प्रतापगढ़ बुलेटिन – 30 अप्रैल 2024

0
327

डीएम, एसपी व सीडीओ ने कन्ट्रोल रूम व एमसीएमसी सेल का किया निरीक्षण

प्रतापगढ़। डीएम, एसपी व सीडीओ ने सोमवार को लोकसभा चुनाव के लिए सदर में बनाये गये कन्ट्रोल रूम एवं मीडिया प्रमाणन तथा निगरानी समिति (एमसीएमसी) का किया निरीक्षण किया। एमसीएमसी के प्रभारी  एसपी सिंह ने डीएम को बताया कि सोशल मीडिया पर आचार संहिता का उल्लंघन करने वाले 12 संचालकों को नोटिस दी गयी है। डीएम ने कहा कि आचार संहिता का उल्लंघन करने वाले संचालकों दी गयी नोटिस को शिकायत रजिस्टर में चस्पा की जाये। एसपी ने एमसीएमसी के प्रभारी को मीडिया प्रमाणन एवं निगरानी समिति की आईडी बनाने को कहा। जिलाधिकारी को  सी-विजिल के निरीक्षण में 98 शिकायतें मिली। शिकायतों को नियमानुसार निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होने कन्ट्रोल रूम के प्रभारी एवं कर्मचारियों को सतर्कता एवं गम्भीरतापूर्वक कार्य करने का निर्देश दिया।

डीएम एवं एसपी ने नामांकन स्थल पर आने जाने वाले रास्ते का किया निरीक्षण

प्रतापगढ़। लोकसभा चुनाव के लिए 29 अप्रैल से प्रारम्भ हुए कलेक्ट्रेट में बनाये गए नामांकन स्थल के रास्ते को चेक किया। अम्बेडकर चौराहे से नगर पालिका के बगल से होते हुये नामांकन स्थल डीएम कोर्ट तक बैरिकेटिंग की गई है। बैरीकेडिंग एवं पुलिस द्वारा बनाये गये चेकिंग प्वाइन्ट का जिला निर्वाचन अधिकारी संजीव रंजन एवं एसपी सतपाल अंतिल ने निरीक्षण किया। ड्यूटी में लगे पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिया कि नामांकन स्थल पर सतर्क दृष्टि बनाये रखे। आने-जाने वालों की सघन चेकिंग की जाये। नामांकन स्थल पर प्रत्याशी के साथ पांच लोगों को ही जाने दिया जाये। भीड़ को किसी भी दशा में नामांकन स्थल पर प्रवेश न दिया जाये। लोकसभा चुनाव के लिए प्रत्याशियों का नामांकन सुबह 11 बजे से दोपहर बाद 3 बजे तक किया जायेगा। डीएम के निरीक्षण के दौरान एडीएम उप जिला निर्वाचन अधिकारी त्रिभुवन विश्वकर्मा, अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी दुर्गेश कुमार सिंह व अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

नियंत्रण कक्ष व कॉल सेन्टर पर करें-जिला निर्वाचन अधिकारी

प्रतापगढ़। जिला निर्वाचन अधिकारी संजीव रंजन ने लोकसभा चुनाव में शिकायतों के लिए कोषागार कार्यालय में व्यय शिकायत अनुवीक्षण नियंत्रण कक्ष और कॉल सेन्टर स्थापित किया है। जिसका मोबाइल नम्बर 8765923544 तथा 05342-220571 जारी किया है। इस मोबाइल नम्बर पर चुनाव से सम्बन्धित भ्रष्ट आचरण के बारे में व अवैधानिक रूप से किये जा रहे व्यय के सम्बन्ध में शिकायत की जा सकती है। उन्होने मतदाताओं से अनुरोध किया है कि वे किसी भी प्रकार के रिश्वत लेने से परहेज करें। यदि कोई व्यक्ति रिश्वत देता है या डराने धमकाता है, की शिकायत अनुवीक्षण नियंत्रण कक्ष और कॉल सेन्टर के मोबाइल नम्बर  पर सूचित करें। शिकायत अनुवीक्षण कक्ष एवं काल सेन्टर पर सुबह 6 बजे से शाम 6 बजे तक एवं शाम 6 बजे से सुबह 6 बजे तक नोडल अधिकारियों की ड्यूटी लगायी गयी है। नोडल अधिकारियों के साथ ट्रेजरी के अन्य कर्मचारी भी ड्यूटी में मुस्तैद रहेंगे। डीएम ने अधिकारियों, कर्मचारियों से कहा है कि  शिकायतों को रजिस्टर में दर्ज करेगें तथा उसे सम्बन्धित अधिकारी या उड़नदस्ता टीम को सूचित करने के लिये जिम्मेदार होगें।

बोर्ड परीक्षा में विद्यालय का नाम रोशन करने वाले मेधावी हुए सम्मानित   

प्रतापगढ़, लालगंज। सोमवार को हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा में विद्यालय में टॉप करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। रामकृपाल मिश्र इंटरमीडिएट कॉलेज सगरासुन्दरपुर में यूपी बोर्ड परीक्षा में अव्वल एवं विद्यालय टॉप करने वाले छात्र, छात्राओं  को मेडल, प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। हाईस्कूल परीक्षा में 90 प्रतिशत अंक लाकर विद्यालय टॉप करने वाली छात्रा आईशा मुन्तजरीन को स्टूडेंट ऑफ द ईयर घोषित किया गया। वहीं दूसरे स्थान पर रागनी सरोज, तीसरे स्थान पर मानसी मौर्य, अनुष्का सरोज, दीपांशी ओझा, आयुषी तिवारी, तनु, इकरा बानो, निलाक्षी पांडे, अभिषेक प्रजापति समेत 85 प्रशित से ऊपर अंक पाने वाले सभी छात्र-छात्राओं को माल्यार्पण कर विद्यालय के प्रधानाचार्य विकास मिश्रा ने सम्मानित किया। इंटर बोर्ड परीक्षा में विद्यालय टॉप करने वाले छात्र अनुज पांडे को स्टूडेंट आफ दि ईयर छात्र घोषित किया गया। दूसरे स्थान पर अवनीत पाल, तीसरे स्थान पर सागर तिवारी, मोहम्मद मुजम्मिल, जानवी ओझा, ऋषभ पांडे, नेहा कुशवाहा, निशा तिवारी, जानसीओझा, निखिल रजक समेत 80 प्रतिशत से ऊपर अंक पाने वाले सभी छात्रो को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन राज त्रिपाठी, संयोजन ध्रुव नारायण मिश्र ने किया। इस मौके पर संजू तिवारी, सरोज सिंह, सुचिता त्रिपाठी, नलिनी शुक्ला, डॉली पांडे, पारूल शुक्ला, मधु द्विवेदी, वर्षा ध्रुवंशी, ज्योति सिंह, शमशाद अहमद, अंकित पांण्डैय, शुभम पांडे, शिवनारायण विश्वकर्मा, किरण ओझा, राम प्रसाद वर्मा आदि ने अपने विचार रखे।

चोरी की बाइक व बम बरामद, तीन आरोपी भेजे गये जेल

प्रतापगढ़, लालगंज। कोतवाली पुलिस ने बाइक चोरी की घटना का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को हिरासत में लेकर सोमवार को जेल भेज दिया। लालगंज कोतवाली चौक के समीप एक प्रतिष्ठान के सामने से रविवार को बाइक चोरी की घटना घटित हुई। पीडित लीलापुर थाना के फूलपुर निवासी अनिल वर्मा पुत्र जीतलाल की तहरीर पर देर रात पुलिस ने बाइक चोरी का केस दर्ज किया। घटनास्थल पर लगे सीसी फुटेज को पुलिस ने खंगाला। सोमवार की सुबह दरोगा दीपक यादव फोर्स के साथ गश्त पर निकले थे। भेभौरा तिराहे पर तीन युवक एक बाइक से पुलिस को देख भागने लगे। पुलिस ने आरोपियों को दौड़ाकर पकड़ लिया। पकडे गये आरोपी बाइक का कागजात नही दिखा सके। छानबीन करने पर बाइक चोरी की निकली। वहीं तलाशी लेने पर पुलिस को एक आरोपी के पास से पांच बम भी बरामद हुए। पकडे गये आरोपी लालगंज कोतवाली के हिरऊ का पुरवा बेलहा निवासी राजेन्द्र मिश्र का पुत्र भानू उर्फ वेदप्रकाश तथा खजुरी निवासी रामसखा का पुत्र रवि एवं देवापुर निवासी श्यामकान्त उपाध्याय का पुत्र शिवबहादुर ने बाइक चोरी की घटना पुलिस के मुताबिक कबूल कर ली। आरोपी रवि के पास से देशी बम बरामद हुआ। पुलिस ने तीनों आरोपियो को बाइक चोरी तथा विस्फोटक पदार्थ अधिनियम के तहत जेल भेज दिया।

जान बूझकर वाहन की टक्कर से मंदिर तोड़ने का आरोप, पुलिस ने पुनर्निमाण का कराया समझौता

प्रतापगढ़, लालगंज। लीलापुर थाना क्षेत्र के धौराहरा हंडौर में प्राचीन हनुमान मन्दिर वाहन की टक्कर से क्षतिग्रस्त हो गया। इसे लेकर गांव में तनाव का माहौल बन गया। ग्रामीणों का आरोप है कि मंदिर को एक वाहन से जानबूझकर टक्कर मारकर क्षति पहुंचायी गयी। लोगों के आक्रोश को हुए लीलापुर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझा बुझाकर माहौल को शांत कराया। एक पक्ष के द्वारा तहरीर भी सौपी गयी है। पुलिस आरोपी वाहन चालक को वाहन सहित थाने ले आयी। यहां पुलिस की मौजूदगी में वाहन स्वामी ने मंदिर के पुर्ननिर्माण कराए जाने को लेकर हामी भरी। पुलिस ने दोनों पक्षों के बीच मंदिर के पुर्ननिर्माण का सुलह समझौता कराया। इसके बाद ग्रामीण शांत हो सके। थाने पर हुई पंचायत के दौरान परशुराम सेना के मण्डल अध्यक्ष संजय शुक्ल, मंदिर प्रबंधन समिति के अध्यक्ष निर्भय शुक्ल, पुजारी शिवेंद्र, अभय शुक्ल, देवेंद्र शुक्ल, आदि मौजूद रहे। मंदिर प्रबन्धन समिति से जुडे लोगों ने यह भी चेतावनी दी है कि समयबद्ध पुर्ननिर्माण न हुआ तो ग्रामीण धरना प्रदर्शन को बाध्य होंगे।

ज़ायान शमीम व यावर शमीम का नेशनल क्रिकेट लीग में चयन

प्रतापगढ़, पट्टी क्षेत्र के रखहा गांव के रहने वाले ज़ायान शमीम व यावर शमीम का नेशनल क्रिकेट लीग अंडर 14 में उत्तर प्रदेश के टीम में सलेक्शन हुआ। नेशनल क्रिकेट लीग उत्तर प्रदेश का ट्रायल 25 अप्रैल 2024 को लखनऊ के पी0 के0 धूमल स्टेडियम में अंडर 14, अंडर 16, अंडर 23 आयु वर्ग के खिलाड़ियों का हुआ था। जिसमें यूपी के कई जनपद से खिलाड़ीयों ने ट्रायल में भाग लिया। प्रतापगढ़ के ज़ायान शमीम और यावर शमीम का भी ट्रायल अंडर 14 में चयन हुआ है। जिले के चयनित दोनों खिलाड़ी आगामी होने वाले टूर्नामेंट में उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे। ये जानकारी यावर के चाचा डॉ0 तनवीर अहमद ने दिया है। ज़ायान शमीम और यावर शमीम के दादा डॉ0 अनवार अहमद समेत उनकी मां, पिता, चाचा, सभी पेशे से डॉक्टर हैं। खिलाड़ियों चयन पर परिवार समेत रिश्ते३

रेल लाइन पर मिली युवती की लाश

प्रतापगढ़। फतनपुर थाना क्षेत्र के गौरा और मां बाराही देवी धाम रेलवे स्टेशन के बीच रेलवे लाइन पर सोमवार को एक युवती की लाश मिली है। स्थानीय पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्ट मार्टम के लिए भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार लाश थाना फतनपुर के परशुराम पुर राहेटुआ गांव की रघुनाथ पटेल की पुत्री नेहा पटेल उम्र 20 साल की है। जो कि मानसिक रूप से विक्षिप्त बताई जाती हैं। रविवार की शाम को घर से निकली थी। परिजन रात में काफी खोजबीन किये पर वह नहीं मिली। सुबह रेलवे ट्रैक पर युवती की लाश पाई गई।आरपीएफ दारोगा मंजीत डबास के अनुसार किसी ट्रेन की चपेट में आने से उसकी मौत हुई है।

दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार, भेजा गया जेल

प्रतापगढ़, कुंडा। मानिकपुर पुलिस ने दुष्कर्म के आरोपी को गिरफ्तार कर सोमवार को जेल भेज दिया। पीड़िता की तहरीर पर पंजीकृत हुए मुकदमे के बाद आरोपी को पिछले काफी दिनों से पुलिस ढूंढ रही थी। दुष्कर्म का आरोपी धर्मदेव पुत्र बुद्ध राय निवासी राजवारा थाना खनुपुर समस्तीपुर बिहार राज्य युवती को फुसलाकर बिहार ले गया था। पीड़िता के साथ कई बार दुष्कर्म किया। पीड़िता की मां ने मानिकपुर थाने में आरोपी धर्मदेव के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही थी। थाने के एस आई रोहित सिंह ने बताया कि वह अपने हमराहियों के साथ सोमवार को सुबह क्षेत्र में निकले थे। उसी समय मुखबिर की शिनाख्त पर वह थाना क्षेत्र के मोहामीदपुर के पास से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। विधिक कार्यवाही के बाद आरोपी को जेल भेज दिया गया।

डीजे बजाने को लेकर दबंगों ने जमकर पीटा, अस्पताल में भर्ती, कई गाड़ियां तोड़ी

प्रतापगढ़, गड़वारा। द्वारपूजा के बाद डीजे बजाने को लेकर दबंगों ने डीजे ऑपरेटर और बारातियों पर हमला बोल दिया। सभी की पिटाई करने के साथ वाहन तोड़ दिए। बीच बचाव को आए दुल्हन के चाचा को पीटकर लहूलुहान कर दिया। उन्हें मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। वहां से गंभीर हालत में प्रयागराज रेफर कर दिया गया। ज्यादातर बाराती भाग निकले। पुलिस की मौजूदगी में शादी कराई गई। अंतू थाना क्षेत्र के नगर पंचायत गड़वारा के चौरा वार्ड में रविवार रात सुल्तानपुर जिले रामगंज के नरायनपुर से बारात आई थी। द्वारपूजा के बाद बारात मालिक ने जनवासे में पहुंचने पर डीजे बंद करवा दिया। कुछ देर बाद गांव में रहने वाले पड़ोस के ही एक दर्जन दबंग आए और फिर से डीजे बजाने को कहने लगे। डीजे ऑपरेटर ने मना करने पर दबंग पिटाई करने लगे। कुछ बाराती बीच बचाव को आए तो उन्हें भी जमकर पीटा गया। शोर सुनकर दुल्हन के चाचा रामदुलार पहुंचे और बीच बचाव करने लगे तो दबंगों ने उन्हें पीटकर लहूलुहान कर दिया। दबंगों ने डीजे व कई गाड़ियां भी क्षतिग्रस्त कर दी। गंभीर रूप से घायल रामदुलार को मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। वहां हालत गंभीर हालत में प्रयागराज रेफर कर दिया गया। घायल बाराती सहित कई अन्य घटना के बाद भाग निकले। सूचना पर एआरटीओ चौकी इंचार्ज केशव प्रसाद पहुंचे। पुलिस की मौजूदगी में विवाह कराया गया और विदाई कराई गई। चौकी इंचार्ज ने बताया कि तहरीर नहीं मिली है, आरोपितों को चिन्हित किया जा रहा है।

होमगार्डों के सहारे शहर की यातायात व्यवस्था, जाम से जूझ रहा शहर

प्रतापगढ़। सुगम यातायात व्यवस्था के लिए ट्रैफिक निदेशालय ने भारी संख्या में सिपाहियों की तैनाती शहर क्षेत्र के प्रमुख चौराहे पर की है। हालांकि होमगार्ड के भरोसे यातायात छोड़कर सिपाही मोबाइल से ई-चालान करने पर विशेष ध्यान दे रहे हैं। अधिकांश चौराहे पर जाम की समस्या दूर होने का नाम नहीं ले रही है। शहर क्षेत्र में टंडन पार्क, आंबेडकर चौराहा, लोक निर्माण विभाग तिराहा, ट्रेजरी, राजापाल चौराहा, सदरमोड़, श्रीराम तिराहा, चौक, चिलबिला, हाईवे पर पल्टन बाजार मोड़, भंगवाचुंगी चौराहे पर हैवी ट्रैफिक के चलते जाम की समस्या दूर नहीं हो रही है। दरसअल मनमानी से वाहनों की भागदौड़ जाम की प्रमुख समस्या है। ऐसे सभी चौराहे पर यातायात व्यवस्था की निगरानी के लिए ट्रैफिक पुलिस के छह सिपाही, 24 होमगार्ड की सुबह 9 बजे से शाम 7 बजे तक दो शिफ्ट में तैनाती की जा रही है। अब सुगम यातायात व्यवस्था की जिम्मेदारी लेने वाले सिपाही विभाग का राजस्व बढ़ाने के मकसद से यातायात सुरक्षा का नियम तोड़ने वाले वाहनों का ई-चालान करने में रूचि दिखा रहे हैं। चौराहों के आसपास रहने वाले लोगों का कहना है कि यातायात व्यवस्था होमगार्ड जवानों के भरोसे है। अधिकांश प्रमुख चौराहे पर गलत दिशा में वाहनों की भागदौड़ के चलते आए दिन दुर्घटना होती रहती है। कचहरी रोड, टंडन पार्क, मेडिकल कॉलेज, चौक, सदरमोड़ व चिलबिला के आसपास सुबह से लेकर शाम तक जाम की समस्या दूर नहीं हो रही है। समय-समय पर रिकार्ड स्तर का ई-चालान करने का दावा ट्रैफिक पुलिस साझा करती है। यातायात व्यवस्था सुगम करने की बाबत जिम्मेदार अधिकारियों ने कभी कोई पहल नहीं की।

पृथ्वीराज चौहान महान राष्ट्र भक्त व सनातन संस्कृति के रक्षक थे- लव सिंह गहलौत

 प्रतापगढ़, रानीगंज। सम्राट पृथ्वीराज चौहान शब्द भेदी बाण के ज्ञाता थे। वह अंतिम हिन्दू क्षत्रिय कुल भूषण सम्राट थे। वह हिंदुस्तान की सुरक्षा और सम्मान के लिए विदेशी आक्रमणकारियों के जुल्म अत्याचार के विरुद्ध जीवन पर्यन्त लड़ते रहे। मोहम्मद गोरी जैसे विदेशी आत्ताइयों से लड़ते हुए अपने प्राणों को न्योछावर कर दिए। उक्त बातें समाजसेवी लव सिंह गहलौत एडवोकेट ने के पी सिंह हाई स्कूल कसेरुआ (चौवनगढ़)में अंतिम हिंदू क्षत्रिय कुल भूषण सम्राट पृथ्वीराज चौहान के जयंती समारोह पर अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा। उन्होंने कहा कि अब देश की सुरक्षा व सम्मान के लिए कलम और तलवार दोनों की जरूरत है। ऐसे महान देश भक्त प्रजा रक्षक और महान योद्धा को देश के प्रत्येक व्यक्ति, सरकार और हर धर्म के लोगों को सम्राट पृथ्वीराज चौहान को श्रद्धाभाव से याद करना चाहिए और उनके पद चिन्हों पर चलना चाहिए।

कार्यक्रम की शुरुआत सम्राट पृथ्वीराज चौहान की मूर्ति पर माल्यार्पण व पुष्प अर्पित करके किया गया। स्कूल के बच्चों को सम्राट पृथ्वीराज चौहान की डाक्यूमेंट्री फिल्म लैपटाप से दिखाया गया। कार्यक्रम में लोक सभा निर्दल प्रत्यासी विजय सिंह वत्स, पूर्व जिला पंचायत सदस्य लल्लन सिंह परिहार, डा० गुलाब सिंह परिहार, सचिन सिंह, आदि लोगों ने भी अपने विचार व्यक्त किये। इस अवसर पर नवाब सिंह, बंकालाल सिंह, अमरनाथ पटेल, शिव प्रसाद पटेल, नन्हेंलाल श्रीवास्तव, जगनारायन सिंह, बीपी सिंह, जबर सिंह, दिनेश सिंह, भीम सिंह, पप्पू सिंह, बेचन सिंह, छोटे सिंह, रामआसरे मिश्र, कुश सिंह, सुमन सिंह, एपी सिंह आदि मौजूद रहे।

सीबीएसई बोर्ड के इंडक्शन प्रशिक्षण कार्यक्रम में शिक्षकों को बताए गए पढ़ाने के तौर तरीके

प्रतापगढ़। शहर के वी0 एस0 मेमोरियल सीनियर सेकेंडरी स्कूल में सोमवार से दो दिवसीय शिक्षक प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजित किया गया है। सीनियर क्लासेस के संचालन में स्कूल को सीबीएसई बोर्ड से मान्यता मिलने पर विद्यालय के शिक्षकों को पढ़ाने के तौर तरीके सिखाने के लिए प्रशिक्षकों को आमंत्रित किया गया है। शिक्षकों को प्रशिक्षण देने आए जगदीशपुर जयपुरिया स्कूल की प्रधानाचार्या तुहिना श्रीवास्तव और बनारस से  प्रवीष कुमार सिंह का भव्य स्वागत किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ सरस्वती पूजन के साथ हुआ। विद्यालय की निदेशिका अलका सिंह और समाजसेवी राकेश सिंह ने मेहमानों का बुके भेंट कर स्वागत किया। विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ0 इमरान नासिर ने प्रशिक्षकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि कुशल शिक्षण हेतु दिए गए व्यावहारिक ज्ञान से शिक्षक तथा विद्यार्थी निश्चित रूप से लाभान्वित हों सकेगें। इस दौरान वीएस मेमोरियल स्कूल के सभी शाखाओं के शिक्षक, शिक्षिकाएं आदि मौजूद रहे।

चिकित्सा शिविर में बच्चों व अभिभावकों को स्वास्थ्य के प्रति किया जागरूक

प्रतापगढ़, बाबागंज। चिल्ड्रेन ऑफ अर्थ संस्था के सर्वे स्मितम अभियान के तहत प्राथमिक विद्यालय अगोरी में वार्षिक उत्सव का आयोजन किया गया। भगवन डेंटल क्लिनिक के संचालक डा0 अर्पित कृष्ण त्रिपाठी ने शिविर लगाकर बच्चों के दांतों का परीक्षण कर जरूरी सुझाव दिए। कोलगेट, दंत मंजन, ब्रश एवं टंग क्लीनर का निःशुल्क वितरण किया। संचारी रोग नियंत्रण अभियान के तहत अभिभावकों एवं नौनिहालों से सुझाव व जानकारी साझा किया। मतदाता जागरूकता रैली निकालकर शत प्रतिशत मतदान हेतु प्रेरित किया गया। इस मौके पर  संस्था के शुभम त्रिपाठी, अरुण द्विवेदी, प्रधान मुलायम सिंह यादव, एसएमसी अध्यक्ष श्याम लाल यादव, जीजीएचएस लरू की प्रधानाचार्या शांती सिंह , कृपा शंकर पांडेय, राजेश कुमार मिश्र, प्रिया भारती, दीपा गुप्ता , सूर्य प्रकाश मिश्र, रविकांत यादव,  शिव प्रकाश सरोज आदि ने अपने विचार रखते हुए अभिभावकों को जागरूक किया।