चंडीगढ़ : हरियाणा के पूर्व CM व नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने प्रैस कॉन्फ्रैंस कर विभिन्न मांगों को लेकर सरकार पर जमकर हमला बोला है। हुड्डा ने भाजपा सरकार पर युवाओं, कर्मचारियों, किसानों और खिलाड़ियों से जुड़े मुद्दों को लेकर जमकर निशाना साधा।
इस मौके पर भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने बताया कि HKRN कर्मियों को पक्का करने और रेगुलर भर्तियां शुरू करने की मांग को लेकर कांग्रेस पार्टी आगामी 19 अगस्त को पंचकूला में धरना देगी। सभी सांसद, विधायक और पार्टी कार्यकर्ता युवाओं की आवाज उठाएंगे।
भाजपा ने चुनाव में HKRN कर्मचारियों को पक्का करने का भारी-भरकम वादा किया था, लेकिन आज भी HKRN कर्मियों का भविष्य अधर में अटका हुआ है। बयानबाजी और तारीखें बदलने के सिवा भाजपा सरकार ने कुछ नहीं किया।
हरियाणा कौशल रोजगार निगम (HKRN) के माध्यम से युवाओं का शोषण बंद होना चाहिए। अनुबंध और डेप्लॉयमेंट के नाम पर युवाओं से उनका हक छीना जा रहा है। दुर्भाग्य है कि इनसे सरकार 1% कमीशन भी ले रही है।
पूर्वCM हुड्डा ने आगे कहा कि न ग्रेच्युटी, न प्रोविडेंट फंड और न ही स्थायी नौकरी। 2014 में जो मंजूर पद 3.75 लाख थे, वे घटकर अब केवल 2.5 लाख रह गए हैं। यानी सवा लाख पक्के पद खत्म कर दिए गए।




















