आयकर विभाग का पोर्टल पिछले 15 दिनों से चल रहा है स्लो, कैसे दाखिल होगा रिटर्न फाइल
कर दाताओं को मानसिक दबाव व पेनाल्टी से बचाने के लिए 31 अगस्त की जाए अंतिम तिथि-विश्वनाथ मिश्र
प्रतापगढ़। रिटर्न फाइल करने की अंतिम तिथि 31 जुलाई जैसे-जैसे निकट आ रही है करदाताओं की धड़कने बढ़ती जा रही है। वजह आयकर विभाग का पोर्टल पिछले 15 दिनों से बेहद स्लो चल रहा है। आयकरदाता कर अधिवक्ता व चार्टर्डएकाउंटेट के दफ्तरों का चक्कर लगाते-लगाते थक चुके हैं। उन्हें जबाव मिलता है कि विभाग पोर्टल बेहद स्लो चल रहा है ऐसी परिस्थिति में रिटर्न फाइल करने में दिक्कत आ रही है। यह जबाव सुनकर करदाता आयकर विभाग के जिम्मेदारों को कोसते नहीं थक रहे हैं। अधिवक्ताओं ने विभाग के अधिकारियों से इस बात की शिकायत करते हुए रिटर्न फाइल करने की अंतिम तिथि 31 जुलाई से बढ़ाकर 30 अगस्त किया जाना चाहिए। जिला कर अधिवक्ता संगठन के जिलाध्यक्ष व पूर्व महामंत्री उ0 प्र0 अधिवक्ता संगठन पंजीकृत लखनऊ विश्वनाथ त्रिपाठी ने बताया कि कम समय व पोर्टल स्लो चलने से आयकरदाता बेहद मानसिक दबाव में हैं। उन्होंने बताया कि विभागों से कर्मचारियों को फार्म-16 मिलने की अंतिम तिथि 15 जून निर्धारित की गई है जबकि कर्मचारियों को 30 जून अथवा उसके बाद उपलब्ध कराया जा रहा है। ऐसी परिस्थिति में रिटर्न फाइल करने का समय एक माह बढ़ाया जाना चाहिए। उन्होंने बताया कि यदि 31 जुलाई तक रिटर्न फाइल नहीं किया जाता है तो पॉच लाख के नीचे आय वाले करदाताओं को दिसम्बर तक एक हजार और पॉच लाख से ऊपर आय वाले करदाताओं को पॉच हजार लेट फाइन वसूल किया जाएगा। जबकि आयकर की नई व्यवस्था में सात लाख तक के आमदनी वालों को टैक्स फ्री रखा गया है। लेट फाइन से बचने के लिए करदाताओं का भारी दबाव झेलना पड़ रहा है। आयकर विभाग की गैर जिम्मेदाराना रवैये से हर साल आयकरदाता इस तरह का पेनाल्टी देते चले आ रहे हैं। कुल मिलाकर कहा जाए तो आयकर विभाग करदाताओं से लेट फाइन के नाम पर मानसिक शोषण कर रहा है। समय सीमा बढ़ाए जाने की मांग को लेकर विभाग द्वारा कोई सुनवाई नहीं हो रही है।
पेनाल्टी वसूलना कहीं रणनीति का हिस्सा तो नहीं-
टैक्स रिटर्न फाइल करने में सरकार व विभाग द्वारा कम समय देना कहीं पेनाल्टी वसूलने का जिम्मेदारों के रणनीति का हिस्सा तो नहीं है। देखा गया है कि रिटर्न फाइल करने मंे केवल एक माह का समय मिलता है। उसी समय विभाग का पोर्टल बहुत धीमी गति से काम करने लगता है। ऐसे में सभी आयकरदाता समय सीमा में अपना रिटर्न फाइल नहीं कर पाते। बाद में उन्हें पेनाल्टी भरना पड़ता है। समय सीमा बीतने के बाद विभाग का पोर्टल भी बढ़िया दौड़ने लगता हैं। इस तरह हर वर्ष पेनाल्टी के रूप में करदाताओं से करोड़ों रूपए विभाग द्वारा वसूले जा रहे हैं।
करदाताओं को सुझाव-
जिला कर अधिवक्ता संगठन के अध्यक्ष वरिष्ठ अधिवक्ता विश्वनाथ मिश्र ने करदाताओं को कुछ जरूरी सुझाव दिया है। उन्होंने कहा कि रिटर्न फाइल करते समय एआईएस, टीआईएस व 26 एएस को सही तरह जॉच कर ही भरें। जो छूट के दायरे में हो उसी की छूट लें। अन्यथा पकड़े जाने पर आयकर विभाग द्वारा भारी पेनाल्टी मय ब्याज वसूल करेगा। देखा जा रहा है कि वेतनभोगी करदाता गलत धाराओं में छूट लेकर अपने कटे हुए टैक्स का पूरा रिफण्ड ले रहे हैं। ऐसे करदाताओं के ऊपर आयकर विभाग की पैनी नजर है। उन्हें मय ब्याज भारी पेनाल्टी भरना पड़ सकता है। श्री मिश्र ने सुझाया है कि समय सीमा में अपना आयकर रिटर्न जरूर फाइल कर दें।
क्या कहते हैं अधिकारी-
इनकम टैक्स अफसर बृज किशोर दूबे बताया कि विभाग का पार्टल बहुत तीब्र गति से चल रहा है। मात्र एक दिल स्लो हुई थी। यह आरोप लगाना गलत है कि पोर्टल स्लो चल रहा है। हम लोग भी रिटर्न का काम देख रहे हैं मेरे यहॉ तो ऐसी कोई भी समस्या नहीं है। उन्होंने करदाताओं से कहा है कि अंतिम तिथि का इंतिजार न करें जितना जल्द हो सके रिटर्न फाइल कर दें। डेट बढ़ने की कोई संभावना नहीं है।
मांगे पूरी न होने पर शिक्षक संकुलों ने दिया सामूहिक त्यागपत्र
प्रतापगढ़। सदर ब्लाक के सुखपालनगर बीआरसी कार्यालय पर गुरूवार को 12 संकुलों के सभी शिक्षकों ने बीएसए को संबोधित सामूहिक त्यागपत्र खण्ड शिक्षा अधिकारी संतोष कुमार श्रीवास्तव को सौंपा। शिक्षकों ने प्रदेश नेतृत्व के निर्देश पर आनलाइन हाजिरी के विरोध व अन्य मांगों के न माने जाने पर इस्तीफा दिया है। शिक्षकों की मांग है कि प्रदेश के लाखों शिक्षकों को 31 उपार्जित अवकाश, 15 अर्द्धआकस्मिक अवकाश, प्रतिकर भत्ता तथा अध्ययन अवकाश, निःशुल्क चिकित्सा प्रतिपूर्ति तथा माह के दूसरे शनिवार को अवकाश दिया जाए। आरोप है कि विभाग द्वारा नहीं कोई निर्णय लिया गया और नहीं संघ के पदाधिकारियों से इस संबंध मंे कोई वार्ता की गई। बेसिक शिक्षा विभाग के अधिकारियों की हठधर्मिता से आहत होकर सदर ब्लाक के सभी शिक्षक संकुल अपने संकुल पद से सामूहिक त्याग पत्र दे दिया है।
पर्यावरण की सुरक्षा में करें सहयोग, मॉ के नाम लगाएं एक पौधा-बीएम सिंह अधिशाषी अभियंता
प्रतापगढ। लोक निर्माण विभाग के निर्माण खण्ड-2 में तैनात अधिशाषी अभियंता बी एम सिंह ने अपने कार्यालय के कर्मचारियों से पर्यावरण की सुरक्षा में सहयोग की अपील की। उन्होंने गुरूवार को कार्यालय के सभी अधिकारियों व कर्मचारियों कहा कि विभाग की तरफ से आगामी 20 जुलाई को पर्यावरण दिवस के रूप में मनाया जाएगा। उन्होंने अधीनस्थों से अपील किया कि पर्यावरण की सुरक्षा हम सबकी जिम्मेदारी है। हर व्यक्ति अपनी मॉ के नाम एक पौधा जरूर लगाएं। श्री सिंह ने कर्मचारियों व अधिकारियों से पौधों के महत्व के बारे में बताया और अधिकाधिक पेड़ लगाने के लिए सभी को प्रेरित किया। इस मौके यूपी मिनिस्टीरियल के जिलाध्यक्ष सत्यजीत सिंह, परसुराम यादव, बबलू सिंह, अनूप कुमार, सौरभ तिवारी, आनन्द शुक्ल, पवन कुमार समेत कार्यालय के सभी अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।
चेन स्नैचर भेजे गये जेल
प्रतापगढ़। शहर के खुशखुशवापुर मोहल्ले मंे बीते मंगलवार को जा रही महिला के गले से बाइक सवार चेन स्नैचर चेन झपट कर भाग निकले थे। महिला की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने चैन स्नैचरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर पर पुलिस ने पल्सर सवार दो युवकों को संदिग्ध पाया। खोजबीन कर स्नैचरों को कोतवाली पुलिस ने गुरूवार को धर दबोचा। सख्ती बरतने पर युवकों ने अपने कारनामें पुलिस को बताया। पुलिस ने पकड़े गये स्नैचरों सुमित सोनी पुत्र अरूण कुमार व नितिन गुप्ता निवासी कस्बा रानीगंज बाजार थाना रानीगंज को गुरूवार की शाम जेल भेज दिया। महिला से छीने चैन व प्रयोग में लाई गई बाइक बरामद की।
विजय कुमार मौर्य राष्ट्रीय शोषित समाज पार्टी के बने जिलाध्यक्ष
प्रतापगढ़। रानीगंज क्षेत्र के पूरे खेमई निवासी विजय कुमार मौर्य को राष्ट्रीय शोषित समाज पार्टी का जिलाध्यक्ष बनाया गया है। इस आशय का पत्र पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष पूर्व मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य ने जारी किया है। राष्ट्रीय अध्यक्ष स्वामी प्रसाद मौर्य ने जिलाध्यक्ष को जिले के विधानसभा, सेक्टर व पोलिंग बूथों की कमेटियों का शीघ्र गठन का निर्देश भी दिया है।
प्रसव के बाद महिला की मौत, एएनएम ने किया रेफर
प्रतापगढ़, कुंडा। प्रसव के दौरान महिला को अधिक रक्तस्राव हुआ जिससे उसकी मौत हो गई। जबकि नवजात बालिका स्वस्थ है। महिला के मौत को लेकर परिजनो में कोहराम मच गया।
कुंडा के बाबूगंज बाजार निवासी नीरज केसरवानी की 23 वर्षीय पत्नी शिवानी केसरवानी गर्भवती थी। बुधवार की शाम उसे प्रसव पीड़ा हुई तो परिजन उसे प्रसव के लिए स्थानीय एएनएम सेंटर ले गए। प्रसव के दौरान अधिक रक्तस्राव होने से प्रसूता की हालत बिगड़ने लगी। एएनएम ने महिला को सीएचसी कुंडा रेफर कर दिया। परिजन महिला को सीएचसी लाए तो डॉक्टरो ने उसे मृत घोषित कर दिया। जबकि नवजात बालिका स्वस्थ है। आरोप है कि धन उगाही के चक्कर में अधिकतर अप्रशिक्षित एएनएम टिपिकल केस को भी हैंडल करने लगती हैं। हालात बिगड़ने पर उनके हांथ पांव फूल जाते हैं। रिफर करने पर प्रसूता की मौत हो रही है। जिले में एएनएम सेंटर पर आए दिन प्रसूताओं की मौतें हो रही हैं। इस ओर विभाग के जिम्मेदारों का ध्यान नहीं जा रहा है। गरीबी से लाचार पीड़ित किस्मत को ठोककर घर बैठ जाता है।
साईनाथ महोत्सव की तैयारियां पूरी, बैठककर सौंपी गई जिम्मेवारी
प्रतापगढ़। शहर के बलीपुर स्थित साई मंदिर में गुरुवार को 34वें तीन दिवसीय साई नाथ महोत्सव आयोजन की तैयारियों पर बैठक हुई। शनिवार यानी 20 जुलाई को बाबा की नगर भ्रमण पालकी शोभायात्रा से इसका शुभारंभ होगा। कोर कमेटी की अंतिम तैयारी व समीक्षा बैठक में अहम विचार विमर्श हुआ। भक्तों के सुझाव को सर्वसहमति से रूपरेखा तय की गई। सभी को परिचय पत्र, पट्टिका व टोपी प्रदान कर दिए गए दायित्वों को निभाने की जिम्मेदारी दी गयी। अध्यक्ष साई भक्ति प्रसार भूषण शैलेंद्र नाथ ने बताया कि आस्था के इस आयोजन का शुभारंभ 20 जुलाई शनिवार को शाम चार बजे से पालकी शोभायात्रा से होगा। इसमें साईं नारायण संस्थान भक्त मंडल की देखरेख में भक्त शामिल होंगे। यात्रा पुराने रूट से यानी बलीपुर, ट्रेजरी चौराहा, अंबेडकर चौराहा, श्रीराम चौराहा, चौक, बाबागंज व भंगवा चुंगी से होकर पुनरू बलीपुर साई दर्शन मंदिर पहुंचेगी। दूसरे दिन 21 जुलाई को गुरु पूर्णिमा का पर्व मंदिर में मनाया जाएगा। दोपहर में आरती होगी। बैठक में वरिष्ठ अधिवक्ता संतोष त्रिपाठी, विनोद सिंह, प्रदीप शुक्ल, रोशनलाल ऊमरवैश्य, संजय खंडेलवाल, विजय शुक्ल, आरपी सिंह, राजू, शिवेंद्र नाथ मिश्र, देवव्रत मिश्र, उत्कर्ष मिश्र, ओम शुक्ल, शनिव्रत, विवेक धींगरा व शिवम मिश्र ने सुझाव रखे। शोभायात्रा के लिए महिला भक्त मंडल, युवा मंडल को भी जिम्मेदारी दी गई है। शोभायात्रा में बैंड, डीजे, रथ व झांकी, भजन मंडली आदि को शामिल किया गया है।
जिलाधिकारी ने सीएम डैशबोर्ड पोर्टल के सम्बन्ध में अधिकारियों के साथ की समीक्षा
प्रतापगढ़। जिलाधिकारी संजीव रंजन ने विकास भवन सभागार में सीएम डैशबोर्ड पोर्टल पर कार्याे, योजनाओं के सम्बन्ध में अधिकारियों के साथ समीक्षा की। डीएम ने कहा कि सीएम डैशबोर्ड पर राजस्व और विकास की रैकिंग ठीक नही है। जो विभाग सी एवं डी श्रेणी की रैकिंग में है सुधार न लाने पर सम्बन्धित अधिकारियों के विरूद्ध कार्रवाई की जायेगी। उन्होने कहा कि निरन्तर सीएम डैशबोर्ड की निगरानी करते रहे और अपने विभागों की योजनाओं के क्रियान्वयन पर विशेष ध्यान दें। निर्धारित समयावधि में निस्तारित करें। सभी सम्बन्धित विभाग सीएम डैशबोर्ड को गम्भीरता से लें। समीक्षा के दौरान सीएम डैशबोर्ड पर पंचायती राज विभाग, बेसिक शिक्षा विभाग, लोक निर्माण विभाग, पशुपालन विभाग, जल निगम, मत्स्य विभाग, बाल विकास एवं पुष्टाहार, प्रोबेशन विभाग, सेतुओं के निर्माण, उपायुक्त उद्योग, सिंचाई विभाग, परिवहन विभाग, श्रम विभाग, मनरेगा विभाग की रैकिंग ठीक नही पायी गयी। जिलाधिकारी ने सम्बन्धित विभाग के अधिकारियों को कार्यवाही की चेतावनी दी। आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों का निस्तारण समय सीमा में करने को कहा। उन्होने अधिकारियों को निर्देश दिया कि शासन द्वारा गरीबों एवं असहायों हेतु संचालित योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों को अवश्य दिया जाये। डीएम ने अधिकारियों से वृक्षारोपण के लक्ष्य को पूरा करने को कहा। पौधों को संरक्षित करने की हिदायत दी। उन्होने अधिकारियों से कहा कि लम्बित जांच रिपोर्ट अविलम्ब उपलब्ध करा दें। दोषी पाये जाने पर सम्बंधित के विरूद्ध कार्रवाई की जायेगी। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी नवनीत सेहारा, मुख्य राजस्व अधिकारी राकेश कुमार गुप्ता, जिला विकास अधिकारी कृष्ण कुमार, परियोजना निदेशक डीआरडीए, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी प्रियंका सोनी व अन्य सम्बन्धित अधिकारी उपस्थित रहे।
स्थायी लोक अदालत में सदस्य के चयन हेतु 20 अगस्त तक करें आवेदन-अपर जिला जज
प्रतापगढ़। अपर जिला जज व सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सुमित पंवार बताया है कि विधिक सेवा प्राधिकरण में सदियों की नियुक्ति की जानी है। अधिनियम के तहत जन उपयोगी सेवाओं-यातायात सेवा, डाक तार व टेलीफोन सेवा, विद्युत प्रकाश व जल सेवा, लोक सफाई एवं स्वच्छता प्रणाली सेवा, अस्पताल व औषधालय सेवा, बीमा शैक्षिक व शैक्षणिक सेवा व आवास और भू-सम्पदा सेवाओं के निस्तारणार्थ गठित स्थायी लोक अदालत में सदस्य की नियुक्ति की जानी है। उन्होने बताया है कि स्थायी लोक अदालत में सदस्य के रिक्त पद हेतु 20 अगस्त तक आवेदन करने का मौका दिया गया है। अधिक जानकारी के लिये जिला विधिक सेवा प्राधिकरण प्रतापगढ़ से सम्पर्क किया सकता है। उन्होने बताया है कि सदस्य की नियुक्ति दिनांक से 05 वर्ष अथवा 65 वर्ष की आयु तक जो पहले हो पद धारण करेगें। आवेदक को स्वयं की दो नवीन पासपोर्ट साइज फोटो तथा दो डाक टिकट सहित स्वयं का पता अंकित लिफाफे आवेदन के साथ अनिवार्य रूप से संलग्न करना होगा।
ससुराल के लिए निकले युवक की बाइक पोल से टकराने से हुई मौत
प्रतापगढ़, पट्टी। घर से ससुराल के लिए निकले युवक की बाइक अनियंत्रित होकर सड़क के किनारे लगे बिजली के पोल से टकरा गई। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास के लोगों की मदद से उसे सीएचसी भेजा गया। जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर पहुंचते ही घर से ससुराल तक रोना-पीटना मच गया।
कोहड़ौर थाना क्षेत्र के कांधरपुर गांव निवासी राम प्यारे वर्मा का 32 वर्षीय बेटा जितेंद्र कुमार वर्मा बुधवार रात अपने घर से ससुराल के लिए निकला था। अभी वह थाना क्षेत्र के करैला बाजार के पास पहुंचा था कि सड़क के किनारे लगे पोल से बाइक अनियंत्रित होकर टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पोल टूट कर गिर गया। जिसमें उसे गंभीर चोटें आ गई। टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर आए और उसे 108 एंबुलेंस से पट्टी सीएचसी भेजा। जहां पर डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मेडिकल कालेज की बायोमीट्रिक मशीनें खराब, महिला अस्पताल में लग रही हाजिरी
प्रतापगढ़। मेडिकल कॉलेज के राजा प्रताप बहादुर चिकित्सालय में हाजिरी लगाने के लिए सीएमएस कार्यालय व ओपीडी में बायोमीट्रिक मशीनें लगी हैं। लेकिन करीब 10 दिन से दोनों मशीनें खराब हैं। उस पर डॉक्टर अपनी हाजिरी नहीं लगा पा रहे हैं। ऐसे में उन्हें अपनी हाजिरी लगाने के लिए महिला अस्पताल जाना पड़ रहा है। इससे उन मरीजों को और इंतजार करना पड़ रहा है जो ओपीडी में नम्बर लगाकर डॉक्टर के राउंड से लौटने का इंतजार करते हैं। अब तक डॉक्टर अस्पताल आने के बाद वार्डों में राउंड लगाकर भर्ती मरीजों को देखते थे। फिर वहां से खाली होने पर ओपीडी में आते थे। लेकिन हाजिरी के लिए महिला अस्पताल जाने में डॉक्टरों को और अधिक समय लग रहा है। इसका खामियाजा मरीजों को भुगतना पड़ रहा है।
जिले से 32 राजमिस्त्री व लेबर भवन के लिए जाएंगे इजरायल
प्रतापगढ़। जिले के 32 राजमिस्त्री और लेबर भवन निर्माण करने के लिए इजरायल भेजे जाएंगे। श्रम विभाग की ओर से चयनित राजमिस्त्री और लेबर के अभिलेख तैयार कराए जा रहे हैं। अभिलेख पूर्ण होने के बाद भारत सरकार की स्वीकृति मिलते ही इन्हें विदेश रवाना कर दिया जाएगा। इजरायल में बिल्डिंग निर्माण करने के लिए राजमिस्त्री और लेबर मुख्य रूप से फिलिस्तीन से आते थे। दोनों देशों में जंग होने के कारण फिलिस्तीन से आने वाले राजमिस्त्री और लेबर इजरायल नहीं पहुंच रहे। इससे इजरायल में बिल्डिंग निर्माण प्रभावित हो रहा है। इसके लिए इजरायल ने भारत सरकार से 10 हजार राजमिस्त्री और लेबर की डिमांड की है। इजरायल भेजने के लिए राजमिस्त्री और लेबर चयनित करने की जिम्मेदारी सूबे के सभी जिलों में श्रम एवं प्रवर्तन अधिकारी को सौंपी गई है। श्रम विभाग की ओर से पंजीकृत राजमिस्त्री और लेबरों को सूचना देकर इजरायल जाने की सहमति मांगी गई थी। जिले के 32 राजमिस्त्री और लेबर इजरायल जाने की सहमति दे चुके हैं। ऐसे में उन्हें विदेश भेजने के लिए अभिलेख तैयार कराए जा रहे हैं।
मारपीट में 12 पर गम्भीर धाराओं में केस दर्ज
प्रतापगढ़, कुंडा। रंजिश में दो पक्षों में जमकर मारपीट हुई। इसमें एक पक्ष से एक लोग व दूसरे पक्ष से तीन लोग घायल हुए है। पीड़ितों की तहरीर पर पुलिस ने दोनों पक्ष से 12 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है।महेशगंज थाना क्षेत्र के माघी चौनगढ़ गांव निवासी आएशा बानो पत्नी मुख्तार खान ने पुलिस को तहरीर दी। आरोप लगाया कि रंजिश को लेकर 16 जुलाई की रात करीब दस बजे गांव के कुछ लोग घर पहुंचे और उसे पीटने लगे। पीड़िता आएशा बानो की तहरीर पर पुलिस ने अफसर, इरशाद, महताब, इरफान के खिलाफ केस दर्ज किया। जबकि दूसरे पक्ष से मो0 अफसर ने पुलिस को तहरीर दी। आरोप लगाया कि 16 जुलाई की रात करीब 11 बजे उसका भाई मो0 महफूज, मां असगरुन घर के सामने स्थित चौक पर फातिया पढ़ने गई थी। आरोप की पारिवारिक विवाद के चलते कुछ लोग लाठी डंडा लेकर पुहंचे और उसे पीटने लगे। शोर सुनकर बीच बचाव को दौड़ी बहन और 12 वर्षीय बेटे मो0 साकिब को भी मारा पीटा। मो0 अफसर की तहरीर पर पुलिस ने मो0 नियाज, मो0 इबरार, मो0 सलमान, मो0 हसनैन, मो0 निसार खां, मो0 सददाम तथा इरशाद निवासी महेवा के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
नहर में पानी न आने से धान रोपाई के लिए किसान चिन्तित
प्रतापगढ़। लालगंज तहसील इलाके के विभिन्न जगहों से गुजरी रजबहा व माइनर में पानी न आने से धान की रोपाई को लेकर किसान परेशान हैं। वहीं आषाढ़ माह में भी बरसात के न होने से किसानों की चिन्ता और बढ़ गयी है। नहरों में पानी के अभाव में इलाके के जगन्नाथपुर, लालगंज, धधुआ गाजन, तिना, गहिरी, बासूपुर आदि इलाकों से गुजरी नहरें सूखी पड़ी हैं। बरसात न होने से भी इसका सीधा असर धान की खेती पर पड़ रहा है। किसान इनहन निवासी राजेश मिश्र, उमापुर निवासी, कमलेश मिश्र, तिना के राजेश कुमार, कमलेश मिश्र, अमावां के मुरलीधर तिवारी, महिमापुर के ललित तिवारी, मिश्राइनपुर के सुधाकर पाण्डेय आदि का कहना है कि पानी के अभाव में धान की रोपाई पिछड़ रही है। टयूबवेल से सिंचाई कराना हर किसान के बस में नहीं है। गांव के तालाबों में भी पानी की जगह धूल उड़ रही है। किसानों का यह भी कहना है कि जब खेत को पानी की आवश्यकता रहती है तब नहर में पानी नहीं आता है। लोगों ने जिला प्रशासन से नहरों में टेल तक पानी पहंुचाने की मांग की है।
दो के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज
प्रतापगढ़, लालगंज। कूटनीति करके धोखे से जमीन का बैनामा कराने को लेकर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज किया है। लालगंज के बटौली गंाव की ज्ञानू पत्नी महादेव मौर्य ने पुलिस को दी गई तहरीर में कहा है कि सराय जानमती फतेशाहपुर गांव निवासी जितेन्द्र बहादुर सिंह उर्फ बबलू पुत्र राजबहादुर सिंह व अरूण सरोज पुत्र रामसुमेर सरोज को छब्बीस लाख रूपये देकर बीते चार वर्ष में उसने जमीन का तीन बैनामा लिया। पीड़िता का आरोप है कि बैनामे की जमीन का खारिज दाखिल भी हो गया। पर उसके द्वारा क्रय की गयी जमीन पर कब्जा नहीं मिल सका। परेशान पीड़िता ने क्रय की गयी दो जमीन का जब विक्रय करना चाहा तो पता चला कि उसने उक्त जमीन धोखे से क्रय किया गया है। पीड़िता ने इसकी शिकायत विक्रेताओं से की तो उन्होनें पैसा वापस करने की बात कही और दो लाख का चेक दिया। खाते में पैसा न होने से बाउन्स हो गया। पीड़िता ने पुलिस को तहरीर देकर आरोपियों पर धोखाधड़ी करके गलत जमीन विक्रय करने का आरोप लगाया है। कोतवाल नीरज यादव का कहना है कि तहरीर के आधार पर दो लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज किया गया है।
देशी बम के साथ आरोपी गिरफ्तार, गया जेल
प्रतापगढ़। लालगंज कोतवाली पुलिस ने देशी बम के साथ एक युवक को धर दबोचा। मुकदमा दर्ज कर गुरूवार को उसे जेल भेज दिया। लालगंज कोतवाली के दरोगा दीपक यादव गुरूवार सुबह पुलिस बल के साथ गश्त पर निकले थे। इसी बीच मुखबिर से राजेन्द्र नगर चौराहा के बगल स्थित एक बाग में एक संदिग्ध युवक के मौजूद होने की सूचना मिली। पुलिस ने घेराबंदी करके आरोपी लालगंज निवासी ज्ञानू उर्फ मुन्नू गौतम पुत्र चंद्रभान गौतम को पांच देशी बम के साथ गिरफ्तार किया। उप निरीक्षक दीपक यादव ने बताया कि गिरफ्तार किये गये आरोपी के खिलाफ विस्फोटक पदार्थ अधिनियम की धारा में मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेज दिया।
महाविद्यालय में जल संरक्षण पर आयोजित हुई संगोष्ठी
छात्र-छात्राओं को जल संरक्षण के प्रति किया गया जागरूक
प्रतापगढ़। शहर स्थित एमडीपीजी कॉलेज में गुरुवार को भूजल सप्ताह के तहत जल संरक्षण के प्रति जनजागरूकता रैली निकाली गई और संगोष्ठी आयोजित की गई। संगोष्ठी में वक्ताओं ने जल के महत्व पर प्रकाश डाला। वर्तमान में हो रही जल की बर्बादी को रोकने के तौर-तरीके सुझाए। संगोष्ठी की अध्यक्षता कर रहे प्राचार्य प्रो0 अरविंद मिश्र ने कहा कि जल ही जीवन है। यदि धरती पर जल न रहा तो मनुष्य ही नहीं बल्कि अन्य जीव-जंतुओं एवं वनस्पतियों का भी जीवन संभव नहीं होगा। उन्होंने कहा कि हमारी प्रगति का आधार भी जल ही है। अधिकांश ऊर्जा इकाइयां एवं बड़े-बड़े उद्योग जल पर आधारित हैं। इसलिए जल का संरक्षण हम सभी का पुनीत दायित्व है। उन्होंने छात्र-छात्राओं को खुद जल की बर्बादी रोकने एवं आसपास के लोगों को जल संरक्षण के प्रति जागरूक करने के लिए कहा। राजनीति विज्ञान के प्रो0 ए के तिवारी ने कहा कि वर्तमान में पेय जल का जबर्दस्त संकट उत्पन्न हो रहा है। ऐसे में हम सभी को जल की बर्बादी रोकनी होगी। वाणिज्य संकाय के अध्यक्ष डॉ0 छवि नारायण पांडेय ने कहा कि जल का समुचित संरक्षण न होने से पृथ्वी का जल स्तर लगातार नीचे गिर रहा है जो कि घोर चिंता का विषय है। दुनिया के कई देशों तथा भारत में भी कई प्रान्तों में पेय जल का संकट है। यदि हम लोग जल की बर्बादी को नहीं रोके और समय रहते जल संरक्षण के प्रति सचेष्ट न हुए तो निकट भविष्य में पेय जल की गंभीर समस्या उत्पन्न हो जाएगी। जिसका निदान भी सहज नहीं होगा। एनएसएस के कार्यक्रम प्रभारी डॉ0 राजेंद्र मिश्र ने छात्र-छात्राओं को जल का सीमित प्रयोग करने और मिट्टी में गड्ढे बनाकर जल को संरक्षित करने के लिए प्रेरित किया। सैन्य विज्ञान के डॉ0 राजवंत सिंह ने जल के महत्व एवं जल के अभाव होने पर उत्पन्न होने वाले दुष्प्रभावों पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में प्रो0 संतोष कुमार पांडे, डॉ0 अभिषेक सिंह, डॉ0 बलराज मिश्र, डॉ0 मृदुल उपाध्याय, डॉ0 स्वामीनाथ तिवारी, विजय पांडे आदि ने अपने विचार व्यक्त किये।






















