ईरान की नई धमकी से अमेरिका में हड़कंप; ब्रिटेन के सैन्य अड्डे से रातोंरात हटाए विमान, जर्मनी भेजे रिफ्यूलिंग टैंकर

0
3
ईरान की नई धमकी से अमेरिका में हड़कंप; ब्रिटेन के सैन्य अड्डे से रातोंरात हटाए विमान, जर्मनी भेजे रिफ्यूलिंग टैंकर

ईरान से संभावित हमले के खतरे के बीच अमेरिका ने ब्रिटेन में अपने एक और सैन्य एयरबेस से विमान हटाने शुरू कर दिए हैं। अमेरिकी सेना ने सोमवार को ब्रिटेन स्थित RAF मिल्डेनहॉल एयरबेस से अपने विमानों को निकालकर जर्मनी और अन्य सैन्य ठिकानों पर भेजा। कुछ ही हफ्तों के भीतर यह दूसरी बार है, जब ईरान से जुड़े सुरक्षा खतरे के बीच अमेरिका को ब्रिटेन में अपने सैन्य विमान दूसरी जगह भेजने पड़े हैं।

जर्मनी भेजे गए अमेरिकी रिफ्यूलिंग टैंकर-‘वॉल स्ट्रीट जर्नल’ की रिपोर्ट के मुताबिक, RAF मिल्डेनहॉल पर तैनात अमेरिका के दो रिफ्यूलिंग टैंकर सोमवार सुबह जर्मनी के लिए रवाना हुए। इसके बाद दिन में एयरबेस पर मौजूद कई अन्य टैंकरों को भी जर्मनी और दूसरे सैन्य ठिकानों पर भेज दिया गया।  रिपोर्ट में मामले की जानकारी रखने वाले लोगों के हवाले से बताया गया है कि यह कदम ईरान की तरफ से मिली धमकी के बाद उठाया गया। हालांकि, अमेरिकी अधिकारियों के बीच इस बात पर चर्चा जारी है कि एयरबेस को मिली धमकी तत्काल हमले की चेतावनी थी या सामान्य सुरक्षा चेतावनी।

सितंबर में भी हटाने पड़े थे B-1 बॉम्बर-ब्रिटेन में अमेरिकी सैन्य विमानों को हटाने की यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले सितंबर में ब्रिटेन के दक्षिण-पश्चिमी क्षेत्र में स्थित RAF फेयरफोर्ड एयरबेस के बाहर पांच ब्रिटिश नागरिकों को गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद सुरक्षा चिंताओं के चलते अमेरिका ने वहां से अपने B-1 बॉम्बर हटा लिए थे।  गौरतलब है कि RAF फेयरफोर्ड का इस्तेमाल अमेरिकी सेना ईरान पर हमले करने के लिए भी कर चुकी थी। अब RAF मिल्डेनहॉल से रिफ्यूलिंग टैंकरों को हटाने के फैसले ने क्षेत्र में सुरक्षा चिंताओं को और बढ़ा दिया है। इस तरह कुछ ही हफ्तों के भीतर ब्रिटेन के दो अलग-अलग सैन्य ठिकानों से अमेरिकी विमान हटाए जा चुके हैं। पहले फेयरफोर्ड से B-1 बॉम्बर और अब मिल्डेनहॉल से ईंधन भरने वाले विमान दूसरी जगह भेजे गए हैं।
ब्रिटेन के रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता ने इस घटनाक्रम पर कहा कि उनका मंत्रालय दूसरे देशों की सैन्य गतिविधियों पर आमतौर पर टिप्पणी नहीं करता। उन्होंने बताया कि सैन्य अभियानों की जरूरतों के अनुसार विमान और अन्य सैन्य संसाधनों को नियमित रूप से एक ठिकाने से दूसरे ठिकाने पर भेजा जाता है। फिलहाल RAF मिल्डेनहॉल को मिली धमकी की पूरी जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है। हालांकि, कुछ ही हफ्तों में ब्रिटेन के दो सैन्य अड्डों से अमेरिकी विमानों को हटाए जाने से ईरान से जुड़े संभावित सुरक्षा खतरों को लेकर चिंता बढ़ गई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here