीलू सरोज व प्रियंका मौर्या को डा0 अलका तिवारी स्मृति सम्मान 2024 प्रदान किया गया। इस मौके पर लाल विनोद प्रताप सिंह, अजय शुक्ल, पन्ने लाल पाल, सोनू शुक्ल, शिवाकांत उपाध्याय, उदयशंकर दुबे,  सुनील पाण्डेय, कालिका प्रसाद पाण्डेय, महादेव मिश्र बम बम, दुर्गेश पाण्डेय, रामलोचन त्रिपाठी समेत बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।

बीमारी से युवक की मौत, चक्का जाम का प्रयास 

मेडिकल स्टोर संचालक पर लापरवाही का आरोप 

प्रतापगढ़। महेशगंज थाना क्षेत्र के दुबवापुर पटना नहर निवासी माता प्रसाद यादव का बीटा नीरज यादव कई दिनों से बुखार से पीड़ित था। जिसका इलाज पटना नहर के एक मेडिकल से परिजन करवा रहे थे। हालत में सुधार न होने पर इलाज के लिए प्रयागराज के एक अस्पताल ले गया। जहाँ से शुक्रवार को घर ले जाने की बात कहकर डिस्चार्ज कर दिया। घर ले आने पर शुक्रवार की रात में नीरज की मौत हो गई। मौत के बाद शनिवार सुबह आक्रोशित स्वजनों ने मेडिकल स्टोर संचालक पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए शव कुंडा जेठवारा मार्ग पर रख जाम करने का प्रयास किया। मौके पर पहुंची महेशगंज पुलिस ने कार्यवाही का भरोसा दिलाते हुए लोगों को समझाया बुझाया। स्वजन अंतिम संस्कार के लिए राजी हो गए और श्रृंग्वेरपुर गंगा घाट पर शव का अंतिम संस्कार कर दिया। घटना के बाबत एसएचओ श्रवण कुमार सिंह का कहना है कि तहरीर मिली है जाँच कर कार्यवाही की जायेगी।

डीआरएम की फटकार के बाद आरपीएफ ने किया चालान

नो इंट्री में खड़े नौ वाहनों का किया चालान 

शाम को फिर से लगने लगा जमावड़ा

अमृत प्रभात व एआईपी में छपी खबर पर डीआरएम का एक्शन

प्रतापगढ़। मां बेल्हा देवी धाम प्रतापगढ़ रेलवे स्टेशन पर चलती है अवैध वाहनों की मनमानी शीर्षक से शनिवार को अमृत प्रभात व एनआईपी में छपी खबर को लखनऊ मंडल के डीआरएम ने संज्ञान में लिया है। उनकी फटकार के बाद सक्रिय हुई आरपीएफ ने रेलवे परिसर में अभियान चलाया और सात ई रिक्शा और दो टेम्पो का चालान कर दिया। इस कार्रवाई से दिन भर हड़कंप मचा रहा। लेकिन शाम होते ही पुलिस सुस्त हो गई और फिर से डग्गामारी शुरू हो गई। स्टेशन परिसर में पोर्टिको तक अवैध सवारी वाहनों की भरमार है। जिससे मुसाफिरों को रास्ता बंद हो जाता हैं। उन्हें आने जाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। वाहनों के अतिक्रमण में फंसकर मुसाफिरों की ट्रेनें अक्सर छूट जाया करती है। कई बार इसकी शिकायत हुई। लेकिन रेल प्रशासन में बैठे जिम्मेदारों का मुसाफिरों की समस्या से कोई लेना देना नहीं है। खाकी भी इन्हीं के ढर्रे पर चलती है। उनके सामने वाहनों का जमावड़ा लगा रहता है और वो किनारे से निकल जाते है। वाहनों के चालकों द्वारा सवारी से भी बदसलूकी की शिकायतें सुनने को मिलती रहती हैं। शनिवार को डीआरएम के निर्देश पर सक्रिय हुई आरपीएफ ने सात ई रिक्शा और दो टेम्पो को पकड़ा। उनका चलाना किया। इस बारे में आरपीएफ एसआई मंजीत डबास ने बताया कि नो इंट्री में खड़े सवारी वाहनों का चलाना किया गया है। उन्होंने हिदायत दी है कि  नो इंट्री में आने वाले वाहनों का चालान होता रहेगा।

पुलिस टीम पर हमले का आरोपी भेजा गया जेल

प्रतापगढ़। कोतवाली पुलिस ने एक घटना के दौरान आरोपियों द्वारा पुलिस टीम पर जानलेवा हमले को लेकर एक आरोपी को शनिवार की दोपहर धर दबोचा। कोतवाली के दरोगा भुवाल सिंह यादव तथा विनोद कुमार चौरसिया फोर्स के साथ गश्त पर निकले थे। लालगंज कोतवाली के पुरवारा कटरा दुग्धा से मुकदमें में फरार आरोपी नेकपाल उर्फ घनश्याम पटेल का पुत्र अभिषेक पटेल पुलिस के हत्थे चढ़ गया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत मे लेकर जेल भेज दिया। बतादें बीती ग्यारह जनवरी को कटरा दुग्धा में सड़क दुर्घटना में गांव के रामसमुझ पटेल की पत्नी कृपाला की मौत हो गयी थी। आक्रोशित ग्रामीणों ने दुर्घटना से नाराज होकर जाम लगा दिया था। जाम की सूचना पर लालगंज सीओ रामसूरत सोनकर भी देर शाम घटनास्थल पहुंचे। आक्रोशित ग्रामीणों ने पुलिस पर पथराव कर दिया। पथराव में सीओ समेत कुछ पुलिसकर्मी  को चोटें आई।पथराव को लेकर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास, बलवा व सरकारी कामकाज में बाधा समेत दर्जन भर गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर रखा है।

इमाम बाड़े का रास्ता बंद कराने से नाराज हैं मोहर्रम कमेटी के लोग

प्रतापगढ़। शहर के सबसे पुराने ताजिया बुढढा व इमामबाड़ा के लिए सन् 1840 से रास्ते से होकर लोगों का आना जाना है। रास्ते के विवाद के चलते सिविल न्यायालय में मुकदमा विचाराधीन है। आरोप है कि प्रशासन ने आबादी की भूमि को भूमि धरी बता कर इमामबाड़े का रास्ता  बंद करा दिया। प्रशासन के इस रवैये पर मोहर्रम कमेटी में गहरा आक्रोश व्याप्त है। रास्ता बंद होने से नाराज़ मोहर्रम कमेटी के लोगों ने सही न्याय न मिलने का आरोप लगाया है। मोहर्रम कमेटी का आरोप है कि नगर क्षेत्र के बलीपुर खुशखुशवा पुर मोहल्ले में स्थित सन् 1840 से पुराना इमामबाड़ा  आबादी की जमीन पर स्थित है। उक्त भूमि को लेकर पडोसी से विवाद चल रहा है। मामला सिविल न्यायालय में विचाराधीन है। मोहर्रम कमेटी का आरोप है कि एसडीएम सदर व तहसील प्रशासन बिना जानकारी दिये पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच कर इमामबाड़े का रास्ता बंद करा दिया। विरोध पर मुकदमा कर जेल भेज देने की धमकी देते हुए भूमिधरी जमीन होने की बात कह कर विपक्षी को जमीन पर कब्जा करा दिया। मोहर्रम कमेटी का कहना है कि प्रतापगढ़ का सबसे पुराना इमामबाड़ा का यह रास्ता लगभग 184 वर्ष पूर्व से है। जिस पर प्रशासन ने न्याय नहीं किया है।

पुलिस टीम पर हमले का आरोपी धराया, गया जेल

प्रतापगढ़। कोतवाली पुलिस ने एक घटना के दौरान आरोपियो द्वारा पुलिस टीम पर जानलेवा हमले को लेकर एक आरोपी को शनिवार की दोपहर धर दबोचा। कोतवाली के दरोगा भुवाल सिंह यादव तथा विनोद कुमार चौरसिया फोर्स के साथ गश्त पर निकले थे। लालगंज कोतवाली के पुरवारा कटरा दुग्धा से मुकदमें मे फरार आरोपी नेकपाल उर्फ घनश्याम पटेल का पुत्र अभिषेक पटेल पुलिस के हत्थे चढ़ गया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत मे लेकर जेल भेज दिया। बतादें बीती ग्यारह जनवरी को कटरा दुग्धा में सड़क दुर्घटना में गांव के रामसमुझ पटेल की पत्नी कृपाला की मौत हो गयी थी। आक्रोशित ग्रामीणों ने दुर्घटना से नाराज होकर जाम लगा दिया था। जाम की सूचना पर लालगंज सीओ रामसूरत सोनकर भी देर शाम घटनास्थल पहुंचे। आक्रोशित ग्रामीणों ने पुलिस पर पथराव कर दिया। पथराव में सीओ समेत कुछ पुलिसकर्मी चुटहिल हो गये। पथराव को लेकर पुलिस ने आरोपियो के खिलाफ हत्या के प्रयास तथा बलवा व सरकारी कामकाज में बाधा समेत दर्जन भर गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर रखा है।

पांच देशी बम के साथ धराया आरोपी, गया जेल

प्रतापगढ़। उदयपुर पुलिस ने गश्त के दौरान एक आरोपी को पंाच अवैध देशी बम के साथ हिरासत में ले लिया। थाने के दरोगा ओमप्रकाश यादव शनिवार को फोर्स के साथ गश्त पर निकले थे। थाना क्षेत्र के कटरिया नहर पुलिया के पास से पुलिस को अठेहा निवासी वकील अहमद का पुत्र जाबांज कुरैशी संदिग्ध दशा में दिखा। पुलिस ने तलाशी ली तो आरोपी के पास से पांच देशी बम बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विस्फोटक अधिनियम का केस दर्ज कर उसे जेल भेज दिया।