78वें स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर निकाली गई तिरंगा यात्रा

0
176

यात्रा – नगर निगम गेट नं. 1 से होते हुए सुभाष चौराहे तक निकाली गई।

महापौर – यात्रा का शुभारम्भ कर कहा, “सम्पूर्ण देश देशभक्ति की भावना में लीन, जश्न मना रहा सारा हिन्दुस्तान। तिरंगा हमारी आन-बान-शान का प्रतीक है। युवाओं से देश की एकता को मजबूत करने के लिए आह्वान करता हूं।”

नगर निगम प्रयागराज द्वारा 78वें स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। इस यात्रा में बड़े ही जोश के साथ मा0 महापौर (श्री उमेश चन्द्र गणेश केसरवानी) प्रयागराज के साथ बड़ी संख्या में मा0 पार्षदगण, नगर निगम के समस्त अधिकारी व कर्मचारीगण, इस्पेशल टास्क फोर्स के जवान, सृष्टि वेस्ट मैनेजमेंट सर्विसेज के समस्त कर्मचारी, लॉयन्स वेस्ट मैनेजमेंट के कर्मचारी, तिरंगा यात्रा की सुरक्षा में लगे पुलिस विभाग के जवान एवं महिला सिपाही, तथा नगर निगम के समस्त कर्मचारियों ने तिरंगा फहराते हुए यात्रा में प्रतिभाग किया।

यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में लोगों का हुजूम उमड़ा, जो देशभक्ति का जज्बा लिए शामिल हुए। देशभक्ति गीत और वातावरण भारत माता की जय एवं वंदे मातरम के नारों से गूंज उठा।

मा0 महापौर ने कहा कि तिरंगा यात्रा का उद्देश्य हर भारतीय के दिल में देशभक्ति की भावना जगाना और राष्ट्रीय ध्वज के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। सम्पूर्ण भारत में आजादी के अमृत महोत्सव के तहत देशभर में स्वतंत्रता दिवस से पूर्व तिरंगा यात्रा अभियान/रैली जोश और उत्साह के साथ निकाली गई।

उन्होंने कहा कि यह रैली एक जन-आंदोलन बन चुकी है, जो राष्ट्र को एकता के सूत्र में पिरोती है और देशभक्ति की भावना को मजबूत करती है। साथ ही यह दर्शाती है कि 140 करोड़ देशवासी उस स्वतंत्र भारत को विकसित और सर्वश्रेष्ठ बनाने के लिए संकल्पित हैं, जिसका सपना असंख्य स्वतंत्रता सेनानियों ने अपने त्याग, तप और समर्पण से देखा था।

आज हम सभी मिलकर स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर तिरंगा यात्रा के माध्यम से देश के प्रति अपनी भक्ति भावनाओं को प्रकट करते रहेंगे। इस दौरान पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए थे, जिसके साथ ही तिरंगा यात्रा सकुशल सम्पन्न हुई।