भारत को लेकर मोदी की सोच उनकी सोच से बिल्कुल अलग है : सोनिया गांधी

0
3
भारत को लेकर मोदी की सोच उनकी सोच से बिल्कुल अलग है : सोनिया गांधी

नई दिल्ली : कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ उनका ”व्यावहारिक रूप से कभी कोई वास्तविक संपर्क” नहीं रहा है और जब भी दोनों आमने-सामने होते हैं, तो मोदी उनसे नजरें मिलाने से बचते हैं। उनका यह भी कहना है कि प्रधानमंत्री मोदी भारत को लेकर अपने दृष्टिकोण के लिए संघर्ष कर रहे हैं और वह अपने दृष्टिकोण के लिए आगे बढ़ रही हैं। हालांकि, सोनिया गांधी ने अपनी आत्मकथा में यह भी कहा है कि मोदी ने निश्चित रूप से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के भीतर एक वंचित पृष्ठभूमि से उठकर सत्ता तक का सफर तय किया है, लेकिन उनकी शुरुआती जिंदगी शायद उतनी साधारण नहीं रही होगी, जितनी उनके प्रचार दल ने उनकी छवि गढ़ते हुए पेश की है। 

हार्पर कॉलिन्स इंडिया द्वारा प्रकाशित उनकी बहुप्रतीक्षित पुस्तक ‘बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव’ मंगलवार को पाठकों के।लिए उपलब्ध हो गई। सोनिया गांधी ने पुस्तक में लिखा है, ‘नरेन्द्र दामोदरदास मोदी को प्रधानमंत्री बने 12 साल से अधिक हो चुके हैं और यह उनका तीसरा कार्यकाल है। इसके बावजूद आज तक मेरा उनसे व्यावहारिक रूप से कोई वास्तविक संपर्क नहीं रहा है। हमारी मुलाकात अर्ध-आधिकारिक कार्यक्रमों में होती है। उदाहरण के लिए संसद के प्रत्येक सत्र के समापन पर, जब प्रमुख राजनीतिक दलों के नेता परंपरागत रूप से लोकसभा अध्यक्ष के कक्ष में एकत्र होते हैं।’ 

उन्होंने लिखा, ‘वह बहुत छोटा कमरा है और आमतौर पर वहां कई लोग मौजूद होते हैं, लेकिन जब मोदी मेरे सामने आते हैं, तो हम औपचारिक रूप से नमस्ते करते हैं। पहले ऐसा नहीं था। उस समय अलग-अलग राजनीतिक दलों के नेता भी एक-दूसरे के साथ सौहार्दपूर्ण व्यवहार करते थे। वह नजरें फेर लेते हैं और आंखें मिलाने से बचते हैं।’ पुस्तक के अनुसार, जब गांधी अस्पताल में भर्ती रहने के बाद लौटीं तो कुछ मौकों पर मोदी ने उनसे पूछा, ‘ठीक हैं आप?’ इस पर उन्होंने जवाब दिया, ‘जी, अब मैं ठीक हूं, धन्यवाद।’ उन्होंने लिखा, ‘इस तरह की संक्षिप्त बातचीत के अलावा हमारी कभी वास्तव में कोई बातचीत नहीं हुई। हालांकि वर्षों के दौरान हमने एक-दूसरे को जन्मदिन और नववर्ष की औपचारिक शुभकामनाएं दी हैं।’ 

गांधी ने स्वीकार किया कि दोनों अलग-अलग वैचारिक पृष्ठभूमि से आते हैं और देश को लेकर मोदी की सोच उनकी सोच से बिल्कुल अलग है। उन्होंने लिखा, ‘भारत के बारे में मैंने जो कुछ भी सीखा, वह अपने परिवार के सदस्यों, उनके सेवाभाव और ऐसे राष्ट्र में उनके विश्वास से सीखा, जिसमें अनेक नस्लों, संस्कृतियों और भाषाओं के लोगों के लिए जगह हो तथा जो सभी के लिए स्वतंत्रता और समानता के सिद्धांतों पर आधारित हो। नरेन्द्र मोदी का भारत संबंधी दृष्टिकोण RSS के विचारकों और उनके अपने बचपन के अनुभवों से निर्मित हुआ। इसमें एक ऐसी कट्टरता की पुष्टि होती है, जिसमें उनका धर्म और संस्कृति अन्य सभी से ऊपर है.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here